
38 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना को चित्रों और वक्तव्य में किया प्रस्तुत
ताल ब्यूरो चीफ शिवशक्ति शर्मा
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताल की संकुल स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता मंगलवार को शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय के सभागार में आयोजित की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को अपने विचारों और कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसीलदार निर्भय सिंह पटेल थे, जबकि अध्यक्षता मुख्य नगर पालिका अधिकारी गौरव शर्मा ने की। पूर्व पार्षद नवीन मेहता, एल्डरमैन श्याम माहेश्वरी, समाजसेवी गोविंद मुखिया एवं कमलेश सितपुरिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में दोनों संकुलों के 38 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत’ विषय पर भाषण प्रस्तुत किए तथा विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा की सराहना की।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों को सहभागी बनाना है। वक्ताओं ने कहा कि देश ने पिछले वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है तथा आर्थिक क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण संकुल प्राचार्य विनोद कुमार शर्मा ने दिया। संचालन वीरेंद्र सिंह सिसोदिया एवं संजय गुप्ता ने किया, जबकि आभार संकुल प्राचार्य प्रमोद कुमार भट्ट ने माना। प्रतियोगिता में अनीता शास्त्री एवं कौशर खानम निर्णायक के रूप में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर जन शिक्षक राजेश कुमावत, दिनेश पांचाल, यामिनी दुबे, प्रतिभा सोनी, राजू खान, जाकीर खान सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



