मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 23 जुलाई 2026 गुरुवार

महिला पटवारी रहस्यमय ढंग से लापता, पुराने पुरुष मित्र पर शक; पुलिस जांच में जुटी

रतलाम जिले की आलोट तहसील में पदस्थ एक महिला पटवारी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। परिजनों की शिकायत पर आलोट पुलिस ने मंगलवार को गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। महिला पटवारी मूल रूप से बड़वानी जिले की निवासी हैं। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम वह प्रशासनिक बैठक में शामिल होने के बाद अपने स्थानीय निवास पर पहुंची थीं, लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। उनका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, महिला पटवारी के एक पुराने पुरुष मित्र पर संदेह जताया जा रहा है, जो धार जिले का निवासी बताया जाता है और कथित रूप से सोमवार रात आलोट आया था। कुछ लोगों ने आशंका व्यक्त की है कि वह महिला को जबरन अपने साथ ले गया हो, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर महिला की तलाश की जा रही है।

=========

14 दिन के उपचार के बाद नवजात को सेवा भारती मातृछाया शिशुगृह किया सुपुर्द

सविल सर्जन डॉ. ए.पी. सिंह ने बताया कि 4 जुलाई 2026 को जी.आर.पी. स्टाफ द्वारा रेलवे की एक बोगी में अज्ञात अवस्था में मिली एक नवजात बालिका को जिला चिकित्सालय के एस.एन.सी.यू. (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) में भर्ती कराया गया था। बालिका का नाम अस्थायी रूप से देवी रखा गया। लगभग 14 दिनों तक एस.एन.सी.यू. में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की सतत निगरानी, साथ ही सिविल सर्जन द्वारा भी समय समय पर नवजात को देखा गया, समर्पित उपचार और स्नेहपूर्ण देखभाल के बाद नवजात का स्वास्थ्य पूरी तरह संतोषजनक हो गया। इसके पश्चात 20 जुलाई 2026 को सेवा भारती मातृछाया शिशुगृह में प्रवेश हेतु सामाजिक कार्यकर्ता अर्पित गुप्ता व शीतल सोलंकी ( यशोदा) को बालिका विधिवत सुपुर्द की गई। समाजसेवी गोविंद काकानी ने बताया कि नवजात को मातृछाया भेजे जाने की जानकारी सांसद श्रीमती अनीता नागर सिंह चौहान को भी दी गई। उन्होने नवजात के स्वास्थ्य एवं समुचित देखभाल के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। सिविल सर्जन डॉ. ए.पी. सिंह के मार्गदर्शन में एसएनसीयू के प्रभारी डॉ. प्रतीक आर्य एवं टीम ने नवजात का उपचार और देखभाल की। स्वस्थ होने के बाद बालिका को सेवा भारती मातृछाया शिशुगृह के लिए विधिवत सुपुर्द कर दिया गया।

=========

सीएमएचओ ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा की

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 0 से 18 वर्ष आयु समूह के वाले बालक, बालिकाओं को स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्र में चिकित्सकों द्वारा विजिट कर जांच एवं उपचार की सेवाएं प्रदान की जाती है। कार्यक्रम के अंतर्गत जन्मजात विकृति, बच्चों में होने वाली बीमारियां, विटामिन एवं माइक्रो न्यूट्रिएंट्स की कमी के कारण होने वाले रोग, विकासात्मक विलंब आदि के संबंध में स्वास्थ्य एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम की प्रगति के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ किरण वाडिवा द्वारा समीक्षा करते हुए विकासखंड स्तरीय चिकित्सकों को निर्देशित किया गया कि जिले सहित रतलाम शहर के विभिन्न आदिम जाति कल्याण छात्रावास में विजिट कर विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण करें एवं समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाए।

बैठक के दौरान आर बी एस के नोडल अधिकारी डॉ वर्षा कुरील, डी पी एम श्रीमती अर्चना राठौर, जिला मैनेजर डीईआईसी श्री मोहन कछावा, लोकेश वैष्णव एवं विभिन्न विकासखंड के आरबीएसके चिकित्सक आदि उपस्थित रहे।

===========

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक 23 जुलाई को

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में 23 जुलाई को प्रातः 11ः30 बजे कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी।

=====

जवाहर नवोदय विद्यालय कक्षा 6 में प्रवेश हेतु अंतिम तिथि 31 जुलाई

 पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय द्वारा शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

रतलाम जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय, आलोट के अंतर्गत आलोट, जावरा एवं बाजना विकासखंड के तथा पी.एम.श्री. जवाहर नवोदय विद्यालय, कालूखेड़ा के अंतर्गत रतलाम, सैलाना एवं पिपलोदा विकासखंड के ऐसे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जो शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त शासकीय अथवा अशासकीय विद्यालय की कक्षा 5 में अध्ययनरत हों तथा संबंधित विकासखंड के निवासी हों।

आवेदन हेतु विद्यार्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होना आवश्यक है। जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 28 नवंबर 2026 (शनिवार) को पूर्वाह्न में संबंधित विकासखंडों के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

ऑनलाइन आवेदन 31 जुलाई 2026 तक www.navodaya.gov.in तथा https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/ के माध्यम से किए जा सकते हैं, एवं प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी विद्यालय की वेबसाइट एवं ऑनलाइन पंजीयन पोर्टल से प्राप्त कर सकते है।

=========

जावरा और पिपलौदा में खेल स्टेडियम निर्माण की तैयारी, भूमि आवंटन के बाद होगी कार्रवाई

जावरा व पिपलौदा विकासखण्ड में शांतिवन व परिजन विश्राम शेड का निर्माण की स्वीकृत दी गई

 जावरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय द्वारा बताया गया कि जावरा नगर में आउटडोर व इंडोर खेल स्टेडियम बनाया जाएगा। उक्त आशय की जानकारी विधानसभा में प्रदेश के खेल मंत्री श्री विश्वास सारंग ने जावरा विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय के प्रश्न पर दी। खेल मंत्री श्री सारंग ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जावरा के कार्यक्रम में जावरा में आउटडोर व इंडोर खेल स्टेडियम बनाये जाने की घोषणा की थी। घोषणा पर स्वीकृति देने के लिए प्रक्रिया की जा रही है। भूमि आवंटन की प्रक्रिया के बाद आगामी कार्यवाही की जाएगी। इसी तरह पिपलौदा में भी 10 एकड़ भूमि का आवंटन होने के बाद खेल स्टेडियम के निर्माण की प्रक्रिया की जाएगी। विधायक डॉ पांडेय के अन्य प्रश्न पर खेल मंत्री श्री सारंग ने बताया कि ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न आयोजन किये जा रहे। विकासखण्ड स्तर पर खेल गतिविधियों को संचालित किया जा रहा। प्रदेश में 18 खेलो के लिए 11 खेल अकादमी के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा।

जावरा विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय के एक प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि बहु उत्पाद औद्योगिक क्षेत्र में जल उपलब्धता के लिए कार्यवाही की जा रही है। औद्योगिक परिसर में आंतरिक पाईप लाईन, सम्पवेल, ओवरहेड टेंक का निर्माण हो चुका है। निवेशकों को अस्थाई जल प्रदाय के लिए भी अनुमति दी जा रही है।

विधायक डॉ पांडेय ने जावरा विधानसभा क्षेत्र में शांतिवन की कार्ययोजना पर किये प्रश्न पर पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने बताया कि विगत पांच वर्षों में जावरा व पिपलौदा विकासखण्ड के 66 स्थानों पर शांतिवन व परिजन विश्राम शेड का निर्माण की स्वीकृति दी गई। जिनमे से 34 स्थानों पर विधायक निधि से स्वीकृति दी गई।

जावरा विधायक डॉ पांडेय के एक प्रश्न पर सहकारिता मंत्री श्री सारंग ने कहा कि रतलाम जिले में 791 विभिन्न सहकारी संस्थाए पंजीकृत है, जिनमे 410 कार्यशील व 381 निष्क्रिय है। इनमे 116 कृषि सहकारी समितियां है, जिनमे एक लाख 16 हजार सदस्य है, वही 75 गृह निर्माण सहकारी समितियां है, जिनमे 4994 सदस्य है। विगत दस वर्षों में कृषि साख सहकारी संस्थाओ के खिलाफ 78 व गृह निर्माण सहकारी संस्थाओ के खिलाफ 96 शिकायते प्राप्त हुई। इन शिकायतों पर कार्यवाही की जा रही है।

==========

जिले में अब तक 237 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

जिले में इस वर्ष अब तक औसतन 237 मि.मी. वर्षा दर्ज की गयी है। जबकि पिछले 24 घन्टों में रतलाम जिले में 5.13 मिमी वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घन्टों में आलोट में 5.00 मि.मी., जावरा में 2.0 मि.मी., ताल में 8.0 मि.मी., पिपलोदा मे 4.0 मि.मी., बाजना में 4.0 मि.मी., रतलाम में 5.0 मि.मी., रावटी में 10.0 मि.मी. एवं सैलाना में 3.0 मि.मी., वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है। विगत 1 जून से अब तक वर्षामापक केन्द्र आलोट में 300.0 मि.मी., जावरा में 224.0 मि.मी., ताल में 205.0 मि.मी., पिपलोदा में 268.0 मि.मी., बाजना में 158.0 मि.मी., रतलाम में 334.0 मि.मी., रावटी में 184.0 मि.मी. एवं सैलाना में 223.0 मि.मी., वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।

===========

पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को मिल रहा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ

श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं से 145 हितग्राहियों को 1.74 करोड़ रुपए से अधिक की मिली सहायता

श्रम अधिकारी श्री प्रकाश डोडवे द्वारा बताया गया कि मध्य प्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत जिले के पात्र हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

योजना के तहत मृत्यु की दशा में अनुग्रह एवं अंत्येष्टि सहायता योजना के तहत 131 हितग्राहियों को कुल 1 करोड़ 67 लाख 24 हजार रुपए का हितलाभ प्रदान किया गया। वहीं भवन एवं अन्य संनिर्माण ई-स्कूटर हेतु अनुदान योजना के अंतर्गत 1 हितग्राही को 40 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक ग्रामीण आवास हेतु अनुदान योजना के तहत 13 हितग्राहियों को कुल 6 लाख 50 हजार रुपए का हितलाभ प्रदान किया गया है।

मध्य प्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होना चाहिए तथा वह मंडल में पंजीकृत भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार हो। पंजीकृत श्रमिकों को प्रसूति सहायता, विवाह सहायता, शिक्षा सहायता, चिकित्सा सहायता, दुर्घटना एवं सामान्य मृत्यु पर आर्थिक सहायता, अंत्येष्टि सहायता, ई-स्कूटर अनुदान, आवास सहायता सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाता है।

योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र पंजीकृत निर्माण श्रमिक समग्र आईडी, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, बैंक खाते का विवरण तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिला श्रम कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर से भी आवेदन किया जा सकता है।

========

सी एम एच ओ ने शहरी स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा ने शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत रतलाम शहर के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गणेश नगर, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक जवाहर नगर, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक मुखर्जी नगर, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक मोमिनपूरा का निरीक्षण किया। सीएमएचओ ने दस्तक अभियान के दौरान ओआरएस कॉर्नर बनाकर उचित रूप से काउंसलिंग करने के लिए निर्देशित किया। स्वास्थ्य केंद्र पर सभी अधिकारी कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर सभी प्रकार की आवश्यक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने, दवाइयांे का उचित रूप से संधारण करने के निर्देश दिए गए।

सीएमएचओ ने निरीक्षण के दौरान सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर ओपीडी की संख्या बढ़ाने, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का क्रियान्वयन करने, क्षेत्र में अधीनस्थ कर्मचारियों के कार्यों का मूल्यांकन करने, गर्भवती माता की स्वास्थ्य देखभाल करने आदि के संबंध में निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रबंधक डॉ गौरव बोरीवाल, लोकेश वैष्णव आदि उपस्थित रहे।

==

जनगणना राष्ट्रीय स्तर का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य, इसे पूरी गंभीरता से करें : अपर कलेक्टर श्री रावत

जिला जनगणना हस्तपुस्तिका 2027 के लिए क्षेत्र पदाधिकारियों का प्रशिक्षण प्रारंभ

जिला जनगणना हस्तपुस्तिका 2027 के निर्माण के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री बृजेन्द्र कुमार रावत ने निरीक्षण किया। आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज, रतलाम में आयोजित प्रशिक्षण में तहसील रावटी, बाजना तथा नगर परिषद नामली एवं धामनोद के लिए नियुक्त क्षेत्र पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला योजना अधिकारी श्री बालकृष्ण पाटीदार भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का संचालन जिला एवं चार्ज स्तरीय प्रशिक्षक श्री रजनीश भार्गव एवं सुश्री ओजस्वी द्वारा किया गया।

अपर कलेक्टर श्री रावत ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्रीय स्तर का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसे पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं गुणवत्ता के साथ संपादित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण को गंभीरता से ग्रहण करें तथा मैदानी कार्य के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी श्री बालकृष्ण पाटीदार ने बताया कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका का निर्माण 1 से 30 अगस्त 2026 के दौरान किया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले के प्रत्येक ग्राम एवं प्रत्येक नगरीय क्षेत्र की आवश्यक जानकारी संकलित की जाएगी। इस कार्य के लिए पटवारी एवं ग्राम सचिवों को क्षेत्र पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, जिन्हें रतलाम एवं जावरा में छह दिवसीय चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जनगणना हस्तपुस्तिका का मैदानी कार्य 1 अगस्त से प्रारंभ होगा।

=========

संध्याकालीन शिविरों में आज प्राप्त हुई 28 शिकायतें, 5 का हुआ त्वरित निराकरण

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशों का पालन करते हुए आज दिनांक 22 जुलाई को जिले की समस्त 08 नगरीय निकायों में जनप्रतिनिधियों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की उपस्थिति में वार्ड स्तरीय संध्याकालीन शिविर आयोजित किए गए।

शिविरों में आज कुल 28 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें से 05 शिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया। 14 शिकायतें पेयजल से संबंधित थी जिसे दर्ज कर कार्यवाही प्रारंभ की गई, 05 शिकायतें स्वच्छता से संबंधित जो तत्काल निराकृत की गई तथा 09 शिकायतें नाली निर्माण, सी सी रोड निर्माण, स्पीड ब्रेकर निर्माण व स्ट्रीट लाइट से संबंधित थी। लंबित शिकायतों के समाधान के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारियों द्वारा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। उक्त जानकारी पीओ डूडा श्री अरुण कुमार पाठक द्वारा दी गई।

==========

मुख्यमंत्री डॉ. यादव चंद्रशेखर आजाद नगर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में होंगे शामिल

अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को देंगे श्रद्धांजलि, किसानों से करेंगे संवाद
340 करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्यों की देंगे सौगात

मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाए जाने के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी जिलों में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर में उनकी 120वीं जन्म जयंती के अवसर पर कृषि उपज मंडी में 23 जुलाई 2026 को बलराम कृषि महोत्सव, अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद जन्मजयंती समारोह आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव चंद्रशेखर आजाद नगर में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली आजाद कुटिया पहुंच कर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन करेंगे। इसके बाद वे मुख्य कार्यक्रम स्थल कृषि मंडी पहुंच कर बलराम कृषि महोत्सव में जिले के प्रगतिशील किसानों से संवाद कर कृषि क्षेत्र में नवाचार,आधुनिक तकनीकों तथा कृषि विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री संभाग के अलग-अलग जिलों से आए विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित इंफ्लूएंसर्स से भी संवाद करेंगे।

मुख्यमंत्री बलराम कृषि महोत्सव कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों और मेधावी छात्रों का करेंगे सम्मान

कार्यक्रम में जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों तथा मेधावी छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। बलराम कृषि महोत्सव का उद्देश्य किसानों को कृषि एवं कृषि से संबद्ध क्षेत्रों की नवीनतम तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। इसी के साथ विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया जाएगा।

प्रदर्शन का करेंगे अवलोकन

बलराम कृषि महोत्सव में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, कृषि अभियांत्रिकी तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव जिले में 287.32 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का करेंगे भूमिपूजन और 53.55 करोड़ की लागत के कार्यों की देंगे सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव अपने प्रस्तावित आलीराजपुर प्रवास के दौरान जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों के लगभग 287.32 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इन विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ग्रामीण संपर्क मार्गों का निर्माण, जनजातीय कार्य विभाग के नवीन हाई स्कूल भवन, जल संसाधन विभाग के बैराज निर्माण, मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के विद्युत उपकेंद्र, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के नवीनीकरण एवं नव-निर्माण कार्य सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा अन्य विभागों के विभिन्न निर्माण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले में सड़क संपर्क, शिक्षा, सिंचाई, विद्युत अधोसंरचना तथा ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही वे लगभग 53.55 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न निर्माण एवं आधारभूत संरचना विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। लोकार्पित होने वाले कार्यों में विद्युत विभाग के नवीन 33/11 केवी उपकेंद्र, शिक्षा विभाग के विद्यालय भवन, महिला एवं बाल विकास विभाग के अनेक आंगनवाड़ी भवन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अटल सेवा केंद्र, पुलिया, स्टॉप डैम, निस्तार तालाब, आरएमएस, नाली एवं पेवर ब्लॉक सहित अन्य ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इन्लुएंसर्स टॉक कार्यक्रम में करेंगे सीधा संवाद

बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स से सीधा संवाद कर कृषि, जनजातीय संस्कृति, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, प्राकृतिक खेती, ग्रामीण नवाचार जैसे विषयों पर उनके अनुभव जानेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}