
पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय आलोट रतलाम-2 में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
किशनगढ़ ताल
ठा शंभू सिंह तंवर
पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, रतलाम-II में 21 अगस्त 2026 को स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य शान्ति लाल तेली ने किया। इस अवसर पर प्राचार्य ने स्वयं भी स्वास्थ्य जांच कराकर शिविर का उत्साहवर्धन किया।
शिविर में रतलाम, जावरा और आलोट से विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉ. अजय पाटीदार ने ईएनटी (कान, नाक एवं गला) संबंधी जांच, डॉ. हर्षा चौहान ने दंत परीक्षण, डॉ. अंचला दीक्षित नैदानिक मनोवैज्ञानिक ने मानसिक रोग, डॉ.चेताली सक्सेना सामान्य चिकित्सक ने सामान्य रोग तथा डॉ. लोकेश यादव ने त्वचा संबंधी स्वास्थ्य परीक्षण किया। परामर्शदाता धर्मेंद्र बड़ोदिया ने एचआईवी/एड्स एवं इससे संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
शिविर के दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, एचआईवी एवं सिफलिस सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। शिविर के सफल संचालन में आलोट के खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार मौर्य, नर्सिंग ऑफिसर राहुल पाटीदार, नर्सिंग ऑफिसर अश्विति विजय राठौर , लैब टेक्नीशियन महेश कटारा एवं वीरम सोलंकी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम का मंच संचालन शिवकुमार मीना ने किया। विद्यालय में कार्यक्रम का पूरा संयोजन स्थानीय स्टाफ नर्स सीमा जाट ने किया।अंत में विद्यालय की उपप्राचार्या श्रीमती सुचिता खुराना ने चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ में नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य जागरूकता तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सजगता बढ़ाना रहा। इस स्वास्थ्य जांच शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्टाफ को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर आवश्यक स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए प्रेरित किया गया।


