मल्हारगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस ने एसडीओपी पी एस बघेल को ज्ञापन दिया

मादक पदार्थों के आरोपियों को पाताल से ढूंढ लाने वाली पुलिस, आखिर चोरों के सामने बेबस क्यों?” — विजेश मालेचा
मल्हारगढ़। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं और पुलिस की कथित निष्क्रियता के विरोध में शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने काकासाहेब गाडगिल चौराहे से पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजेश मालेचा एवं जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा के नेतृत्व में निकाली गई रैली के बाद अनुविभागीय पुलिस अधिकारी पिंटू बघेल को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन का वाचन करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजेश मालेचा ने कहा कि मल्हारगढ़ तहसील में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें अब पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है। पिछले चार महीनों में 15 से 20 मोटरसाइकिलें चोरी हो चुकी हैं। वहीं खेरखेड़ा, लसूड़िया कदमाला, बरखेड़ादेव, पिपलिया विश्नया और पहेड़ा सहित कई गांवों से भैंस एवं उनके बछड़ों की चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कई मामलों में चोर सीसीटीवी कैमरों में साफ दिखाई दिए, लेकिन पुलिस आज तक उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई।
मालेचा ने कहा कि जब मामला एनडीपीएस का होता है तो पुलिस आरोपी को पाताल से भी खोज निकालने का दावा करती है, लेकिन जब आम नागरिकों की मेहनत की कमाई, वाहन और पशुधन चोरी हो जाता है तो वही पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी दिखाई देती है। आखिर चोरी के मामलों में यह सुस्ती और लापरवाही क्यों? क्या आम जनता की सुरक्षा अब पुलिस की प्राथमिकता नहीं रही? यदि पुलिस मादक पदार्थों के मामलों जैसी गंभीरता चोरी के मामलों में भी दिखाए तो अधिकांश वारदातों का खुलासा संभव है।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही चोरियों से पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल है तथा लोगों का पुलिस पर से विश्वास लगातार कमजोर होता जा रहा है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कई फर्जी आवेदनों पर पुलिस बिना निष्पक्ष जांच के तत्काल प्रकरण दर्ज कर लेती है, जबकि गंभीर मामलों में पीड़ितों के आवेदन जांच के नाम पर महीनों तक लंबित रखकर रद्दी की टोकरी में डाल दिए जाते हैं। कांग्रेस ने मांग की कि प्रत्येक आवेदन पर निष्पक्ष जांच के बाद ही कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा ने कहा कि सत्ता के दबाव में पुलिस फर्जी व मनगढ़ंत कार्रवाई कर कांग्रेसजनों को प्रताड़ित एवं परेशान कर रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू जी पटवारी के भाई नाना जी पटवारी को भी इंदौर पुलिस द्वारा अनावश्यक रूप से परेशान किया गया, जो अत्यंत निंदनीय है। शर्मा ने कहा कि हम विपक्ष में हैं और किसान, गरीब, मजदूर एवं शोषितों की लड़ाई लड़ना हमारा संवैधानिक अधिकार है। इस अधिकार को कोई भी सत्ता या प्रशासन हमसे नहीं छीन सकता और कांग्रेस बिना डरे जनता की आवाज़ उठाती रहेगी।
इस मौके पर प्रदेश सचिव मुकेश निडर, वरिष्ठ नेता अजहर हयात मेव, लियाकत भाई मेव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पा डांगी, जिला कांग्रेस सचिव धर्मेंद्र धनगर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कोहिनूर मेव, सुभाष पाटीदार, किशोर उनियारा मंडलम अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शक्तावत, परमानंद पाटीदार, सुनील भगत, किसान नेता मोतीलाल पाटीदार, पार्षद दिलीप तिवारी, यूसुफ मेव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अरविंद सोनी, नागूसिंह शक्तावत, परसराम पाटीदार, यूथ कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष राहुल अहीर, महेश सोनावत, यूथ कांग्रेस जिला महासचिव अंकित कांसल, रामेश्वर गुर्जर, हाजी मजीद पठान, अनुसूचित जाति ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप मुंगड, पप्पू गुर्जर, राजा बन्ना, राजेश शर्मा, तूफेल भाई पठान, फारुख भाई पठान, अशोक मुंगड, अनिल मुलासिया, कैलाश बंगारिया, रईस मंसूरी, इमरान पठान, जय सालवी, नागेश्वर चौहान, गोपाल भारती, ईश्वरलाल मालेचा, किशनलाल मालवीय, भेरूलाल मालवीय, किशन लाल परिहार, विनोद तंवर, प्रहलाद सिंह सोनगरा, राशिद अली, राजू दमामी, विशाल चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं पीड़ित परिवार उपस्थित थे!



