समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 06 अगस्त 2026 गुरुवार

/////////////////////////////
शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
मंदसौर 5 अगस्त 2026 / शासकीय मेडिकल कॉलेज में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर मेडिकल कॉलेज की अधिष्ठाता डॉ. शशि गांधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. द्विवेदी, सिविल सर्जन डॉ. बी. एल. रावत तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री निलेश गर्ग उपस्थित रहे। समारोह में मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों के संकाय सदस्य भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में अतिथियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला तथा प्रशिक्षण के माध्यम से उनके ज्ञान एवं कौशल में वृद्धि की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ उठाकर समुदाय को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया।
इस प्रशिक्षण में मंदसौर, नीमच एवं रतलाम जिलों से कुल 35 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी डॉ. सुनील कांत गुलेरी ने प्रशिक्षण की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के सफल संचालन में डॉ. दीपिका औरागी एवं डॉ. प्रिया बघेल प्रशिक्षण सहायक (फैसिलिटेटर) के रूप में सहयोग प्रदान कर रही हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र के पश्चात प्रशिक्षण की शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ हुईं।
============
डाक विभाग ने नॉमिनी को सौपा 10 लाख 69 हजार 240 रुपए की बीमा राशि का चेक
मंदसौर 5 अगस्त 2026 / डाक घर अधीक्षक द्वारा बताया गया कि मंदसौर जिले की तहसील गरोठ के ग्राम चिकनिया निवासी स्व. श्री करण सिंह द्वारा डाक विभाग की ग्रामीण डाक जीवन बीमा पॉलिसी ली गई थी। उनके निधन के बाद विभागीय प्रक्रिया के उपरांत उनके नॉमिनी श्री गोपाल सिंह को रुपए 10 लाख 69 हजार 240 रुपए का चेक उपडाकघर गरोठ के अनुडाकपाल द्वारा सौपा गया। पॉलिसी धारक द्वारा पॉलिसी करवाने के उपरांत मात्र एक किश्त रुपए 44 हजार 392 रुपए ही भरी थी।
बीमा राशि परिवार को असमय मृत्यु, बीमारी या दुर्घटना जैसी कठिन परिस्थितियों मे आर्थिक सुरक्षा प्रदान करके संबल देती है। यह धनराशि आश्रितों को तत्काल संकट से उबरने, जीवन स्तर बनाए रखने और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने मे मदद करती है। डाक विभाग मुख्य रूप से दो बीमा योजनाएँ डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा चलाता है।
=========
श्रावण मास में श्रद्धालूओं के लिए गंगाजल की विशेष व्यवस्था
गंगाजल की पवित्र धार, भारतीय डाक के माध्यम से आपके द्वार
मंदसौर 5 अगस्त 2026 / डाक घर अधीक्षक द्वारा बताया गया कि पवित्र श्रावण मास के अवसर पर सीधे गंगोत्री से पेक गंगाजल मंदसौर एवं नीमच जिले के सभी प्रधान डाकघर एवं उप डाकघरों में उपलब्ध हैं। जो 250 मिली लिटर की पेकिंग में मात्र 30 रुपये में उपलब्ध हैं।
श्रावण मास के दौरान प्रत्येक सोमवार को मंदसौर में भगवान पशुपतिनाथ मंदिर परिसर, नीमच में किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर, भानपुरा में छोटा महादेव एवं बड़ा महादेव मंदिर परिसर, रामपुरा में केदारेश्वर महादेव मंदिर परिसर एवं कुकडेश्वर में सहस्त्र मुखेश्वर महादेव मंदिर परिसर में अस्थाई कैंप/काउंटर/स्टाल लगाकर उपलब्ध करवाया जाएगा। एवं अन्य कार्य दिवस को सभी विभागीय डाकघरों में उपलब्ध होगा। श्रद्धालू पवित्र श्रावण मास में भारतीय डाक विभाग की इस सेवा का लाभ उठाएं।
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा का भ्रमण प्रोग्राम
मंदसौर 5 अगस्त 2026 / प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा 6 अगस्त को मंदसौर आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा 6 अगस्त को सायं 4:30 बजे उज्जैन से प्रस्थान कर रात्री 8:00 बजे मंदसौर आएंगे। रात्री विश्राम मंदसौर में रहेगा।
=========
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले में 6 दलों का गठन
अभियान के तहत प्रथम शिविर 7 अगस्त को मल्हारगढ़ में
जन समस्याओं शिकायतों का निराकरण तथा योजनाओं से लाभान्वित करेंगे
मंदसौर 5 अगस्त 2026 / मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के जिले में सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा 6 दलों का गठन किया गया है जो विभिन्न क्षेत्र में भ्रमण करके आम जिन से संवाद करके समस्याओं का निराकरण शिकायत का निराकरण करेंगे। सही फीडबैक लेकर अभियान को सफल बनाएंगे । अभियान के अंतर्गत प्रथम शिविर 7 अगस्त को जिले के मल्हारगढ़ मुख्यालय पर आयोजित किया जाएगा।
अभियान में गठित दलों के अंतर्गत दल क्रमांक 1 में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, संबंधित एसडीएम, संबंधित एसडीओ पुलिस, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, उपसंचालक कृषि, उपसंचालक उद्यानिकी, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग, अधीक्षण यंत्री विद्युत महाप्रबंधक उद्योग, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास आदि सम्मिलित है
इसी प्रकार गठित किए गए दल क्रमांक 2 में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मंदसौर, उपसंचालक पशु चिकित्सा विभाग, सहायक संचालक कृषि विभाग, जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग, अनुविभागीय अधिकारी सेतु विकास निगम, श्रम पदाधिकारी, संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, परियोजना अधिकारी वीबी जी राम जी जिला पंचायत, प्रबंधक जिला उद्योग एवं व्यापार विभाग, संबंधित थाना प्रभारी, तहसीलदार, कनिष्ठ अभियंता मध्य प्रदेश राज्य विद्युत मंडल, सहायक यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा] सहायक यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, सहायक प्रबंधक ई गवर्नेंस सोसायटी, पर्यवेक्षक महिला बाल विकास विभाग आदि सम्मिलित है।
दल क्रमांक 3 में अपर कलेक्टर, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग, माहप्रबंधक मध्यप्रदेश सडक विकास निगम, सहायक संचालक पिछडा एवं अल्प संख्यक कल्याण विभाग, संबंधित अनुविभागीय अधिकारी कृषि विभाग, पर्यवेक्षक, महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना अधिकारी वाटरशेड जिला पंचायत, प्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग विभाग,संबंधित विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, संबंधित विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी, संबंधित सहायक उप निरीक्षक पुलिस विभाग, संबंधित राजस्व निरीक्षक, संबंधित खण्ड पंचायत अधिकारी, संबंधित उययंत्री जनपद पंचायत, संबंधित सहायक विकास विस्तार अधिकारी जनपद पंचायत, संबंधित उपयंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी आदि सम्मिलित है।
दल क्रमांक 4 में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी, महा प्रबंधक जल निगम, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन जिला पंचायत, संबंधित निरीक्षक श्रम, प्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग विभाग, संबंधित खाद्य एवं औषधीय निरीक्षक, संबंधित सहायक उप निरीक्षक पुलिस, संबंधित राजस्व निरीक्षक, संबंधित उपयंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, संबंधित विकासखण्ड समन्वयक जन अभियान परिषद, संबंधित पंचायत समन्वय अधिकारी जनपद पंचायत संबंधित जन शिक्षक जन शिक्षा केन्द्र, संबंधित वरिष्ठ उद्यान विस्तार अधिकारी आदि सम्मिलित है।
दल क्रमांक 5 जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक संचालक मत्स्य विभाग, जिला परियोजना समन्वयक सर्व शिक्षा, जिला परियोजना प्रबंधक एनआरएलएम जिला पंचायत, संबंधित वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी, प्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग विभाग, संबंधित सहायक उप निरीक्षक पुलिस, संबंधित राजस्व निरीक्षक, संबंधित कनिष्ट अभियंता मध्य प्रदेश राज्य विद्युत मंडल, संबंधित उपयंत्री जनपद पंचायत, संबंधित उप यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, संबंधित पंचायत समन्वय अधिकारी जनपद पंचायत, संबंधित जन शिक्षक जन शिक्षा केंद्र एवं संबंधित प्रबंधक बैंक शाखा सम्मिलित है।
दल क्रमाक 6 जिला परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण, मत्स्य निरीक्षक, संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर पालिका/परिषद, संबंधित सहायक यंत्री नगर पालिका/परिषद, संबंधित राजस्व निरीक्षक, संबंधित स्वच्छता अधिकारी, संबंधित परियोजना प्रबंधक एनयूएलएम, संबंधित समग्र सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, संबंधित उपयंत्री नगर पालिका, संबंधित झोन प्रभारी नगर पालिका/परिषद एवं संबंधित प्रबंधक बैंक शाखा आदि सम्मिलित है।
7 अगस्त को मल्हारगढ़ तथा आसपास केविभिन्न क्षेत्रों में दलों का भ्रमण
गठित किये गये दल मल्हारगढ़ में 7 अगस्त को शिविर के प्रथम सत्र में गांवों में भ्रमण करेंगे दल क्र. 1 ग्राम सूंठोद,बरखेड़ादेव, बोरखेड़ी, खेरखेड़ा, पिपलियाविशनियां में भ्रमण करेगा इसी प्रकार दल क्र. 2 ग्राम बरखेड़ापंथ कचरियानो,पहेड़ा, मोल्याखेड़ी, बाबूखेड़ा, मानसाखुर्द में दल क्र. 3 चंगेरी, ढिकनिया, गुड़भेली, काचरियाचंद्रावत दल क्र. 4 ग्राम कित्तुखेड़ी, लुनाहेड़ा, पीरगुराड़िया, बण्डपिपलिया, हिंगोरिया छोटा में दल क्र. 5 ग्राम सनावदा, पिपलियाजोधा टकरावद, अक्याबिका, बरखेड़ाडांगी एवं दल क्र. 6 संपूर्ण मल्हारगढ़ नगरीय क्षेत्र में भ्रमण करेगा।
===========
योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, धरातल पर दिखना चाहिए असर : मंत्री सुश्री भूरिया
मंदसौर 5 अगस्त 2026 / महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने मंगलवार को मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक के पालन प्रतिवेदन की गहन समीक्षा की। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए मंत्री सुश्री भूरिया ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि केवल कागजी प्रगति या औपचारिक चर्चाओं से काम नहीं चलेगा, बल्कि हर योजना का वास्तविक परिणाम ज़मीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशा और लगातार प्रयासों के अनुरूप लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता तक सीमित न रखकर उन्हें सीधे स्व-रोजगार और रोजगार से जोड़ने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुसार लाड़ली बहनों को आत्म-निर्भर बनाने की तैयार की जा रही कार्य-योजना में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने महिला वित्त विकास निगम के कार्यों में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही ‘IPE ग्लोबल’ के साथ 1.6 लाख महिलाओं को जोड़ने के लिए किए गए समझौते पर त्वरित अमल करते हुए एक्सपर्ट विजिट और ग्राउंड वर्क तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए।
सुश्री भूरिया ने राज्य में बच्चों को कुपोषण से मुक्त कराने के लिए विशेष और त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। खंडवा जिले के मोर्टक्का क्षेत्र में बच्चों को ड्राईफ्रूट पाउडर देने का अभिनव प्रयोग किया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम आए हैं। उन्होंने इसकी विस्तृत रिपोर्ट अगले दो दिनों के भीतर हर हाल में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में पहले ही काफी देर हो चुकी है, इसलिए प्रक्रिया पूरी कर इसी महीने में इस अभियान को प्रदेश के अन्य जिलों में भी शुरू किया जाए।
इसके अलावा, तमिलनाडु में कुपोषण कम करने के लिए अपनाए गए आयुर्वेदिक तरीकों के अध्ययन के लिये बनाई गई टीम को सितंबर तक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। राज्य सरकार ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात और केरल जैसे राज्यों के सफल कुपोषण निवारण मॉडल्स का भी अध्ययन कर रही है।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भर्ती के तहत प्रथम चरण में 92 प्रतिशत और द्वितीय चरण में 67 प्रतिशत नियुक्ति आदेश दिए जा चुके हैं। उज्जैन में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित कराए जाएंगे, जिसके बाद अन्य जिलों में भी वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने टेक-होम राशन व्यवस्था को आजीविका फोरम से वापस लेकर विभाग के अधीन स्व-सहायता समूहों को सौंपने के निर्णय पर अगले सप्ताह तक टेंडर एवं वितरण व्यवस्था का पूरा प्रेजेंटेशन देने के भी निर्देश दिए हैं।
विभागीय कामकाज में पारदर्शिता और गति लाने के लिए मंत्री सुश्री भूरिया ने कड़े मानक तय किए हैं। पोषण ट्रैकर के आंकड़ों की सटीकता जांचने के लिए एम्स भोपाल द्वारा विकसित किए जा रहे AI मैकेनिज्म की स्पष्ट समय-सीमा तय करने के निर्देश दिए। साथ ही एनआईएन और निपसिड जैसी राष्ट्रीय संस्थाओं का भी सहयोग लेने की बात कही। सक्षम आंगनवाड़ी-पोषण 2.0, मिशन वात्सल्य और मिशन शक्ति की एकीकृत समीक्षा अब मुख्य सचिव की अध्यक्षता में की जाएगी। मंत्री सुश्री भूरिया ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राज्य की सभी योजनाओं में आवश्यक नीतिगत संशोधन, सरलीकरण और उन्हें आपस में जोड़ने का प्रस्ताव अगले 15 दिनों के भीतर तैयार किया जाए, जिसकी समीक्षा 15 दिन बाद दोबारा की जाएगी।
========
पति ने पहली पत्नी को बिना तलाक दिए की दूसरी शादी, दहेज में 5 लाख की मांग का आरोप
मारपीट कर बच्चों सहित घर से निकाला, मामला दर्ज
पिपलिया मंडी। थाना नारायणगढ़ में नापाखेड़ा निवासी करण सिंह राजपूत के खिलाफ उनकी पत्नी पदम कुंवर राजपूत की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप है कि पति ने पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी कर ली, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की, गाली- गलौज की और मायके से 5 लाख लाने की मांग करते हुए बच्चों सहित घर से निकाल दिया। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पदम कुंवर राजपूत की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व करणसिंह राजपूत से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। दंपति के दो पुत्र हैं। करीब 20 दिन पहले उन्हें जानकारी मिली कि उनके पति ने 1 जुलाई 2026 को धामनोद निवासी एक महिला से दूसरी शादी कर ली है। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने दूसरी शादी का विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, अभद्र गालियां दीं और कहा कि यदि घर में रहना है तो अपने पिता से 5 लाख लेकर आओ। आरोप है कि इसके बाद पति ने महिला और दोनों बच्चों के साथ मारपीट कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। 21 जुलाई 2026 को महिला अपने पिता और बच्चों के साथ रतलाम जिले के लसूडिया जंगली चली गई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि महिला के पिता द्वारा चलाने के लिए दी गई हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल अभी भी आरोपी के पास है। साथ ही आरोपी द्वारा महिला के पिता को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने दूसरी शादी से संबंधित शपथ पत्र की प्रति पुलिस को प्रस्तुत करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
=============
गाय पर कुल्हाड़ी से हमला, पैर तोड़ने के आरोप में मामला दर्ज
नाहरगढ़। थाना क्षेत्र के ग्राम छोटा गाडरिया में एक गाय पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसका पैर तोड़ने का मामला सामने आया । पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार फरियादी जगदीश मीणा (32) निवासी छोटा गाडरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि एक गाय रास्ते पर खड़ी थी। इसी दौरान आरोपी करण सिंह राजपूत अपने सोयाबीन खेत की ओर आया और उसने गाय के पिछले बाएं पैर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले में गाय का पैर टूट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई और उसके पैर से खून बहने लगा। फरियादी ने बताया कि घटना को राहुल मीणा, ईश्वर मीणा, घनश्याम मीणा, भारत मीणा, दिनेश मीणा और बलवंत मीणा सहित कई ग्रामीणों ने देखा। बाद में फरियादी एवं गांव के सरपंच अमरसिंह मीणा ने आरोपी से गाय का इलाज करवाने के लिए कहा, लेकिन उसने इलाज कराने से इनकार कर मौके से फरार हो गया। नाहरगढ़ पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी करण सिंह राजपूत के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर किया।
======



