शारदीय नवरात्रि पर दुधाखेड़ी माताजी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, प्रशासन ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

नवरात्रि पर्व पर शांति और व्यवस्था को लेकर पुलिस व प्रशासन की टीम मुस्तैद
भानपुरा। आज से शारदीय नवरात्रि पर्व की शुरुआत के साथ ही जिले के प्रसिद्ध दुधाखेड़ी माताजी मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें माता के दर्शनों के लिए लगी रही। नवरात्रि पर्व को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। आज गरोठ एसडीएम राहुल चौहान, एसडीओपी विजय यादव, तहसीलदार मुकेश निगम और भानपुरा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विनय बुंदेला ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर समिति, पुजारियों और उपस्थित भक्तों से चर्चा कर दर्शन, सुरक्षा, पार्किंग, साफ-सफाई और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों ने सभी को शारदीय नवरात्रि की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की।



