समाचार मध्यप्रदेश नीमच 15 अप्रैल 2026 बुधवार

////////////////////////////////
बाबा साहेब ने अपना जीवन, पढ़ाई, ज्ञान प्राप्ति, समानता, भाईचारे और मानवता के लिए समर्पित किया है-श्री सखलेचा
नीमच में अम्बेडकर जयंती के जिला स्तरीय समारोह में 8 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित
नीमच 14 अप्रेल 2026, भारत रत्न बाबा साहब डॉ.भीमराव अम्बेडकर ने अपना सम्पूर्ण जीवन, पढ़ाई, ज्ञान प्राप्ति, समानता, भाईचारे और मानवता के लिए समर्पित किया है। डॉ.अम्बेडकर का प्रकाशवान जीवन दर्शाता है, कि वे विद्वान और कर्मशील व्यक्तित्व के धनी थे। डॉ.अम्बेडकर के विचार और कार्य हमारे समाज में आर्थिक एवं सामाजिक समस्याओं का समाधान करने में हमारा मार्गदर्शन कर सकते है। उक्त विचार पूर्व मंत्री एवं जावद क्षेत्र के विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने डॉ.भीमराव अम्बेडकर जयंती पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय डॉ.अम्बेडकर जयंती समारोह सह हितलाभ वितरण सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। इस मौके पर नीमच विधायक श्री दिलीप सिह परिहार, श्री वंदना खण्डेलवाल, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव भी विशेष रूप से मंचासीन थे।
विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा, कि नीमच में डॉ.अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित है। सिंगोली में भी उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है और रतनगढ में भी डॉ.अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होने कहा, कि प्रदेश सरकार प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने का हर संभव प्रयास कर रही है।
विधायक श्री दिलीप सिह परिहार ने अपने उदबोधन में कहा कि डॉ.भीमराम अम्बेकर ने अर्थशास्त्र राजनीति, कानून दर्शन, समाजशास्त्र का अच्छा ज्ञान प्राप्त किया। म.प्र.की धरती महू से निकल कर उन्होने विदेशो में पढ़ाई की और अपना जीवन समाज की भलाई के कार्य में लगाया। डॉ.अम्बेडकर द्वारा रचित संविधान से ही हमे मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य मिले है।
विधायक श्री परिहार ने कहा, कि नीमच में 5 करोड़ की लागत से नवीन छात्रावास मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा स्वीकृत किया गया है। उन्होने कहा, कि अ.जा.वर्ग के विद्यार्थियों, युवाओं के लिए सरकार ने अनेको योजनाए संचालित की है। सबका साथ, सबका विश्वास, सबका प्रयास और सबका विकास के मूलमंत्र के आधार पर सरकार सभी वर्गो के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
इस अवसर पर विधायक श्री सखलेचा, श्री परिहार एवं अतिथियों ने डॉ.भीमराव अम्बेडकर स्वरोजगार योजना, श्री बिरसामुण्डा स्वरोजगार योजना, डॉ.भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत 8 हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित कर लाभांवित किया। समारोह में सांदिपनी विद्यालय नीमच के छात्र-छात्राओं ने डॉ.भीमराव अम्बेडकर के बाल जीवन पर आधारित नृत्य, नाटिका, प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा। महाविद्यालयीन छात्रावास नीमच की छात्राओं ने भी प्रसतुति दी। सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए भी दलों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गये। कार्यक्रम का संचालन श्री अरूण सोलंकी ने किया तथा अंत में जिला संयोजक श्री राकेश राठौर ने आभार माना।
इस मौके पर श्री रवि गोयल, श्री रतनलाल मालावत, श्री हेमन्त हरित एवं जनप्रतिनिध, एडीएम श्री बी.एस.कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण व स्कूली छात्र-छात्राए उपस्थित थे।
===============
वन विभाग ने जन-सहयोग से जलेश्वर महादेव क्षेत्र में जल संरचनाओ की साफ-सफाई
गर्मी में वन्यजीवों और ग्रामीणों को मिलेगी राहत
नीमच 14 अप्रैल 2026, प्रदेश सरकार द्वारा जल संरचनाओं के संरक्षण, संवर्धन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 19 मार्च 2026 से 30 जून 2026 तक ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ चलाया जा रहा है । इसी क्रम में वन्यजीवों और आम जनों को पेयजल संकट से बचाने के लिए नीमच वन विभाग द्वारा वन परिक्षेत्र नीमच की बीट जीरन द्वितीय के जलेश्वर महादेव क्षेत्र में स्थानीय जन-सहयोग और ग्राम वन समितियों की सक्रिय भागीदारी से प्राकृतिक एवं मानव निर्मित जल संरचनाओं की सफाई व मरम्मत का कार्य किया गया।
इस अभियान के तहत ग्राम वन समिति हरवार और पिपलिया जागीर के सदस्यों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग के अमले के साथ मिलकर श्रमदान किया। इस दौरान वन क्षेत्र में स्थित विभिन्न प्राकृतिक जल स्रोतों, तालाब, तलाई, स्टॉप डैम और डबरा-डबरी में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई तथा सामान्य मरम्मत का कार्य किया गया।
वनमंडला अधिकारी श्री एस.के. अटोदे ने बताया, कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रीष्म ऋतु में बढ़ते तापमान और पानी की कमी को देखते हुए, न सिर्फ वन्य प्राणियों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था करना है, बल्कि आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों और ग्राम वन समिति सदस्यों के लिए भी पानी की सुलभता सुनिश्चित करना है। जल स्रोतों के सफाई व मरम्मत से वर्षा जल का बेहतर संचयन हो सकेगा, जिससे पूरे इलाके का भू-जल स्तर भी सुधरेगा और वन्यजीवों को पानी की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा।
इस संपूर्ण कार्यवाही के दौरान डीएफओ, नीमच श्री एस.के.अटोदे, रेंजर श्री विशाल खेडकर, जनप्रतिनिधि श्री मोहन सिंह जाट व श्री पर्वतसिंह जाट बीट प्रभारी श्री गजेंद्र सिंह पाँवर, वनरक्षक श्री ईश्वर सिंह चौहान, ग्राम वन समिति हरवार और पिपलिया जागीर के सदस्यो तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उपस्थित होकर श्रमदान किया ।
===============
जल गंगा संवर्धन अभियान में नीमच जिले में सरोवरों का कार्य पूर्ण
नीमच 14 अप्रैल 2026, जल गंगा संवर्धन अभियान तहत प्रगतिरत अमृत सरोवर के कार्यों को पूर्ण कराया जा रहा है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव द्वारा प्रति दिन जिले में प्रगतिरत 18 अमृत सरोवर के कार्यों की समीक्षा की जा रही है। इन 18 कार्यों में से 17 कार्य मनरेगा अंतर्गत प्रचलित है।
कलेक्टर श्री चंद्रा के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान के प्रारंभ तिथि से आज तक 4 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इन सभी तालाबों की न्यूनतम जल भराव क्षमता 12000 -12000 घन मीटर से अधिक है। इन कार्यों से जैव विविधता, पशु-पक्षी, मवेशियों के लिए जल उपलब्धता के साथ-साथ प्रारंभिक वर्षों में भूजल रिचार्ज का उद्देश्य भी सफल होगा एवं आगामी समय में यह सरोवर आजीविका में मत्स्य पालन एवं सिंघाड़ा उत्पादन में भी सहयोगी सिद्ध हो सकेंगे। यह कार्य ग्राम पंचायत बारवाडिया जनपद मनासा के अमृत सरोवर का है। इसकी लागत राशि 24 लाख एवं जल भराव क्षमता 18000 घन मीटर है। यह जानकारी जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी श्री सुशील दौराया ने दी है।
=============


