समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 26 अगस्त 2026 बुधवार

///////////////////////////////////
शराब तस्करी के आरोप से जीवनसिंह दोषमुक्त
नारायणगढ़ -न्यायालय नारायणगढ़ के न्यायिक मजिस्ट्रेट ने अपने महत्वपूर्ण निर्णय मै आरोपी जीवनसिंह को दोषी नहीं पाते हुए दोषमुक्त करने का निर्णय पारित किया l
दिनांक 21-5-2018 को थाना मल्हारगढ़ के सहायक उपनिरीक्षक पारगी ने ईस आशय की रिपोर्ट थाना मल्हारगढ़ पर दर्ज करवाई कि आज मुखबिर सुचना पर कार्यवाही करते हुए मुंडली यात्री प्रतीक्षालय के पास से आरोपी जीवनसिंह निवासी माल्या जिला नीमच को 63 लीटर अवैध शराब के पकड़ा और शराब को विधिवत जब्त किया हैं l
थाना मल्हारगढ़ पर आरोपी के विरुद्ध धारा 34 (2) आबकारी अधिनियम मै अपराध दर्ज कर अभियोग पत्र न्यायालय नारायणगढ़ मै पेश किया l
न्यायालय मै विचारण के दौरान जप्तीकर्ता और साक्षीयों से प्रतीपरिक्षण और आरोपी की और से बहस एडवोकेट कैलाशचंद्र चौधरी, राहुल चौधरी और अनुराग परिहार एडवोकेट नारायणगढ़ द्वारा की गई जिससे सहमत होकर न्यायिक मजिस्ट्रेट महोदय ने आरोपी को दोषमुक्त करने का निर्णय पारित किया l
=====
रिटायरमेंट के 3 साल बाद पूर्व SDOP गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप
एमपी के पांढुर्णा जिले के सौंसर में पदस्थ रहे पूर्व एसडीओपी के.के.वर्मा को पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया है। एक महिला ने आरोप लगाया कि अधिकारी ने एसडीओपी रहते शादी का झांसा देकर उससे कई बार दुष्कर्म किया। रिटायरमेंट के तीन साल बाद दर्ज शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को पांढुर्णा लाकर जांच शुरू कर दी है।
=======
धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोपीगण बरी
नारायणगढ़ -न्यायालय नारायणगढ़ के न्यायिक मजिस्ट्रेट महोदय ने अपने महत्वपूर्ण निर्णय मै आरोपीगण रतनसिंह, उदयसिंह और भेरुसिंह सोंधिया राजपूत को समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप से दोषमुक्त करने का निर्णय पारित किया l
दिनांक 25-07-2018 को फरियादी शेरसिंह ने थाना नारायणगढ़ पर इस आशय कि रिपोर्ट लिखवाई कि आरोपीगण ने उनके श्मशान को ट्रेक्टर से फाड़ दिया और उनकी माताजी की मूर्ति को खंडित कर समाज की भावनाओं को आहत किया हैं रिपोर्ट करता हूँ कार्यवाही की जावे पुलिस द्वारा आरोपीगण के विरुद्ध धारा भारतीय दंड संहिता की धारा 295 297 /34 मै और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 3/181 मै अपराध दर्ज कर आरोपीगण के विरुद्ध न्यायालय नारायणगढ़ मै अभियोग पत्र पेश किया l न्यायालय मै इस प्रकरण मै आरोपीगण की और से सफल पैरवी कैलाशचंद्र चौधरी, राहुल चौधरी,दीपाली चौधरी और अनुराग परिहार एडवोकेट नारायणगढ़ (बरखेड़ा देव) द्वारा की गई l
======
मन्दसौर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रेवास देवड़ा में मुक्तिधाम के शेड निर्माण हेतु 5 लाख स्वीकृत
मन्दसौर- विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रेवास देवड़ा में सार्वजनिक मुक्तिधाम में शेड निर्माण हेतु लोकप्रिय विधायक श्री विपिन जी जैन द्वारा 5 लाख की राशि स्वीकृत की गई। राशि स्वीकृत होने पर ग्रामीणजनों बड़ी संख्या में अति लोकप्रिय विधायक श्री जैन का स्वागत कर आभार व्यक्त किया
========
चांदबड़ा खेत पर पति पत्नी जहां सो रहे थे वहीं उनपर हमला, पति की मौत
गरोठ -गत रात्रि ग्राम चांदबड़ा में हुई देवा बंजारा की हत्या मामले प्राथमिक रूप से यह बात सामने आई है कि देवा बंजारा अपनी पत्नी के साथ रोज खेत पर ही सोने जाता था (घर से 200 मीटर दूर)। सुबह जब दंपत्ति वापस नहीं लौटे तो देवा की 8 वर्षित पोती को परिजनों ने बुलाने के लिए भेजा। जहां की हालत देख बालिका ने घर पहुंचकर स्थिति बताई। जहां देवा का पुत्र नारायण ओर परिजन पहुंचे। उसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मुख्य बात यह बताई जा रही है कि दोनों पति पत्नी जहां सो रहे थे। सोते हुए वहीं उनपर हमला हुआ! जिसमें देवा बंजारा की मौत हुई और भूली बाई गंभीर रूप से घायल हुई जो इंदौर में उपचाररत है!
-00–
जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने 89 आवेदकों की सुनवाई की
गंभीर बीमारी से पीड़ित बालिका दिव्या का होगा शासकीय योजना से उपचार
मंदसौर 25 अगस्त 2026 / जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभा पक्ष में संपन्न हुई कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने इस दौरान 89 आवेदकों की। सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को निराकरण के निर्देश जारी किए। इस दौरान सुवासरा की गंभीर बीमारी से पीड़ित 2 वर्षीय बालिका काव्या का उपचार शासन की आरबीएसके योजना से तुरंत करवाने के निर्देश कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। उसके साथ ही बालिका की माता रवीना की फेफड़ों की बीमारी का उपचार भी शासन की योजना से नि:शुल्क करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, संयुक्त कलेक्टर सुश्री प्रीति संघवी ने भी जनसुनवाई की।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया की गंभीरता से आवेदनों की पड़ताल करके निराकरण करें। आवेदक को बार-बार जनसुनवाई में नहीं आना पड़े यह सुनिश्चित करें यदि निराकरण शासन के नियमानुसार संभव नहीं है तो लिखित में प्रतिवेदन देवें।
ग्राम सुरजना निवासी कोमल ने कृषि भुमि एवं मकान का कब्जा दिलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर तहसीलदार भानपुरा को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बादरी निवासी जिवन सिंह ने अतिक्रमण के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर एसडीएम मल्हारगढ़ को जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। लिम्बावास निवासी बद्रीलाल ने रास्ता चालु करवाने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर तहसीलदार मल्हारगढ़ को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। मंदसौर निवासी दिनेश ने समयमान वेतनमान दिलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी मंदसौर को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास की किश्त दिलवाने, रास्ता खुलवाने, राशन दिलवाने, भवन निर्माण की अनुमति दिलवाने, अतिक्रमण हटवाने, आर्थिक सहायता दिलवाने एवं मुआवजा राशि दिलवाने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।
–00–
रोजगार के लिए 72 युवाओं का हुआ प्राथमिक चयन
मंदसौर में रोजगार मेला आयोजित किया गया
मंदसौर 25 अगस्त 2026 / कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के निर्देशन में मंदसौर में आयोजित युवा संगम रोजगार मेले में 72 युवाओं का प्राथमिक रूप से चयन विभिन्न कंपनियों द्वारा किया गया। रोजगार मेले में 110 युवाओं का पंजीयन किया गया था।
जिला रोजगार अधिकारी श्री मुकेश मौर्य ने बताया कि जिला रोजगार कार्यालय द्वारा मंगलवार को शासकीय आईटीआई मंदसौर में युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
रोजगार मेले में पांच कंपनियों ने सहभागिता की जिनमें अपोलो टायर्स, एल आई सी, ब्लींकिट, चैकमेट तथा माइक्रो फाइनेंस कंपनी शामिल हैं
जिला रोजगार कार्यालय द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने एवं उन्हें निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार कार्यालय ने युवाओं से अपील की है कि वे आगामी रोजगार मेलों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं।
–00–
मंदसौर में पोस्ट ऑफिस द्वारा आधार कार्ड संबंधित सेवाओं के लिए विशेष अभियान 29 अगस्त को
मंदसौर 25 अगस्त 2026 / डाक संभाग द्वारा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डाकघरों (पोस्ट ऑफिस) के आधार एनरोलमेंट एवं अपडेशन सेवा केन्द्रों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नवीन आधार पंजीयन, आधार कार्ड में सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट तथा आधार डेटा में मोबाइल एवं ईमेल लिंक कराने जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। यह विशेष अभियान 29 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसके लिए 27 एवं 28 अगस्त को टोकन वितरण किया जाएगा। अभियान के दिन 29 अगस्त को सभी आधार केन्द्र प्रातः 8 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेंगे।
डाक विभाग नीमच मंदसौर अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम डाक घर आधार केन्द्र पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। मंदसौर शहर के मुख्य डाकघर, सुवासरा मंडी,भानपुरा ,गरोठ, नीमच के प्रधान डाक घर, नीमच बघाना खोर, मल्हारगढ़, मनासा रामपुरा जावद डाक घर सहित विभिन्न डाकघरों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
–00–
खेलो इंडिया संवाद में खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण पर युवाओं से होगा संवाद
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे
मंदसौर 25 अगस्त 2026 / राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवाओं को खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन मंदसौर जिले में किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी युवाओं एवं खिलाड़ियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।
आगामी 27 अगस्त को सुबह 10:30 बजे राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंदसौर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में माय भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की सक्रिय भागीदारी रहेगी। दोनों माध्यम से जिले के युवाओं, खिलाड़ियों एवं स्वयंसेवकों को कार्यक्रम से जोड़ा जा रहा है।
विभाग की जिला अधिकारी सुश्री मुस्कान जैन ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं और खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाना तथा खेलों के माध्यम से युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा, जिसका सीधा प्रसारण उपस्थित युवाओं एवं प्रतिभागियों के बीच किया जाएगा।
कार्यक्रम में माय भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े युवाओं, खिलाड़ियों और स्वयंसेवकों के साथ खेल, फिटनेस, कौशल विकास, युवा नेतृत्व, स्वयंसेवा एवं राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया जाएगा। साथ ही युवाओं से खेलों को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, प्रतिभाओं की पहचान एवं खिलाड़ी विकास तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी को लेकर सुझाव भी लिए जाएंगे।
मंदसौर जिले के युवाओं, खिलाड़ियों एवं स्वयंसेवकों के लिए यह कार्यक्रम खेल और युवा शक्ति को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। कार्यक्रम स्थल पर माय भारत पंजीकरण अभियान के साथ युवाओं से सुझाव प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक कार्यक्रम में सक्रिय रूप से सहभागिता करेंगे।
–00–
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, मंदसौर जिले से अयोध्या काशी की यात्रा 7 सितंबर को
आवेदन की अंतिम तिथि 1 सितंबर
मंदसौर 25 अगस्त 2026 / मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत मंदसौर जिले से तीर्थ यात्रियों को लेकर अयोध्या काशी (वाराणसी) की तीर्थ यात्रा के लिए विशेष ट्रेन आगामी 7 सितंबर को प्रस्थान करेगी। इस यात्रा में सम्मिलित होने के लिए वरिष्ठ नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि आगामी 1 सितंबर है।
कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने बताया कि अयोध्या काशी की तीर्थ यात्रा के लिए मंदसौर से 262 यात्री सम्मिलित होंगे। तहसीलवार जानकारी के अनुसार मंदसौर नगर ग्रामीण से 80, दलोदा-शामगढ़ से 20-20 सीतामऊ, सुवासरा, गरोठ, मल्हारगढ़ से 30-30 तथा भानपुरा से 22 यात्री सम्मिलित होंगे।
हरिद्वार ऋषिकेश की यात्रा 16 सितंबर को
इसी प्रकार मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत हरिद्वार ऋषिकेश यात्रा के लिए मंदसौर जिले से तीर्थयार्थियों को लेकर ट्रेन आगामी 16 सितंबर को रवाना होगी। इस यात्रा में जिले से 156 यात्री सम्मिलित होंगे। हरिद्वार ऋषिकेश यात्रा के आवेदन के लिए अंतिम तिथि आगामी 9 सितंबर है।
उपरोक्त यात्राओं में सम्मिलित होने के लिए अपने आवेदन निकटतम तहसील, स्थानीय निकाय, जनपद कार्यालय आदि में जमा किये जा सकते हैं।
–00–
नेशनल लोक अदालत 12 सितंबर को
विद्युत वितरण कंपनी की छूट एवं राहत योजनाओं का लाभ लें
मंदसौर 25 अगस्त 2026 / मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी मंदसौर व्रत के अधीक्षण यंत्री श्री योगेश आठनेरे ने बताया कि आगामी 12 सितंबर को नेशनल लोक अदालत आयोजित की जा रही है! इस लोक अदालत में मंदसौर, मल्हारगढ़, सीतामऊ संभाग के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का विशेष न्यायालय मंदसौर में एवं गरोठ तथा भानपुरा तहसील न्यायालय में लंबित विद्युत प्रकरणों का एवं अन्य अनियमिताओं के प्रकरणों तथा मुकदमा पूर्व प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा।
कंपनी की ओर से विद्युत अधिनियम 2003 के अंतर्गत न्यायालय में लंबित प्रकरणों तथा मुकदमा पूर्व प्रकरणों के निराकरण के लिए निम्न दाब श्रेणी के समस्त घरेलू समस्त कृषि 5 किलोवाट भार तक के गैर घरेलू, 10 एचपी भार तक के औद्योगिक उपभोक्ताओं को संपूर्ण निर्धारण राशि का एक मुश्त भुगतान किए जाने पर निम्न अनुसार छूट प्रदान की जाएगी। जिसमें धारा 135 विद्युत चोरी प्रकरण के लिए प्रीलिटिगेशन स्तर पर आंकलित सिविल दायित्व की राशि पर 30% छूट, ब्याज पर 100% छूट शामिल है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिला न्यायालय परिसर मंदसौर तथा तहसील न्यायालय गरोठ तथा भानपुरा में कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। जो समझौता वार्ता कर छूट का लाभ दिलाने में सहयोग प्रदान करेंगे। अधीक्षण यंत्री द्वारा उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे 12 सितंबर को लोक अदालत में उपस्थित होकर कंपनी द्वारा प्रदान की जा रही छूट तथा राहत योजना का लाभ लें और न्यायालयीन प्रक्रिया से शीघ्र छुटकारा प्राप्त करें। यहां पर उल्लेखनीय है कि विद्युत अधिनियम 2003 अंतर्गत विद्युत चोरी के प्रकरणों में 3 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।
–00–
जिले में अब तक 535.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
मंदसौर 25 अगस्त 2026 / जिले में इस वर्ष अबतक औसतन 535.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गयी है। 25 अगस्त की प्रात: 8 बजे समाप्त 24 घन्टों में मंदसौर जिले में 18.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घन्टों में भानपुरा में 40.8 मि.मी., भावगढ़ में 7.0 मि.मी., गरोठ में 57.6 मि.मी., मल्हारगढ़ मे 0 मि.मी., संजीत में 0 मि.मी., धुंधड़का में 2.0 मि.मी., मंदसौर में 10.0 मि.मी., शामगढ़ में 34.6 मि.मी., कयामपुर में 8.0 मि.मी., सीतामऊ में 5.6 मि.मी. एवं सुवासरा में 37.2 मि.मी. वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।
विगत 1 जून से अब तक वर्षामापक केन्द्र भानपुरा में 539.4 मि.मी., भावगढ़ में 583.2 मि.मी., गरोठ में 584.6 मि.मी., मल्हारगढ़ मे 541.0 मि.मी., संजीत में 403.0 मि.मी., धुधंड़का में 647.0 मि.मी., मंदसौर में 511.0 मि.मी., शामगढ़ में 572.8 मि.मी., कयामपुर में 435.5 मि.मी., सीतामऊ में 525.6 मि.मी. एवं सुवासरा में 551.3 मि.मी., औसत वर्षा दर्ज की गई है। गांधीसागर बांध का जल स्तर अब तक 1299.48 फीट है।
–00–
|
| |||
मंदसौर। प्रसिद्ध जैन शास्त्र शांतसुधारस में उपाध्याय विनय विजयजी म.सा. ने 12 प्रकार की भावनाये बतायी है ये 12 प्रकार की भावनाओं में हमारा जीवन चक्र चलता है। जीवन में हमारी तृष्णा कभी शांत नहीं होती, तृष्णा रूपी लालसा जीवन भर बनी रहती है जीवन में हमारे तृष्णा तो है लेकिन तृप्ति अर्थात आत्म संतोष नहीं है इसी कारण हम दुखी हैं। जीवन में हमें तृष्णा रूपी लालसा को समाप्त कर आत्म संतोष को अपनाना पड़ेगा।
उक्त उद्गार परम पूज्य जैन संत मुनिप्रवर श्री विरल विजयजी म.सा. ने नई आबादी स्थित आराधना भवन मंदिर हाल में आयोजित धर्मसभा में कहे। आपने मंगलवार को इस धर्मसभा में कहा कि संसार किसे कहते हैं इसकी व्यापक परिभाषा शांतसुधारस में उपाध्याय विनयविजयजी ने बतायी है जहाँ तृष्णा है तृप्ति नहीं, जहाँ लोभ है लेकिन लाभ नहीं, सम्पत्ति है संतोष नहीं, राग है लेकिन वैराग्य है उसे ही संसार कहते हैं। जीवन में हमें संसार की इस वास्तविकता को समझना पड़ेगा। इस भौतिक जीवन में साधन है लेकिन धर्म रूपी साधन नहीं है तो हमें जीवन में साधनों का मोह छोड़ धर्मसाधना के मार्ग को अपनाना पड़ेगा। आपने कहा कि जितने भौतिक साधन बड़े हैं वे सभी बिजली से चलने वाले हैं जैन आगम विद्युत में भी जीव है यह मानता है अर्थात विद्युत साधनों के उपयोग से सुविधायें हुई हैं लेकिन हमें जीवन में आत्म शांति नहीं मिल रही है इसलिये जीवन में भौतिक सुख सुविधाओं के मोहताज मत बनो सादगीपूर्ण जीवन जीओ। धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रावक श्राविकाये उपस्थित थे। (फोटो संलग्न है)
——————–
राजेन्द्र विलास में आयोजित नवकार महामंत्र धर्मसाधना में 68 तीर्थों की भाव-यात्रा का आनंद ले रहे हैं श्रावक श्राविकाये
मंदसौर ।मंत्राधिराज श्री नवकार मंत्र साधना का आयोजन प्रतिदिन 20 अगस्त से दिनांक 28 अगस्त तक (9 दिवसीय) प्रातः 8 से 12 बजे तक जीवांगंज स्थित राजेन्द्र विलास में हो रहा है। जैन संत मुनिराज प्रत्यक्षरत्नविजयजी म.सा. व श्री पवित्ररत्नविजयजी म.सा. की पावन प्रेरणा व शिक्षा में यहाँ लगभग 115 श्रावक श्राविकाये श्वेत वस्त्र पहनकर नवकार महामंत्र की 20-20 पक्की माला गिन रहे हैं तथा केवल एक टाइम भोजन कर रहे हैं अर्थात 24 घण्टे में एक जगह बैठकर एकासन करते हुये धर्मआराधना हो रही है। जिसका सम्पूर्ण लाभ विरेन्द्र कुमार पारसमलजी डोसी परिवार (राजेन्द्र मेडिकल) ने लिया है। विगत दिनों लाभार्थी परिवार के द्वारा नवकार महामंत्र के 68 अक्षरों वाले नवकार महामंत्र का विशेष अनुष्ठान कराया गया। कल इन 68 अक्षरों की भाव यात्रा भी हुई जिसका धर्मलाभ मिश्रीलालजी गजेन्द्र हिंगड़ परिवार, राजमलजी सुरेन्द्र लोढ़ा परिवार व बाबूलाल मनोहर सोनगरा परिवार ने संघपति बनते हुये लिया। तीनों परिवारों के सदस्य भाव यात्रा में ढोल के साथ नृत्य करते हुये पाण्डाल में आये। श्रीसंघ व चातुर्मास समिति ने तीनों परिवारों का बहुमान किया। मुनिराज प्रत्यक्षरत्नजी व पवित्ररत्नजी म.सा. ने कल एसो पंच नमुक्कारों पद की महिमा बतायी साथ ही इन अक्षरों से आने वाले तीर्थश्री एलुरतीर्थ, श्री सोनागगिरी तीर्थ, श्री पंचासरा तीर्थ, श्री चन्द्रावति चारणमा तीर्थ, श्री नडियाड तीर्थ, श्री मुछाला महावीर तीर्थ, श्री कापरडानी तीर्थ, श्री रोजाणा तीर्थ की महिमा बतायी। संतगण प्रतिदिन तीर्थों की भावयात्रा कर रहे हैं। जिसका सभी आराधक धर्मलाभ ले रहे हैं।
मंदसौर। मानव जीवन में घर-परिवार की जिम्मेदारी जीवन भर चलती है। एक कार्य करोगे तो दूसरा आ जायेगा, जीवन का यह क्रम चलता रहेगा, जीवन में हमें अपनी जिम्मेदारी जिसे हम कर्तव्य भी कहते हैं वो तो हमें पूरे करने ही हैं साथ ही हमें अपने अगले भव की भी चिन्ता करनी है। जीवन में हमारा पुण्यकर्म में वृद्धि हो ऐसा कार्य हमें करना चाहिये अर्थात दान, पुण्य, साधर्मी भक्ति में सदैव आगे रहना चाहिये।
उक्त उद्गार प.पू. जैन आचार्य श्री अशोक सागर सूरीश्वरजी म.सा. की पावन निश्रा में आर्यरक्षितसूरि जैन तीर्थ धाम चन्द्रपुरा में आयोजित धर्मसभा में आचार्य श्री सागरचन्द्र सागर सूरीश्वरजी म.सा. ने कहे। आपने मंगलवार को यहां धर्मसभा में कहा कि धनवान व्यक्ति ज्यादा सुखी है यह विचार मिथ्या है कई धनवान लोगों के पास धन है लेकिन मधुमेह एवं हृदय सम्बंधी बीमारियों के कारण वे मिष्ठान नहीं खा सकते, नमक, तेल के बिना भी आहार करना पड़ता है कई धनवानों की ऐसी स्थिति होती है इसलिये धनवान सुखी है यह विचार छोड़ो। आपने कहा कि हमारे जीवन में दुख है या सुख है वह धन (रुपये पैसे) के कारण है यह विचार भी मिथ्या है। धन आपके पास पाप एवं पुण्य से आता है। पूर्व समय में आपके पास धन कम था लेकिन संतोषप्रद जीवन था, जीवन में सुविधायें बढ़ी, धन बढ़ा लेकिन सुख नहीं, सुख धन व भौतिक सुख सुविधा से नहीं आयेगा वह केवल अनुभव की विषय वस्तु है। आपने कहा कि पूर्व समय में राजा महाराजाओं के पास जितनी सुविधायें नहीं थी उतनी सुविधायें आज झोपड़ी में निवास करने वालों के पास है टी.वी., कूलर, पंखे, एयर कंडीशनर, फ्रिज, वाशिंग मशीन भी घर-घर में हो गये है लेकिन सुख सुविधा बढ़ने पर क्या हमारे जीवन में सुख आया ? विचार करो। धर्मसभा में मंत्र शास्त्र विराने का धर्मलाभ अभय पोखरना परिवार ने तथा धर्मसभा के पश्चात सहधर्मी स्वामी वात्सल्य का धर्मलाभ अशोक मिश्रीलालजी कुमठ परिवार पिपलिया मण्डी ने लिया। इन दोनों परिवारों का बहुमान अनिल संघवी, मुकेश खमेसरा, विरेन्द्र भण्डारी, दिलीप डांगी ने किया।
———————-
जीवन में गुरु की महत्ता समझो – साध्वी श्री नेहाश्रीजी
मंदसौर। ज्ञानियों ने मनुष्य पर चार प्रकार के ऋण बताये हैं माता पिता का ऋण – मातृभूमि का ऋण, गुरु का ऋण। जीवन में माता-पिता के बाद यदि सबसे ज्यादा ऋण हमारे ऊपर है तो वह है गुरु का ऋण। गुरु हमें जीवन जीने की कला सिखाते हैं सुख-दुख, धर्म की राह दिखाते हैं इसलिये उनका हमारे जीवन में ऋण है। जीवन में हम उनके प्रति समर्पण रखते हुये सेवा करेंगे तभी ऋण से मुक्त होंगे।
उक्त उद्गार परम पूज्य जैन साध्वी श्री नेहाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा 8 ने नई आबादी शास्त्री कालोनी स्थित नवकार भवन में आयोजित धर्मसभा में कहे। आपने मंगलवार को इस धर्मसभा में कहा कि गुरु आज्ञा को माने, गुरु जैसा जीवन बताये उसके अनुरूप हम जीवन निर्वहन करें, अपने जीवन को व्यसनों से मुक्त रखेंगें तभी गुरु के ऋण से कुछ हद तक मुक्त हो पायेंगे। आपने कहा कि जब भी जीवन में हमें दुख परेशानी आये ऐसे में राग-द्वेष के त्यागी वीतरागी गुरु का हम स्मरण करेंगे तो निश्चित ही हमें जीवन में दुख व परेशानी से छुटकारा मिलेगा। धर्मसभा में साध्वी श्री जिज्ञासाजी म.सा. व साध्वी श्री लावण्या श्रीजी म.सा. ने भी अपने विचार रखे। धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकायें उपस्थित थे। आज दिनांक 26 अगस्त बुधवार को प्रातः 7 से सायं 4 बजे तक नवकार भवन में अनोखीलालजी नलवाया परिवार के द्वारा जाप होगा।
मंदसौर। प्रयास क्लब द्वारा रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में रक्षाबंधन स्पेशल अंताक्षरी का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम की होस्ट हेमा हिंगड़ रहीं।
अंताक्षरी का शानदार एवं मनोरंजक संचालन सुप्रसिद्ध गायिका स्वाती रिछावरा ने किया। उन्होंने अपनी मधुर आवाज़ और रोचक अंदाज से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। प्रतिभागियों ने रक्षाबंधन एवं भाई-बहन के स्नेह से जुड़े फिल्मी गीतों के साथ अंताक्षरी में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस प्रतियोगिता में ‘‘आजाद परिंदे’’ टीम प्रथम स्थान पर रही जिसमें रश्मि सिंघई, संध्या मलिक, निर्मला अग्रवाल, शर्मिला बसेर को पुरस्कार मिला। वहीं द्वितीय स्थान पर ‘‘रिश्तो की डोर’’ टीम रही जिसमें डॉ. उर्मिला तोमर, गरिमा रिजवानी, प्रमिला लोढ़ा, शीला छापरवाल विजेता रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने गीत-संगीत का आनंद लेते हुए खूब मस्ती और मनोरंजन किया। रक्षाबंधन के भावनात्मक एवं पारिवारिक माहौल को गीतों के माध्यम से जीवंत किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर पूजा दूगड़,शीला जैन, विनीता कीमती, नीता छापरवाल, प्रीती छाबडा, रीता पारीख, पुष्पा चेलावत, अंजना कोचट्टा आदि प्रतिभागियों ने आयोजकों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन सभी के लिए स्नेह, संगीत और मनोरंजन से भरपूर यादगार अवसर बन गया।


