Uncategorized

एक जन्मदिन, 31 पौधे और 1100 हरित सपनों का संकल्प

भारत विकास परिषद शाखा मंदसौर ने दिया पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश

मंदसौर, 24 मई 2026/ जब समाज केवल केक और औपचारिक शुभकामनाओं तक सीमित जन्मदिन मनाने में व्यस्त है, ऐसे समय में भारत विकास परिषद शाखा मंदसौर ने एक प्रेरक एवं संवेदनशील पहल करते हुए अपने वरिष्ठ सदस्य श्री मांगीलाल पोरवाल का 84वां जन्मदिन वृक्षारोपण एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मनाकर पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।
रविवार प्रातः पालीवाल जी की होटल परिसर, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), महू-नीमच रोड, मंदसौर में आयोजित इस कार्यक्रम में जन्मदिन को केवल उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का पर्व बनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र के पावन उच्चारण से हुआ। मंगलाष्टक एवं जन्मदिन गीतों के बीच उपस्थितजनों ने श्री मांगीलाल पोरवाल को शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, दीर्घ एवं मंगलमय जीवन की कामना की। पूरे वातावरण में आध्यात्मिकता, संवेदनशीलता और प्रकृति प्रेम का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर परिषद परिवार ने केवल एक पौधा लगाकर जन्मदिन को यादगार बनाने का संदेश ही नहीं दिया, बल्कि 1100 पौधे लगाने का संकल्प लेकर समाज के सामने पर्यावरण संरक्षण की एक अनुकरणीय मिसाल प्रस्तुत की। प्रारंभिक चरण में 31 पौधों का रोपण किया गया। इन पौधों की देखरेख एवं संरक्षण का दायित्व प्रकल्प प्रमुख आशीष  पालीवाल द्वारा निभाया जाएगा।
कार्यक्रम को प्रांतीय अध्यक्ष श्री घनश्याम पोरवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण देना आज की सबसे बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है। वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि जीवन की सांस हैं। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन के विशेष अवसरों पर एक पौधा लगाए और उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो धरती को पुनः हरियाली और संतुलन मिल सकता है।
इस अवसर पर रमेशचंद्र त्रिवेदी, प्रांतीय गतिविधि संयोजक (संस्कार) नरेंद्र कुमार त्रिवेदी, राजेंद्र चास्टा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक सोलंकी, शिक्षाविद् अशोक धनोतिया, संजय मित्तल,आर डी जोशी,आशीष पालीवाल,,कु. समायरा अग्रवाल,श्रीमती आशा सेठिया, श्रीमती संतोष मांदलिया, विनोद मांदलिया, उमेश पोरवाल एवं सुनील शर्मा सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
साथ ही भारत विकास परिषद शाखा मंदसौर के ऊर्जावान पदाधिकारी अध्यक्ष डॉ. आशीष अग्रवाल, सचिव दिलीप सेठिया एवं कोषाध्यक्ष अनिल सेठिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष घनश्याम पोरवाल की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष प्रेरणा एवं ऊर्जा प्रदान की।
कार्यक्रम के अंत में परिषद पदाधिकारियों ने समाज से आह्वान किया कि जन्मदिन, वर्षगांठ एवं पारिवारिक आयोजनों को वृक्षारोपण से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण की इस जनभागीदारी मुहिम को जनआंदोलन बनाया जाए।
कार्यक्रम का सफल संचालन नरेंद्र कुमार त्रिवेदी ने किया एवं आभार शाखा सचिव दिलीप सेठिया ने माना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}