सीतामऊ की बेटी प्रियल प्रमोद मेहता ने राज्य स्तरीय रग्बी टूर्नामेंट में जीता स्वर्ण पदक

सीतामऊ की बेटी प्रियल प्रमोद मेहता ने राज्य स्तरीय रग्बी टूर्नामेंट में जीता स्वर्ण पदक
सीतामऊ। नगर के लिए गौरव का क्षण, सीतामऊ नगर की बेटी एवं श्री जे.के. पब्लिक स्कूल सीतामऊ की होनहार छात्रा प्रियल प्रमोद मेहता, मानपुरा, सीतामऊ ने राज्य स्तरीय रग्बी टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रियल ने इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग का प्रतिनिधित्व किया था। टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने अपने बेहतरीन खेल कौशल, दमदार टीम भावना और अनुशासित प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। व्यक्तिगत प्रदर्शन के साथ-साथ टीम के साथ शानदार तालमेल के चलते उज्जैन संभाग की टीम ने संभाग स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया और फाइनल मुकाबले में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
प्रियल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे सीतामऊ नगर एवं विद्यालय परिवार में हर्ष की लहर है।
इस उपलब्धि पर श्री जे.के. पब्लिक स्कूल के प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण, साथी छात्र-छात्राओं एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने प्रियल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने कहा कि प्रियल ने यह सिद्ध कर दिया है कि कड़ी मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।



