मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 11 सितंबर 2026 शुक्रवार

आत्महत्या रोकथाम के लिए जागरूकता जरूरी, समय पर पहचान से बचाई जा सकती है जान

मंदसौर 10 सितंबर 2026 / विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर आज सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मंदसौर एवं DIET मंदसौर में आत्महत्या रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डीन डॉ. शशि गांधी के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम में डीन डॉ. शशि गांधी एवं प्राचार्य डॉ. प्रमोद सेठिया ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में आत्महत्या की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य तथा संकट की स्थिति में समय पर सहायता उपलब्ध कराने के महत्व पर चर्चा की गई।

मनोरोग विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. निशांत पटेल ने आत्महत्या के चेतावनी संकेतों (Warning Signs) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आम व्यक्ति किस प्रकार किसी व्यक्ति में व्यवहार, भावनाओं या बातचीत में होने वाले बदलावों को पहचान सकता है तथा संकट की शुरुआती अवस्था में किस प्रकार उससे बात कर सकता है और आवश्यक सहायता तक पहुंचा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद, शारीरिक गतिविधि, सामाजिक जुड़ाव, तनाव प्रबंधन तथा जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की सहायता लेना महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में यह संदेश पहुंचाना था कि आत्महत्या को लेकर खुलकर बात करना, चेतावनी संकेतों को पहचानना और समय पर मदद उपलब्ध कराना जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और समाज को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा संकट की स्थिति में व्यक्ति को अकेला न छोड़कर समय पर सहायता लेने और दिलाने का संदेश दिया गया।

–00–

सेवा संकल्प अभियान की तैयारी के संबंध में बैठक संपन्न

सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा

मंदसौर 10 सितम्बर 2026 / सेवा संकल्प अभियान की तैयारी के संबंध में जिला पंचायत सभा कक्ष में बैठक आयोजित हुई । बैठक के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, गरोठ विधायक श्री चंदर सिंह सिसोदिया, जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी में सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन एवं जिला अधिकारी मौजूद थे ।

सेवा संकल्प अभियान आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। सेवा संकल्प अभियान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिला पंचायत सीईओ श्री अनुकूल जैन ने बताया कि अभियान अंतर्गत नोडल बनाए गए हैं सभी नोडल अपने-अपने कार्य अच्छे से निर्वहन करेंगे कार्य में लापरवाही ना बरते यह सुनिश्चित किया गया है

सेवा संकल्प अभियान में ड्राइंग प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, आंगन का उत्सव, आंगनबाड़ी सम्मान संवाद कार्यक्रम, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, जल जन और सेवा संकल्प यात्रा, सेवा मेरा योगदान, स्वच्छता तथा विकास का सौंदर्य करण, सरकार आपके द्वार आदि कार्यक्रम आयोजित होंगे।

–00–

जिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक माइक्रोबायोलॉजी व हिस्टोपैथोलॉजी लैब का हुआ शुभारंभ

मंदसौर 10 सितंबर 2026 / सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय मंदसौर में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने अत्याधुनिक माइक्रोबायोलॉजी व हिस्टोपैथोलॉजी लैब का शुभारंभ किया । अस्पताल परिसर में बहुप्रतीक्षित माइक्रोबायोलॉजी एवं हिस्टोपैथोलॉजी सर्विस प्रयोगशाला की शुरुआत की गई।

नई सुविधा के शुरू होने से जिले व आसपास के मरीजों को गंभीर बीमारियों की सटीक जांच के लिए अब बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि संक्रमण नियंत्रण व सटीक एंटीबायोटिक: माइक्रोबायोलॉजी लैब की मदद से मरीजों व अस्पताल में संक्रमण फैलाने वाले सूक्ष्म रोगाणुओं की पहचान होगी। इससे मरीज के शरीर पर असरदार एंटीबायोटिक का चुनाव संभव होगा, जिससे संक्रमण नियंत्रण में मदद मिलेगी।

टिश्यू की सूक्ष्म जांच: हिस्टोपैथोलॉजी सेवा के तहत प्रभावित टिश्यूज (ऊतकों) की गहन बायोप्सी व सूक्ष्म जांच कर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का सही व सटीक निदान प्राथमिक स्तर पर ही हो सकेगा।

त्वरित उपचार योजना: सटीक जांच रिपोर्ट उपलब्ध होने से चिकित्सकों को मरीजों के लिए तुरंत प्रभावी उपचार योजना तैयार करने में आसानी होगी।

इस अवसर पर सुंदरलाल पटवा गवर्मेंट मेडिकल कालेज की अधिष्ठाता (डीन) डॉ. शशि गांधी, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. बी. एल. रावत उपस्थित रहे। आयोजन में माइक्रोबायोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. सौरभ जैन, पैथोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. हर्षुल पाटीदार सहित मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, सीनियर रेजिडेंट्स एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।

–00–

मलेरिया नियंत्रण हेतु जिले के विभिन्न स्थाई एवं अस्थाई जल स्त्रोतों में गम्बूसिया मछली छोड़ी गई

मंदसौर 10 सितंबर 2026 / जिला मलेरिया अधिकारी श्रीमती दीपा पाठक द्वारा बताया गया कि मलेरिया इलीमिनेशन ड्राइव कार्यक्रम चल रहा है। जिसमें 2030 तक मलेरिया इलीमिनेशन का लक्ष्य रखा गया। जिसके अंतर्गत मलेरिया नियंत्रण हेतु जिले के विभिन्न स्थाई एवं अस्थाई जल स्त्रोतों में गम्बूसिया मछली छोड़ी गई है। गम्बूसिया मछली मच्छरों के लार्वा भक्षण करने रोग नियंत्रण में सहायक है। इस हेतु मलेरिया विभाग द्वारा कार्य योजना बनाकर जिले में 9 हजार लार्वा भक्षी गम्बूसिया मछली का संचयन किया गया है। जिसमे मंदसौर शहरी क्षेत्र नरसिहंपुरा क्षेत्र शा. मा.वि. के पास कुएं में, सीमेंट पाइप फैक्ट्री के पानी में, कोर्ट परिसर की बावड़ी में, धोबी घाट पर, एवं मंदसौर जिले के 05 विकासखंड मल्हारगढ, धुंधड़का, सीतामऊ, मेलखेड़ा व संधारा में गम्बूसिया मछली छोडी गई।

गम्बूसिया मछली पर्यावरण को नुकसान पहुँचाए बिना मच्छरों के लार्वा का भक्षण कर जाती है। यह जैविक नियंत्रण के अंतर्गत आता है। अभी तक मलेरिया के कुल 10 सकारात्मक केस पाए गए है। जिसमें से धुंधड़का विकासखंड के 01, मेलखड़ विकासखंड के 03, संधारा विकासखंड के 05 एवं मंदसौर शहरी क्षेत्र के 01 है। गम्बूसिया का संचयन मलेरिया नियंत्रण हेतु एक प्रभावी प्रयास है।

–00–

नेशनल लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार-रथ को माननीय प्रधान एवं जिला न्यायाधीश ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया

मंदसौर 10 सितंबर 2026 / मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय के मार्गदर्शन में 12 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के प्रचार प्रसार हेतु आज दिनांक 10 सितम्बर, 2026 को माननीय श्री अनीष कुमार मिश्रा, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा हरी झण्डी दिखाकर प्रचार-रथ के रूप में तैयार वाहनों को रवाना किया गया। उक्त वाहनों के द्वारा सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों व शहरी क्षेत्रों में जाकर नेशनल लोक अदालत के आयोजन का प्रचार-प्रसार किया जाकर नेशनल लोक अदालत के होने वाले लाभ के बारे में आमजन को जागरूक किया जायेगा।

इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री सिद्धार्थ तिवारी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अतुल बिल्लौरे, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सुधीर सिंह निगवाल, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्रीमती अपर्णा लोधी एवं विद्युत विभाग के अधिकारीगण एवं अधिवक्तागण अन्य अधिकारीगण, अधिवक्तागण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

–00–

लावारिस मिले नवजात शिशु का में सफल इलाज

पूर्ण स्वस्थ होने पर शिशु गृह नीमच भेजा गया

मंदसौर 10 सितंबर 2026 / सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. रावत द्वारा बताया गया कि 23 जुलाई 2026 को भानपुरा थाना क्षेत्र से लगभग 2 दिवस की उम्र का एक अज्ञात लावारिस नवजात बालक (वजन 2.69 किलोग्राम) प्राप्त हुआ था। पुलिस थाना भानपुरा के आरक्षक श्री शिवसिंह राठौड़ (बैच नंबर 272), महिला बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर श्रीमती राजलक्ष्मी हाड़ा, वन स्टॉप सेंटर मंदसौर की प्रशासक श्रीमती रेखा चौहान एवं 108 एम्बुलेंस ड्राइवर के माध्यम से बालक को अस्पताल के एसएनसीयु (विशेष नवजात देखभाल इकाई) में भर्ती कराया गया था।

भर्ती के समय बालक का वजन 2.68 किलोग्राम था। एसएनसीयु की टीम द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल एवं आवश्यकतानुसार शिशु का उचित इलाज व देखभाल की गई। डॉ. रावत ने बताया कि निरंतर देखभाल और उपचार के बाद बालक अब पूर्णतः स्वस्थ हो चुका है और उसका वजन बढ़कर 3.77 किलोग्राम हो गया है। बालक के पूर्ण स्वस्थ होने पर 9 सितंबर 2026 को उसे सुरक्षित रूप से ‘शिशु गृह नीमच कैंट (न्यू इंदिरा नगर, नीमच, म.प्र.)’ स्थानांतरित कर दिया गया है।

–00–

हिंगोरिया बड़ा में 16 सितंबर से श्री बगड़ावत भारत एवं श्री देव नारायण भगवान कथा

संजीत।क्षेत्र के ग्राम हिंगोरिया बड़ा में आगामी 16 सितंबर से 22 सितंबर 2026 तक सात दिवसीय श्री बगड़ावत भारत एवं श्री देव नारायण भगवान कथा का भव्य एवं धार्मिक आयोजन किया जाएगा। कथा प्रतिदिन रात्रि 08 बजे से 12 बजे तक आयोजित होगी।कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथावाचक बापूलाल जी धनगर (अल्हेड़ वाले) द्वारा किया जाएगा। वहीं संगीत सहयोग सुनील धनगर एवं उनकी टीम द्वारा प्रदान किया जाएगा, जिससे कथा का वातावरण भक्तिमय बनेगा।आयोजकों ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्री देव नारायण भगवान के श्रीचरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करें तथा कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त करें।

–00–

पहली बार ऐसा संयोग : मंदसौर में पिता कमल सिंह और पुत्र कुलदीप सिंह दोनों सब इंस्पेक्टर

एसपी ऑफिस में पदस्थ पिता का प्रमोशन, बेटा है नई आबादी थाना प्रभारी

मंदसौर-जिले के पुलिस महकमे में संभवतः ऐसा संयोग पहली बार हुआ कि पिता-पुत्र दोनों ही सब इंस्पेक्टर की जिम्मेदारी संभाल रहे हों। एसपी ऑफिस में पदस्थ एएसआई कमल सिंह राठौर पदोन्नति के साथ सोमवार को सब इंस्पेक्टर बन गए। एसपी विनोदकुमार मीना, एएसपी टीएस बघेल ने कमल सिंह को वर्दी पर स्टार वाले बैच लगाए।कमल सिंह के पुत्र सब इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह राठौर वर्तमान में मंदसौर के नई आबादी थाना प्रभारी का दायित्व संभाल रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि 1992 में मंदसौर से ही कमल सिंह ने पुलिस सेवा प्रारंभ की और लगभग 3 दशकों में वे रतलाम रेंज के नीमच, रतलाम समेत अन्य जिलों में भी पदस्थ रहे। वहीं उनके पुत्र कुलदीप 2018 की बैच के एसआई हैं। पुलिस अधीक्षक श्री मीणा ने कहा कि विभागीय अनुभव के साथ पिता जहां एसपी कार्यालय में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं तो पुत्र थाने में पुलिसिंग की कमान संभाले हैं। ऐसे उदाहरण कम ही मिलते हैं।

–00–

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, जिले के मल्‍हारगढ़ (बुढ़ा) में शिविर 11 सितंबर को

मंदसौर 10 सितंबर 2026 / मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले के मल्‍हारगढ़ (बुढ़ा) में आगामी 11 सितंबर को शिविर आयोजित होगा। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने सभी अधिकारियों को शिविर की तैयारी के निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान अभियान के अंतर्गत जन समस्याओं शिकायतों का निराकरण किया जाएगा संबंधित जनप्रतिनिधीकरण अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहेंगे।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत मल्‍हारगढ़ (बुढ़ा) के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 11 सितंबर को अधिकारियों द्वारा भ्रमण करके लोक संपर्क किया जाएगा। आमजन की शिकायत और समस्याओं का यथासंभव त्वरित निराकरण किया जाएगा। जिन शिकायतो समस्याओं के निराकरण में समय सीमा देनी होगी तो निश्चित समय सीमा दीजाएगी।

11 सितंबर को अधिकारियों द्वारा संपूर्ण बुढ़ा क्षेत्र के वार्डो का भ्रमण किया जाएगा। इसके अलावा जिन ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण किया जाएगा उनमें ग्राम मुन्‍दडी, सिन्‍दपन, डोडियामिणा, ढाबला, दोरवाडा, बादपुर, बुढ़ा, कामलिया, तालाब पिपलिया, लसुडिया राठौर, लिम्‍बावास, रीछा, तुरकिया, देवरी, चीताखेड़ी, बैलारा, काल्‍याखेड़ीगुजरान, चिल्‍लोद पिपलिया, नापाखेड़ा, सुदवास, काचरिया कदमाला, गर्रावद, फोसरी, रणायरा, गरनाई, दोबड़ा, सरवानिया, संजीत तथा अरनिया जटिया, शामिल है।

–00–

 

मंदसौर ,डॉक्टर कपिल शर्मा ओर शांतिराज हॉस्पिटल अब नहीं कर सकेंगे ऑपरेशन, स्वास्थ विभाग की बड़ी कार्यवाही

गणेश उत्सव को लेकर हिन्दू उत्सव समिति की गणेश उत्सव समितियों के साथ बैठक

धार्मिक गरिमा, पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए महत्वपूर्ण सुझाव

मंदसौर। आगामी गणेश उत्सव को लेकर हिन्दू उत्सव समिति द्वारा मंदसौर नगर की समस्त गणेश उत्सव समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्यों की बैठक जनपद पंचायत हॉल, अफीम गोदाम रोड पर आयोजित की गई। बैठक में गणेश उत्सव को धार्मिक गरिमा, भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ मनाने को लेकर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक का प्रारंभ भारत माता चित्र व राम दरबार चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया। बैठक में विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष डॉ. प्रवीण मंडलोई, जिला मंत्री हेमंत बुलचंदानी, जिला धर्म प्रसार प्रमुख शंकर शर्मा, प्रखंड अध्यक्ष मंदसौर कन्हैयालाल सोनगरा एवं थाना प्रभारी कोतवाली मंदसौर पुष्पेंद्र सिंह राठौर मंचासीन रहे।

कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथि परिचय गोपाल कुमावत टांक, बजरंगदल जिला विद्यार्थी प्रमुख ने किया। बैठक की रूपरेखा कन्हैयालाल सोनगरा ने प्रस्तुत की।

बैठक को संबोधित करते हुए विहिप जिला मंत्री हेमंत बुलचंदानी ने कहा कि धार्मिक नगरी मंदसौर में प्रतिवर्ष गणेश उत्सव के दौरान लगभग 90–95 पंडाल लगाए जाते हैं और समितियों द्वारा भव्य एवं आकर्षक आयोजन किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्सव की भव्यता के साथ भगवान गणेश की धार्मिक गरिमा एवं मूल स्वरूप को बनाए रखना भी आवश्यक है

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भगवान गणेश की प्रतिमाओं को फिल्मी स्टाइल, डॉक्टर, पुलिस, आर्टिफिशियल डिजाइन अथवा अन्य स्वरूप दिए जाने की प्रवृत्ति देखने को मिल रही है। इससे धार्मिक भावनाओं एवं भगवान के मूल स्वरूप की गरिमा प्रभावित होती है तथा इसका आने वाली पीढ़ी पर भी विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने सभी समितियों से भगवान गणेश के मूल स्वरूप के साथ छेड़छाड़ नहीं करने तथा स्थापना से विसर्जन तक धार्मिक भाव बनाए रखने का आग्रह किया।

विसर्जन यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि बैंड-बाजों, डीजे एवं वाहनों में फिल्मी गीतों के स्थान पर भक्तिमय भजन एवं धार्मिक गीत ही बजाए जाएं, जिससे विसर्जन यात्रा का वातावरण श्रद्धामय बना रहे। साथ ही पंडालों में आरती के पश्चात धार्मिक कथाएं, महापुरुषों के जीवन प्रसंग एवं भारतीय संस्कृति से संबंधित विषयों को रखने का आग्रह किया गया, जिससे नई पीढ़ी को धर्म एवं संस्कृति की जानकारी प्राप्त हो।

पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना का संदेश दिया गया। साथ ही प्रशासन एवं नगर पालिका द्वारा निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करने तथा नदी-नालों, कीचड़ अथवा अन्य अनुचित स्थानों पर विसर्जन नहीं करने का आग्रह किया गया।

थाना प्रभारी कोतवाली पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि पंडालों में लाइट एवं विद्युत व्यवस्था सुरक्षित हो। सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त वॉलेंटियर की व्यवस्था की जाए तथा प्रत्येक पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। पंडालों के आसपास पर्याप्त विद्युत व्यवस्था रखने के साथ मुख्य मार्गों को छोड़कर पंडाल लगाए जाएं, ताकि आमजन का आवागमन एवं यातायात बाधित न हो। उन्होंने गणेश उत्सव समितियों को प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक में उपस्थित सभी गणेश उत्सव समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने हिन्दू उत्सव समिति द्वारा रखे गए सुझावों को स्वीकार करते हुए धार्मिक गरिमा, पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ उत्सव आयोजित करने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

अंत में डॉ. प्रवीण मंडलोई ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। बैठक के पश्चात अल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}