समाचार मध्यप्रदेश नीमच 18 सितंबर 2026 शुक्रवार

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए ई-उपार्जन पंजीयन प्रारंभ
किसानों को नवीन पंजीयन कराना अनिवार्य, 10 अक्टूबर अंतिम तिथि
नीमच, 17 सितंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर उपज उपार्जन के लिए ई-उपार्जन परियोजना अंतर्गत किसान पंजीयन 15 सितंबर से प्रारंभ हो गया है। किसान 10 अक्टूबर 2026 तक अपना पंजीयन करा सकते हैं।
जिले में किसानों की सुविधा के लिए विपणन सहकारी समिति मनासा, जावद एवं नीमच सिटी में तीन पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इस वर्ष सभी किसानों के लिए नवीन पंजीयन कराना अनिवार्य है। पूर्व वर्षों का पंजीयन मान्य नहीं होगा।
पंजीयन के लिए किसान को आवेदन पत्र के साथ बैंक खाता, आधार नंबर, समग्र आईडी, खसरा पावती एवं ऋण पुस्तिका की छायाप्रति प्रस्तुत करना होगी। शिकमी भूमि होने पर शिकमी अनुबंध-पत्र की प्रति भी देनी होगी।
किसान “ई-उपार्जन पोर्टल” https://mpeuparjan.mp.gov.in?utm_source=chatgpt.com , ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों तथा सहकारी समिति, एसएचजी, एफपीओ द्वारा संचालित पंजीयन केंद्रों पर निःशुल्क पंजीयन करा सकते हैं।
इसके अलावा एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर,लोक सेवा केंद्र एवं निजी साइबर कैफे पर 50 रुपये शुल्क देकर पंजीयन कराया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए 10 अक्टूबर 2026 के पूर्व पंजीयन अवश्य कराएं।
—00–
सीएसआईआर-सीएफटीआरआई, मैसूर की एक्सपोजर विजिट के लिए नीमच जिले के 6 उद्यमी रवाना
नीमच, 17 सितंबर 2026। रैम्प कार्यक्रम के अंतर्गत मध्यप्रदेश के मसाला उद्योग से जुड़े 35 एमएसएमई प्रतिनिधियों को सीएसआईआर-सेन्ट्रल फूड टेक्नोलॉजिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट, मैसूर की एक्सपोजर विजिट पर भेजा जा रहा है। इस एक्सपोजर विजिट में नीमच जिले के 6 उद्यमी भी शामिल हैं।
15 से 19 सितंबर 2026 तक आयोजित इस विजिट में उद्यमियों को मसाला प्रसंस्करण, उत्पादों में मूल्य संवर्धन, गुणवत्ता प्रबंधन, खाद्य सुरक्षा, पैकेजिंग, भंडारण तथा आधुनिक खाद्य प्रसंस्करण तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। उद्यमियों को इन तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होगा।
जिले के प्रतिभागियों को 15 सितंबर को इंदौर से मैसूर के लिए रवाना किया गया। विजिट पूर्ण होने के बाद प्रतिभागी 19 सितंबर को वापस लौटेंगे। एक्सपोजर विजिट के दौरान यात्रा, ठहरने और भोजन का व्यय एमएसएमई विभाग द्वारा वहन किया जा रहा है।
इस एक्सपोजर विजिट से जिले के विभिन्न उद्योगों से जुड़े उद्यमियों को नई तकनीकों और आधुनिक प्रसंस्करण विधियों की जानकारी मिलेगी। इससे उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार, लागत में कमी और उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
–00–
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से राजकुमार अग्रावत ने बढ़ाया व्यवसाय, परिवार को मिला आर्थिक संबल
नीमच, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बनकर उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दे रही है। नगर परिषद जीरन के हितग्राही श्री राजकुमार अग्रावत ने भी योजना का लाभ लेकर अपने व्यवसाय को विस्तार दिया है। व्यवसाय से होने वाली आय से वे परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ अपने बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने में भी सक्षम हुए हैं।
श्री राजकुमार अग्रावत ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत प्रारंभ में 10 हजार रुपये का ऋण मिला था। उन्होंने इस राशि का उपयोग अपने व्यवसाय में किया और समय पर ऋण चुका दिया। इसके बाद योजना के तहत उन्हें 20 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि से उन्होंने व्यवसाय को और व्यवस्थित एवं बेहतर तरीके से संचालित किया, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई और परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिली।
व्यवसाय से होने वाली आय का सकारात्मक प्रभाव उनके पारिवारिक जीवन पर भी पड़ा है। श्री अग्रावत ने बताया कि वे अपने बच्चों को अच्छे स्कूल में शिक्षा दिलाने में सक्षम हुए हैं। बच्चे नियमित रूप से पढ़ाई कर रहे हैं और उनके भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में परिवार आगे बढ़ रहा है।
अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने की निरंतर कोशिश कर रहे श्री अग्रावत अब 50 हजार रुपये के ऋण के लिए आवेदन कर रहे हैं। उनका कहना है कि ऋण सुविधा से व्यवसाय का विस्तार करने और परिवार की आर्थिक स्थिति को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
श्री राजकुमार अग्रावत ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से मिले सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से छोटे व्यवसायियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। योजना से मिले आर्थिक सहयोग ने उन्हें अपने व्यवसाय को मजबूत करने, परिवार की जिम्मेदारियां बेहतर ढंग से निभाने और बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने में सहायता दी है।
–00–
द फूड टॉक कैफे में एक्सपायरी खाद्य पदार्थ मिलने पर प्रकरण दर्ज
9 होटल-रेस्टोरेंट-रिसॉर्ट का निरीक्षण, 10 नमूने लिए, 6 को धारा 32 के तहत नोटिस
नीमच, 17 सितंबर 2026। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश के निर्देश तथा जिला कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में होटल, रेस्टोरेंट एवं रिसॉर्ट के सघन निरीक्षण का अभियान जारी है। 12 से 16 सितंबर तक खाद्य सुरक्षा टीम ने 9 संस्थानों का आकस्मिक निरीक्षण कर 10 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए तथा कमियां पाए जाने पर 6 संस्थानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किए।
अभियान के तहत 16 सितंबर को सीआरपीएफ चौराहा स्थित द फूड टॉक कैफे एंड रेस्टोरेंट के निरीक्षण में एक्सपायरी डेट के बाद भी खाद्य पदार्थ भंडारित पाए गए, जिनका उपयोग खाद्य पदार्थों के निर्माण में किया जा रहा था। इनमें अग्रवालस 420 पापड़ के 400 ग्राम के 7 पैकेट, अमूल टोंड मिल्क के 1 लीटर के 3 पैकेट तथा डी-मार्ट जीरा का 1 किलोग्राम का 1 पैकेट शामिल है।
खाद्य सुरक्षा टीम के निर्देश पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा मौके पर ही एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का विनष्टीकरण किया गया। प्रकरण में आवश्यक दस्तावेज तैयार कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। खाद्य अनुज्ञप्ति की शर्तों का पालन नहीं पाए जाने पर धारा 32 के तहत नोटिस भी जारी किया गया है। प्रकरण नियमानुसार स्वीकृति उपरांत माननीय न्यायालय, एडीएम कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान किचन एवं उपकरणों की स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण तथा एक्सपायरी/यूज्ड बाय डेट एवं लेबल की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लिए गए नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट में अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत होटल स्वास्तिक चल्दू, श्री सालासर होटल एवं रिसोर्ट बायपास रोड, वृंदावन ग्रीन कनावटी, HI-FI फैमिली रेस्टोरेंट सीआरपीएफ चौराहा तथा द फूड टॉक कैफे एंड रेस्टोरेंट सहित कुल 6 संस्थानों को धारा 32 के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित संस्थानों को कमियां दूर कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करना होगा। कार्रवाई का यह अभियान सतत जारी रहेगा।
–00–
सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर “नमो युवा शक्ति” में दिखा महिला शक्ति का उत्साह
महिला सशक्तिकरण से आत्मनिर्भर परिवारों का निर्माण हमारा संकल्प : विधायक श्री परिहार
नीमच, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसी क्रम में मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जनपद पंचायत नीमच परिसर में स्व-सहायता समूह की सदस्यों एवं उनके परिवारों की युवतियों के लिए “नमो युवा शक्ति” खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर 76 गुब्बारे आकाश में छोड़े गए तथा उपस्थित महिला सदस्यों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बना रही है। उन्होंने बताया कि स्व-सहायता समूह की अधिक से अधिक दीदियों को लखपति दीदी बनाने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश आज विकास के साथ वैश्विक स्तर पर भी नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। हाल ही में नई दिल्ली में संपन्न 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका की भी चर्चा की।
खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में दिखा उत्साह
नमो युवा शक्ति के तहत रस्साकशी, खो-खो, कबड्डी, कैरम, शतरंज, सांप-सीढ़ी, क्रिकेट, दौड़, टीम रिले दौड़ एवं चम्मच-नींबू दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिला सदस्यों और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की सदस्य दीपिका बागड़ी एवं रागिनी कुंवर ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान,जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव,श्रीमती वंदना खंडेलवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मदनलाल धनगर, जनपद पंचायत सीईओ श्री आरिफ खान सहित ग्रामीण आजीविका मिशन एवं जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की महिला सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन विकासखंड प्रबंधक श्री राजेंद्र चौहान ने किया तथा जिला परियोजना प्रबंधक द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
–00–
सेवा संकल्प अभियान के तहत रेडक्रॉस परिसर में एनसीडी स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ
विभिन्न रोगों की होगी जांच, जिलेभर में माह भर चलेंगी स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता गतिविधियां
नीमच, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने तथा जन्मदिवस के अवसर पर शासन द्वारा प्रारंभ किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरूवार को रेडक्रॉस परिसर, नीमच में गैर संचारी स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ हुआ। अभियान के अंतर्गत जिलेभर की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं में माहभर स्वास्थ्य परीक्षण एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
शिविर में नागरिकों के ब्लड प्रेशर, डायबिटीज सहित विभिन्न गैर-संचारी रोगों से संबंधित आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जा रही है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों को गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान, रोकथाम, उपचार तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। सिविल सर्जन डॉ.महेंद्र पाटिल ने जिले में माहभर आयोजित होने वाले एनसीडी शिविरों की जानकारी देते हुए नागरिकों से शिविरों का लाभ लेने की अपील की।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिल रहा विस्तार
कार्यक्रम में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि हाल ही में जिले में 76 चिकित्सकों की पदस्थापना की गई है। इन चिकित्सकों को जिला चिकित्सालय के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थ किया जाएगा। इससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही जिले में विगत वर्षों के दौरान मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चौपड़ा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन को मिल रहे लाभों की जानकारी दी।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र को परिवार मानकर जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य करने की भावना देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चौपड़ा सहित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
कार्यक्रम में श्रीमती वंदना खंडेलवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
–00–
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित
रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक किया रक्तदान, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया शिविर का अवलोकन
नीमच, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मध्यप्रदेश में शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल नीमच में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नागरिकों एवं रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने में अपना योगदान दिया।
शिविर में रक्तदान करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रक्त संग्रह किया गया।
रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी एवं अन्य आपात परिस्थितियों में मरीजों के जीवन को बचाने में उपयोगी होता है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में जनभागीदारी के साथ स्वास्थ्य एवं सेवा से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
रक्तदान शिविर का जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव,नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा, श्रीमती वंदना खंडेलवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ.महेंद्र पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अवलोकन किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
–00–
कलेक्टर ने रेडक्रॉस परिसर में चल रहे जीर्णोद्वार कार्य का किया निरीक्षण
जीर्णोद्धार कार्य में गुणवत्ता पर विशेष जोर, 17 अक्टूबर से पहले कार्य पूर्ण कराने के निर्देश
नीमच, 17 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को रेडक्रॉस परिसर स्थित जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में संचालित कक्षाओं, बच्चों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा परिसर में चल रहे जीर्णोद्धार एवं मरम्मत कार्य का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रा ने जीर्णोद्धार कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने फ्लोरिंग में उचित एवं गुणवत्तापूर्ण टाइल्स के साथ आवश्यक स्थानों पर एंटी-स्किड टाइल्स लगाने, परिसर में प्रॉपर पेंट कराने तथा आवश्यकतानुसार सौंदर्यीकरण कार्य कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने परिसर में पानी टपकने की समस्या की स्थिति में छत की वाटरप्रूफिंग के साथ आवश्यक रिपेयरिंग कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि मरम्मत एवं जीर्णोद्धार के सभी कार्य व्यवस्थित, गुणवत्तापूर्ण और उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए कराए जाएं, ताकि केंद्र में आने वाले दिव्यांग बच्चों एवं अन्य लाभार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री सौरभ गहलोत को निर्देशित किया कि मरम्मत एवं जीर्णोद्धार का कार्य 17 अक्टूबर से पहले अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए।
इस दौरान कलेक्टर ने पुनर्वास केंद्र में संचालित कक्षाओं का निरीक्षण किया तथा बच्चों से संवाद कर उनके साथ चल रही गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने परिसर स्थित छात्रावास का भी निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल सहित पुनर्वास केंद्र के कर्मचारी एवं बच्चे उपस्थित रहे।
–00–



