मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 10 सितंबर 2026 गुरुवार

बीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की सप्लीमेंट्री को लेकर एबीवीपी ने सौंपा ज्ञापन

सुवासरा। बीए प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं के पॉलिटिकल साइंस एवं हिस्ट्री विषय में अनेक विद्यार्थियों की सप्लीमेंट्री आने के मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई सुवासरा द्वारा आज महाराणा प्रताप शासकीय महाविद्यालय, सुवासरा में ज्ञापन सौंपा गया।विद्यार्थियों ने बताया कि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के इन विषयों में सप्लीमेंट्री आने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विद्यार्थियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उचित जांच एवं समाधान की मांग की।इस दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई सुवासरा के कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

–00–

श्री पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति की बैठक संपन्‍न

मंदसौर 9 सितंबर 2026 / श्री पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति की बैठक कलेक्‍टर श्री दिव्‍यांक सिंह की अध्‍यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के दौरान सांसद श्री सुधीर गुप्‍ता, मंदसौर विधायक श्री विपि‍न जैन, नगर पालिका अध्‍यक्ष श्रीमती रमादेवी गुर्जर, जनपद पंचायत अध्‍यक्ष श्री बसंत शर्मा, संबंधि‍त अधिकारी एवं श्री पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति के सदस्‍य मौजुद रहे।

बैठक के दौरान श्री पशुपतिनाथ मंदिर परिसर एवं अतिथिगृह चन्द्रपुरा में सौर उर्जा की लाइट लगाने, श्री पशुपतिनाथ मंदिर वेबसाईड डेवलपमेन्ट तथा आनलाईन सुविधाओं के विस्तार, श्री पशुपतिनाथ भक्त निवास के निर्माण कार्य, परिसर में दर्शनार्थियों के सुलभ दर्शन एवं व्यवस्था हेतु बेरिकेटिंग, मंदिर पहुँचने वाले दर्शनार्थीयो हेतु पार्किंग व्यवस्था हेतु भूमि अधिग्रहण, श्री तापेश्वर मंदिर का फर्श बदलवाने के सम्बंध में आदि विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही पुजारी के वेतन बढाने पर चर्चा हुई। कलेक्‍टर ने कहा कि मंदिर के कार्य के लिए मास्‍टर प्‍लान बनाएं। दान राशि का अच्‍छे से उपयोग हो। नदी में कोई भी भक्‍तगण नदी में पूजा सामग्री न डाले इसके लिए कलश लगाये जिसमें व्‍यक्ति पूजा की सामग्री डाल सके।

–00–

मंदसौर शहर को बाल भिक्षावृत्ति मुक्‍त करने की कार्यवाही – कलेक्‍टर श्री सिंह

जिला बाल कल्‍याण एवं संरक्षण समिति की बैठक सम्‍पन्‍न

मंदसौर ।कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की त्रैमासिक बैठक सुशासन भवन सभा कक्ष में आयोजित हुई। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने निर्देश दिए की मंदसौर शहर को बाल भिक्षावृत्ति मुक्त करने की कार्रवाई करें l इसके लिए पुलिस विभाग, श्रम विभाग चिकित्सा विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग टीम बनाकर कार्य करें । इस दौरान महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंडया, समिति के सदस्‍य,जेजे बोर्ड सदस्य,जिला विधिक सहायता अधिकारी,शिक्षा विभाग,खेल विभाग सहित वन स्टॉप सेंटर के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे। यदि उनके माता-पिता है तो उन्हें समझाईश दे यदि भिक्षावृत्ति करते हुए बच्चे मिल रहे हैं तो उनको ले आयें। यदि उनके माता-पिता हैं तो उन्हें समझाईश दे कि बच्‍चों से भिक्षावृत्ति ना करवाए। भिक्षावृत्ति की सूचना 1098 पर देने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित भी करें । बालिका गृह अपना घर में निवासरत बच्‍चों के सभी दस्‍तावेज बनवाने की कार्यवाही तुंरत की जाए। साथ ही उनका समय समय पर नियमित स्‍वास्‍थ्‍य परीक्षण करवाया जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद / स्पॉन्सरशिप योजना, पी.एम. केयर योजना, कोविड बाल सेवा योजना, ऑफ्टर केयर योजना, फोस्टर केयर योजना एवं स्‍पॉन्‍सरशिप योजना के संबंध में विस्‍तार से चर्चा की गई । 18 वर्ष तक के विधि विवादित किशोरों के प्रकरणों का निराकरण जल्‍द करें। कलेक्‍टर द्वारा चाईल्ड हेल्पलाइन 1098′ के स्टीकर और पोस्टरों का विमोचन किया। उक्त बैठक के दौरान आईसीपीएस का अमला उपस्थित रहा।

–00–

सड़क किनारे पेड़ों की कटाई की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचे विधायक प्रतिनिधि

वन विभाग को दी सूचना, टीम ने मौके पर पहुंचकर कथित कटाई रुकवाई

मंदसौर। शहर में सड़क किनारे पेड़ों की कटाई किए जाने की सूचना मिलने पर विधायक प्रतिनिधि वन विभाग राहुल पोरवाल तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए चल रही कथित अवैध कटाई को रुकवाया।मामले को लेकर राहुल पोरवाल ने कहा कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेड़ केवल हरियाली का हिस्सा नहीं, बल्कि पर्यावरण और आमजन के जीवन से सीधे जुड़े हैं। किसी भी पेड़ को तैयार होने में वर्षों का समय लगता है, जबकि उसे काटने में कुछ ही मिनट लगते हैं। इसलिए बिना वैध अनुमति या नियमों की अनदेखी कर की जा रही पेड़ों की कटाई को रोकना जरूरी है।उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी किसी व्यक्ति द्वारा बिना अनुमति पेड़ काटे जाने की जानकारी मिलती है तो तत्काल सूचना दें, ताकि वन विभाग को अवगत कराकर आवश्यक कार्रवाई कराई जा सके।राहुल पोरवाल ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि पेड़ों की सुरक्षा केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। आम नागरिक भी अपने आसपास होने वाली पेड़ों की कटाई पर नजर रखें और संदिग्ध स्थिति दिखाई देने पर तत्काल सूचना दें।

–00–

उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नंदावता में बाल केबिनेट का हुआ गठन

नंदावता। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नंदावता मे बाल केबिनेट का गठन हुआ जिसमें हेड बाय जतिन कमलेश,हेड गर्ल लक्ष्मी जगदीश,अध्यक्ष दिव्यांशी संजय, उपाध्यक्ष पायल गजेन्द्र, एवं अर्पित गोपाल, विज्ञान सचिव प्रितेश मोहनलाल,क्रिड़ा सचिव अश्विनी कमलेश, अनुशासन सचिव हर्शिता किशोरी लाल, सांस्कृतिक सचिव राजेश जगदीश, स्वच्छता सचिव अमन दिनेश,जल एवं पर्यावरण सचिव हरिओम महेश मनोनीत हुए। इस अवसर पर प्राचार्य वजेराम बामनिया ने कहा कि छात्र अपने दायित्वो का निर्वहन ईमानदारी से करें। सुश्री सलमा शाह ने भी सम्बोधित किया बाल केबिनेट की रुपरेखा चन्द्र शेखर हलकारा ने रखी। कैलाश पाटीदार, कंवर लाल प्रजापति, मनोहर झावा, निलेश मकवाना,गायत्री प्रसाद शर्मा, पूजा शर्मा, प्रीति पाटीदार, पूजा मालवीय, रानू सेन, दिलीप कुमावत आदि विद्यालयीन स्टॉफ उपस्थित थे।संचालन शम्भू सिंह खरवर एवं दुर्गा लाल सेन ने किया एवं आभार रामरतन कुमावत ने माना।

–00–

तेलिया तालाब को बचाने की पहल, कलेक्टर से मिले वरिष्ठ पत्रकार एवं पर्यावरणविद् धनोतिया

मंदसौर। शहर की ऐतिहासिक धरोहर और महत्वपूर्ण जलस्रोत तेलिया तालाब के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण को लेकर वरिष्ठ पत्रकार एवं पर्यावरणविद नरेंद्र धनोतिया ने मंगलवार को सुशासन भवन में कलेक्टर दिव्यांक सिंह से मुलाकात की। धनोतिया ने कलेक्टर को तेलिया तालाब की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए तालाब पर हो रहे अतिक्रमण, गंदे नालों एवं औद्योगिक अपशिष्ट के पानी से बढ़ते प्रदूषण तथा जलीय जीवों और पर्यावरण पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तेलिया तालाब केवल पानी का स्रोत नहीं, बल्कि मंदसौर की ऐतिहासिक विरासत और शहर के जलस्रोतों को रिचार्ज करने वाला महत्वपूर्ण सरोवर है, जिसे भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम एक प्रस्ताव भी प्रस्तुत करते हुए तेलिया तालाब के समग्र सौंदर्यीकरण, अतिक्रमण से मुक्ति, जल प्रदूषण रोकने तथा तालाब की चारों सीमाओं पर कॉरिडोर विकसित करने की मांग रखी। धनोतिया ने कहा कि यदि तालाब को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाए तो यह मंदसौर में पर्यटन का बड़ा आकर्षण केंद्र बनने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर सकता है। उन्होंने अहमदाबाद के कांकरिया तालाब की तर्ज पर तेलिया तालाब के विकास की आवश्यकता बताई। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई एवं संबंधित विभागों के माध्यम से प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन दिया।

—00–

 

संस्कार नहीं है तो जीवन शून्य है उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा

उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने मल्हारगढ़ में सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय भवन का लोकार्पण किया

मंदसौर ।प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने आज मल्हारगढ़ में सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय भवन का लोकार्पण किया । इस दौरान सांसद श्री सुधीर गुप्ता, श्री अखिलेश मिश्रा, लेफ्टिनेंट कर्नल श्री मुराली लाल अग्रवाल, श्री गोपाल काकानी, जन भागीदारी समिति सदस्यश्री राजेश दीक्षित, श्री ओमप्रकाश बटवाल, श्री दिनेश प्रजापति, श्री दिनेश परिहार, श्री अंतिम तंवर, श्री मनीष पाटीदार, विद्यालय के शिक्षक शिक्षिका एवं विद्यार्थी मौजूद थे । उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि लेफ्टिनेंट कर्नल श्री मुरारीलाल अग्रवाल द्वारा इस विद्यालय भवन हेतु एक करोड रुपए की राशि दी है जिसका आज लोकार्पण हुआ है । सेवा के सैनिकों के बारे में जितना कहा जाए उतना कम है । विद्यार्थी के आचरण एवं व्यवहार से ही पता चलता है कि उनकी शिक्षा का स्तर क्या है।संस्कृति से ओतप्रोत संस्कार मिले हैं । अगर जीवन में संस्कार नहीं है तो अपना जीवन शून्य है । लोकार्पण अवसर पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी एवं बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की । सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने कहा कि भारत की भूमि देवभूमि है । जिसने हमें अक्षर का ज्ञान कराया। हम सभी को नए भारत के निर्माण में जुड़ना चाहिए ।श्री अखिलेश मिश्रा ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर देशभक्ति से ओतप्रोत शिक्षा देता है हम सभी को कुछ ना कुछ दान अवश्य करना चाहिए विद्यालय भवन का संचालन अच्छे से करें ।

–00–

 

पर्वाधिराज पर्युषण पर्व श्रद्धा का उत्सव है-आचार्य श्री सागरचन्द्रसूरिश्वरजी

मंदसौर। भारत में कई तीज-त्यौहार मनाये जाते हैं। कई त्यौहार मनाने का मुख्य कारण डर या आनंद प्राप्त करना होता है लेकिन पर्वाधिराज पर्युषण पर्व मनाने का मुख्य कारण हमारी आस्था, विश्वास एवं श्रद्धा है। पर्युषण पर्व के 8 दिवस में की गयी अद्भुत तप तपस्या, धर्म आराधना हमारे आत्म कल्याण में सहायक होती है। पर्युषण पर्व जैन धर्म के लोगों के लिये श्रद्धा का उत्सव है, इसे हम प्रभु के प्रति समर्पण भाव रखकर मनाये।उक्त उद्गार प.पू. जैन संत आचार्य श्री अशोक सागर सूरिश्वरजी म.सा. की पावन निश्रा में आचार्य श्री सागरचन्द्रसूरिश्वरजी म.सा. के पर्युषण पर्व के द्वितीय दिवस कहे। आपने बुधवार को आर्यरक्षित सूरि जैन तीर्थ धाम में पयुर्षण पर्व अंतर्गत आयेाजित विशेष धर्मसभा में कहा कि प्रभु के प्रति हमारी आस्था अटूट विश्वास वाली होनी चाहिये। प्रभु के प्रति समर्पण हो तो मीराबाई व नरसिंह मेहता जैसा। मीरा ने अपने को कृष्णजी के प्रति इतना समर्पित कर दिया था कि जब उसके परिवार ने उन्हें विष दिया तो वह विष (जहर) भी अमृत के समान शुद्ध बन गया। नरसिंह मेहता की कृष्णजी के प्रति ऐसी भक्ति थी कि जब उनकी पत्नी के स्वर्गवास का समाचार उसे मिला तो उसके मुंह से निकला ‘हरि करे सो सही’। जीवन में हमारा समर्पण भी प्रभु के प्रति ऐसा अद्भुत हो कि वह सालों साल बीतने पर भी स्मरणीय हो। जीवन में जो भी हो उसे प्रभु की इच्छा समझो। जो करो वह प्रभु की इच्छा मानकर करो। जीवन में यश, अपयश, धन सम्पत्ति जो भी प्राप्त करो उसे प्रभु की मानो जीवन में जो भी ऐसा समर्पण भाव लाता है उसे कोई दुख-तकलीफ परेशान नही कर सकती। बड़े से बड़े दुख को वह सामान्य दुख की भांति सहन कर लेता है।

17 प्रतिक्रमण अवश्य करे- पर्युषण पर्व के 8 दिवस में 17 प्रतिक्रमण तो जैन श्रावक श्राविका को करने ही चाहिये। जाने अंजाने में हुये पापकर्म की क्षमायाचना, पश्चाताप कर हम अपने जीवन को पवित्र पावन बना सकते हैं।पर्युषण पर्व की शुरुआत 2552 वर्ष पूर्व हुई- आचार्य श्री ने कहा कि प्रभु आदिनाथ से लेकर प्रभु पार्श्वनाथजी तक 23 तीर्थंकर परमात्मा का जिन शासन भी रहा लेकिन उस समय पर्युषण पर्व मनाने की परंपरा व ज्ञान किसी के पास नहीं था। प्रभु महावीर स्वामी ने पंचम आरे में मनुष्य की स्थिति को देखते हुये उनके जीवन को पापमुक्त बनाने और उन्हें धर्मआराधना से जोड़ने के लिये केवल ज्ञान की प्राप्ति के बाद राजग्रही नगरी में 2552 वर्ष पूर्व पर्युषण पर्व मनाने की शुरुआत की। प्रथम पर्युषण पर्व यही राजगृही नगरी में मना। उसके बाद यह परम्परा महावीर स्वामी की प्रेरणा से पूरे भारत में फैली।,धर्मसभा में मुनि श्री वैराग्यचन्द्रसागरजी म.सा. ने भी अपने विचार रखे तथ श्रावक- श्राविकाओं के 11 वार्षिक कर्तव्य जो कि प्रत्येक श्रावक श्राविका को करना जरूरी है ।

–00–

9वां राष्ट्रीय पोषण माह एवं आंगनवाड़ी प्रोजेक्ट का शुभारम्भ कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने किया

राष्ट्रीय पोषण माह अभियान 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक चलेगा

मंदसौर 9 सितम्बर 2026 / कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने 9 वां राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ एवं पायलट प्रोजेक्ट स्वस्थ बचपन, बेहतर भविष्य, राह दिखाती आंगनवाड़ी का शुभारम्भ कलेक्टर सभा कक्ष में किया।

जिले में पोषण माह अभियान 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास सुश्री अंकिता पंडया, परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, ब्लॉक समन्वयक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं हितग्राही मौजूद थे।

पोषण माह शुभारंभ के अवसर पर बच्चों को पौष्टिक लड्डू का वितरण किया गया साथ ही स्वच्छता किट का भी वितरण किया गया। प्रत्येक बच्चे हेतु व्यक्तिगत कार्ड पोषण निगरानी हेतु तैयार किया गया।

जिले की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कुपोषण में बच्चों को बाहर निकालने के लिए बेहतर कार्य करेगी तो उन्हें जिला स्तरीय पुरस्कार दिया जाएगा।

इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने कहा सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों को ज्यादा से ज्यादा कुपोषण से बाहर निकालने का प्रयास करें। जिले के जितने भी बच्चे सेम मेम, अति कम वजन है उनकी नियमित निगरानी करें। माता-पिता भी अपने बच्चों का ध्यान रखें एवं उनके पोषण एवं स्वच्छता का ध्यान रखें ।

पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत मंदसौर शहर से की गई है जिसमें प्रथम चरण में 333 कुपोषित बच्चों को चिन्हित किया गया है।

–00–

मंदसौर में पोस्ट ऑफिस द्वारा आधार कार्ड संबंधित सेवाओं के लिए विशेष अभियान 12 सितंबर को

मंदसौर 9 सितंबर 2026 / डाक संभाग द्वारा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डाकघरों (पोस्ट ऑफिस) के आधार एनरोलमेंट एवं अपडेशन सेवा केन्द्रों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नवीन आधार पंजीयन, आधार कार्ड में सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट तथा आधार डेटा में मोबाइल एवं ईमेल लिंक कराने जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। यह विशेष अभियान 12 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसके लिए 10 एवं 11 सितंबर को टोकन वितरण किया जाएगा। अभियान के दिन 12 सितंबर को सभी आधार केन्द्र प्रातः 8 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेंगे। डाक विभाग नीमच मंदसौर अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम डाक घर आधार केन्द्र पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। मंदसौर शहर के मुख्य डाकघर, सुवासरा मंडी,भानपुरा ,गरोठ, नीमच के प्रधान डाक घर, नीमच बघाना खोर, मल्हारगढ़, मनासा रामपुरा जावद डाक घर सहित विभिन्न डाकघरों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

–00–

जिला न्यायालय एवं तहसील न्यायालयों के उपयोग हेतु नवीन एयर कूलर क्रय किए जाने हेतु निविदा 15 सितम्‍बर तक आमंत्रित

मंदसौर 9 सितंबर 2026 / जिला न्यायालय एवं तहसील न्यायालयों के उपयोग हेतु नवीन एयर कूलर क्रय किए जाने के लिए अनुभवी एवं प्रतिष्ठित फर्म/आपूर्तिकर्ताओं से ई-निविदांए 15 सितम्‍बर 2026 को शाम 5 बजे तक आमंत्रित की गई है, 16 सितम्‍बर को दोपहर 2 बजे निविदाएं खोली जाएगी।

उक्त निविदा संबंधी विस्तृत दस्तावेज एवं निविदा के नियम एवं शर्तें माननीय उच्च न्यायालय मध्यप्रदेश जबलपुर की वेबसाईट https://mphc.gov.in एवं जिला न्यायालय मंदसौर की वेबसाईट https://mandsaur.dcourts.gov.in तथा एमपी टेंडर पोर्टल https://mptenders.gov.in पर उपलब्ध है, जंहा से ई-निविदा प्रारूप एवं शर्ते डाउनलोड की जा सकती है।

–00–

आबकारी विभाग ने विभिन्न स्थानों पर अवैध शराब के विरूद्ध कार्यवाही कर महुआ लाहन, कच्ची व विदेशी शराब की जप्त

मंदसौर 9 सितंबर 2026 / जिला आबकारी अधिकारी द्वारा बताया गया कि आबकारी विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर अवैध शराब के विरूद्ध कार्यवाही करते हुऐ दबिश में ग्राम डीगांवमाली स्थिति डेरे में सघन तलाशी लेकर झाड़ियों से 1800 किलो महुआ लाहन जप्त किया व एक आरोपी शायरा पति भारत से12 लीटर हाथभट्टी कच्ची शराब जप्त की। वही मंदसौर सीतामऊ मार्ग पर स्थित होटल ढाबों जिसमें दरबार एन दरबार,अपना ढाबा आदि की तलाशी ली गई। मंदसौर कृषि मंडी रोड से 50 पाव देसी मदिरा व 10 केन बीयर जप्त की गई वही मंदसौर स्थित घंटाघर सिटी कोतवाली के सामने महावीर भोजनालय संचालक अनीश पिता रमेश चंद्र जैन से छोटी बड़ी कुल 11 बोतल विदेशी मदिरा बरामद की गई।

कार्यवाही में आरोपियों व अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 संशोधन 2000 की धारा 34(1) (क),(च )के तहत् 05 प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिये गये। अवैध रूप से मदिरा की बिक्री, परिवहन, संग्रहण आदि पर रोक लगाने हेतु आबकारी विभाग की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

–00–

नई अफीम नीति 2026-27 को लेकर वित्तमंत्री से किसान प्रतिनिधिमंडल की वार्ता

समस्याओं के समाधान पर बनी सहमति

मंदसौर। भारतीय किसान संघ के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कर्तव्य भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर अफीम किसानों की विभिन्न समस्याओं और नई अफीम नीति 2026-27 को लेकर मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अफीम आयाम प्रमुख बद्रीलाल जाट, शिवराज पुरी, गोपाल लाल खटवड़, गीतालाल धाकड़ एवं सोहनलाल आंजना शामिल रहे।वार्ता में किसानों के कटे हुए पट्टे पुनः जारी करने, अफीम का न्यूनतम मूल्य 10 हजार रुपये प्रति किलो करने, मार्फिन की अनिवार्यता समाप्त करने अथवा 3.0 मार्फिन पर पट्टा जारी रखने, समान आरी के पट्टे देने, CPS किसानों को लुवाई-चीराई के पट्टे देने तथा कच्चा तौल बंद करने सहित कई मांगों पर चर्चा हुई। संघ ने अफीम नीति पांच वर्ष के लिए बनाने और विशेष परिस्थितियों में पट्टे के उत्तराधिकारी के नाम नामांतरण की प्रक्रिया पुनः शुरू करने की मांग भी रखी।भारतीय किसान संघ के अनुसार वार्ता में अधिकांश मांगों को किसान हित में नई नीति में शामिल करने पर सहमति बनी है। वार्ता से पूर्व प्रतिनिधिमंडल ने संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी से भी चर्चा कर मांगों और पूर्व वार्ताओं की समीक्षा की। इस दौरान नारकोटिक्स आयुक्त दिनेश बिसेन सहित वित्त मंत्रालय के अधिकारी मौजुद थे।

–00–

लापरवाह ठेकेदार राजेश गुप्ता का टेंडर निरस्त, राशि राजसात और ब्लैकलिस्ट करने के आदेश

शामगढ़ (मंदसौर)। नगर परिषद की बैठक में बड़ा फैसला: लापरवाह ठेकेदार राजेश गुप्ता का टेंडर निरस्त, राशि राजसात और ब्लैकलिस्ट करने के आदेश सुवासरा के ठेकेदार राजेश गुप्ता के खिलाफ काम में लापरवाही बरतने पर शामगढ़ नगर परिषद ने कड़ी कार्रवाई की है। आज आयोजित नगर परिषद की बैठक में ठेकेदार का टेंडर कैंसल (निरस्त) कर दिया गया है। इसके साथ ही उनकी टेंडर राशि राजसात (जब्त) कर ली गई है और उन्हें ब्लैकलिस्ट (काली सूची) में डाल दिया गया है।नगर परिषद अध्यक्ष ने बैठक में सख्त लहजे में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, “कोई भी व्यक्ति काम के प्रति लापरवाही करेगा तो उसे कड़ी सजा दी जाएगी।” परिषद के इस कड़े रुख से नगर में हड़कंप मच गया है।

–00–

 

–00–

उत्साह और उमंग से मनाया रक्षाबंधन का पर्व..!

खड़ावदा -नगर सहित आस पास के क्षेत्र में शुक्रवार को भाई-बहन के अटूट प्यार का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व उत्साह से मनाया गया सुबह से ही बाजार में विभिन्न प्रकार की राखियां एवं मिठाई खरीदने के लिए बहनों की भीड़ लगी रही

बहनों ने भाई के भाल पर ‌ मंगल तिलक लगाकर रक्षा सूत्र के रूप में राखियां बांधकर मंगलमय जीवन की कामना की वही भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर जीवन भर रक्षा करने का वचन दिया साथ ही मंदिरों में भी भगवान को राखी बांधने के लिए महिलाओं और युवतियों की भीड़ रही महिलाओं ने भगवान को राखी बांधकर मिठाई का नेवैध लगाकर अपनी रक्षा करने एवं सुखमय व मंगलमय जीवन की कामना की राखी बांधने का दौर दिन भर जारी रहा बहनों में भाई को राखी बांधने का खासा उत्साह देखा गया घरों में भी मिठाईयों सहित कई व्यंजन एवं पकवान बनाने का दौर जारी रहा यह पर्व जन्माष्टमी तक मनाया जाएगा इस स्नेह के बंधन को निभाने का घर में आनंद खुशियां भी लाता है।

–00–

 सड़क का सवाल पूछने पर BJP विधायक के प्रतिनिधि ने जड़ा थप्पड़! MP- राजस्थान में मीणा समाज में भड़का आक्रोश

MP के मंदसौर जिले के विधायक चंदर सिंह सिसौदिया के प्रतिनिधि ने सड़क की बदहाली का सवाल पूछने वाले युवा को जड़ा थप्पड़! मध्य प्रदेश के मंदसौर में भड़का मीणा समाज, थाने के घेराव की चेतावनी

मंदसौर: मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के भानपुरा क्षेत्र के अन्या चारण गांव में ‘समरसता कलश यात्रा’ के दौरान एक युवा ने बदहाल सड़क का मुद्दा उठा दिया तो भड़के विधायक प्रतिनिधि और उनके समर्थकों ने युवा पर हाथ उठा दिया और उसे थप्पड़ जड़ दिया। इस मामले में पुलिस कार्यवाही नहीं होने से मीणा समाज में आक्रोश है! आंदोलन की चेतावनी दी गई है!

इस शर्मनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश की आंधी उठ गई है और मीणा समाज आर-पार की लड़ाई के मूड में आ गया है।

क्या है पूरा मामला:-

गांव में समरसता कलश यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान स्थानीय युवा विजय मीणा ने इलाके की सालों से खस्ताहाल पड़ी सड़क का मुद्दा स्थानीय विधायक चंदर सिंह सिसोदिया के सामने उठा दिया। आरोप है कि जब तीखी बहस के दौरान युवा ने यह कह दिया कि “अगर सड़क नहीं सुधरेगी तो चुनाव में इसका जवाब देंगे,” तो मामला पूरी तरह भड़क उठा।

पीड़ित विजय मीणा का सीधा आरोप है कि विधायक इस बात पर आगबबूला हो गए और उनके इशारे पर विधायक प्रतिनिधि अनिल राठौर व अन्य समर्थकों ने सरेआम उसके साथ मारपीट की तथा उसे जान से मारने की धमकियां तक दे डालीं।

राजनीतिक साजिश और पुलिस का एक्शन:-

विधायक का पलटवार: इन तमाम गंभीर आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए विधायक चंदर सिंह सिसोदिया ने सफाई दी है कि यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रही थी। उन्होंने इसे विरोधी राजनीतिक दलों (कांग्रेस कार्यकर्ताओं) की सोची-समझी साजिश करार दिया है, जिनका मकसद सिर्फ यात्रा में खलल डालना था।

पुलिस की जांच: दूसरी ओर, पीड़ित युवा की शिकायत पर भानपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गहराई से जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

मीणा समाज की हुंकार: अब होगा आर-पार का संग्राम!:

इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद मीणा समाज का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। घटना के तुरंत बाद अन्या चारण गांव में समाज के लोगों की ढाई घंटे तक लंबी और मैराथन बैठक चली।

बैठक में समाज के बुजुर्गों और युवाओं ने एकस्वर में कड़ा फैसला लिया है कि अगर पुलिस प्रशासन ने जल्द से जल्द आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की, तो भानपुरा थाने का जोरदार घेराव किया जाएगा। समाज ने दो टूक चेतावनी दे दी है कि अब अगली रणनीति पूरी तरह से पुलिस के एक्शन पर टिकी होगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}