समाचार मध्यप्रदेश नीमच 25 सितंबर 2026 शुक्रवार

ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच में एथलेटिक प्रतियोगिता संपन्न
148वीं बटालियन ने प्रथम और पहली बटालियन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, विजेताओं को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान की गई
नीमच, 24 सितंबर 2026। ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच परिसर में मध्य प्रदेश सेक्टर, सीआरपीएफ भोपाल के अधीनस्थ प्रशासनिक एवं परिचालनिक बटालियनों तथा कार्यालयों के बीच आयोजित एथलेटिक प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 24 सितंबर तक किया गया।
प्रतियोगिता में ग्रुप केंद्र नीमच, भोपाल एवं ग्वालियर, 1वीं, 7वीं, 41वीं, 123वीं एवं 148वीं बटालियन, 107 द्रुत कार्य बल तथा 4 सिग्नल बटालियन के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में 10 किलोमीटर, 5000 मीटर, 1500 मीटर दौड़ एवं रिले रेस सहित विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
प्रतियोगिता का उद्देश्य जवानों में शारीरिक स्फूर्ति, सहनशक्ति, मानसिक दृढ़ता तथा टीम भावना को बढ़ावा देना रहा। प्रतिभागियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी फिटनेस एवं खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में ग्रुप केंद्र नीमच के उप महानिरीक्षक श्री सुरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में संयुक्त अस्पताल नीमच के उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) डॉ. अब्दुल नज़र ने विजेता प्रतिभागियों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में 148वीं बटालियन ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान, जबकि 1वीं बटालियन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर डॉ. अब्दुल नज़र ने कहा कि सीआरपीएफ की कार्यशैली में तकनीकी दक्षता के साथ शारीरिक स्फूर्ति भी अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं जवानों की शारीरिक क्षमता, तत्परता और टीम भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
समापन समारोह में डॉ. केनजोम नगोमदिर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ. संसृति शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, श्री कबीर सरीन एवं श्री शैलेन्द्र थोरेचा, उप कमांडेंट, श्रीमती तिलोतमा एन.,उप कमांडेंट (मंत्रालय), श्री सुभाष यादव, श्री दुष्यंत गोस्वामी, श्रीमती सीमा सिंह, श्री हरजीत सिंह एवं श्री खेमराज आर्से, सहायक कमांडेंट सहित अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
–00–
गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए जिला प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम
कलेक्टर ने सुरक्षा, प्रकाश, चिकित्सा एवं आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
नीमच, 24 सितंबर 2026। जिले में 25 सितंबर को गणेश प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों को विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा मौके पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
प्रमुख विसर्जन स्थलों पर प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए आवश्यकतानुसार क्रेन एवं जेसीबी की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही रात के समय विसर्जन के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं बिजली बैकअप सुनिश्चित किया जा रहा है।
जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल निकायों के आसपास बैरिकेटिंग की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही रखा जा सके। आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों एवं होमगार्ड की टीमों को नावों के साथ तैनात किया जा रहा है। बड़े विसर्जन स्थलों पर चिकित्सा दल एवं एंबुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी।
अधिकारियों को मौके पर रहकर निगरानी के निर्देश
कलेक्टर श्री चंद्रा ने निर्देश दिए हैं कि शुक्रवार, 25 सितंबर को गणेश प्रतिमा विसर्जन व्यवस्था से जुड़े कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, सीएमओ, नगरपालिका की टीम, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं उनकी टीम, एमपीईबी, पीडब्ल्यूडी, होमगार्ड, सीएमएचओ तथा आरईएस के अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए उपलब्ध रहेंगे। संबंधित अधिकारी स्वयं विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करेंगे और आवश्यकतानुसार तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि गणेश प्रतिमा विसर्जन की मर्यादा एवं गरिमा का विशेष ध्यान रखते हुए सुरक्षा संबंधी सभी प्रबंधों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे विसर्जन के दौरान निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, जल निकायों के प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाएं तथा प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें, ताकि जिले में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
–00–
प्रधानमंत्री आवास से अमृतलाल के जीवन में आई खुशहाली
नीमच, 24 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाकर उनके जीवन में सकारात्मक एवं स्थायी बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही इनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभान्वित मनासा तहसील के कुकड़ेश्वर निवासी अमृतलाल पिता सेवाराम जी मेघवाल, वार्ड क्रमांक 15, का परिवार इसका उदाहरण है। कभी कच्चे मकान में रहने वाले अमृतलाल के परिवार को अब पक्का आवास मिलने से सुरक्षित और बेहतर जीवन का आधार मिला है।
अमृतलाल बताते हैं कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था। कच्चे मकान के कारण परिवार को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उन्हें पक्का मकान बनाने का लाभ मिला। अब वे अपने परिवार के साथ इसी पक्के आवास में सुरक्षित रूप से निवास कर रहे हैं।
अमृतलाल कहते हैं कि पक्का मकान मिलने से उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। अब उन्हें अपने परिवार के लिए सुरक्षित और बेहतर आवास की सुविधा मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना उनके परिवार के लिए खुशहाली और बेहतर जीवन का आधार बनी है।
अमृतलाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की इस योजना से उन्हें कच्चे मकान से पक्के मकान में रहने का अवसर मिला है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया।
–00–
सेवा संकल्प अभियान के तहत भाषण प्रतियोगिता संपन्न
स्वामी विवेकानंद अग्रणी महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग
नीमच, 24 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद अग्रणी महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने अपने भाषणों के माध्यम से सेवा, सामाजिक सहभागिता, राष्ट्र निर्माण एवं युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास तथा सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और विचारों से सभी का ध्यान आकर्षित किया। आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
–00–
कलेक्टर एवं एसपी ने किया गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थलों का निरीक्षण
सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित विसर्जन की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
नीमच, 24 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित स्थलों ग्राम चल्दू नदी, बोरखेड़ी नदी एवं संजीवनी घाट जलाशय का निरीक्षण किया। उन्होंने विसर्जन की व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं एसपी ने विसर्जन स्थलों पर क्रेन, नाव, गोताखोर, एसडीआरएफ टीम, चिकित्सा दल एवं एम्बुलेंस सहित की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीआरएफ एवं होमगार्ड की टीम को विसर्जन के दौरान सतर्क एवं अलर्ट रहने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक संसाधन एवं बचाव दल मौके पर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल,एसडीएम श्री पराग जैन,सीएसपी श्रीमती किरण चौहान,तहसीलदार श्री संतोष कुमार सहित संबंधित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं पुलिस बल, स्थानीय सरपंच एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, एसडीआरएफ, होमगार्ड तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
–00–
एसडीएम मनासा का प्रभार अब डिप्टी कलेक्टर मयूरी जोक को
नीमच, 24 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मयूरी जोक को आगामी अन्य आदेश तक अनुविभागीय अधिकारी एवं दण्डाधिकारी, मनासा के पद पर कार्य करने के लिए आदेशित किया गया है।
सुश्री किरण सिंह अंजना के कार्यमुक्त होने के बाद श्रीमती मयूरी जौक,डिप्टी कलेक्टर,जिला नीमच को आगामी अन्य आदेश तक एसडीएम एवं दण्डाधिकारी, मनासा का दायित्व सौंपा गया है।
–00–
60 दिवसीय मेगा ड्राइव के तहत बरडिया में विधिक जागरूकता और जनकल्याण गतिविधियां जारी
विभागीय अधिकारियों की बैठक में आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश, 28 सितंबर को दस्तावेज अपडेशन शिविर
नीमच, 24 सितंबर 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली की 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा चयनित ग्राम बरडिया में विधिक जागरूकता के साथ पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती शोभना मीणा एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री प्रवीण कुमार ने जनपद पंचायत मनासा में विभिन्न विभागों के तहसील स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मनासा सुश्री आयुषी गोयल, तहसीलदार मनासा श्री अजेंद्र नाथ प्रजापति सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में ग्राम बरडिया के ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों को आवेदनों का शीघ्र परीक्षण एवं निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को संबंधित योजनाओं का लाभ मेगा ड्राइव की अवधि में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। योजनाओं का लाभ दिलाने में आ रही कठिनाइयों का भी प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा गया।
28 सितंबर को दस्तावेज अपडेशन शिविर
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती शोभना मीणा ने बताया कि ग्राम बरडिया में 28 सितंबर 2026 को आधार कार्ड अपडेशन, संबल कार्ड एवं समग्र आईडी संबंधी कार्यों के लिए विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर दस्तावेजों में आवश्यक सुधार एवं अद्यतन कराने की अपील की। संबंधित मैदानी अमले को भी शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने ग्राम बरडिया के आंगनबाड़ी केंद्रों तथा प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल का निरीक्षण किया। विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक सेवाओं, टोल-फ्री हेल्पलाइन, विधिक सहायता पेटी तथा सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज बनवाने एवं अद्यतन कराने के लिए प्रेरित किया गया।
मेगा ड्राइव के तहत ग्राम बरडिया में विधिक जागरूकता, दस्तावेजों के निर्माण एवं अपडेशन तथा शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विभागों के समन्वय से गतिविधियां निरंतर जारी हैं।
–00–
प्रशासनिक कार्य सुविधा की दृष्टि से अधिकारियों को सौंपे गए अतिरिक्त प्रभार
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जारी किया कार्य विभाजन आदेश
नीमच, 24 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कार्यालयीन कार्य सुविधा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने की दृष्टि से जिले में पदस्थ अधिकारियों के मध्य अतिरिक्त कार्य प्रभार का विभाजन किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावशील हो गया है।
जारी आदेश के अनुसार डिप्टी कलेक्टर श्री चन्द्रसिंह धारवे को जनगणना कार्य, जिला अस्पताल की समस्त व्यवस्थाओं के प्रभारी अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी तथा बंगला-बगीचा व्यवस्थापन के प्रभारी अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है।
इसी प्रकार डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भयाड़िया को जिला खनिज प्रतिष्ठान निधि का प्रभारी अधिकारी तथा जिला नाजिर का प्रभार दिया गया है।
अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत नीमच श्री अरविन्द डामोर को जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
–00–



