सुवासरा की बेटी पायल धनोतिया बनी आरक्षक, भव्य स्वागत से गूंजा नगर

सुवासरा की बेटी पायल धनोतिया बनी आरक्षक, भव्य स्वागत से गूंजा नगर
✍️ पंकज बैरागीसुवासरा। राजधानी भोपाल स्थित पुलिस प्रशिक्षण शाला में आयोजित चतुर्थ नवआरक्षक दीक्षांत समारोह उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में नगर पुलिस आयुक्त भोपाल संजय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने परेड की सलामी ली तथा खुली जीप में सवार होकर दीक्षांत परेड का निरीक्षण किया।
दीक्षांत समारोह के पश्चात 521 नवआरक्षक विधिवत रूप से मध्यप्रदेश पुलिस की मुख्यधारा में शामिल हुए, जिनमें 322 महिला एवं 199 पुरुष आरक्षक शामिल हैं। समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण पुलिस जीवन का सबसे महत्वपूर्ण चरण होता है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद पुलिसकर्मी पूरी तरह तैयार होकर फील्ड में जाते हैं, जहां उन्हें समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होता है।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग आमजन की उम्मीदों का केंद्र होता है। कमजोर एवं पीड़ित लोगों के लिए विषम परिस्थितियों में पुलिस ही उम्मीद की किरण बनती है। आपराधिक न्याय प्रणाली में पीड़ितों को न्याय दिलाने का पहला दायित्व पुलिस का होता है। किसी दुर्घटना या अनहोनी के समय वर्दीधारी जवान घायल एवं पीड़ित व्यक्तियों को साहस और भरोसा प्रदान करते हैं।
संजय कुमार ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे विभाग का प्रतिनिधित्व करती है। इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी का आचरण और कार्यशैली विभाग की छवि को प्रभावित करती है। उन्होंने सभी नवआरक्षकों से ईमानदारी, सेवा, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
उप निरीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान नवआरक्षकों को आधुनिक पुलिस व्यवस्था के अनुरूप व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे कुशल और जनसेवा के प्रति समर्पित पुलिसकर्मी बन सकें।
इसी समारोह में सुवासरा नगर की प्रतिभाशाली बेटी सुश्री पायल धनोतिया ने भी सफलतापूर्वक 11 माह का प्रशिक्षण पूर्ण कर नगर एवं पोरवाल समाज का नाम रोशन किया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उनकी प्रथम पदस्थापना खंडवा जिले में की गई है।
बुधवार, 20 मई 2026 को शाम 5:30 बजे सुवासरा नगर के स्थानीय गणपति चौराहा स्थित चिंताहरण गणेश मंदिर पर पायल धनोतिया का पोरवाल समाज एवं सर्वधर्म समाजजनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। समाजजनों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पायल धनोतिया के माता-पिता श्रीमती पुष्पाबाई एवं श्री पीरूलाल हजारीलाल धनोतिया सहित परिवारजनों ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ तनोट रोड स्थित उनके निवास तक शोभायात्रा निकाली गई।
नगरवासियों ने कहा कि पायल धनोतिया की मेहनत, लगन और कार्यशैली से सुवासरा नगर को गौरवान्वित होने का अवसर मिला है। निश्चित रूप से यह पूरे सुवासरा क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। नगर एवं क्षेत्र की कई प्रतिभाशाली बेटियां और युवा शिक्षा, चिकित्सा, पुलिस सेवा तथा अन्य क्षेत्रों में लगातार क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।



