पोरवाल महिला मंडल चुनाव में नीलिमा विशाल फरक्या की शानदार जीत

183 मत प्राप्त कर प्रतिद्वंद्वी को 109 मतों से हराया, महिला मंडल ने जताया विश्वास
पंकज बैरागीसुवासरा (निप्र)। सुवासरा नगर में स्थानीय नया शिशु मंदिर रोड स्थित पोरवाल परिणय रिसोर्ट में रविवार, 4 अक्टूबर को पोरवाल महिला मंडल के चुनाव संपन्न हुए। चुनाव में कुल 456 मतदाता थे, जिनमें से 267 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत 58.55 प्रतिशत रहा।
चुनाव परिणाम में श्रीमती नीलिमा विशाल फरक्या ने शानदार जीत दर्ज करते हुए 183 मत प्राप्त किए। वहीं उनकी प्रतिद्वंद्वी श्रीमती अंगूरबाला पंकज डपकरा को 74 मत प्राप्त हुए। इसके अलावा 10 मत निरस्त हुए। इस प्रकार नीलिमा विशाल फरक्या ने 109 मतों के अंतर से विजय प्राप्त की।
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद पोरवाल समाज की महिला मंडल की मातृशक्तियों में उत्साह का माहौल रहा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती नीलिमा विशाल फरक्या ने सभी मतदाताओं एवं समाज की मातृशक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पोरवाल समाज की सभी माताओं और बहनों की जीत है।
उन्होंने कहा कि महिला मंडल के माध्यम से समाजहित में समय-समय पर रचनात्मक एवं जागरूकता से जुड़े कार्य किए जाएंगे। धार्मिक आयोजनों के साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
श्रीमती फरक्या ने कहा कि वे सभी को साथ लेकर चलेंगी तथा समाज की मातृशक्तियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगी। साथ ही समय-समय पर समाज की महिलाओं से संवाद एवं विचार-विमर्श कर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
उन्होंने चुनाव में मतदान करने वाली सभी माताओं-बहनों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सभी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना समर्थन दिया है, उस विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी।



