मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन; गरोठ से 11 यात्री हरिद्वार-ऋषिकेश रवाना

विधायक सिसोदिया व नपं अध्यक्ष सेठिया ने तीर्थ यात्रियों का किया आत्मीय स्वागत
गरोठ। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत गरोठ से हरिद्वार- ऋषिकेश की तीर्थ यात्रा पर रवाना हो रहे 11 श्रद्धालुओं एवं एक अनुरक्षक मधुसूदन बैरागी सहायक सचिव खजूरी दौड़ा का विधायक चंद्ररसिंह सिसोदिया एवं नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।इस अवसर पर श्रद्धालुओं का पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। तीर्थ यात्रा पर रवाना होने को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विधायक सिसोदिया एवं नपं अध्यक्ष सेठिया ने सभी यात्रियों को सुखद, मंगलमय एवं सफल तीर्थ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
विधायक चंद्ररसिंह सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना प्रदेश के बुजुर्गों एवं श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से उन्हें प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। सरकार का उद्देश्य है, कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं बुजुर्ग श्रद्धालु भी अपने जीवन में तीर्थ दर्शन का सौभाग्य प्राप्त कर सकें।नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया ने भी सभी तीर्थ यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीर्थ यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आध्यात्मिक आनंद का अवसर है। उन्होंने यात्रियों के मंगलमय सफर एवं सकुशल वापसी की कामना की।
कार्यक्रम में जंप सीईओ पीसी वर्मा , तहसीलदार अर्जुन भदौरिया , नायब तहसीलदार रघुनाथ मचार, नपं कर्मचारी, संबंधित परिजन उपस्थित रहे।



