
‘उमंग है तो जीवन में रंग है’ थीम पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की विभिन्न गतिविधियां
ताल ब्यूरो चीफ शिवशक्ति शर्मा
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताल में मंगलवार को ‘उमंग है तो जीवन में रंग है’ थीम पर उमंग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ताल के मेडिकल इंचार्ज डॉ. चेतन पंवार रहे। विशेष अतिथि कैलाश पाटीदार तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमोद कुमार भट्ट ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात उमंग कॉर्नर का उद्घाटन किया गया तथा प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। विद्यार्थियों को नकारात्मकता से दूर रहने तथा लैंगिक भेदभाव समाप्त करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर आयोजित रैपिड फायर क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। वहीं ड्रीम कैचर के रूप में मंजू बारोट, खुशबू धाकड़, डिंपल राठौर एवं शिवानी माली को भी सम्मानित किया गया।
गतिविधि कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने संवाद कौशल एवं अंतरव्यक्तिगत संबंध विषय पर विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। ‘मैं हूं राजा’ एवं ‘बातों-बातों में’ कार्यक्रम में सत्यनारायण राठौर, प्रिय वर्मा, ज्योति शर्मा, ज्योति सोनी, आरती, अंजलि श्रीवास्तव, दरकुनिया, नाजनी मंसूरी, हर्षिता बैरागी, अनिल पाटीदार, अमरचंद मालवीय, दीपक गणावा, सुनील चारोडिया, तरुण शर्मा एवं दिनेश गौतम सहित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का समापन उमंग एंथम के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र सिंह सिसोदिया ने किया।



