समाचार मध्यप्रदेश नीमच 12 सितंबर 2026 शनिवार

कलेक्टर के निर्देश पर शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई,शासकीय भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त
नीमच, 11 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार प्राप्त शिकायतों के आधार पर राजस्व विभाग द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान ग्राम जमुनियारावजी में शासकीय चरागाह भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया गया, वहीं नीमच सिटी-मऊ रोड स्थित भूमि का स्थल निरीक्षण कर मौके से अतिक्रमण एवं अन्य अवरोध हटाए गए।
न्यायालय नायब तहसीलदार मनासा द्वारा दिए गए आदेश के पालन में ग्राम जमुनियारावजी स्थित शासकीय सर्वे क्रमांक 49/1/1, रकबा 9.72 हेक्टेयर, मद चरागाह में से लगभग 0.018 हेक्टेयर (2000 वर्गफीट) भूमि पर भूरालाल पिता देवा बंजारा, निवासी दांतोली द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को जेसीबी की सहायता से मौके से हटाया गया। हटाए गए अतिक्रमण की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये है।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार श्री नरेंद्र कुमार बारोठिया, राजस्व निरीक्षक श्री कुलदीप डामोर, संबंधित पटवारी एवं पुलिस बल उपस्थित रहा।
इसी प्रकार, दूसरे प्रकरण में नीमच सिटी-मऊ रोड स्थित भूमि के संबंध में सुरेंद्र दास बैरागी द्वारा की गई शिकायत पर प्रशासनिक अमले द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर पाया गया अतिक्रमण एवं घूमती तथा पत्थरों से किए गए अवरोध को पूर्ण रूप से हटा दिया गया।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार राजस्व विभाग द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण तथा प्राप्त शिकायतों के निराकरण की कार्रवाई निरंतर की जा रही है।
–00–
जिला कोषालय अधिकारी ने जिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण
अनुपस्थित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा
नीमच, 11 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिला कोषालय अधिकारी ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय नीमच का निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों, ओपीडी एवं स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश चिकित्सा सेवाएं सुचारू रूप से संचालित पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान आयुष्मान सेंटर एवं सोनोग्राफी सुविधा संचालित मिली। ओपीडी में 53 मरीज उपस्थित पाए गए तथा गर्भवती महिलाओं की चिकित्सकीय जांच की जा रही थी। टीकाकरण केंद्र में स्टाफ उपस्थित मिला और बच्चों का निर्धारित समयानुसार टीकाकरण किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान लगभग 75 बच्चों को टीके लगाए जाना बताया गया।
आयुष विंग के पंचकर्म थेरेपी सेंटर में चिकित्सक उपस्थित मिलीं। यहां दवाइयों का स्टॉक पूर्ण एवं व्यवस्थित पाया गया। वहीं टेलीमेडिसिन सेंटर के माध्यम से मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं प्रिस्क्रिप्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी।
निरीक्षण के दौरान कुछ चिकित्सक अपने निर्धारित कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाए गए। इसी प्रकार अस्पताल में स्वीकृत 30 सफाई कर्मचारियों में से केवल 5 कर्मचारी उपस्थित तथा 25 अनुपस्थित मिले। अस्पताल की स्वच्छता एवं मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनुपस्थित सफाई कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा अनुपस्थित चिकित्सकों के संबंध में तथ्यात्मक जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की अनुशंसा की गई।
एचआईवी परामर्श केंद्र के निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। जिले में एचआईवी से संबंधित 2000 से अधिक मरीज होने के कारण नियमित काउंसलिंग, फॉलोअप एवं उपचार संबंधी सेवाओं की निरंतरता महत्वपूर्ण है। इस संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
निरीक्षण में सामने आए तथ्यों एवं की गई अनुशंसाओं से संबंधित प्रतिवेदन आवश्यक कार्रवाई के लिए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा को प्रेषित किया गया है।
–00–
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत रामपुरा में पांचवां समाधान शिविर आयोजित
जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना शासन की प्राथमिकता : विधायक श्री मारू
तकनीकी खामियों के कारण आवेदन निरस्त नहीं हों, संवेदनशीलता से करें प्रकरणों का निराकरण : कलेक्टर श्री चंद्रा
नीमच, 11 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को मनासा विकासखंड के नगर परिषद रामपुरा में पांचवां शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई के साथ विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू रहे।
विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन और प्रशासन को जनता के बीच पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्या का समाधान करना और उसे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने तथा हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन देने को कहा।
उन्होंने युवाओं और नागरिकों को छोटे उद्योग एवं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रामपुरा क्षेत्र में उद्योग, रोजगार और पर्यटन की पर्याप्त संभावनाएं हैं, जिन्हें बढ़ावा देकर क्षेत्र के विकास को गति दी जा सकती है। विधायक ने नीमच से झालावाड़ तक स्वीकृत सड़क के लिए रामपुरा क्षेत्रवासियों को बधाई भी दी।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें और ग्राम स्तर पर प्राप्त शिकायतों का यथासंभव स्थानीय स्तर पर ही समाधान किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल तकनीकी खामियों के कारण किसी आवेदन को अनावश्यक रूप से निरस्त नहीं किया जाए। आवश्यक सुधार या पूर्ति के लिए आवेदक को उचित मार्गदर्शन देकर नियमानुसार प्रकरण का निराकरण किया जाए।
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को न्यायालयीन एवं लंबित सीमांकन प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों को पारित आदेशों का समयबद्ध पालन और अमल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में पूर्व से लंबित सीमांकन के 11 हजार से अधिक प्रकरणों में कार्यवाही की जा चुकी है तथा शेष प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
17 सितंबर से स्वामित्व अधिकार अभिलेख एवं रजिस्ट्री का विशेष अभियान
कलेक्टर श्री चंद्रा ने बताया कि 17 सितंबर से एक माह तक स्वामित्व पट्टों की रजिस्ट्री के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिले में स्वीकृत पट्टों की रजिस्ट्री का कार्य अभियान के रूप में किया जाएगा। इसके लिए राजस्व एवं प्रशासनिक अमला समन्वित रूप से कार्य करेगा।
शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाएं रहीं उपलब्ध
समाधान शिविर में नामांतरण, सीमांकन, आयुष्मान कार्ड, ई-केवाईसी, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोक सेवा गारंटी एवं आंगनवाड़ी सेवाओं सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनके समयबद्ध निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
उद्यमियों ने साझा किए अपने अनुभव एवं अपेक्षाएं
शिविर में क्षेत्र के उद्यमियों से संवाद कर उनकी सफलता, समस्याओं एवं आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली गई। उद्यमियों ने शासन-प्रशासन से प्राप्त सहयोग एवं सुविधाओं के संबंध में अपने अनुभव साझा किए तथा अपनी आवश्यकताओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
एसएएम बच्चों की माताओं को न्यूट्री बास्केट एवं हितग्राहियों को खाद्यान्न पर्ची वितरित
शिविर के पश्चात कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने एसएएम श्रेणी के बच्चों की माताओं को तीन न्यूट्री बास्केट तथा दो हितग्राहियों को खाद्यान्न पर्ची वितरित की।
कार्यक्रम में नगर परिषद रामपुरा अध्यक्ष श्रीमती सीमा जितेंद्र जागीरदार, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मयूरी जोक, श्रुति भयडिया सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
—00–
इंडियास्किल्स प्रतियोगिता में युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर
15 सितम्बर तक कर सकते हैं पंजीयन
नीमच, 11 सितम्बर 2026। मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड द्वारा इंडियास्किल्स प्रतियोगिता 2026-28 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को अपने हुनर और प्रतिभा को प्रदर्शित करने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में 63 अलग-अलग कौशलों में भाग लिया जा सकता है। इसके लिए पंजीयन शुरू हो गया है। इच्छुक युवा स्किल इंडिया डिजिटल पोर्टल के माध्यम से 15 सितम्बर 2026 तक पंजीयन कर सकते हैं।
–00–
स्वामित्व अधिकार अभिलेख अभियान के तहत पटवारियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
17 सितंबर से ग्राम पंचायत स्तर पर शुरू होगा स्वामित्व दस्तावेजों का पंजीयन
फार्मर रजिस्ट्री में सितंबर अंत तक 65 प्रतिशत का लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश
नीमच, 11 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा 17 सितंबर से प्रारंभ होने जा रहे स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन अभियान की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने आईटीआई रामपुरा में पटवारियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि स्वामित्व योजना के पंजीयन कार्य में हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। पटवारी स्वयं हितग्राहियों से समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही समय पर पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि अभियान का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाना है। शिविरों में पटवारी, पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक आपसी समन्वय से कार्य करें।
कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा करते हुए सितंबर अंत तक प्रगति 65 प्रतिशत से कम नहीं रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पटवारियों एवं तहसीलदारों को 30 सितंबर तक निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत स्तर पर व्यवस्थित रूप से शुरू करें पंजीयन कार्य एडीएम श्री बी.एस. कलेश ने निर्देश दिए कि 17 सितंबर से ग्राम पंचायत स्तर पर स्वामित्व दस्तावेजों का पंजीयन व्यवस्थित रूप से प्रारंभ किया जाए। शिविर स्थलों पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, नेटवर्क एवं वाई-फाई सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने पटवारियों को पंजीयन प्रक्रिया का निर्धारित प्रावधानों के अनुसार गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में बताया गया कि ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में सर्वेक्षण एवं ड्रोन सर्वे के आधार पर भूखंडों के संबंध में कानूनी मालिकाना हक के पंजीकृत संपत्ति दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। स्वामित्व दस्तावेज का पंजीयन निःशुल्क है। प्रक्रिया के तहत भूस्वामी द्वारा एमपी ई-सर्विस पर आवेदन किया जाता है, जिसके बाद पटवारी द्वारा सारा ऐप के माध्यम से सत्यापन एवं आवश्यक कार्यवाही की जाती है।
पंजीयन प्रक्रिया में भूस्वामी एवं गवाहों की जानकारी, आधार ई-केवाईसी, वीडियो रिकॉर्डिंग, दस्तावेज सत्यापन एवं ई-साइन सहित निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं। आवश्यक ई-साइन पूर्ण होने के बाद आवेदन पंजीयन के लिए प्रस्तुत किया जाता है तथा पंजीयन पूर्ण होने पर पंजीकृत डीड उपलब्ध होती है।
कलेक्टर ने आईटीआई की प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का लिया जायजा
प्रशिक्षण के बाद कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने आईटीआई रामपुरा के विभिन्न प्रशिक्षण कक्षों एवं कार्यशालाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर प्रशिक्षण एवं ट्रेड संबंधी जानकारी ली तथा प्रशिक्षकों से उपस्थिति, उपलब्ध संसाधनों, मशीनरी एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने मशीनरी एवं उपकरणों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा प्रशिक्षण संसाधनों को आवश्यकतानुसार बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भयड़िया, आईटीआई प्राचार्य श्री एच.एस.परिहार एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।
–00–
कलेक्टर ने रामपुरा सिविल अस्पताल एवं पोषण पुनर्वास केंद्र का किया निरीक्षण
मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
नीमच, 11 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को मनासा विकासखंड के रामपुरा स्थित सिविल अस्पताल एवं पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्था एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सिविल अस्पताल के ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, प्रयोगशाला, पेशेंट वार्ड, लेबर रूम तथा आयुष्मान कार्ड एवं जन आरोग्य संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, दवा स्टॉक, जांच व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने निरीक्षण के दौरान, किया जा रहे उपचार के संबंध में मरीजों से भी जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता हो। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं हो।
उमंग स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत संचालित उमंग स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में किशोर-किशोरियों को उपलब्ध कराई जा रही शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य संबंधी निःशुल्क एवं गोपनीय परामर्श सेवाओं की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
पोषण पुनर्वास केंद्र में बच्चों के स्वास्थ्य की ली जानकारी
कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण कर भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य एवं उपचार में हो रहे सुधार की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं, पोषण आहार, दवाइयों तथा स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि कुपोषित बच्चों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार गुणवत्तापूर्ण उपचार एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाए। बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार की नियमित निगरानी करते हुए उनकी प्रगति का रिकॉर्ड संधारित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान आउटसोर्स कर्मचारियों द्वारा वेतन संबंधी समस्या से अवगत कराने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समस्या का शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम सुश्री किरण आंजना, सीएमएचओ डॉ. डी. प्रसाद, बीएमओ डॉ. साजिद अंसारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
–00–
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने रामपुरा तहसील का किया निरीक्षण
तकनीकी खामियों के कारण आवेदनों को निरस्त नहीं करें, आवेदकों को उचित मार्गदर्शन देकर संवेदनशीलता से करें निराकरण — कलेक्टर श्री चंद्रा
राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध एवं संवेदनशील निराकरण के दिए निर्देश
नीमच, 11 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को मनासा विकासखंड की तहसील रामपुरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय में संचालित विभिन्न शासकीय कार्यों, आधार सेंटर, लोक सेवा गारंटी तथा राजस्व प्रकरणों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, रास्ता विवाद एवं अन्य राजस्व प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विवादित नामांतरण एवं बंटवारे के प्रकरणों की भी समीक्षा की तथा इनके निराकरण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दिए निर्देश—
लंबित राजस्व प्रकरणों का नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन एवं रास्ता विवाद सहित आमजन से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत किया जाए।
आमजन द्वारा प्रस्तुत आवेदनों को केवल तकनीकी खामियों के कारण निरस्त नहीं किया जाए। आवश्यक सुधार अथवा पूर्ति के लिए आवेदक को उचित मार्गदर्शन देकर प्रकरण का संवेदनशीलता के साथ यथासंभव निराकरण किया जाए।
न्यायालय तहसीलदार के प्रकरणों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर कमियों को दूर करते हुए नियमानुसार एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए।
पीएम स्वामित्व एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति बढ़ाते हुए पात्र हितग्राहियों की फार्मर रजिस्ट्री समयबद्ध रूप से पूर्ण कराई जाए।
राजस्व अभिलेखों का उचित संधारण करते हुए कार्यालयीन रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखा जाए।
तहसील कार्यालय में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए तथा उन्हें शासन की सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा अपने दायित्वों का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा, कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप आमजन को बेहतर, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व संबंधी कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो और नागरिकों को कार्यालयीन सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना सहित संबंधित राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
–00–
अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई
850 किलोग्राम महुआ लहान एवं 27 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जप्त, 5 प्रकरण दर्ज
नीमच, 11 सितम्बर 2026। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के सहयोग से जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 11 सितम्बर को अलसुबह आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने वृत्त नीमच पश्चिम के अंतर्गत ग्राम धामनिया पठारी, धामनिया जागीर, माताजी का खेड़ा एवं रामनगर सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर अवैध मदिरा निर्माण एवं संग्रहण के विरुद्ध कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने लगभग 850 किलोग्राम महुआ लहान तथा 27 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जप्त की। जप्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 91 हजार 750 रुपये है। प्रकरणों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 5 प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए हैं।
यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल.दांगी के मार्गदर्शन तथा कंट्रोलर एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. सिंगाड़ा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. सिंगाड़ा, आबकारी उपनिरीक्षक श्री दीपक आंजना, श्री संजय कंवारे, श्री पंकज राठौर एवं श्री संजय राठौर सहित पुलिस एवं आबकारी विभाग का अमला शामिल रहा।
पुलिस विभाग की ओर से पुलिस उपनिरीक्षक श्री श्रवण सिंह, श्री धारा सिंह सोलंकी, आरक्षक श्री रवि पाटीदार एवं श्री दिलीप धनगर तथा आबकारी मुख्य आरक्षक श्री गोपाल शर्मा, आबकारी आरक्षक श्री विष्णु यादव, श्री महेश गहलोत, श्री बलवंत भाटी, श्री हंसराज बिलवाल, सुश्री निशा राजपूत एवं सुश्री मधुमिता मालवीय कार्रवाई में सम्मिलित रहे।
अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
–00–
स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन कार्यक्रम अति महत्वपूर्ण, कलेक्टर्स सतत मॉनिटरिंग करें — मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव
17 सितम्बर से शुरू होगा अभियान, व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी माननीय मुख्यमंत्री ने की समीक्षा
नीमच, 11 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा है, कि प्रदेश में 17 सितम्बर से प्रारंभ हो रहा स्वामित्व अधिकार, अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन कार्यक्रम-2026 मध्यप्रदेश शासन का अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। कलेक्टर इस कार्यक्रम की सतत मॉनिटरिंग करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने कार्यक्रम में पूर्ण पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने गुरुवार को स्वामित्व अधिकार, अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन कार्यक्रम-2026 की तैयारियों के संबंध में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के कमिश्नर्स एवं कलेक्टर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां 17 सितम्बर से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं तथा आमजन को अभियान की जानकारी देने के लिए इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
माननीय मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान का प्रथम चरण 17, 18 एवं 19 सितम्बर, द्वितीय चरण 24, 25 एवं 26 सितम्बर को आयोजित किया जाएगा। आवश्यकता होने पर 1, 2 एवं 3 अक्टूबर 2026 को भी अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह व्यापक जनहित का अभियान है, इसलिए संबंधित अधिकारियों द्वारा इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ आमजन तक इसकी जानकारी पहुंचाना भी सुनिश्चित किया जाए।
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि अभियान से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं और अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
माननीय मुख्यमंत्री ने जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले एवं प्रदेश में किए जा रहे सकारात्मक कार्यों की भी समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस.कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भयड़िया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
–00–



