मंदसौर पुलिस ने गुम हुआ बैग खोज निकाला, ₹4 लाख के सोने-चांदी के आभूषण सहित सामान फरियादिया को लौटाया

मंदसौर पुलिस ने गुम हुआ बैग खोज निकाला, ₹4 लाख के सोने-चांदी के आभूषण सहित सामान फरियादिया को लौटाया
मंदसौर थाना कोतवाली पुलिस द्वारा सीसीटीवी की मदद से गुम हुआ बैग खोज निकाला, ₹4 लाख के सोने-चांदी के आभूषण सहित सामान फरियादिया को लौटाया
मंदसौर। शासकीय अस्पताल मंदसौर में गुम हुए कीमती सामान से भरे बैग को पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से कुछ ही समय में तलाश कर लिया। बैग में करीब ₹4 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य कीमती सामान रखा हुआ था।
जानकारी के अनुसार कयामपुर निवासी लताबाई पति प्रकाश वाल्मीकि द्वारा थाना उपस्थित होकर आवेदन दिया गया कि शासकीय अस्पताल मंदसौर में उनका बैग गुम हो गया है। बैग में सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब ₹4 लाख कीमत का सामान रखा था।
आवेदन प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक अजय सोलंकी को बैग एवं कीमती सामान की तलाश की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रधान आरक्षक द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर अस्पताल परिसर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला गया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम को गुम हुए बैग के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले और लगातार प्रयास करते हुए बैग एवं उसमें रखा पूरा कीमती सामान बरामद कर लिया गया।
बरामद सामान में सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामग्री शामिल थी, जिसे आवश्यक कार्रवाई के बाद फरियादिया लताबाई को सुरक्षित वापस सुपुर्द किया गया।
अपना कीमती सामान वापस मिलने पर फरियादिया ने मंदसौर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तत्परता एवं संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस की तत्परता, सीसीटीवी की प्रभावी निगरानी और टीम के लगातार प्रयासों से करीब ₹4 लाख कीमत का कीमती सामान सुरक्षित अपने वास्तविक हकदार तक पहुंचाया गया।



