समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 01 मई 2026 शुक्रवार

////////////////////////
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय जावरा का निरीक्षण किया
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 30, 2026

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने आज 30 अप्रैल को तहसील कार्यालय जावरा का निरीक्षण किया। तहसील न्यायालय के निरीक्षण के दौरान लंबित राजस्व प्रकरणों, नामांकन, बंटवारा,सीमांकन के प्रकरण देखे एवं समय सीमा में प्रकरणों के निराकरण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्रीमती रचना शर्मा,नायब तहसीलदार श्री वैभव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने जावरा के नगर परिषद हाल का निरीक्षण कर वहाँ लाइब्रेरी खोलने के लिए फर्नीचर, किताबें,विद्युत इत्यादि आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए ।
=========
गुलाब चक्कर में हुआ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 30, 2026,

गुलाब चक्कर सांस्कृतिक हृदय केंद्र स्थित नवरंग चिल्ड्रेन्स ग्रुप के तत्वावधान में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रकृति एवं जल संरक्षण की महत्ता को गीत, संगीत, नृत्य एवं नाट्य मंचन प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में 06 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का संचालन माधव शर्मा एवं ऋषिकेश शर्मा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर व्यंग्य नृत्य नाटिका “चार किस्से चौपाल के” का मनोरंजक मंचन बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसका निर्देशन सुश्री लता बख्शी एवं ऋषिकेश शर्मा ने किया। कार्यक्रम में बैकग्राउंड स्टेज सहयोग श्रीमती रश्मि शर्मा एवं विनीता जोशी द्वारा प्रदान किया गया। पारितोषिक वितरण सुश्री लता बख्शी एवं सीमा संजीव प्रभु द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में संगीत संकलन श्री नरेंद्र घावरी, इटारसी द्वारा किया गया। इस अवसर पर नगर योगगुरु पतंजलि योगपीठ युवा भारत जिला प्रभारी श्री विशाल कुमार वर्मा एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा पेड़-पौधों एवं जल संरक्षण संवर्धन हेतु सभी कलाकारों एवं दर्शकों को सामूहिक संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान पतंजलि संस्थान द्वारा सुश्री लता बख्शी एवं ऋषिकेश शर्मा को “प्रकृति योग सेवा सम्मान” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में श्री आशीष दशोत्तर, श्री ओमप्रकाश मिश्रा, श्री दुष्यंत व्यास, श्री संजय ओझा, श्रीमती विनीता ओझा, श्री विवेक शर्मा, श्रीमती मृदुला शर्मा, श्रीमती शीला ओझा, अभिषेक व्यास, श्रीमती हंसा व्यास, श्रीमती प्रज्ञा विजयवर्गीय, श्रीमती विमलेश वर्मा, श्रीमती संजय गोयल, श्रीमती आलोक शुक्ला सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
============
जनगणना-2027-जिले में 01 से 30 मई तक घर-घर जाकर किया जायेगा मकान सूचीकरण कार्य
जिले के नागरिक प्रगणक को सही जानकारी देकर जनगणना कार्य में अपनी भूमिका निभाये
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 30, 2026
जनगणना-2027 के तहत जिले में 01 से 30 मई तक मकान सूचीकरण कार्य किया जायेगा। इस बार की जनगणना की सबसे खास बात इसका पूरी तरह से डिजिटल होना है। मकान सूचीकरण का कार्य पेपर फॉर्म के बजाय मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा। प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए डेटा फीड करेंगे, जिससे जानकारी सटीक रहेगी और गणना कार्य में तेजी आएगी। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि जब प्रगणक आपके घर आएं, तो उन्हें सही और सटीक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें। सभी प्रगणकों के पास आधिकारिक पहचान पत्र होगा, जिसे नागरिक अपनी संतुष्टि के लिए देख सकते हैं।
क्या पूछा जावेगा
मकान सूचीकरण कार्य में शासन की ओर से अधिकारीगण आपके घरों पर उपस्थित हो कर कुछ सामान्य जानकारियां आपसे प्राप्त करेंगें। जैसे कि आपका भवन कैसा है, परिवार में कितने सदस्य हैं, परिवार के मुखिया का नाम, नल कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, शौचालय/बाथरूम, गैस कनेक्शन, रेडियो/टीवी, कैबल कनेक्शन, साईकिल/मोटर साईकिल/कार, खाया जाने वाला मुख्य अन्न, आपका मोबाईल नम्बर आदि जानकारी लेंगे।
क्या नहीं पूछा जावेगा
जिले में 01 से 30 मई तक किये जाने वाले मकान सूचीकरण कार्य में आधार कार्ड नम्बर, पैन कार्ड नम्बर, बैंक की जानकारी तथा किसी भी प्रकार का ओ.टी.पी. नहीं मांगा जायेगा। जानकारी देते समय अत्यधिक सावधानी बरते तथा आने वाले अधिकारी का पहचान पत्र जरूर चैक कर लेवे।
===========
सैलाना में ब्लॉक स्तरीय उपार्जन समिति की बैठक संपन्न
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 30, 2026,

रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जिले में उपार्जन केन्द्रो पर समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन किया जा रहा है । आज एसडीएम सैलाना श्री तरूण जैन द्वारा उपार्जन कार्य की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु ब्लॉक स्तरीय उपार्जन समिति की बैठक सैलाना में आयोजित की गई।
बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक खरीदी केंद्र पर न्यूनतम 06 कांटे संचालित रहें तथा 02 अतिरिक्त कांटे उपलब्ध रखे जाएं। हम्माल (मजदूर) की कमी को दृष्टिगत रखते हुए मैनपावर रिव्यू कर मंडी एवं अन्य स्रोतों से अतिरिक्त श्रमिकों की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करें । सभी केंद्रों पर छाया, पेयजल, मेडिकल किट, ओआरएस मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखे ।
बैठक में केंद्र के नोडल अधिकारी एवं प्रभारी की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाये तथा सभी अधिकारी/कर्मचारी को आईडी कार्ड धारण करने के निर्देश दिए । सभी केंद्रों पर बारदाना की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करे तथा केंद्रों के बाहर खड़ी वाहनों के लिए नंबर सिस्टम लागू करते हुए सुरक्षा के समुचित इंतजाम किये जाये।
बैठक में एसडीएम ने भुगतान संबंधी व्यवस्थाओं के अंतर्गत एसी नोट एवं ईपीओ समय पर जारी करने तथा फेल्ड ट्रांजैक्शन का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। चना एवं मसूर के लंबित अपग्रेड प्रकरणों को प्राथमिकता से क्लियर करने तथा खरीदी स्लॉट का समुचित प्रबंधन करते हुए किसी भी प्रकार की पेंडेंसी नहीं रखने तथा प्रभारी एवं ऑपरेटर द्वारा रात्रि में बैकलॉग क्लियर करने के निर्देश दिए। आरईओ की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए सीसीबी के माध्यम से नवीन सदस्यता अभियान निरंतर संचालित रखने तथा मंडी सचिव एवं भारसाधक द्वारा मंडी प्रांगण की समस्त व्यवस्थाएं दुरुस्त रखते हुए चना एवं मसूर उपार्जन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
=========
विश्व रेडक्रॉस दिवस सप्ताह 02 से 08 मई तक मनाया जाएगा
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 30, 2026,
अपर कलेक्टर डॉ शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर जिले में 02 मई से 08 मई तक रेडक्रॉस सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष की थीम “यूनाइटेड इन ह्यूमैनिटी” अर्थात मानवता मे एकजुटता/मानवता के लिए संगठित रहने पर आधारित है। जिले की रेडक्रॉस शाखाओं द्वारा स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता कार्यक्रम, नशा मुक्ति रैली, सीपीआर प्रशिक्षण तथा जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराने जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
===========
एसडीएम आलोट द्वारा उपार्जन हेतु ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 30, 2026,

रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जिले में उपार्जन केन्द्रो पर समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन किया जा रहा है । आज एसडीएम आलोट श्रीमती रचना शर्मा द्वारा उपार्जन कार्य की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु ब्लॉक स्तरीय उपार्जन समिति की बैठक आलोट में आयोजित की गई।
बैठक में तौल कांटों के सत्यापन, ऑनलाइन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिएं। शासन के निर्देशानुसार सभी केंद्रों पर छाया, पेयजल, मेडिकल किट, ओआरएस मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने तथा मंडी सचिव एवं मुकद्दम को खरीदी केंद्रों पर हम्मालों/तौलकाटे की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उपार्जन कार्य समय पर पूर्ण हो सके।
=======
कलेक्टर ने अनुविभाग जावरा के एस एस वेयरहाउस रोजाना का आकस्मिक निरीक्षण किया
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 30, 2026

रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार जिले में उपार्जन केन्द्रो पर समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन किया जा रहा है । कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा सतत उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है । आज कलेक्टर द्वारा एस एस वेयरहाउस रोजाना अनुविभाग जावरा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तौल कांटों का सत्यापन करवाया तथा कंप्यूटर के माध्यम से संचालित ऑनलाइन प्रक्रिया को देखा। मॉइश्चर मशीन से गेहूं की नमी की जांच समक्ष मे करवाई। टैगिंग व्यवस्था देखी टैगिंग कार्य निर्देशानुसार नहीं किये जाने पर केन्द्र प्रभारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए । कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने किसानों से संवाद कर उपार्जन प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं एवं केंद्रों पर की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की एवं उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए । तौल का सत्यापन करने के लिए गेहूं की बोरियों का वजन समक्ष मे करवा कर सत्यापन करवाया। गर्मी की स्थिति को देखते हुए खरीदी केन्द्र पर ठण्डा पेयजल, ओ आर एस के पैकेट, छाया की इत्यादि की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए । किसानों की संख्या को देखते हुए तुलाई कार्य के लिए तौल काटो एवं हम्मालो की संख्या बढ़ाने के लिए निर्देशित किया । निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आनंद गोले , एसडीएम श्रीमती रचना शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे ।
========
संबल योजना के तहत मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने किया सिंगल क्लिक के माध्यम से हितलाभ वितरित
रतलाम जिले के 674 हितग्राहियों को मिली 14.39 करोड़ रुपए की सहायता
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 30, 2026,

सहायक श्रम पदाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा आज 30 अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास समत्व, भोपाल से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के संबल योजना के हितग्राहियों को सिंगल क्लिक के माध्यम से हितलाभ वितरित किए गए। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश के कुल 27,167 हितग्राहियों के खातों में 600 करोड़ रूपए की अनुग्रह सहायता राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से सीधे हितग्राहियों के बैंक खाते में अंतरित की गई।
रतलाम जिले में कुल 674 हितग्राहियों को 14.39 करोड़ रुपए की राशि का लाभ प्राप्त हुआ है। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन एनआईसी कक्ष रतलाम में हितग्राहियों की उपस्थिति में किया गया।
===========
एसडीएम आर्ची हरित ने किया मां उमिया वेयर हाउस का निरीक्षण
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 30, 2026,

रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जिले में उपार्जन केन्द्रो पर समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन किया जा रहा है । आज एसडीएम रतलाम शहर आर्ची हरित द्वारा मां उमिया वेयर हाउस का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उपार्जन केंद्र पर एफएक्यू गुणवत्ता का गेहूं खरीदा जाना पाया गया । केंद्र पर पेयजल एवं छाया की पर्याप्त व्यवस्था पाई गई तथा समस्त स्टाफ उपस्थित था। वर्तमान में 4 तौल मशीनों के माध्यम से कार्य किया जा रहा है, जिन्हें बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही 21 हम्माल कार्यरत पाए गए। जिनकी संख्या बढ़ाने हेतु मंडी सचिव से समन्वय किया गया है।
केन्द्र पर 60 ट्रॉलियां खड़ी थीं, जिन्हें शीघ्र तुलाई कराने के लिए तौल कांटों एवं हम्मालो की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
================
एसडीएम सैलाना ने किया उपार्जन केंद्र सरवन का आकस्मिक निरीक्षण
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 30, 2026,

रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जिले में उपार्जन केन्द्रो पर समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन किया जा रहा है । आज एसडीएम सैलाना श्री तरुण जैन द्वारा उपार्जन केंद्र सरवन का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान केंद्र पर कुल 153 स्लॉट बुक किए गए थे, जिनमें से 93 किसानों से खरीदी की जाना पाया गया । केंद्र पर एफएक्यू गुणवत्ता का गेहूं खरीदा जा रहा है। कुल खरीदी मात्रा 4200 क्विंटल दर्ज की गई है।
एसडीएम द्वारा बोरों का वजन समक्ष में तुलवाकर सत्यापन किया गया। केंद्र पर पेयजल एवं छाया की व्यवस्था उपलब्ध है। निरीक्षण के दौरान 3 तौल कांटे संचालित अवस्था में मिले तथा 21 हम्माल कार्यरत पाए गए। सिंगल यूज बोरों की संख्या 1600 पाई गई। एसडीएम ने केंद्रों पर अतिरिक्त हम्माल एवं तौल कांटे लगाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
===========
जनगणना 2027 के मकान सूचीकरण कार्य अवधि में अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर रहेगा प्रतिबंध
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 30, 2026,
भारत सरकार, गृह मंत्रालय के जनगणना कार्य निदेशालय के आदेश के परिपालन में भारत की जनगणना 2027 अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना संबंधी कार्य 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक जिले में किया जाएगा। राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को निर्धारित अवधि में अनिवार्य रूप से संपादित किया जाना सुनिश्चित किया जाना है।
कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती मिशा सिंह द्वारा जारी आदेशानुसार मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य की महत्ता को दृष्टिगत रखते हुए उक्त कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों के 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक सभी प्रकार के अवकाश प्रतिबंधित रहेंगे।
========
ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 30, 2026,
कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में ग्रीष्म ऋतु में पेयजल व्यवस्था के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में एसडीएम आर्ची हरित, एसडीएम श्री विवेक सोनकर, सभी सी एम ओ नगरीय निकाय , ईई पीएचई श्री एस.आर. जागडे सहित संबंधित अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्रीष्मकाल के दौरान किसी भी गांव / बसाहट /नगरीय क्षेत्र मे पेयजल की कोई भी समस्या ना आयें ।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिन गांवों/नगरीय क्षेत्र में पेयजल परिवहन की आवश्यकता हो , वहां टैंकर से परिवहन कर पेयजल की व्यवस्था की जाएं।
पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु ब्लॉक / नगरीय निकाय /जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम पर प्राप्त होने वाली शिकायत का त्वरित निराकरण किया जाये ।
============
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर (आरोह 2026) 5 मई से प्रारंभ
तैयारियों को लेकर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 30, 2026,

खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष अनुसार इस वर्ष भी ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर (आरोह 2026) का आयोजन 5 मई से 5 जून तक किया जाएगा । आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ,रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी रुचि शर्मा, खेल संघ के पदाधिकारी एवं विभागीय प्रशिक्षक उपस्थित थे । जिला खेल अधिकारी रुचि शर्मा द्वारा बताया कि ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर (आरोह 2026) अन्तर्गत जिला मुख्यालय पर 04 खेल और विकासखण्ड स्तर पर 02 खेल गतिविधि का आयोजन किया जाएगा जिसका रजिस्ट्रेशन मेरा युवा एम पी लिंक https://dsywmp.gov.in/Notification/EN_Login_Reg पर करना अनिवार्य होगा । बेठक में सामाजिक जागरूकता, फिट इंडिया मूवमेंट, सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम, व्यक्तित्व विकास, साइबर सुरक्षा तथा नशा मुक्ति जैसे विषयों पर जानकारी दी गई ।
=============



