
NEET घोटाले और राहुल गांधी की गिरफ्तारी पर ब्लॉक कांग्रेस का राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
जीरन। देश भर में युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जीरन के तत्वावधान में एक विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों की संख्या में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने केंद्र सरकार की जनविरोधी और छात्र-विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उग्र प्रदर्शन किया।
यह प्रदर्शन मुख्य रूप से जननेता राहुल गांधी जी की गिरफ्तारी के विरोध में, NEET परीक्षा में हुए ऐतिहासिक पेपर लीक मामले, शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निर्दोष छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए बर्बर लाठीचार्ज तथा देश की शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त धांधली और भ्रष्टाचार को लेकर आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने रैली के रूप में तहसील कार्यालय पहुँचकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की पुरजोर मांग की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राणावत ने कहा कि देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी सूरत में खिलवाड़ और अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केंद्र सरकार की नाकामी और भ्रष्टाचार के कारण आज देश का होनहार युवा सड़कों पर उतरने को मजबूर है। राहुल गांधी जी जिस तरह छात्रों और युवाओं की आवाज मजबूती से उठा रहे हैं, सरकार उस आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस कभी सहन नहीं करेगी। कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के हक की इस लड़ाई को सड़क से लेकर संसद तक पूरी ताकत से लड़ेगी।
संबोधन की कड़ी में नगर पंचायत अध्यक्ष रामकरण सगवारिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से लचर और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है। कठिन परिश्रम करके परीक्षाओं की तैयारी करने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के सपनों को पेपर लीक माफिया द्वारा रौंदा जा रहा है। सरकार युवाओं को रोजगार देने में तो पूरी तरह असफल रही ही है, अब निष्पक्ष परीक्षाएं कराने में भी असमर्थ साबित हो रही है। जब छात्र अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हैं, तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं। जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं दे देते और छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
विरोध प्रदर्शन में नगर पंचायत अध्यक्ष रामकरण सगवारिया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश मेरावत, मंडलम अध्यक्ष शांतिलाल राठौर, गुलाबचंद जाट, मनीष सिंह लान्छ, मोहन सिंह तोमर, पूरण गुर्जर, श्यामसुंदर पाटीदार, मुकेश मेडीवाले, कमलेश अहिरवार, मनसुख भूत, यशवंत सगवारिया, मानसिंह जाट, प्रहलाद भील, शकुर मोहम्मद, जगदीश पाटीदार, रमेशचन्द चौहान, पवन शर्मा, दिपेश बाहेती, जसवंत सिंह गुर्जर, बसंतीलाल गुर्जर, वजेराम भील, श्यामलाल, नाथुलाल पंवार, अकबर खान पठान, प्रहलाद चौहान, हनीफ मोहम्मद, बाबूलाल जाट, ओम जाट, प्यार चन्द अहिरवार, गोविन्द सिंह चौहान, बंटी चौहान, लोकेश माली, जुगलकिशोर करड़िया, मुकेश पाटीदार, मंगल शर्मा, दिनेश मीणा, बबलू बंजारा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रदर्शन में पधारे सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं एवं नगरवासियों का आभार पवन शर्मा ने व्यक्त किया।


