सुवासरा में मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों की काम बंद हड़ताल शुरू

सुवासरा में मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों की काम बंद हड़ताल शुरू
पंकज बैरागी ✍️
सुवासरा, शामगढ़, गरोठ और मंदसौर में वाल्मीकि सेना के आह्वान पर कर्मचारियों ने लिया हिस्सा, नियमितीकरण की मांग प्रमुख
मंदसौर। वाल्मीकि सेना द्वारा प्रदेशभर में सफाई कर्मचारियों की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर काम बंद हड़ताल के आह्वान पर सोमवार से मंदसौर जिले में भी आंदोलन की शुरुआत हो गई। जिले के सुवासरा, शामगढ़, गरोठ एवं मंदसौर सहित विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में सफाई कर्मचारियों ने काम बंद कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
वाल्मीकि सेना का कहना है कि लंबे समय से सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शासन-प्रशासन के समक्ष ज्ञापन और आवेदन देते आ रहे हैं, लेकिन मांगों का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। इसी के चलते प्रदेश संगठन के आह्वान पर काम बंद हड़ताल का निर्णय लिया गया है।
आंदोलन में सफाई कर्मचारियों का नियमितीकरण प्रमुख मांग है। इसके अलावा समान कार्य के लिए समान वेतन, कर्मचारियों की भर्ती, निर्धारित कार्य समय, अतिरिक्त कार्य का अतिरिक्त भुगतान, ऑनलाइन हाजिरी सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग 15 सूत्रीय मांग पत्र में शामिल है।
वाल्मीकि सेना पदाधिकारियों ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद कई कर्मचारी वर्षों से अस्थायी अथवा संविदा व्यवस्था में कार्य कर रहे हैं। संगठन की मांग है कि वर्षों से कार्यरत सफाई कर्मचारियों का नियमितीकरण कर उन्हें स्थायी रोजगार एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ दिया जाए।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हड़ताल शुरू होने से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है। वाल्मीकि सेना ने कहा है कि जब तक 15 सूत्रीय मांगों पर शासन स्तर पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रखने को लेकर संगठन आगे की रणनीति तय करेगा।
वाल्मीकि सेना के आह्वान पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों के सफाई कर्मचारियों के एकजुट होने से आंदोलन को व्यापक रूप मिला है। संगठन ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर पूरा जिला एकमत है और नियमितीकरण सहित सभी 15 मांगों के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा।



