मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 31 जुलाई 2026 शुक्रवार

////////////////////////////////

शासकीय योजनाओं कार्यक्रमों का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी

नवागत कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने पत्रकारों से चर्चा की

मंदसौर 30 जुलाई 2026 / शासन की योजनाओं कार्यक्रमों का गुणवत्ता के साथ शत प्रतिशत क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। जनप्रतिनिधियों, नागरिकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों के उपयुक्त सुझावो पर भी अमल करते हुए जिले को उत्तर रोटर प्रगति की ओर अग्रसर करेंगे, यह बात जिले के नवागत कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने मंदसौर में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कहीं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री शकील अहमद खान, एसडीएम श्री शुभम पाटीदार तथा पत्रकार बंधु उपस्थित थे।

पत्रकारों से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि नागरिक समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंदसौर जिले में पूर्व से ही सुशासित विकास परिलक्षित हो रहा है। पूर्ण प्रयास रहेगा की विभिन्न क्षेत्रों में जहां आगे और विकास की बेहतर संभावना है उनकी समीक्षा करते हुए उन क्षेत्रों में विकास के नए सोपानों को स्पर्श किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि शहरी विकास, सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि, जल स्रोत प्रबंधन, पर्यटन, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था आदि बिंदुओं पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाएगा। अन्य प्राथमिकता के क्षेत्र भी सम्मिलित रहेंगे। मंदसौर जिले में उत्तरोत्तर विकास की अपार संभावना हैं। आगामी सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत जिले में भी कार्य किए जा रहे हैं। जिले के पर्यटन विकास को भी नवीन आयाम दिए जाएंगे।

इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में उपस्थित पत्रकारों ने विभिन्न बिंदुओं पर अपने सुझाव प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने पत्रकारों के सुझावो का स्वागत करते हुए समीक्षा करके अमल की बात कही, कलेक्टर द्वारा राज्य शासन के महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के आगामी दिनों जिले में क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी पत्रकारों को दी इसके अलावा कलेक्टर द्वारा विभिन्न नागरिक समस्याओं के निराकरण, स्कूलों, अस्पतालों आदि के निरीक्षण, शहरी क्षेत्र में जल संरचनाओं के विकास शहरी मास्टर प्लान की पुनः समीक्षा को भी अपनी प्राथमिकता मैं बताया गया।

============

गुरु पूर्णिमा पर महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व कार्यक्रम सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में संपन्‍न

मंदसौर 30 जुलाई 2026 / सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय मंदसौर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. शशि गांधी की अध्‍यक्षता एवं मार्गदर्शन में महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि सांदीपनि एवं माँ सरस्वती के प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम में अधिष्ठाता डॉ. शशि गांधी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से ज्ञान, अनुशासन एवं संस्कारों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। इसके पश्चात प्रध्‍यापक एवं विभागाध्‍यक्ष, जनरल सर्जरी विभाग के डॉ. ईशांत चौरसिया ने गुरु के मार्गदर्शन की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए।

विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र श्री शिवम गिरोटिया ने किया। छात्रा सुश्री पलक भावसार एवं सुश्री प्रियल मणिहार (द्वितीय वर्ष) ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम का शुभांरभ किया। छात्रा सुश्री मुक्ता मंडलोई (प्रथम वर्ष) ने गुरु महिमा पर भावपूर्ण कविता का पाठ किया। वहीं छात्रा सुश्री नंदिनी शर्मा, श्री व्यास, सुश्री अक्षरा जैन, सुश्री पलक राव, सुश्री अन्विता एवं सुश्री रवीना पाटीदार (प्रथम वर्ष) ने मधुर गुरु वंदना एवं समूह गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर प्राध्‍यापक एवं विभागाध्‍यक्ष, माइक्रोबायोलॉजी विभाग के डॉ. सौरभ जैन, प्राध्‍यापक एवं विभागाध्‍यक्ष, फार्माकॉलाजी विभाग के डॉ. कार्तिक साल्वे, प्राध्‍यापक एवं विभागाध्‍यक्ष, फोरेंसिक मेडिसीन विभाग के डॉ. अनिल मंगेशकर तथा प्राध्‍यापक एवं विभागाध्‍यक्ष, बायोकेमिस्‍ट्री विभाग के डॉ. श्रीकांत चंद्राकर सहित महाविद्यालय के समस्‍त संकाय सदस्‍य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक प्राध्‍यपाक माइक्रोबायोलॉजी विभाग की डॉ. श्वेता पांडे, सहायक प्राध्‍यपाक, कम्‍युनिटी मेडिसीन विभाग की डॉ. अलका मोदी असाटी एवं सहायक प्राध्‍यपाक, बायोकेमिस्‍ट्री विभाग की डॉ. शिवांगी राजपूत का विशेष सहयोग रहा।

समारोह का समापन गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए द्वितीय वर्ष के छात्र श्री मुकुल यादव द्वारा आभार प्रदर्शन कर किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों में भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान एवं संस्कारों को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया।

=====

हरियाली बढ़ाने का संकल्प, देवडुंगरी माताजी मंदिर में हुआ पौधारोपण

’मंदसौर। एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत देवडुंगरी माताजी मंदिर, मंदसौर में जन अभियान परिषद के निर्देशानुसार ब्लॉक मंदसौर में नवांकुर संस्था जन एवं संस्कृति विकास समिति द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन द्वारा किया गया। संपन्न हुआ। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के निर्माण का संदेश देते हुए सभी उपस्थितजनों ने पौधारोपण किया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में युवा मोर्चा जिला महामंत्री बंटी चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता जगदीश बैरागी, महेश लखारा, बंशीलाल राठौर एवं समिति के सचिव अशोक राठौर, चंदु चौहान सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ पौधारोपण किया। प्रत्येक बच्चे ने एक-एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लिया। इस अवसर पर बच्चों को वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के बारे में जानकारी दी गई।  श्री चौहानं ने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण जन-जागरूकता अभियान है।

=======

वंचित किसानों को शीघ्र फसल बीमा राशि देने की मांग को लेकर 1 अगस्त को जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन ज्ञापन दिया जाएगा – श्री गुर्जर

मंदसौर। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेन्द्र सिंह गुर्जर ने बताया कि मंदसौर जिले के हजारों किसान फसल बीमा से वंचित रह गए हैं और उन्हें आज तक फसल बीमा योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। कांग्रेस पार्टी की प्रमुख मांग है कि जिले के सभी पात्र एवं वंचित किसानों को तत्काल फसल बीमा का लाभ दिया जाए तथा उनके नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जाए।
 श्री गुर्जर ने कहा कि एक ओर किसान प्राकृतिक आपदा, अनियमित वर्षा और फसल नुकसान से परेशान है, वहीं दूसरी ओर खाद की उपलब्धता को लेकर गंभीर संकट बना हुआ है। इसके साथ ही जिले में लगातार जारी अघोषित बिजली कटौती ने किसानों और आमजन की समस्याओं को और बढ़ा दिया है। इन जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी, मंदसौर द्वारा दिनांक 1 अगस्त 2026 (शनिवार) को जिला मुख्यालय मंदसौर पर विशाल धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
 कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11:30 बजे गांधी चौराहा, मंदसौर पर किया जाएगा, जहां से किसानों एवं आमजन की समस्याओं के संबंध में सिटी कोतवाली पहुंचकर प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
 श्री गुर्जर ने कहा कि किसानों को समय पर फसल बीमा नहीं मिलना, बार-बार बिजली कटौती होना सीधे-सीधे किसान की मेहनत, उसकी आजीविका और उसके भविष्य पर प्रहार है। मंदसौर जिले के जिन किसानों को फसल बीमा से वंचित रखा गया है, उन्हें शीघ्र बीमा राशि का लाभ दिया जाना चाहिए। कांग्रेस पार्टी किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, संघर्ष जारी रहेगा।
श्री गुर्जर ने जिले के समस्त किसान भाइयों, कांग्रेस पदाधिकारीयो,कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियो, किसान संगठनों एवं आम नागरिकों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जनआंदोलन को सफल बनाएं और किसानों की आवाज को बुलंद करें।
मंदसौर जिले के समस्त ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्षगण इष्टा भाचावत, विकास दसोरा,विजेश मालेचा,  सत्यनारायण पाटीदार, मुकेश धाकड़, विनोद शर्मा, हनुमंतसिंह, राहुल जैन, वीरेंद्र सिंह हाडा, सुरेश धाकड़, महेश पाटीदार, सभी ब्लॉक अध्यक्षों, सभी मोर्चा संगठनों के अध्यक्षों, सभी मंडलम अध्यक्षों की ओर से निवेदन किया जाता है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसप आंदोलन को सफल बनावे । उक्त जानकारी जिला प्रवक्ता जिला कांग्रेस कमेटी मंदसौर प्रवीण जी मांगरिया द्वारा प्रदान की गई ।

=========

भानपुरा में टीबी की बीमारी के प्रति जनजागरूकता शिविर आयोजित

मंदसौर 30 जुलाई 2026 / मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. द्विवेदी द्वारा बताया गया कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के निर्देशानुसार भानपुरा ब्लॉक में टीबी की बीमारी के प्रति जन जागरूकता के लिए कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल भानपुरा में कैंप का आयोजन किया गया। जहां पर लगभग 300 छात्राओं एवं शिक्षक गणों की टीबी की स्क्रीनिंग के साथ ही कार्यशाला का आयोजन एवं शपथ आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. एल. सिसोदिया जी एवं जिला समन्वय श्री सतीश शर्मा, श्री अनिल ट्रेलर तथा शाला के समस्त शिक्षक गण उपस्थित रहे।

========

प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग की बैठक 31 जुलाई को मंदसौर में

मंदसौर 30 जुलाई 2026 / मध्य प्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग द्वारा 31 जुलाई को मंदसौर में बैठक आयोजित होगी। उक्त बैठक में मध्य प्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के अध्यक्ष श्री एसएन मिश्रा, सदस्य श्री मुकेश शुक्ला, सचिव श्री अक्षय कुमार सिंह सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहेंगे ।

उक्त आयोग जन सुविधा स्वच्छ प्रशासन सुशासन को दृष्टिगत रखते हुए गठित किया गया है आयोग द्वारा मंदसौर में दोपहर पूर्व जिला अधिकारियों की बैठक आयोजित होगी तथा दोपहर पश्चात समस्त क्षेत्र अधिकारियों की बैठक रहेगी।

=====

बाल भिक्षावृत्ति,बाल श्रम एवं बाल शोषण रोकथाम हेतु विशेष जागरूकता अभियान हो गया जो 15 अगस्त तक चलेगा

मंदसौर 30 जुलाई 2026 / महिला एवं बाल विकास विभाग जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या द्वारा बताया गया कि कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन के मार्गदर्शन में जिले में बाल संरक्षण व देखरेख की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। विश्व मानव तस्करी निरोधक दिवस व श्रावण मास के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग जिला द्वारा बाल भिक्षावृत्ति,बाल श्रम एवं बाल शोषण रोकथाम हेतु विशेष जागरूकता अभियान 15 अगस्त 2026 अंतर्गत शुरुआत की गई।

अभियान के प्रथम दिवस श्रावण मास में पशुपतिनाथ मंदिर में आने वाले श्रद्घालुओं की संख्या को दृष्टिगत रखते हुए शुभारंभ मंदिर क्षेत्र से किया गया। पशुपतिनाथ मंदिर परिसर के पश्चात रेलवे स्टेशन मंदसौर में उपस्थित यात्रियों, नागरिकों को बाल भिक्षावृत्ति में संलिप्त एवं जोखिमग्रस्त बच्चों तथा उनके अभिभावकों को मानव तस्करी, बाल अधिकार, बाल श्रम एवं बाल भिक्षावृत्ति के दुष्परिणामों के संबंध में विस्तारपूर्वक समझाइश प्रदान की गई। साथ ही बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा किसी भी प्रकार के शोषण की सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर देने के लिए प्रेरित किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग,पुलिस विभाग,श्रम विभाग,वन स्टॉप सेंटर एवं विदिशा एनजीओ के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या ने आमजन से अपील की है कि मानव तस्करी,बाल भिक्षावृत्ति,बाल श्रम हेतु जागरूकता अभियान 15 अगस्त 2026 तक जुडकर बच्चों के किसी भी प्रकार के शोषण की जानकारी मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना देकर बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करें।

=========

कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह सीतामऊ क्षेत्र में पहुंचे

एनआरसी केंद्र पर बच्चों की सेहत पर ध्यान दिया व एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण किया

मंदसौर 30 जुलाई 2026 / जिले के नवागत कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह गुरुवार को सीतामऊ क्षेत्र में पहुंचे। कलेक्टर ने एनआरसी केंद्र जाकर बच्चों की सेहत के बारे में जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण भी किया। सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन साथ थे एवं एसडीएम सुश्री शिवानी गर्ग भी मौजूद रही।

इस दौरान कलेक्टर ने एनआईसी केंद्र में भर्ती किए गए कुपोषित बच्चों की सेहत पर सबसे ज्यादा फोकस करते हुए स्नेहपूर्वक दुलार भी किया। एनआरसी प्रभारी को निर्देशित किया कि समय सीमा पर बच्चों को समस्त दवाइयां एवं पोषण आहार उपलब्ध कराई जाए। जिससे बच्चे शीघ्र स्वस्थ हो सके। कलेक्टर ने वहां मौजूद बच्चों की माताओं से भी चर्चा कर जानकारी प्राप्त की, समस्याओं को भी जाना तथा निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर द्वारा अत्यंत संवेदनशीलता के साथ बच्चों के टीकाकरण पोषण नियमित स्वास्थ्य जांच एवं शासन के निर्देश अनुसार दी जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी हासिल करते हुए संबंधितों को जरूरी निर्देश दिए। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतने के लिए निर्देशित किया।

कलेक्टर द्वारा सीतामऊ के एसडीएम कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया। कार्यालय की शाखाओं में संधारित कार्यों की समीक्षा की राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति से अवगत हुए। इस दौरान कलेक्टर ने खंड स्तरीय विभागों की समीक्षा बैठक में शासकीय योजनाओं व कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। जनपद पंचायत के सीईओ श्री धर्मेंद्र यादव तथा तहसीलदार नायब तहसीलदार भी उपस्थित रहे

अपने दौरे में कलेक्टर सीतामऊ के नटनागर शोध संस्थान भी पहुंचे व लाइब्रेरी का निरीक्षण किया एवं अन्य जानकारी से अवगत हुए।

अपने सीतामऊ क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन जनपद पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया, एवं उसकी गुणवत्ता को परखा। ग्राम कल्याणपुर की गौशाला का भी निरीक्षण किया तथा शासन के प्रावधान अनुसार गौशालाओं को दिए जा रहे अनुदान के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। ग्राम भगोर के वाटरशेड क्षेत्र में निर्मित चेक डैम का निरीक्षण किया एवं वाटरशेड क्षेत्र में पौधारोपण भी कलेक्टर द्वारा किया गया। कलेक्टर द्वारा मियाबाकी में प्लांटेशन का भी निरीक्षण किया गया। फोटो संलग्‍न

========

मंदसौर पोस्ट ऑफिस द्वारा आधार कार्ड संबंधित सेवाओं के लिए विशेष अभियान 1 अगस्‍त को

मंदसौर 30 जुलाई 26 / डाकघर अधिक्षक द्वारा बताया गया कि डाक संभाग द्वारा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डाकघरों (पोस्ट ऑफिस) के आधार एनरोलमेंट एवं अपडेशन सेवा केन्द्रों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत नवीन आधार पंजीयन, आधार कार्ड में सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट तथा आधार डेटा में मोबाइल एवं ईमेल लिंक कराने जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

यह विशेष अभियान 1 अगस्‍त 2026 को आयोजित किया जाएगा। अभियान के दिन 1 अगस्‍त को सभी आधार केन्द्र प्रातः 8 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेंगे।

डाक विभाग नीमच मंदसौर अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम डाक घर आधार केन्द्र पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।

मंदसौर शहर के मुख्य डाकघर, सिटी डाकघर , सुवासरा मंडी, भानपुरा, गरोठ, शामगढ़, दलौदा, नाहरगढ़, सीतामऊ, बूढ़ा, मल्हारगढ़, पिपलिया उपडाकघरों एवं नीमच शहर के नीमच प्रधान डाकघर, नीमच बघाना खोर, जावद, महागढ़, मनासा, रामपुरा डाक घर सहित विभिन्न डाकघरों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

======

गुरु पूर्णिमा पर्व पर शास्त्रीय संगीत एवं ओडिसी नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियों ने बाँधा समाँ


मंदसौर, 29 जुलाई। लता मंगेशकर शासकीय संगीत महाविद्यालय, मंदसौर में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप अत्यंत गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती प्रियंका गोस्वामी (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) ने की |

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती रमा देवी गुर्जर (नगर पालिका अध्यक्ष), कार्यक्रम की अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका गोस्वामी (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष), महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. उषा अग्रवाल एवं अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात् प्रभारी प्राचार्य ने अतिथियों एवं आमंत्रित कलाकारों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इसके उपरांत महाविद्यालय के नृत्य विभाग की छात्रा किरण बागड़िया एवं भक्ति राठौर द्वारा गणेश वंदना प्रस्तुत की गई, जिसने कार्यक्रम को भक्तिमय एवं सांस्कृतिक गरिमा से ओत-प्रोत कर दिया।

स्वागत उद्बोधन में प्रभारी प्राचार्य डॉ. उषा अग्रवाल ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु के प्रति श्रद्धा प्रकट करने का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, ज्ञान, संस्कार एवं परंपरा के प्रति अपनी आस्था को पुनः जागृत करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि “आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति ही इस आयोजन की वास्तविक शोभा है।” उन्होंने महाविद्यालय परिवार, समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों द्वारा कार्यक्रम की सफल तैयारी, अनुशासित व्यवस्था एवं उत्कृष्ट सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामूहिक समर्पण, टीम भावना एवं सांस्कृतिक प्रतिबद्धता से ही सफल एवं यादगार बनते हैं।
मुख्य अतिथि श्रीमती रमा देवी गुर्जर ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु ही अपने ज्ञान, संस्कार एवं मार्गदर्शन से व्यक्ति के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं श्रीमती प्रियंका गोस्वामी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। संगीत जैसी साधना में गुरु का मार्गदर्शन जीवनभर प्रेरणा का स्रोत बना रहता है। उन्होंने महाविद्यालय परिवार को इस गरिमामयी आयोजन के लिए शुभकामनाएँ देते हुए ऐसे आयोजनों की निरंतरता पर बल दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के क्रम में आमंत्रित कलाकार सुश्री अनुषा जैन एवं उनकी साथी कलाकार श्रीमती संतोषिनी बेहरा द्वारा ओडिसी नृत्य शैली में क्रमशः गुरु स्तुति – “गुरु ब्रह्मा मंगलाचरण” (गुरु वंदना) आदि ताल में, गणेश मंगलाचरण (गणेश वंदना) एकताली में तथा बसंती पल्लवी एकताली में मनोहारी एवं भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। दोनों कलाकारों की आकर्षक मुद्राओं, सशक्त भावाभिव्यक्ति, लयबद्धता एवं भाव-संपन्न नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
तत्पश्चात सुप्रसिद्ध गायिका श्रीमती चेतना पाठक द्वारा राग यमन कल्याण में विलंबित एकताल में बड़ा ख़याल “गुरु चरण नित लाभों”, तीनताल में छोटा ख़याल “गुरु चरण लागो मोरे मन”, मीराबाई छाप भजन “गुरु बिन कौन लगावे पार” तथा कजरी “सावन की रुत आई, टीस जिया में लाई” की अत्यंत मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। उनकी प्रस्तुति में तबले पर श्री चेतन निषाद एवं हारमोनियम पर श्री तन्मय मिस्त्री ने प्रभावपूर्ण संगत प्रदान की। उनकी सुरमयी प्रस्तुति ने संपूर्ण सभागार को भक्तिरस एवं संगीत-रस से सराबोर कर दिया। उपस्थित श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से सभी कलाकारों का भरपूर उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती रमा देवी गुर्जर (नगर पालिका अध्यक्ष), कार्यक्रम की अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका गोस्वामी (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उषा अग्रवाल द्वारा आमंत्रित कलाकार सुश्री अनुषा जैन, उनकी साथी कलाकार श्रीमती संतोषिनी बेहरा का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया। तथा डॉ. घनश्याम जी बटवाल एवं श्री रमेशचंद्र जी चंद्रे ने सुप्रसिद्ध गायिका श्रीमती चेतना पाठक का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन श्रीमती सन्नाली शर्मा, अतिथि विद्वान (कथक) ने किया । अंत में श्री दीपक कुमार राव, सहायक व्याख्याता (तबला) ने सभी अतिथियों, आमंत्रित कलाकारों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, संगीत प्रेमियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ पत्रकार डॉ.श्री ब्रजेश जोशी,पूर्व जनभागीदारी अध्यक्ष श्री नरेंद्र कुमार त्रिवेदी, श्री रमेशचंद्र चंद्रे, डॉ. बी.आर. नलवाया, डॉ. आर.के. वर्मा, महाविद्यालय की पूर्व सहायक व्याख्याता सुश्री मालती शर्मा, श्रीमती आरती जैन, श्रीमती अनुरेखा जैन, डॉ. सुदीप दास, श्री अजीज उल्ला खाँ सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी, छात्र-छात्राएँ, संगीत प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

=====

जिले में अब तक 352.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

मंदसौर 30 जुलाई 2026 / जिले में इस वर्ष अबतक औसतन 352.6 मि.मी. वर्षा दर्ज की गयी है। जबकि पिछले 24 घन्टों में मंदसौर जिले में 11.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घन्टों में भानपुरा में 14.0 मि.मी., भावगढ़ में 27.0 मि.मी., गरोठ में 22.0 मि.मी., मल्हारगढ़ मे 24.0 मि.मी., संजीत में 13.0 मि.मी., धुंधड़का में 0 मि.मी., मंदसौर में 9.0 मि.मी., शामगढ़ में 8.2 मि.मी., कयामपुर में 0 मि.मी., सीतामऊ में 5.4 मि.मी. एवं सुवासरा में 5.2 मि.मी. वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।

विगत 1 जून से अब तक वर्षामापक केन्द्र भानपुरा में 318.6 मि.मी., भावगढ़ में 363.2 मि.मी., गरोठ में 288.2 मि.मी., मल्हारगढ़ मे 371.0 मि.मी., संजीत में 276.0 मि.मी., धुधंड़का में 451.0 मि.मी., मंदसौर में 374.0 मि.मी., शामगढ़ में 341.8 मि.मी., कयामपुर में 352.5 मि.मी., सीतामऊ में 383.0 मि.मी. एवं सुवासरा में 359.3 मि.मी., औसत वर्षा दर्ज की गई है। गांधीसागर बांध का जल स्‍तर अब तक 1298.27 फीट है।

=======

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}