
मूलभूत सुविधाओं से वंचित गांव
सड़क, बिजली और पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण, बोले- चुनावी वादों के बाद नहीं ली सुध
गंगधार / झालावाड़।
झालावाड़ जिले के गंगधार उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रावण गुराड़िया के अंतर्गत आने वाले हड़मत्या मेरा, मजनपुर, टोंकड़ा, डोकरखेड़ी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में सड़क, बिजली और पेयजल की समस्या बनी हुई है, लेकिन सबसे गंभीर परेशानी खराब सड़कों और बिजली व्यवस्था को लेकर है।
ग्रामीण विष्णु शर्मा, मेहरबान सिंह, मदन सिंह, गोपाल सिंह और गंगाराम सिंह ने बताया कि पंचायत से जुड़े गांवों से ग्राम पंचायत मुख्यालय और स्कूलों तक जाने वाले मार्ग लंबे समय से खराब हालत में हैं। बारिश के दिनों में इन रास्तों की स्थिति और भी खराब हो जाती है। जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि खराब रास्तों के कारण स्कूली बच्चोंको स्कूल जाने में , बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को इलाज के लिए लाने लेजाने में सबसे अधिक परेशानी होती है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार ग्राम पंचायत, विधायक और संबंधित जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क और अन्य मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ सकती है।
सरकार और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की हे



