70वीं राज्य स्तरीय शालेय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न
मंदसौर में 1 से 5 नवंबर तक होगा राज्य स्तरीय आयोजन, 10 संभागों के 480 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

70वीं राज्य स्तरीय शालेय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न
मंदसौर में 1 से 5 नवंबर तक होगा राज्य स्तरीय आयोजन, 10 संभागों के 480 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
मंदसौर। भगवान श्री पशुपतिनाथ की पावन नगरी मंदसौर में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन 1 नवंबर से 5 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर 24 अक्टूबर 2026 को लाल बहादुर शास्त्री उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मंदसौर के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट, जिला क्रीड़ा अधिकारी जी.एल. जोगचंद तथा उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य एवं संयोजक डॉ. विजय सिंह पुरावत ने प्रतियोगिता की तैयारियों के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। बैठक में प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए गठित लगभग 15 समितियों के लोक सेवकों को उनके कर्तव्य एवं दायित्वों से अवगत कराया गया तथा पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की व्यवस्थाएं पूर्व आयोजनों से भी बेहतर होनी चाहिए। भगवान पशुपतिनाथ की नगरी मंदसौर अपनी मालवी संस्कृति और अतिथि सत्कार की परंपरा के लिए जानी जाती है। इसलिए विभिन्न संभागों से आने वाले खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के आतिथ्य-सत्कार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
लोटस वैली स्कूल में होगा आयोजन
प्रतियोगिता का आयोजन लोटस वैली स्कूल, रेवास देवड़ा रोड, मंदसौर में किया जाएगा। इसमें प्रदेश के 10 संभागों से लगभग 240 बालक एवं 240 बालिकाएं, कुल 480 खिलाड़ी भाग लेंगे। इनके साथ 30 पुरुष एवं 30 महिला अधिकारी भी शामिल होंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन, जिला मंदसौर द्वारा किया जा रहा है। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्य प्रदेश, भोपाल द्वारा प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए 25 रेफरी एवं फील्ड ऑफिसरों की नियुक्ति की गई है।
खिलाड़ियों की सुरक्षा एवं आवास की विशेष व्यवस्था
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा नगर पालिका के अमले को आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बालकों के ठहरने की व्यवस्था नवीन बालक छात्रावास, डाइट परिसर तथा बालिकाओं के लिए उत्कृष्ट कन्या छात्रावास, डाइट परिसर, मंदसौर में की गई है।
यह प्रतियोगिता स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI), लखनऊ के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बैठक में जिला रोलर स्केटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष कपिल भंडारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मंदसौर राजेश कुमार शर्मा, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य के.सी. सोलंकी एवं प्राचार्य रविंद्र दवे मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य अशोक रतनावत एवं आशीष बंसल ने किया। आभार प्रदर्शन जिला क्रीड़ा अधिकारी जी.एल. जोगचंद ने किया।
उक्त जानकारी प्रचार-प्रसार समिति के संयोजक एवं प्राचार्य शहजाद हुसैन ने दी।



