
डीईओ एवं डीडीओ द्वारा सेवानिवृत्त प्राध्यापक श्री शुक्ला के अर्जित अवकाश नगरीकरण में अनावश्यक परेशान किया जा रहा
ताल ब्यूरो चीफ शिवशक्ति शर्मा
विगत माहों में प्राथमिक विद्यालय ताल के प्रधानाध्यापक भानुप्रताप शुक्ला सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने अपने अर्जित अवकाश के नगरीकरण का प्रकरण प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी रतलाम एवं आहरण एवं संवितरण अधिकारी जावरा को प्रस्तुत किया किन्तु कालातीत अवधि के आदेश मांग कर परेशान किया जा रहा है व प्रकरण पर कोई कार्रवाई नहीं की जाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
जबकि श्री शुक्ला ने संकुल प्राचार्य का एकजाई पत्रक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) के प्रमाणित आदेश, जांच समिति की रिपोर्ट और सक्षम अधिकारी द्वारा सत्यापित सर्विस बुक (Service Book) जैसे सभी पुख्ता दस्तावेज प्रस्तुत किए हैं। इसके बावजूद डीडीओ (DDO)एवं डीईओ द्वारा 35-40 साल पुराने “ड्यूटी पर आहूत करने के आदेश” या “कर्तव्य पूर्णता प्रमाण पत्र” की मांग करना पूरी तरह से अतार्किक, नियम-विरुद्ध और मानसिक रूप से परेशान करने वाला है। अज्ञात किंतु विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि जब तक भेंट पूजा नहीं करोगे प्रकरण पर कोई कार्रवाई नहीं होगी।तब श्री शुक्ला ने माननीय उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल करने का निर्णय लिया है। स्मरण रहे उक्त प्रकरण जनसुनवाई में भी प्रस्तुत किया गया किन्तु वहां भी दिनभर चले अढ़ाई कोस वाली कहावत सिद्ध हो रही है।



