मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 19 फरवरी 2026 गुरुवार

/////////////////////////////////

 

भारत में दिखा रमज़ान का चांद, कल रखा जाएगा पहला रोज़ा, इमारत-ए-शरिया ने की पुष्टि

=========

होटल बुकिंग व फ्लाइट बुकिंग के नाम पर की धोखाधड़ी, प्रकरण दर्ज

मंदसौर:-शहर कोतवाली थाना पुलिस ने होटल बुकिंग व फ्लाइट बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने पर दो लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।

जानकारी अनुसार मंदसौर के बोहरा बाखल निवासी मुस्तफा हुसैनी ने बताया कि उन्होंने नेहरू बस स्टैंड स्थित यूनिक इंटर प्राइसेस टूर एवं ट्रेवल्स एजेंसी से होटल व फ्लाइट बुकिंग कराई थी, बाद में पता चला कि ना तो होटल बुकिंग हुई ओर ना ही फ्लाइट बुकिंग हुई। मामले में कोतवाली पुलिस ने रतलाम निवासी तनिश छाजेड़ व वैभव सुराना के विरुद्ध धोखा धडी का प्रकरण दर्ज किया है।

========

सोशल मीडिया पर चल रही खबर

सीतामऊ थाना क्षेत्र के सूरजनी में बाहरी पुलिस के दबिश तस्कर छुपा पेटी में दम घुटने से मौत की सूचना ऐसी खबर आ रही है कृपया अपने स्तर से चेक करें

 सीतामऊ थाना क्षेत्र के सुरजनी में बड़ी घटना घटित हुई सूत्रों के अनुसार भय्यू लाला का इनकाउंटर कि खबरें सोशल मीडिया पर चल रही है।

==========

पिपलियामंडी में फिर बिगड़ी यातायात व्यवस्था, टोकन सिस्टम भी रहा बेअसर

पिपलियामंडी नगर में कृषि उपज मंडी द्वारा पुलिस प्रशासन के सहयोग से यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए टोकन प्रणाली लागू की गई। मंडी परिसर के बाहर वाहनों की लंबी कतार लगवाकर ट्रैफिक को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ ही समय बाद स्थिति फिर से बेकाबू हो गई और मुख्य मार्ग पर जाम लग गया।

जाम के कारण कई यात्री बसें और विद्यालयों के छात्रों से भरी बसें लंबे समय तक फंसी रहीं। इससे स्कूली बच्चों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं मुख्य मार्ग पर स्थित दुकानदारों को भी व्यापार में बाधा झेलनी पड़ी। ग्राहकों के दुकान तक नहीं पहुंच पाने से आर्थिक नुकसान की स्थिति बन गई।

राहगीरों को भी जाम के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। संकरी सड़कों और अव्यवस्थित पार्किंग के चलते हालात और बिगड़ते नजर आए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मंडी में सीजन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली और मालवाहक वाहन पहुंचते हैं, जिससे ट्रैफिक दबाव बढ़ जाता है।

गनीमत रही कि जाम के दौरान कोई एम्बुलेंस फंसी नहीं, अन्यथा मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती थी। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि नगरवासियों को बार-बार जाम की परेशानी से राहत मिल सके।

============

जनगणना अधिकारियों का द्वितीय दिवस का प्रशिक्षण संपन्न

19 एवं 20 फरवरी को नगरीय निकाय के जनगणना अधिकारियों का होगा प्रशिक्षण

मंदसौर 18 फरवरी 26/ मंदसौर जिले में भारत की जनगणना 2027 के सफल संचालन एवं पर्यवेक्षण हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण का प्रथम दिवस संपन्न हुआ। आगामी जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई 2026 से 30 मई 2026 की अवधि में किया जाएगा। जनगणना 2027 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नगरीय एवं ग्रामीण स्तर पर चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इन्हें जिला स्तर पर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दूसरे दिवस में अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जनगणना लिपिक, तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे।

जनगणना के नोडल अधिकारी श्री अभिषेक सिंह ठाकुर एवं श्री अशोक चौबे द्वारा प्रशिक्षण प्रदान करते हुए बताया गया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना तथा द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान निर्देश दिए गए कि घर-घर नंबरिंग का कार्य सुव्यवस्थित एवं स्पष्ट रूप से किया जाए। जितनी सटीक नंबरिंग होगी, गणना कार्य उतना ही व्यवस्थित रहेगा। प्रगणकों को गांव आवंटित किए जाएंगे, जहां वे घरों की नंबरिंग करेंगे। प्रगणकों को नक्शों का अध्ययन करने तथा तहसील स्तर के नक्शों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए, जिससे कार्य में सुविधा एवं शुद्धता बनी रहे। प्रत्येक गांव में गणना ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा।

यह भी बताया गया कि मकान गणना एवं परिवार गणना अलग-अलग की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी पहले कागज पर संकलित करें, तत्पश्चात पोर्टल पर प्रविष्टि करे, जिससे त्रुटियों की संभावना कम होगी। प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी समस्याओं एवं उनके समाधान के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।

आगामी 19 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक प्रातः 10:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक कलेक्टर कार्यालय सभागार में नगरीय निकाय के जनगणना अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

==============

राज्यसभा की 37 सीटों के लिए 16 मार्च को होगा चुनाव

चुनाव आयोग ने जारी किया शेड्यूल। यह चुनाव उन सीटों को भरने के लिए हो रहा है जो अप्रैल 2026 में खाली होने वाली है।

राज्यवार सीटों का विवरण: -राज्य – सीटें -महाराष्ट्र – 7 तमिलनाडु – 6 पश्चिम बंगाल – 5 बिहार – 5 ओडिशा – 4 असम – 3 तेलंगाना – 2 छत्तीसगढ़ – 2 हरियाणा – 2 हिमाचल प्रदेश – 1  -कुल – 37

=========

संरक्षित वन्यजीवों के अंगों की तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार, 28 फरवरी तक न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए

मंदसौर 18 फरवरी 26 / वन संरक्षक, उज्जैन वन वृत्त तथा वनमण्डलाधिकारी, मंदसौर के मार्गदर्शन एवं उप वनमंडलाधिकारी, गरोठ तथा वन परिक्षेत्राधिकारी, मंदसौर के निर्देशन में वनमंडल मंदसौर अंतर्गत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 3832/14 में वन विभाग द्वारा वन्यजीव तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

बीट बरदल क्षेत्र में रेवास देवड़ा धुंधलेश्वर महादेव शिवरात्रि मेले के दौरान वन विभाग की टीम ने दबिश देकर संरक्षित प्रजाति के वन्यजीवों के अवशेष बरामद किए। जब्ती में मॉनिटर लिजार्ड (गोह) के अंग (हत्थाजोड़ी नग 10), हेजहॉग (सेही प्रजाति) तथा अन्य वन्यजीवों के अवशेष एवं अंग शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान उक्त अवैध कृत्य में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जप्त की गई हैं।

संबंधित प्रजातियां वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के अंतर्गत संरक्षित श्रेणी में आती हैं। इनके अवैध शिकार एवं तस्करी पर 3 से 7 वर्ष तक का कारावास तथा न्यूनतम ₹25,000 के दंड का प्रावधान है।

गिरफ्तार आरोपी: सरमन पिता अमरसिंह पारदी, उम्र 57 वर्ष, निवासी अरनिया निजामुद्दीन, जिला मंदसौर (म.प्र.), जुगतारसिंह पिता केमसिंह पारदी, उम्र 39 वर्ष, निवासी डिगांव खुर्द (हाल मुकाम अरनिया निजामुद्दीन), जिला मंदसौर (म.प्र.)।

दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां माननीय न्यायिक दंडाधिकारी महोदय, प्रथम श्रेणी न्यायालय मंदसौर द्वारा उन्हें दिनांक 28 फरवरी 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। प्रकरण में विवेचना जारी है।

उक्त कार्रवाई में श्री सोनू नागदा (स्टेनो), श्री पुष्कर मालवीय (कार्यवाहक उप वनक्षेत्रपाल),श्री नरेंद्र मालवीय (वनरक्षक), श्री जितेंद्रसिंह पंवार (वनरक्षक) एवं श्री मयूरराज सिंह चौहान (वनरक्षक), श्रीमती किरणसिंह राठौड़ (वनरक्षक) का सराहनीय योगदान रहा

रक्त के सुरक्षित उपयोग पर चिकित्सकों का प्रशिक्षण सम्पन्न

मंदसौर 18 फरवरी 26 / मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी डॉ. जी.एस. चौहान द्वारा बताया गया कि जिला चिकित्सालय मंदसौर के रक्त केन्द्र द्वारा चिकित्सकों हेतु “रक्त एवं रक्त अवयवों के युक्तिसंगत उपयोग” विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों में रक्त के सुरक्षित, आवश्यक एवं वैज्ञानिक उपयोग को बढ़ावा देना तथा अनावश्यक रक्ताधान को रोकना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश राज्य एड्स कंट्रोल सोसायटी की सहायक संचालक श्रीमती मोनल सिंह जाट एवं श्री लक्ष्मीनारायण पांडे, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय रतलाम के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रीतेश गुर्जर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय मंदसौर की अधिष्ठाता डॉ. शशी गांधी, सिविल सर्जन डॉ. बी. एल. रावत, IMA मंदसौर के अध्यक्ष डॉ. सुरेश पमनानी एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. कमला जैन उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के दौरान मुख्य वक्ता डॉ. रीतेश गुर्जर द्वारा बताया गया कि रक्त एक बहुमूल्य एवं सीमित संसाधन है, इसलिए इसका उपयोग केवल स्पष्ट चिकित्सीय आवश्यकता होने पर ही किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण रक्त की बजाय आवश्यकतानुसार रक्त अवयव (जैसे पैक्ड आरबीसी, प्लेटलेट्स एवं प्लाज़्मा) देने से मरीज को बेहतर लाभ मिलता है तथा अनावश्यक जटिलताओं का खतरा कम होता है। उन्होंने राष्ट्रीय दिशा-निर्देशों के पालन, उचित संकेतों, रक्ताधान पूर्व जाँच तथा मरीज की क्लिनिकल स्थिति के अनुसार ही रक्ताधान करने पर विशेष जोर दिया, जिससे मरीज की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और रक्त अधिक जरूरतमंद मरीजों तक पहुंच सके।

कार्यक्रम में डॉ. सुरेश जैन, डॉ. एस. एस. वर्मा, डॉ. के. सी. श्रीमाल, डॉ. अनिल पामेचा, डॉ. सुनीलकांत गुलेरी, डॉ. कार्तिक सांवले, डॉ. हर्षुल पाटीदार, डॉ. रिंकू भगोरा, डॉ. वैभव जैन, डॉ. दीपक आसवानी, डॉ. दिव्यांशी गौर, डॉ. दीपक मकवाना, डॉ. सोमित्र सेठिया, डॉ. श्रुति सेठिया, डॉ. संजय रावत, डॉ. राकेश दरबार एवं डॉ. अभिनव पारीख, डॉ. लवी उकावत सहित जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज एवं निजी अस्पतालों के अनेक चिकित्सकों ने सहभागिता की।

प्रशिक्षण में रक्त के सुरक्षित एवं आवश्यक उपयोग, विभिन्न रक्त अवयवों के उचित उपयोग, राष्ट्रीय रक्त नीति के पालन तथा मरीज सुरक्षा से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. हिमांशु यजुर्वेदी द्वारा किया गया।

अंत में आभार डॉ. सौरभ मंडवारिया, पैथोलॉजिस्ट, जिला चिकित्सालय मंदसौर द्वारा व्यक्त किया गया। इस प्रशिक्षण से चिकित्सकों को रक्त के वैज्ञानिक एवं जिम्मेदार उपयोग की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई, जिससे भविष्य में मरीजों को अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।

============

आम आदमी पार्टी के मीडिया झोन कोर्डिनेटर पद पर दोसावत की नियुक्ति

मंदसौर- आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश संगठन इकाई द्वारा पार्टी की विचारधारा एवं गतिविधियों को आम आदमी तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में नई नियुक्तियां जारी करी है, इसमें इलेक्ट्रॉनिक एंड प्रिंट मीडिया विंग (रतलाम, मंदसौर, नीमच) रतलाम झोन कोर्डिनेटर पद पर प्रकाश दोसावत को नियुक्त किया है, उल्लेखनीय है कि श्री दोसावत मीडिया प्रभारी मंदसौर पद पर हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व, कार्यकर्ता साथियों एवं मित्रजनों ने शुभकामनाएं प्रेषित कर बधाई दी है।

=========

सेमलिया हीरा में टीबी स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन

मन्दसौर। टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत जिला क्षय अधिकारी डॉ आर के द्विवेदी के मार्गदर्शन में आज बुधवार को ग्राम सेमलिया हीरा में टीबी स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया।
कैंप का शुभारंभ ग्राम पंचायत सेमलिया हीरा के सरपंच श्री रामनिवास सोलंकी द्वारा किया गया। कैंप में ए आई बेस्ड डिजिटल एक्सरे मशीन द्वारा जोखिम समूह वाले के चेस्ट एक्सरे किए गए।
सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर विजय कुमार नागौरे द्वारा उपस्थित जनसमूह को टीबी के प्रति सकारात्मकता व जागरूकता अपनाने की अपील की गई एवं टीबी शपथ दिलवाई गई। एक्सरे टेक्नीशियन विवेक तुगनावत द्वारा एक्सरे किए गए।
कैंप में क्षेत्र के पटवारी, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, आयुष चिकित्सक, सी एच ओ, ए एन एम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता,आशा कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।

==========

उमंग स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत माध्यमिक स्कूल के शिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

मंदसौर 18 फरवरी 26 / राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निर्देश एवं जिला प्रशासन के निर्देश में किशोर किशोरी के बेहतर स्वास्थ्य हेतु दिया गया उमंग प्रशिक्षण शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से गैर सरकारी संस्थान आसरा लोक कल्याण समिति देवास द्वारा उमंग स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 6 से 8 तक के माध्यमिक स्कूल के शिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण होटल महक पैलेस में कुल आठ बैच में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी एस चौहान, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री नितेश गर्ग एवं शिक्षा विभाग से डायट प्राचार्य डॉ. दिलीप सिंह राठौड़ एवं श्री आरडी जोशी प्रशिक्षण प्रभारी डाइट द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को सर्टिफिकेट वितरण किए गए।

इस अवसर पर जिला किशोर समन्वयक श्री सुरेश चंद्र मुवेल एवं आसरा लोक कल्याण समिति के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री सुनील चंद्रावत उपस्थित रहे एवं राज्य स्तर से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों द्वारा 306 शिक्षकों को को प्रशिक्षित किया गया उमंग स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूल स्तर पर कक्षाओं में उमंग सेशन आयोजित किए जाएंगे इसमें बच्चों को स्वास्थ्य विषयक गतिविधि के माध्यम से बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव रखी जाएगी किशोर किशोरी 10 से 19 वर्ष के बच्चे बच्चियों में इस अवस्था में शारीरिक बदलाव और परिवर्तन होते हैं व सामाजिक एवं मानसिक बदलाव होते है। ऐसी दशा में किशोर में निर्णय लेने की कौशल सहित जीवन के 10 अहम जीवन कौशल को लेकर शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया। इसमें राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत की जा रही गतिविधियों के बारे में शिक्षकों को बताया गया एवं राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत समस्त प्रकार की गतिविधियों के बारे प्रशिक्षण दिया गया जिससे कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए भविष्य की नींव रखी जाएगी l

=========

सेंट्रल ग्रिड से मध्यप्रदेश के हिस्से की बिजली मिलना एवं सौर ऊर्जा निकासी हुई सुलभ-

एमपी ट्रांसको ने मंदसौर में 500 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफॉर्मर किया ऊर्जीकृतः ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर

मंदसौर 18 फरवरी 26/ ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने मंदसौर 400 केवी सबस्टेशन में 400/220 के वी वोल्टेज लेवल के 500 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त पावर ट्रांसफॉर्मर को स्थापित कर सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर दिया है। यह उपलब्धि मालवा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि यह प्रोजेक्ट एमपी ट्रांसको की कार्यकुशलता और उपभोक्ता हित में प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि

मंदसौर-नीमच क्षेत्र देश के प्रमुख सौर ऊर्जा क्षेत्र के रूप में उभर चुका है। इससे न केवल क्षेत्र की ऊर्जा मांगों को भरोसेमंद समर्थन मिलेगा बल्कि आने वाले वर्षों में मालवा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था और अधिक मजबूत व विश्वसनीय बनेगी।

चंबल पंपिंग परियोजनाओं को भी मिलेगी मदद

मंदसौर में यह 400 केवी का तीसरा पावर ट्रांसफॉर्मर है। इससे पहले यहां 315 एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफॉर्मर स्थापित थे, लेकिन क्षेत्र मे सेंट्रल ग्रिड से मध्यप्रदेश के हिस्से का पावर और सौर ऊर्जा उत्पादन में तेजी के साथ चंबल पंपिंग परियोजनाओं की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए अधिक क्षमता वाले पावर ट्रांसफॉर्मर की आवश्यकता थी। नया 500 एमवीए पावर ट्रांसफॉर्मर इन सभी आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा मे एक कदम है।

-इन क्षेत्रों को मिलेगा फायदा-

एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता श्री राजीव अग्रवाल ने जानकारी दी कि इस परियोजना के पूरा होने से गुर्जरखेड़ी, सुवासरा, निपानिया, रतनगढ़, दलोदा और नीमच के 220 केवी सबस्टेशनों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उच्च क्षमता वाला यह पावर ट्रांसफार्मर सोलर पावर की बड़े पैमाने पर निकासी को और सुलभ बनाएगा।साथ ही

चंबल सिंचाई परियोजना के पंपिंग सब.स्टेशनों को भी इससे बिजली उपलब्ध होगी। पावरग्रिड के नीमच सबस्टेशन से अब मध्य प्रदेश को उसके हिस्से की पूरी बिजली नियमित रूप से मिलने के अलावा क्षेत्र में पावर ग्रिड द्वारा निर्माणाधीन 765 केवी सबस्टेशन से भविष्य में प्रदेश को अपने हिस्से की बिजली और अधिक सहजता से उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।

एमपी ट्रांसको की ट्रांसफारमेशन कैपेसिटी हुई 84000 के पार:

मंदसौर में इस 500 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से मध्य प्रदेश राज्य की ट्रांसपोर्टेशन कैपेसिटी (पारेषण क्षमता) बढ़कर अब 88736 एम वी ए की हो गई है जिसमें एमपी ट्रांसको का हिस्सा 84023 एम वी ए का है मध्य प्रदेश राज्य द्वारा प्रदेश में 439 एक्स्ट्रा हाई टेंशन सब स्टेशनों द्वारा विद्युत पारेषण किया जा रहा है जिसमें एमपी ट्रांसको के 417 सबस्टेशन शामिल है मध्य प्रदेश राज्य के ट्रांसमिशन नेटवर्क में 1091 पावर ट्रांसफार्मर क्रियाशील है जिसमें एमपी ट्रांसको के 1043 पावर ट्रांसफार्मर है।

===========

एमपी माईगव पोर्टल पर अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी के लोगो निर्माण की ऑनलाइन प्रतियोगिता

मंदसौर 18 फरवरी 26 / नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी द्वारा आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से https://mpmygov.in पोर्टल के माध्यम से कम्पनी के लोगो (Logo) निर्माण हेतु ऑनलाइन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।

इस प्रतियोगिता का उद्देश्य रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा कम्पनी की पहचान को मजबूत बनाना है। इसमें भाग लेकर नागरिक अपनी रचनात्मक सोच और डिजाइन कौशल प्रदर्शित कर सकते हैं। प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो को 25 हजार रूपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इच्छुक नागरिक पोर्टल पर दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार अपनी प्रविष्टियाँ ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।

========

कन्या विद्यालय धुंधड़का में शैक्षणिक सामग्री का वितरण कर विदाई समारोह धूमधाम से मनाया गया
मंदसौर। शासकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय धुंधड़का में प्रतिवर्षाेनुसार इस वर्ष भी कक्षा 5 वी की नन्ही बालिकाओं का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर तथा परीक्षा उपयोगी शैक्षणिक सामग्री का वितरण कर विदाई समारोह मनाया गया। प्रारंभ में माता सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कक्षा 5 की छात्राओं द्वारा शाला विकास हेतु उपहार भेट किये गये। कक्षा 4 की छात्राओं द्वारा 5 वी की छात्राओं का स्वागत कर उपहार दिये। सभी कक्षाओं की छात्राओं द्वारा 2-2 प्रस्तुतिया दि गई।
प्रभारी प्रधानध्यापक विनोद पाटीदार सर ने कहा कि विदाई की यह बैला नन्ही बालिकाओं की 5 वर्षीय यादे छोड़ जायेगी।  छात्राओं के सर्वांगिण विकास में लगातार नीत नवीन नवाचार एवं कार्यक्रम आयोजित किये जाते है। पालकगण ग्रामवासी तथा छात्राओं में उत्साह बना रहता हैै। विद्यालय परिवार द्वारा सभी छात्राओं कों पेन पेंसिल रबर, सॉफ़्नर, तथा स्केल देकर 20 फरवरी से आयोजित होने वाली परीक्षाओं के लिए उत्साहवर्धन किया गया।
प्राथमिक शिक्षक मनीष पारीख सर द्वारा विदाई समारोह के अवसर पर कहा कि नन्हे मुन्ने बच्चे देश भक्ति एवं राष्ट्र प्रेम से ओतप्रोत होकर माता पिता समाज एवं राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करें। बालिकाएं भी सेना पुलिस तथा रक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भुमिका निभा रही है। परीक्षा उपयोगी सामग्री पेन, रबर, तथा स्केच पेन, बिस्कीट, बांटकर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। पूर्व में श्री पारीख द्वारा नन्हे मुन्ने बच्चों के लिये एलईडी टीवी, फर्नीचर लगवाये गयंें तथा पाठ्य सामग्री, शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया है।
मध्याहन भोजन प्रभारी कमलेश जैन तथा श्रीमती जैन द्वारा स्वप्रेरणा से नन्हे मुन्ने बच्चों को दाल बाफले तथा नमकीन चावल का विशेष भोजन कराया गया। अंत में आभार श्रीमती भावना राठौर द्वारा माना गया।

========

आज 19 फरवरी को जिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक

मंदसौर। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी जी के नेतृत्व में भारत अमरीका ट्रेड से किसानों को हुए नुकसान को लेकर आगामी 24 फ़रवरी 2026 को भोपाल में आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी मंदसौर द्वारा आज दिनांक 19 फरवरी को दोपहर 12 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय मंदसौर पर महत्वपूर्ण बैठक रखी गई है।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र सिंह गुर्जर करेंगे।
बैठक में विधायक, पूर्व विधायक ,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, वरिष्ठ नेता/प्रदेश पदाधिकारी/ मोर्चा/विभाग / प्रकोष्ठ/ जिला पंचायत/जनपद पंचायत/ पार्षद जनप्रतिनिधियो सहित जिले के समस्त कांग्रेसजनों की उपस्थिति अनिवार्य है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}