नीमच

शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ का भव्य आयोजन: भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ का भव्य आयोजन: भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

नीमच -शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच में आज अमर क्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला सत्र न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री विघ्नेश नागौरी उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री अरविंद कुमार शर्मा ने की। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी श्री प्रवेश जैन, वरिष्ठ व्याख्याता श्री ललित कुमावत एवं वरिष्ठ व्याख्याता श्री पंकज मराठा विशेष रूप से मंचासीन रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती एवं भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

“जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान के प्रतीक थे भगवान बिरसा मुंडा”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला युवा अधिकारी श्री प्रवेश जैन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि युगदृष्टा, समाज सुधारक और पर्यावरण संरक्षण के अग्रदूत थे। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में विदेशी हुकूमत और सामंती शोषण के विरुद्ध ‘उलगुलान’ का नेतृत्व कर देश में क्रांति की अलख जगाई। श्री जैन ने उपस्थित विद्यार्थियों को बिरसा मुंडा के नैतिक मूल्यों, प्रकृति संरक्षण एवं आत्मनिर्भरता के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने हेतु प्रेरित किया।

संवैधानिक अधिकारों व इतिहास पर उद्बोधन

मुख्य अतिथि अधिवक्ता विघ्नेश नागौरी ने स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के अतुलनीय योगदान और छोटानागपुर कास्तकारी अधिनियम (CNT Act) के कानूनी व ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को संविधान के मूल्यों का पालन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक जड़ों और प्रकृति से जुड़ाव का संदेश

विद्यालय के प्राचार्य श्री अरविंद कुमार शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष हमें सिखाता है कि किस प्रकार सीमित संसाधनों के बावजूद समाज और राष्ट्र के स्वाभिमान की रक्षा की जाती है। वरिष्ठ व्याख्याता श्री ललित कुमावत एवं श्री पंकज मराठा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बिरसा मुंडा के जीवन दर्शन, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।

क्विज़ प्रतियोगिता, स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण

समारोह के दौरान “भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान” विषय पर त्वरित ज्ञान प्रश्नोत्तरी (क्विज़ प्रतियोगिता) आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने अत्यंत उत्साह से भाग लिया। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इसके उपरांत विद्यालय परिसर में स्वच्छता संकल्प एवं श्रमदान किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों व छात्रों द्वारा परिसर में फलदार व छायादार पौधे रोपे गए।

कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय परिवार के सहयोग से हुआ तथा अंत में राष्ट्रगान के साथ आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षक वर्ग, स्टाफ तथा विद्यालय के 110 छात्र उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}