
समाज हित में सीकेएनकेएच फाउंडेशन के तीन सदस्यों ने किया रक्तदान
नई दिल्ली। समाज सेवा और मानव कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए सीकेएनकेएच फाउंडेशन के तीन सक्रिय सदस्यों रत्ना कुमारी, सुरेंद्र अग्रहरी एवं चिरंजीव देव ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के माध्यम से तीनों सदस्यों ने यह संदेश दिया कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंद लोगों के जीवन की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए। रक्त की आवश्यकता कभी भी किसी व्यक्ति के जीवन में अचानक उत्पन्न हो सकती है और ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाता किसी के लिए जीवनदाता साबित हो सकते हैं।
इस अवसर पर सीकेएनकेएच फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रीतेश तिवारी ने तीनों सदस्यों के इस मानवीय एवं समाज हितैषी कार्य की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा, “हमें हमारे सदस्यों रत्ना कुमारी, सुरेंद्र अग्रहरी एवं चिरंजीव देव के इस मानवीय कार्य पर गर्व है। समाज और राष्ट्रहित में उनके द्वारा दिया गया यह योगदान निश्चित रूप से अन्य युवाओं और समाज के लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करेगा। सीकेएनकेएच फाउंडेशन सदैव समाज सेवा, मानव कल्याण एवं राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी इसी भावना के साथ कार्य करता रहेगा।”
संस्था के उपाध्यक्ष नेहा प्रजापति ने कहा संस्था के सदस्यों द्वारा समय-समय पर किए जाने वाले सामाजिक कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनते हैं। रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान कई जरूरतमंद लोगों के लिए जीवन की उम्मीद बन सकता है।
सीकेएनकेएच फाउंडेशन ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से भी अपील की है कि वे रक्तदान जैसे नेक कार्यों के प्रति जागरूक हों और समाज हित में स्वेच्छा से आगे आएं।



