मध्यप्रदेश में अगले 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 11 जिलों में आंधी-बिजली की चेतावनी

मध्यप्रदेश में अगले 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 11 जिलों में आंधी-बिजली की चेतावनी
भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है, जबकि कई अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, कुछ इलाकों में बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। खास तौर पर पूर्वी और मध्य मध्यप्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम अधिक सक्रिय रहने के आसार हैं।
प्रदेश में एक्टिव हैं कई मौसम सिस्टम
मध्यप्रदेश में बारिश का मुख्य कारण पूर्वी हिस्से के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र और उससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र अब उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर सक्रिय है।इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अलावा मानसून ट्रफ भी इसी मौसमी सिस्टम से होकर गुजर रही है।
इन सभी सिस्टम के एक साथ सक्रिय होने के कारण प्रदेश में नमी का प्रवाह बढ़ रहा है और बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। यही वजह है कि अगले कुछ दिनों तक मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने का अनुमान है।



