समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 24 अगस्त 2026 सोमवार

भगवान पशुपतिनाथ मनोकामना अभिषेक के 25वें दिवस 124 अभिषेकार्थियों ने लिया भाग

मन्दसौर। भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर परिसर में आयोजित मनोकामना अभिषेक के 25वें दिवस राजपूत समाज के 60 जोड़ों सहित कुल 124 अभिषेकार्थियों ने श्रद्धापूर्वक अभिषेक में भाग लिया। इस अवसर पर अभिषेकार्थियों ने अपने मनोभाव व्यक्त करते हुए कहा कि समूह में एक साथ बैठकर भगवान पशुपतिनाथ का अभिषेक करने से उन्हें अत्यंत आनंद, शांति और आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हुई।
पूज्य आचार्य पं. विष्णु जी ज्ञानी ने बटुकों के साथ विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं से भगवान पशुपतिनाथ का अभिषेक कराया। अभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने देश में सुख-शांति, समृद्धि, परस्पर प्रेम एवं सद्भाव की कामना की। साथ ही भगवान इंद्रदेव से पर्याप्त एवं समय पर वर्षा होने की प्रार्थना भी की गई।
27 अगस्त को होगा समापन-
श्री पशुपतिनाथ प्रबंध समिति की ओर से आयोजित यह मनोकामना अभिषेक 27 अगस्त को संपन्न होगा। समिति ने शिव भक्तों से शेष चार दिनों में अधिक से अधिक संख्या में अभिषेक में शामिल होकर भगवान पशुपतिनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।
अभिषेक श्री पशुपतिनाथ आराधना भवन में प्रतिदिन सुबह 8.30 बजे से प्रारंभ होकर 10.30 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। समिति ने श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।
======
2-4 दिन में कार्रवाई का आश्वासन देकर CM हेल्पलाइन की शिकायत भी हटवाई, सप्ताह बीतने के बाद भी सफाई नहीं
सुवासरा। नगर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, साफ-सफाई को लेकर CM हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। संबंधित अधिकारियों द्वारा 2-4 दिन में कार्रवाई का आश्वासन देकर शिकायत हटवा दी गई, लेकिन आश्वासन के बाद अब करीब एक सप्ताह बीत चुका है और संबंधित स्थान पर अभी तक साफ-सफाई नहीं हुई है।शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि CM हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होना है, तो आम नागरिक अपनी समस्या लेकर आखिर किसके पास जाए? केवल आश्वासन देकर शिकायत बंद करवा देना और मौके पर कार्रवाई नहीं करना व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
अब हार-थककर जनसुनवाई में आवेदन देने की तैयारी की जा रही है, ताकि जिम्मेदार अधिकारियों तक समस्या पहुंच सके और मौके पर वास्तविक कार्रवाई हो सके। सवाल यह है कि जब छोटी-छोटी समस्याओं के निराकरण के लिए भी नागरिकों को बार-बार शिकायतें और आवेदन देने पड़ रहे हैं, तो फिर स्थानीय निकाय की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा?
========
स्वामी श्री निर्भयराम जी महाराज की 73वीं पुण्य तिथि मनेगी
मंदसौर। अन्तरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के 12वें पीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु स्वामी श्री निर्भयराम जी महाराज की 73वीं पुण्य तिथि 25 अगस्त मंगलवार को राम टेकरी निर्भय भवन राम द्वारा में मनाई जाएगी।
रामद्वारा निर्भय भवन की संचालिका ज्योतिष्यज्ञ दीदी लाडकुंवर ने बताया कि रामद्वारा के अधिष्ठाता अंतर्राष्ट्रीय संत स्वामी श्री रामनिवासजी महाराज के सानिध्य में श्री निर्भयराम जी महाराज की 73वीं पुण्य तिथि श्रद्धा, भक्ति के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर प्रारम्भ में प्रातः वाणी जी का पाठ माता बहनों द्वारा भजन संकीर्तन तथा शाम 4 बजे आरती का आयोजन होगा। ज्योतिष्यज्ञ लाडकुंवर दीदी ने समस्त रामस्नेही भक्तों एवं महानुभावों से 25 अगस्त 2026 मंगलवार को रामद्वारा राम टेकरी पर उपस्थित होकर आयोजन में सहभागिता करें।
======
विवाह पश्चात पूजा का फल स्त्री पुरुष को समान रूप से मिलता हे चाहे पूजा एकल रूप से की हो
सीतामऊ पुलिस की अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 124 क्वाटर जब्त
सीतामऊ। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीतामऊ पुलिस ने ग्राम चिकला में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने श्याम सिंह राठौर के कब्जे से 61 क्वाटर देशी प्लेन शराब और 63 क्वाटर देशी मसाला शराब, कुल 124 क्वाटर जब्त किए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। सीतामऊ पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब एवं नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।
राजसी सवारी में आज होगा 251 किलो फलिहारी खिचडी का वितरण
मंदसौर। आज सावन के अंतिम सोमवार को भगवान पशुपतिनाथ महादेव अपनी प्रजा हाल जानने के लिए राजसी रथ में सवार होकर शहर में निकलेगे। इस हेतु विभिन्न स्थानों पर राजसी सवारी का स्वागत सत्कार किया जायेगा। इसी कड़ी में गुन्देश्वर व्यायामशाला और अंकित माहेश्वरी मित्र मंडल द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नगर के बड़ा चौक स्थित पानी की टंकी के पास 251 फलिहारी साबुदाने की खिचडी का वितरण किया जायेगा। गुन्देश्वर व्यायामशाला और अंकित माहेश्वरी मित्र मंडल ने नगर की धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पधारने का निवेदन किया है।
======
बीएसडब्ल्यू-एमएसडब्ल्यू सत्रारंभ पर पुस्तक वितरण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न,सांसद श्री गुप्ता का मिला मार्गदर्शन
मंदसौर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के तहत आज जनपद पंचायत सभाकक्ष मंदसौर में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू कक्षाओं का सत्रारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री सुधीर गुप्ता रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा ने की।कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री जीवन शर्मा,, जिला समन्वयक ’श्रीमती तृप्ति बैरागी, विकासखंड समन्वयक श्रीमती अर्चना भट्ट किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री योगेंद्र सिंह बना, भाजपा सोशल मीडिया जिला संयोजक ’श्री इंद्रजीत भट्ट विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नवागत विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री (पुस्तक) का वितरण किया गया। साथ ही ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण एवं नशामुक्ति शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले परामर्शदाताओं का सम्मान अतिथियों द्वारा किया गया। तथा पूर्व छात्रों द्वारा कक्षा के अनुभव साझा किए गए। इस अवसर पर समस्त मेंटर्स श्री रूपदेव सिंह सिसोदिया,श्री संदीप शर्मा, श्री रघुवीर सिंह, श्री अनिल सुमन, श्रीमती सोना सोलंकी सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री रूपदेव सिंह सिसोदिया द्वारा किया गया एवं आभार प्रदर्शन श्री संदीप शर्मा द्वारा किया गया।
मंदसौर। श्री विश्वमंगल बालाजी मंदिर नानेश नगर, इंदिरा कॉलोनी में भागवत विचार संस्थान के तत्वावधान में आयोजित नवदिवसीय श्रीराम कथा के पंचम दिवस भगवान श्रीराम जन्म का प्रसंग श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाये विद्यार्थी-विधायक हरदीपसिंह डंक
मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के शुभारंभ के साथ हुवा पुस्तको का वितरण
सीतामऊ। मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के नविन सत्र का शुभारंभ जनपद पंचायत सीतामऊ सभागृह में मुख्यअतिथि विधायक श्री हरदीपसिंह डंक,जनभागीदारी समिति के विधायक प्रतिनिधि अंकित पटवा, नगर पंचायत सीतामऊ के सभापति विवेक सोनगरा की विशेष उपस्थिति में किया गया। सुवासरा विधानसभा के विधायक श्रीहरदीपसिंह डंक ने कहा की मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं को धरातल पर उतरने में मुख्य भूमिका निभाने होगी। युवाओं को इस पाठ्यक्रम के माध्यम से आमजन में स्वच्छता,पर्यावरण,नशा मुक्ति जैसे विषयों को लेकर जागरूक करना होगा। गांव- गांव में आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, पेंशन,राशन जैसे छोटे विषय को लेकर काम कर आमजन को शासन की योजनाओं का लाभ दिलवाये। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि अंकित पटवा ने कहा की युवाओं को सामाजिक कार्यों में सहभागिता करनी चाहिए।
नगर पंचायत सभापति विवेक सोनगरा ने कहा की मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के माध्यम से जुड़कर ही समाज के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक नारायणसिंह निनामा ने मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद की योजनाओं एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी दी। परामर्शदाता हरिओम गंधर्व ने कहा की मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम का मुख्य कार्य ही समाज के बीच जाकर शासन की योजनाओं का प्रचार- प्रसार करना है। साथ ही समाज के बीच में से नेतृत्वकर्ता को निखारना है। कार्यक्रम का संचालन रजनीश शर्मा द्वारा किया गया। अंत में आभार परामर्शदाता हेमंत गौड द्वारा माना गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। सभी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक वितरित की गई । इस अवसर पर परामर्शदाता सत्यनारायण,चरणसिंह,नवांकूर संस्थाओ के प्रतिनिधि दिलीप भटनागर, टीना सोनी, कैलाश गुर्जर ,मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थी,ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे।


