मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 24 अगस्त 2026 सोमवार

भगवान पशुपतिनाथ मनोकामना अभिषेक के 25वें दिवस 124 अभिषेकार्थियों ने लिया भाग


मन्दसौर। भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर परिसर में आयोजित मनोकामना अभिषेक के 25वें दिवस राजपूत समाज के 60 जोड़ों सहित कुल 124 अभिषेकार्थियों ने श्रद्धापूर्वक अभिषेक में भाग लिया। इस अवसर पर अभिषेकार्थियों ने अपने मनोभाव व्यक्त करते हुए कहा कि समूह में एक साथ बैठकर भगवान पशुपतिनाथ का अभिषेक करने से उन्हें अत्यंत आनंद, शांति और आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हुई।
पूज्य आचार्य पं. विष्णु जी ज्ञानी ने बटुकों के साथ विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं से भगवान पशुपतिनाथ का अभिषेक कराया। अभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने देश में सुख-शांति, समृद्धि, परस्पर प्रेम एवं सद्भाव की कामना की। साथ ही भगवान इंद्रदेव से पर्याप्त एवं समय पर वर्षा होने की प्रार्थना भी की गई।
27 अगस्त को होगा समापन-
श्री पशुपतिनाथ प्रबंध समिति की ओर से आयोजित यह मनोकामना अभिषेक 27 अगस्त को संपन्न होगा। समिति ने शिव भक्तों से शेष चार दिनों में अधिक से अधिक संख्या में अभिषेक में शामिल होकर भगवान पशुपतिनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।
अभिषेक श्री पशुपतिनाथ आराधना भवन में प्रतिदिन सुबह 8.30 बजे से प्रारंभ होकर 10.30 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। समिति ने श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।

======

2-4 दिन में कार्रवाई का आश्वासन देकर CM हेल्पलाइन की शिकायत भी हटवाई, सप्ताह बीतने के बाद भी सफाई नहीं

सुवासरा। नगर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, साफ-सफाई को लेकर CM हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। संबंधित अधिकारियों द्वारा 2-4 दिन में कार्रवाई का आश्वासन देकर शिकायत हटवा दी गई, लेकिन आश्वासन के बाद अब करीब एक सप्ताह बीत चुका है और संबंधित स्थान पर अभी तक साफ-सफाई नहीं हुई है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि CM हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होना है, तो आम नागरिक अपनी समस्या लेकर आखिर किसके पास जाए? केवल आश्वासन देकर शिकायत बंद करवा देना और मौके पर कार्रवाई नहीं करना व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

अब हार-थककर जनसुनवाई में आवेदन देने की तैयारी की जा रही है, ताकि जिम्मेदार अधिकारियों तक समस्या पहुंच सके और मौके पर वास्तविक कार्रवाई हो सके। सवाल यह है कि जब छोटी-छोटी समस्याओं के निराकरण के लिए भी नागरिकों को बार-बार शिकायतें और आवेदन देने पड़ रहे हैं, तो फिर स्थानीय निकाय की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा?

========

स्वामी श्री निर्भयराम जी महाराज की 73वीं पुण्य तिथि मनेगी

मंदसौर। अन्तरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के 12वें पीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु स्वामी श्री निर्भयराम जी महाराज की 73वीं पुण्य तिथि 25 अगस्त मंगलवार को राम टेकरी निर्भय भवन राम द्वारा में मनाई जाएगी।
रामद्वारा निर्भय भवन की संचालिका ज्योतिष्यज्ञ दीदी लाडकुंवर  ने बताया कि रामद्वारा के अधिष्ठाता अंतर्राष्ट्रीय संत स्वामी श्री रामनिवासजी महाराज के सानिध्य में श्री निर्भयराम जी महाराज की 73वीं पुण्य तिथि श्रद्धा, भक्ति के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर प्रारम्भ में प्रातः वाणी जी का पाठ माता बहनों द्वारा भजन संकीर्तन तथा शाम 4 बजे आरती का आयोजन होगा। ज्योतिष्यज्ञ लाडकुंवर दीदी ने समस्त रामस्नेही भक्तों एवं महानुभावों से 25 अगस्त 2026 मंगलवार को रामद्वारा राम टेकरी पर उपस्थित होकर आयोजन में सहभागिता करें।

======

विवाह पश्चात पूजा का फल स्त्री पुरुष को समान रूप से मिलता हे चाहे पूजा एकल रूप से की हो 

मंदसौर 23 अगस्त 2026/ पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंधक श्री राहुल रूनवाल ने बताया कि श्री पशुपतिनाथ मंदिर में पुण्य श्रावण माह के अवसर पर रविवार को सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने मनोकामना अभिषेक किया। मनोकामना अभिषेक प्रातः 8:30 बजे प्रारंभ होकर 10:30 बजे समाप्त हुआ। आज अभिषेक में जिले के स्थानीय जिला राजपूत समाज एवं अन्य बाहर से आये भक्तो ने मनोकामना अभिषेक का लाभ लिया।
जिसमें राजपूत समाज के अध्यक्ष श्री रघुनाथ सिंह जी, सचिव श्री भूपेंद्र सिंह जी राठौर, सूत्रधर एडवोकेट श्री के के भाटी जी एवं समाज जन की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन किया गया।
श्रावण माह में मनोकामना अभिषेक करने से भक्त जनों की मनोकामनाएं भगवान शिव पूर्ण करते हे इसी मान्यता के चलते सभी भक्तों ने भगवान श्री पशुपतिनाथ जी का मनोकामना अभिषेक कर भगवान से अपने अपने लिये कामना की।
श्रावण के अंतिम सोमवार की तैयारियां पूर्ण, सवारी प्रातः 10 बजे मंदिर से आरंभ होगी जो शहर के खानपुरा,सत्संग भवन, प्रतापगढ़ पुलिया, मंडी गेट, सदर बाजार, धान मंडी, बड़ा चौक, गणपती चौक, कालाखेत, बस स्टैंड, घंटाघर सदर बाजार, मंडी गेट, होते हुए पुनः संध्या काल में मंदिर पहुंचेगी।
मंदिर परिसर में यात्रियों के सुगम दर्शन की व्यवस्था, अत्यधिक भीड़ की स्थिति नियंत्रण हेतु बैरिकेटिंग, यात्रियों भक्तों एवं कावड़ हेतु जल पात्र से जल चढ़ाने की व्यवस्था, जल व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, आपातकाल स्थिति आदि के पुख्ता इंतजामात किये गए है।
========

सीतामऊ पुलिस की अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 124 क्वाटर जब्त

सीतामऊ। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीतामऊ पुलिस ने ग्राम चिकला में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने श्याम सिंह राठौर के कब्जे से 61 क्वाटर देशी प्लेन शराब और 63 क्वाटर देशी मसाला शराब, कुल 124 क्वाटर जब्त किए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। सीतामऊ पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब एवं नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।

=======

राजसी सवारी में आज होगा 251 किलो फलिहारी खिचडी का वितरण

मंदसौर। आज सावन के अंतिम सोमवार को भगवान पशुपतिनाथ महादेव अपनी प्रजा हाल जानने के लिए राजसी रथ में सवार होकर शहर में निकलेगे। इस हेतु विभिन्न स्थानों पर राजसी सवारी का स्वागत सत्कार किया जायेगा। इसी कड़ी में गुन्देश्वर व्यायामशाला और अंकित माहेश्वरी मित्र मंडल द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नगर के बड़ा चौक स्थित पानी की टंकी के पास 251 फलिहारी साबुदाने की खिचडी का वितरण किया जायेगा। गुन्देश्वर व्यायामशाला और अंकित माहेश्वरी मित्र मंडल ने नगर की धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पधारने का निवेदन किया है।

======

संस्था द्वारा विक्षिप्त महिला आश्रम कौशल्या धाम में स्वच्छता किट और खाद्य सामग्री का वितरण
मंदसौर । वर्क संस्था ने पैगम्बर मुहम्मद के जन्मोत्सव पर करुणा सप्ताह मना रहा है, संस्था जिला अध्यक्ष मुजफ्फर मंसूरी ने बताया कि पैगम्बर मुहम्मद सल्ल. की शिक्षा धर्म लोक कल्याण का नाम का अनुसरण करते हुए विक्षिप्त महिला आश्रम (कौशल्या धाम) में स्वच्छता किट और खाद्य सामग्री वितरित कर उनके साथ समय व्यतीत किया। साथ ही नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं से अपील भी की कि समय -समय पर इस तरह के आश्रमों में जाकर इनके साथ समय व्यतीत करने की कोशिश करें और अपने तीज त्योहारों और महान विभूतियों के उत्सव पर इस तरह के जन और समाज कल्याण के कार्य करना चाहिए ताकि इन लोगो को समाज के प्रति अपनापन महसूस हो सके और कुछ सामग्री आदि का वितरण भी करे ताकि समाज से वंचित लोगो को इसका लाभ प्राप्त हो सके इस अवसर पर अनिल, कुणाल, भावेश, फिरोज, अनीता, सलमा, तरन्नुम, नसरीन, तालिब, विकास, सितेश, सोनाली, तन्नु, फिरोज चाचा, सना, उय्युन और भी सदस्य मौजूद रहे।
========

बीएसडब्ल्यू-एमएसडब्ल्यू सत्रारंभ पर पुस्तक वितरण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न,सांसद श्री गुप्ता का मिला मार्गदर्शन

मंदसौर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के तहत आज जनपद पंचायत सभाकक्ष मंदसौर में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू कक्षाओं का सत्रारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री सुधीर गुप्ता रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा ने की।कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री जीवन शर्मा,, जिला समन्वयक ’श्रीमती तृप्ति बैरागी, विकासखंड समन्वयक श्रीमती अर्चना भट्ट किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री योगेंद्र सिंह बना, भाजपा सोशल मीडिया जिला संयोजक ’श्री इंद्रजीत भट्ट विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नवागत विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री (पुस्तक) का वितरण किया गया। साथ ही ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण एवं नशामुक्ति शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले परामर्शदाताओं का सम्मान अतिथियों द्वारा किया गया। तथा पूर्व छात्रों द्वारा कक्षा के अनुभव साझा किए गए। इस अवसर पर समस्त मेंटर्स श्री रूपदेव सिंह सिसोदिया,श्री संदीप शर्मा, श्री रघुवीर सिंह, श्री अनिल सुमन, श्रीमती सोना सोलंकी सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री रूपदेव सिंह सिसोदिया द्वारा किया गया एवं आभार प्रदर्शन श्री संदीप शर्मा द्वारा किया गया।

======
राम नाम से गूंजा मंदसौर, श्रीराम कथा के पंचम दिवस हुआ भगवान श्रीराम का जन्मोत्स
मंदसौर। श्री विश्वमंगल बालाजी मंदिर नानेश नगर, इंदिरा कॉलोनी में भागवत विचार संस्थान के तत्वावधान में आयोजित नवदिवसीय श्रीराम कथा के पंचम दिवस भगवान श्रीराम जन्म का प्रसंग श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कथा व्यास मालवा स्वामी भागवताभूषणाचार्य पं. श्री कृष्ण वल्लभ शास्त्री के मुखारविंद से श्रद्धालुओं ने श्रीराम कथा की अमृतवाणी का श्रवण किया।
पं. श्री कृष्ण वल्लभ शास्त्री ने कहा कि, “जब भी भगवान के दर्शन करने जाओ तो उनकी दिव्य छवि को अपने हृदय में अंकित कर लो, तभी दर्शन का सच्चा लाभ प्राप्त होता है और मन सदैव भगवान से जुड़ा रहता है।” उन्होंने कहा कि जिस प्रकार फोटोग्राफर किसी दृश्य को कैमरे में कैद कर लेता है, उसी प्रकार भक्तों को भगवान की दिव्य छवि को अपने हृदय में संजो लेना चाहिए।
कथा प्रसंग में पं. शास्त्री ने भगवान शिव और माता पार्वती से जुड़े प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान के दर्शन की छवि हृदय में बसाने से जीवन धन्य हो जाता है। भगवान शिव ज्योतिषी का रूप धारण कर काकभुशुंडी के साथ अयोध्या पहुंचे और माता कौशल्या के भवन में भगवान श्रीराम के दर्शन किए। श्रीराम को देखते ही माता कौशल्या की प्रसन्नता बढ़ गई। कथा में भगवान श्रीराम के भविष्य और उनके अयोध्या के राजा बनने का प्रसंग भी सुनाया गया। इसके बाद अयोध्या नगरी में चारों राजकुमारों के नामकरण संस्कार का प्रसंग आया। गुरु वशिष्ठ ने कौशल्या पुत्र का नाम राम, कैकई पुत्र का नाम भरत, सुमित्रा पुत्र का नाम लक्ष्मण और शत्रुघ्न रखा।
पं. शास्त्री ने भगवान श्रीराम के नाम की महिमा बताते हुए कहा कि राम नाम का स्मरण मनुष्य के जीवन में शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करता है। कथा के दौरान भगवान श्रीराम जन्म की मनोहारी झांकी प्रस्तुत की गई। राम जन्म के अवसर पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और पूरा कथा पंडाल भजनों तथा जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। विश्व मंगल बालाजी भक्तों ने बताया कि पवित्र श्रावण मास के अवसर पर श्री विश्व मंगल बालाजी की असीम कृपा से नौ दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है।
प्रसिद्ध कथा व्यास पं. श्री कृष्ण वल्लभ शास्त्री द्वारा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक कथा का वाचन किया जा रहा है। आयोजन समिति ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से परिवार एवं मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण करने और धर्मलाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।
=========

शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाये विद्यार्थी-विधायक हरदीपसिंह डंक

मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के शुभारंभ के साथ हुवा पुस्तको का वितरण

सीतामऊ। मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के नविन सत्र का शुभारंभ जनपद पंचायत सीतामऊ सभागृह में मुख्यअतिथि विधायक श्री हरदीपसिंह डंक,जनभागीदारी समिति के विधायक प्रतिनिधि अंकित पटवा, नगर पंचायत सीतामऊ के सभापति विवेक सोनगरा की विशेष उपस्थिति में किया गया। सुवासरा विधानसभा के विधायक श्रीहरदीपसिंह डंक ने कहा की मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं को धरातल पर उतरने में मुख्य भूमिका निभाने होगी। युवाओं को इस पाठ्यक्रम के माध्यम से आमजन में स्वच्छता,पर्यावरण,नशा मुक्ति जैसे विषयों को लेकर जागरूक करना होगा। गांव- गांव में आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, पेंशन,राशन जैसे छोटे विषय को लेकर काम कर आमजन को शासन की योजनाओं का लाभ दिलवाये। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि अंकित पटवा ने कहा की युवाओं को सामाजिक कार्यों में सहभागिता करनी चाहिए।
नगर पंचायत सभापति विवेक सोनगरा ने कहा की मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के माध्यम से जुड़कर ही समाज के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक नारायणसिंह निनामा ने मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद की योजनाओं एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी दी। परामर्शदाता हरिओम गंधर्व ने कहा की मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम का मुख्य कार्य ही समाज के बीच जाकर शासन की योजनाओं का प्रचार- प्रसार करना है। साथ ही समाज के बीच में से नेतृत्वकर्ता को निखारना है। कार्यक्रम का संचालन रजनीश शर्मा द्वारा किया गया। अंत में आभार परामर्शदाता हेमंत गौड द्वारा माना गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। सभी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक वितरित की गई । इस अवसर पर परामर्शदाता सत्यनारायण,चरणसिंह,नवांकूर संस्थाओ के प्रतिनिधि दिलीप भटनागर, टीना सोनी, कैलाश गुर्जर ,मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थी,ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}