
छात्रों ने ताल थाने का भ्रमण कर समझी पुलिस की कार्यप्रणाली
ताल ब्यूरो चीफ शिवशक्ति शर्मा
शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताल के व्यावसायिक शिक्षा के विद्यार्थियों ने बुधवार को त्रैमासिक औद्योगिक भ्रमण के अंतर्गत ताल पुलिस थाने का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस थाने की कार्यप्रणाली को करीब से समझा तथा पुलिस द्वारा किए जाने वाले विभिन्न कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य उन्हें पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली एवं व्यावहारिक जानकारी से अवगत कराना था।
थाना प्रभारी टीआई स्वराज डाबी ने विद्यार्थियों को प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया, पुलिस रिकॉर्ड के संधारण तथा साइबर फ्रॉड से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के विभिन्न पहलुओं से भी अवगत कराया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस कार्यप्रणाली से संबंधित अनेक सवाल पूछे, जिनका टीआई डाबी ने सहजता से समाधान किया।
भ्रमण के दौरान वीटी मोहम्मद असलम भी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने थाने की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक अनुभव बताया।



