कलेक्टर डॉ. दिव्यांक सिंह की पहल, अब जनता के बीच पहुंचेगा प्रशासन; 7 अगस्त को मल्हारगढ़ में “जन विश्वास अभियान” कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप जन विश्वास अभियान को देंगे नई गति कलेक्टर डॉ. दिव्यांक सिंह
जिला स्तरीय महा जनसुनवाई में अधिकारियों के साथ सुनेंगे आमजन की समस्याएं, रात्रि विश्राम कर करेंगे सीधा संवाद
मंदसौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप प्रदेशभर में आगामी 7 अगस्त से प्रारंभ होने जा रहे ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’ को सफल बनाने के लिए मंदसौर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। नवागत कलेक्टर डॉ. दिव्यांक सिंह के नेतृत्व में जिले में इस अभियान का आगाज भव्य स्तर पर किया जाएगा।
अभियान के प्रथम चरण में शुक्रवार, 7 अगस्त को मल्हारगढ़ में जिला स्तरीय विशाल जनसुनवाई एवं समाधान कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां कलेक्टर स्वयं सभी जिला अधिकारियों के साथ मौजूद रहकर आमजन की समस्याएं सुनेंगे और उनके त्वरित निराकरण को सुनिश्चित करेंगे।
*कलेक्टर डॉ. दिव्यांक सिंह* ने जन विश्वास अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर जनभागीदारी का प्रभावी माध्यम बनाने की तैयारी की है। इसके लिए सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने तथा जनहित से जुड़े प्रकरणों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नागरिकों को शासन-प्रशासन का लाभ सीधे मौके पर मिल सके।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शुरू की गई इस अभिनव पहल का उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार जिले के कलेक्टर एवं वरिष्ठ अधिकारी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन से सीधा संवाद करेंगे तथा विभागीय समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निराकरण करेंगे।
इसी क्रम में कलेक्टर डॉ. दिव्यांक सिंह ग्राम में रात्रि विश्राम भी करेंगे। रात्रि विश्राम के दौरान वे ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानेंगे तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे।
जिला प्रशासन का मानना है कि यह अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करेगा। मल्हारगढ़ से होने वाली इसकी शुरुआत पूरे जिले के लिए एक नई प्रशासनिक कार्यशैली का संदेश देगी, जिसमें अधिकारी कार्यालयों तक सीमित न रहकर सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। कलेक्टर डॉ. दिव्यांक सिंह की यह पहल जिले में सुशासन, जवाबदेही और जनविश्वास को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


