कलाल समाज ने भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की जयंती मनाई, राहुल जायसवाल निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

समाजजनों एवं मातृशक्ति ने पूजा-अर्चना कर दी शुभकामनाएं, नवनियुक्त अध्यक्ष ने सभी को साथ लेकर चलने का लिया संकल्प
✍️पंकज बैरागी
सुवासरा। नगर में स्थानीय अस्पताल रोड स्थित शासकीय 52 क्वार्टर बंगले के ठीक सामने शीतला माता मंदिर परिसर एवं पंचमुखी हनुमान मंदिर में कलाल समाज द्वारा भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की जन्म जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर 16 अक्टूबर, शुक्रवार को कलाल समाज के समाजजनों एवं मातृशक्ति ने भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के चित्र पर माल्यार्पण कर विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की तथा भगवान से समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
वहीं कार्यक्रम के दौरान समाजजनों की एकजुटता के बीच कलाल समाज के अध्यक्ष पद पर श्री राहुल जायसवाल को निर्विरोध निर्वाचित किया गया। उनके अध्यक्ष निर्वाचित होने पर उपस्थित समाजजनों ने माला पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया तथा ढेरों शुभकामनाएं एवं बधाइयां दीं। इस अवसर पर समाजजनों ने अपेक्षा जताई कि राहुल जायसवाल के नेतृत्व में समाज में समय-समय पर धार्मिक, सामाजिक एवं रचनात्मक आयोजन होते रहेंगे तथा समाज की एकता और संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राहुल जायसवाल ने सभी समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर समाजहित में कार्य करेंगे। धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों को भी समय-समय पर आयोजित किया जाएगा। समाज के प्रत्येक सदस्य को साथ लेकर आपसी भाईचारे, एकता एवं सहयोग की भावना से कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
इस अवसर पर कलाल समाज के वरिष्ठ सदस्य सोहन जायसवाल, आदर्श जायसवाल, प्रकाश जायसवाल, जितेंद्र जायसवाल, अशोक जायसवाल, श्यामलाल जायसवाल, जगदीश चौधरी, दुर्गेश चौधरी, ईश्वर चौधरी, लालचंद जायसवाल, सुनील जायसवाल, विकास जायसवाल, पूर्व सैनिक विष्णु नारायण चौधरी, आदित्य जायसवाल, तने जायसवाल, बद्रीलाल, उज्ज्वल जायसवाल, अश्विन जायसवाल, अक्षत जायसवाल, तनिश जायसवाल सहित अनेक समाजजनों ने राहुल जायसवाल को अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में समाजजनों ने एकजुटता का परिचय देते हुए समाज के उज्ज्वल भविष्य एवं सामाजिक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



