समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 21 जुलाई 2026 मंगलवार

बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन में सुधार के निर्देश
मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी और शुरू की कार्रवाई
रतलाम : सोमवार, जुलाई 20, 2026,
मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अधिष्ठाता डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय शा.स्व.चि. महा. डॉ. अनिता मूथा ने बताया कि चिकित्सालय में बायोमेडिकल वेस्ट एवं सामान्य वेस्ट के पृथक्करण, संग्रहण एवं निष्पादन का कार्य मेसर्स Agile संस्था के कर्मचारियों एवं उनके प्रबंधक के दायित्वाधीन है। समाचार में वर्णित स्थिति के संबंध में संबंधित कर्मचारियों एवं प्रबंधक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया जा चुका है तथा नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। चिकित्सालय प्रशासन द्वारा ट्रेंचरी डम्पिंग क्षेत्र का स्थल निरीक्षण कर वहां की स्थिति की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित एजेंसी को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करते हुए अपशिष्ट का वैज्ञानिक एवं नियमानुसार प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सालय के डम्पिंग यार्ड में बायोमेडिकल वेस्ट एवं सामान्य वेस्ट दोनों प्रकार के अपशिष्ट का पृथक-पृथक संग्रहण किया जाता है। बायोमेडिकल वेस्ट को निर्धारित बायोमेडिकल वेस्ट शेड के अंदर रखा जाता है, जबकि सामान्य अपशिष्ट को प्लास्टिक बैग में पैक कर पृथक स्थान पर रखा जाता है। बायोमेडिकल वेस्ट के उठाव हेतु अधिकृत एजेंसी का पृथक वाहन नियमित रूप से आता है, जबकि सामान्य अपशिष्ट के उठाव हेतु नगर निगम का पृथक डम्पर वाहन आता है। कुछ प्लास्टिक बैग फट जाने के कारण उनमें रखे मास्क एवं ग्लव्स बाहर दिखाई दिए, जिससे समाचार में वर्णित स्थिति परिलक्षित हुई। सामान्य अपशिष्ट के उठाव हेतु नगर निगम का डम्पर वाहन अपेक्षाकृत अधिक अंतराल पर पहुंचने के कारण सामान्य कचरे का अस्थायी रूप से संग्रहण बढ़ गया था। इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों से चर्चा कर कचरा उठाव की आवृत्ति बढ़ाने एवं अंतराल कम करने का अनुरोध किया गया है, जिस पर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। चिकित्सालय प्रशासन परिसर में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण एवं बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी पालन के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। भविष्य में इस प्रकार की स्थिति की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए संबंधित एजेंसी की नियमित निगरानी, उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही तथा अपशिष्ट के समयबद्ध निष्पादन हेतु सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा रही है।
=========
शासकीय आईटीआई सैलाना में प्रवेश प्रक्रिया शुरू
विद्यार्थी 25 जुलाई तक कर सकते ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं चॉइस फिलिंग
वेल्डर, फिटर, इलेक्ट्रिशियन सहित पांच ट्रेडों में मिलेगा प्रवेश
रतलाम : सोमवार, जुलाई 20, 2026,
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था सैलाना प्राचार्य श्री आकाश मुणिया ने बताया कि संस्था सैलाना में नए शैक्षणिक सत्र के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी 25 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं चॉइस फिलिंग निःशुल्क करा सकते हैं। संस्था में वेल्डर (एनसीवीटी), फिटर (एनसीवीटी), इलेक्ट्रिशियन (एनसीवीटी), मोटर मैकेनिक (एससीवीटी) एवं कोपा (एनसीवीटी) सहित पांच प्रमुख ट्रेड संचालित हैं।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया 19 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक संचालित रहेगी। प्रवेश से संबंधित अधिक जानकारी अथवा सहायता के लिए इच्छुक विद्यार्थी मोबाइल नंबर 8817670487 एवं 9981130630 पर संपर्क कर सकते हैं।
=========
मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना बनी श्रमिकों का सहारा
470 परिवारों को अंत्येष्टि एवं 417 को 8 करोड़ रुपये की मिली अनुग्रह सहायता
रतलाम : सोमवार, जुलाई 20, 2026,
श्रम विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के अंतर्गत रतलाम जिले में पात्र श्रमिक परिवारों को विभिन्न सहायता योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। योजना के तहत अंत्येष्टि सहायता योजना अंतर्गत कुल 470 हितग्राहियों को 23 लाख 50 हजार रुपये का हितलाभ प्रदान किया गया है। अनुग्रह सहायता सामान्य मृत्यु अंतर्गत कुल 417 हितग्राहियों को राशि 8 करोड़ 34 लाख रुपये का हितलाभ प्रदान किया गया है। अनुग्रह सहायता दुर्घटना मृत्यु अंतर्गत कुल 46 हितग्राहियों को 1 करोड़ 84 लाख रुपये का हितलाभ प्रदान किया गया है।
योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश के 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे असंगठित श्रमिक, जो आयकरदाता अथवा नियमित शासकीय कर्मचारी नहीं हैं तथा संबल पोर्टल पर पंजीयन की पात्रता रखते हैं, वे योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। पंजीकृत श्रमिकों को प्रसूति सहायता, अनुग्रह सहायता, दुर्घटना एवं सामान्य मृत्यु पर आर्थिक सहायता, अंतिम संस्कार सहायता, बच्चों की शिक्षा हेतु सहायता सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाता है।
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र श्रमिक समग्र आईडी, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिला श्रम कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से भी संबल पोर्टल पर पंजीयन कराकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
===========
आयुष्मान भारत योजना में मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय सम्मान
बायोमेट्रिक आधारित प्री-ऑथराइजेशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
रतलाम : सोमवार, जुलाई 20, 2026,
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश को “बेस्ट परफार्मिंग लार्ज स्टेट– हाइयेस्ट प्री-ऑथोराइजेशंस विथ बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन” श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान योजना के अंतर्गत बायोमेट्रिक आधारित प्री-ऑथराइजेशन प्रक्रिया के प्रभावी, पारदर्शी एवं सफल क्रियान्वयन के लिए प्रदान किया गया है। मध्यप्रदेश ने इस क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के बड़े राज्यों में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है।
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, तकनीक आधारित सुशासन और जनहितकारी कार्यों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए आयुष्मान भारत निरामयम् मध्यप्रदेश की पूरी टीम, जिला अधिकारियों, चिकित्सालयों और योजना से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) द्वारा नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में आयोजित राष्ट्रीय समीक्षा बैठक (चिंतन शिविर) में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव सुश्री पुण्य सलिला श्रीवास्तव द्वारा आयुष्मान भारत निरामयम् मध्यप्रदेश के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरविंद शाह को पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. सुनील कुमार बर्नवाल, संयुक्त सचिव श्री किरण गोपाल वास्का सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण एवं यूआईडीएआई (आधार) के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
===========
युवा संगम रोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेला 21 जुलाई को आईटीआई रतलाम में होगा आयोजित
रोजगार मेले में 9 अलग अलग क्षेत्र की संस्थाओं में मिलेगा रोजगार का अवसर
अधिक से अधिक युवा पहुंचकर रोजगार का लाभ उठाएं
रतलाम : सोमवार, जुलाई 20, 2026
जिला रोजगार अधिकारी श्री अभिषेक कटारा ने बताया कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग व तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं रोजगार कार्यालय रतलाम द्वारा युवा संगम अन्तर्गत जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेले का आयोजन 21 जुलाई 2026 को शासकीय आई.टी.आई रतलाम, सैलाना रोड, सज्जन मिल के सामने रतलाम में किया गया है, जिसमे बेरोजगार युवाओ को निजी क्षेत्र की कंपनियों में अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जायेंगे।
मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताओं के अनुसार भर्ती की जाएगी। कंपनी जस्ट डायल इंदौर में स्नातक, एंड्रॉयड फोन एवं बाइक धारक अभ्यर्थियों के लिए बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव के 10 पद, कवच ग्लोबल कनेक्ट्स प्रा. लि. अहमदाबाद में 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए मशीन ऑपरेटर के 100 पद, कृष्णा दर्पण एग्रो प्रा. लि. उज्जैन में 10वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए सेल्स एग्जीक्यूटिव के 15 पद, कॉरपोरेट देखो वेंचर लिमिटेड रतलाम में 12वीं एवं स्नातक अभ्यर्थियों के लिए मैनेजर बैक ऑफिस एवं सेल्स एग्जीक्यूटिव के 25 पद तथा प्रतिभा स्वराज लिमिटेड उज्जैन में 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण महिला अभ्यर्थियों के लिए मशीन ऑपरेटर के 300 पद उपलब्ध हैं।
इसके अलावा माही ग्रुप ऑफ एजुकेशन में पीएचडी, एमएससी (नर्सिंग), एमबीए, एमए, बीसीए, एमसीए एवं पीजीडीसीए योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए लेक्चरर, कम्प्यूटर ऑपरेटर, एचआर मैनेजर, एडमिन एवं मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के 40 पद, ईप्का लेबोरेट्रीज लिमिटेड रतलाम में 12वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए अप्रेंटिसशिप ट्रेनी एवं एमएमएसकेवास ट्रेनी के 20 पद, अंकलेसरिया ऑटोमोबाइल रतलाम में आईटीआई मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक एवं ट्रैक्टर मैकेनिक ट्रेड के अभ्यर्थियों के लिए अप्रेंटिसशिप ट्रेनी के 5 पद तथा जेपीएफएल फिल्म प्राइवेट लिमिटेड, नासिक में आईटीआई फिटर, टर्नर, इलेक्ट्रीशियन, मशीनिस्ट एवं डीजल मैकेनिक ट्रेड के अभ्यर्थियों के लिए ट्रेनी के 80 पदों पर भर्ती की जाएगी। आवेदक की आयु 18 से 40 वर्ष तक होना चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी के नियमानुसार वेतन प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक आवेदक युवा संगम मेले में 21 जुलाई 2026 को प्रातः 10ः00 बजे से 3 बजे तक शासकीय आई.टी.आई रतलाम, सैलाना रोड, सज्जन मिल के सामने रतलाम में अपने फोटो, शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन, 2 पासपोर्ट साईज फोटो एवं आधार कार्ड की छायाप्रति, समग्र आईडी एवं बायोडाटा के साथ उपस्थित हो सकते है।
========
संध्याकालीन शिविरों के द्वितीय चरण के में आज प्राप्त हुई 14 शिकायतें , 09 का हुआ त्वरित निराकरण
रतलाम : सोमवार, जुलाई 20, 2026,

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशों का पालन करते हुए आज दिनांक 20 जुलाई को जिले की समस्त 08 नगरीय निकायों में जनप्रतिनिधियों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की उपस्थिति में वार्ड स्तरीय संध्याकालीन शिविर आयोजित किए गए।
शिविरों में आज कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें से 09 शिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया। 03 शिकायतें पेयजल से संबंधित थी जिनमें से 02 शिकायत तत्काल निराकृत की गई, 09 शिकायतें स्वच्छता से संबंधित थी जिनमें से 07 शिकायतें तत्काल निराकृत की गई तथा 02 शिकायतें पेड़ कटाई व स्ट्रीट लाइट से संबंधित संबंधित थी ,जिसके संबंध में सी एम ओ द्वारा आवश्यक कार्यवाही के निर्देश संबंधित कर्मचारी को दिए गए। उक्त जानकारी पीओ डूडा श्री अरुण कुमार पाठक द्वारा दी गई।
===========
गुरु पूर्णिमा पर प्रदेश में मनाया जाएगा महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सभी सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण गुरु पूर्णिमा से पहले ही करा लें
महर्षि सांदीपनि के जीवन चरित्र एवं योगदान पर लघु पुस्तिका प्रकाशित करने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने ली गुरु पूर्णिमा महोत्सव आयोजन की तैयारियों की बैठक
रतलाम : सोमवार, जुलाई 20, 2026,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि गुरुजन सदैव पूजनीय है, वंदनीय हैं। गुरु ही हमें ‘गु’ (अज्ञान के अंधकार) से ‘रु’ (ज्ञान-विज्ञान की रश्मि/प्रकाश) की ओर ले जाते हैं। गुरु पूर्णिमा अपने गुरुजनों की सेवा, वंदना और उनका शुभाशीष पाने का प्रमुख उत्सव है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति – 2020 के उद्देश्यों को बढ़ावा देते हुए पुरातन भारतीय ज्ञान परम्परा तथा भारतीय गुरु-शिष्य परम्परा के आदर्शों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आने वाली गुरु पूर्णिमा पर प्रदेशव्यापी ‘महर्षि सांदीपनि श्रृद्धा पर्व’ का आयोजन किया जाये। इसमें स्कूल शिक्षा, जनजातीय कार्य, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा विभाग के साथ-साथ निजी शिक्षण संस्थानों तथा खेल, नाटक, चित्रकला, संगीत एवं अन्य कला संस्थानों की भी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवारको मध्यप्रदेश विधानसभा के समिति कक्ष क्रमांक-1 में आगामी गुरु पूर्णिमा महोत्सव के आयोजन की तैयारियों के संबंध में बैठक को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अभी प्रदेश में गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा चल रहा है। प्रदेश में जितने भी सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण होना शेष है, उनका लोकार्पण गुरु पूर्णिमा से पहले करा लिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि सांदीपनि योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण के गुरु थे। उन्होंने तत्समय अमीर और गरीब सभी छात्रों को पढ़ाकर राष्ट्र भक्ति का परिचय दिया। वहीं देश में गुरुकुल शिक्षा पद्धति को व्यवस्थित करने में प्रभावी योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महर्षि सांदीपनि के जीवन चरित्र एवं गुरुकुल शिक्षा पद्धति के प्रसार में उनके वैशिष्ट्य और योगदान पर केंद्रित एक लघु पुस्तिका (10-20 पृष्ठों की) का प्रकाशन करायें और सभी विद्यालयों में वितरित करायें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में गुरू पूजन आयोजन किया जाये। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाये। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष विद्यालयों में मनाये जाने वाले मित्रता दिवस पर श्रीकृष्ण-सुदामा के जीवन चरित्र के बारे में बताया जाये।
गुरू पूर्णिमा को जनभागीदारी का उत्सव
बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुरु पूर्णिमा को ‘महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व’ के रूप में मनाकर व्यापक एवं गरिमामय आयोजन किया जाए, जिससे नई पीढ़ी भारतीय ज्ञान परम्परा और गुरु-शिष्य परम्परा के आदर्शों से प्रेरित हो सके। उन्होंने कहा कि इसे जनभागीदारी का उत्सव बनाया जाए, जिससे विद्यार्थियों और युवाओं में अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति आस्था सुदृढ़ हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शासकीय विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के साथ-साथ निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों को भी इस आयोजन से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा को सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाए, ताकि गुरु-शिष्य परम्परा का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचे और इसे नई पीढ़ी तक सशक्त रूप से पहुंचाया जा सके। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, कार्यक्रमों के स्वरूप तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
अपर मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग श्री शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई) के दिन शैक्षणिक संस्थाओं में होने वाले कार्यक्रमों में सर्वप्रथम मां सरस्वती की प्रतिमा/चित्र पर माल्यार्पण, सरस्वती वंदना, गुरुजनों का स्वागत-सत्कार-सम्मान, व्याख्यान/उद्बोधन, छात्र-शिक्षक संवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थान विद्यालय, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय में विभिन्न गतिविधियों के आयोजन के लिए दिशा निर्देश जारी किए जा रहे हैं। सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों द्वारा ही किए जायें, ऐसे निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा और महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व के आयोजन से समाज की भी सक्रिय सहभागिता के प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुर्नवास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, उच्च शिक्षा, आयुष एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री इंदर सिंह परमार, कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री अशोक वर्णवाल, अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा श्री अनुपम राजन, सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. संजय गोयल, मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्री श्रीराम तिवारी, संचालक संस्कृति श्री एन.पी. नामदेव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
=========



