
वीरियाखेड़ी स्थित वृद्धाश्रम में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया
किशनगढ़ ताल
ठा शंभू सिंह तंवर
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, आत्मीयता और अपनत्व प्रकट करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ‘मेरा युवा भारत’ के जिला युवा अधिकारी (DYO) सौरभ श्रीवास्तव, वृद्धाश्रम के अधीक्षक कुलदीप सिंह चौहान, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के दुर्गाशंकर मोयल तथा ब्लॉक समन्वयक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य, कल्याण और समाज में उनके अमूल्य योगदान पर विचार व्यक्त किए। DYO सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की मजबूत नींव और अनुभवों की धरोहर हैं; उनसे निरंतर संवाद बनाए रखना और उनकी सेवा करना युवाओं का नैतिक कर्तव्य है। अधीक्षक कुलदीप सिंह चौहान और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के दुर्गाशंकर मोयल ने युवाओं की इस संवेदनशीलता और पहल की सराहना की।
इस अवसर पर आश्रम परिसर में अत्यंत आत्मीय और खुशनुमा माहौल देखने को मिला। युवाओं और आश्रम के वरिष्ठजनों के बीच अंताक्षरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पुराने सदाबहार गीतों के माध्यम से अपनी मधुर स्मृतियां ताजा कीं। अंताक्षरी के उपरांत सभी वरिष्ठजनों को फल एवं बिस्कुट वितरित किए गए तथा युवाओं ने चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक शिवम कौशल, हार्दिक अग्रवाल, वेदिका देराश्री, प्रिया जगताप सहित उपस्थित छात्र-छात्राओं की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही। अंत में सभी का आभार व्यक्त किया गया।



