शारदीय नवरात्रि पर मां भादवामाता मंदिर में विधि-विधान से कलेक्टर ने किया घट स्थापित ,मेले की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा

शारदीय नवरात्रि पर मां भादवामाता मंदिर में विधि-विधान से कलेक्टर ने किया घट स्थापित ,मेले की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
नीमच -शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर नीमच जिले के प्रसिद्ध धार्मिक आस्था केंद्र महामाया मां भादवामाता मंदिर में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने विधि-विधान से घट स्थापना कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां भादवामाता से जिलेवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं कल्याण की कामना की। नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास भी उपस्थित रहे। सभी ने मां के दर्शन कर महाआरती में सहभागिता की।
इस अवसर पर मंदिर के शिखर पर ध्वजा भी चढ़ाई गई। वैदिक विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न हुए पूजा-अर्चना के कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भाग लिया।
नवरात्रि मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण
घट स्थापना के पश्चात कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर नवरात्रि मेले की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन मार्गों, निर्माण कार्यों तथा दर्शन व्यवस्था का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को सुगमता से मां के दर्शन हो सकें, इसके लिए प्रवेश एवं निर्गम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मेले में पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता, रियायती दर पर भोजन तथा वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। दिव्यांग एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए ऐसी व्यवस्थाएं की जाएं, जिससे उन्हें दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा मंदिर तक आने वाले मार्गों पर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मालवा की वैष्णो देवी के नाम से प्रसिद्ध है मां भादवामाता मंदिर
उल्लेखनीय है कि महामाया मां भादवामाता मंदिर नीमच जिला मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर दूर ग्राम भादवामाता में स्थित है। यह धार्मिक स्थल मालवा की वैष्णो देवी के नाम से प्रसिद्ध है। शारदीय नवरात्रि के दौरान यहां भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
इस अवसर पर एसडीएम नीमच श्री पराग जैन,सीएसपी सुश्री किरण चौहान, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य एवं अन्य जन उपस्थित थे।


