मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 25 सितंबर 2026 शुक्रवार

 ग्राम पंचायत ईटावामाताजी में निर्वाचन अवधि तक कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे

आदर्श आचार संहिता के चलते सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों पर रहेगी रोक

अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बृजेन्‍द्र रावत ने बताया कि अवर सचिव मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 17 सितम्बर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभागों द्वारा विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

मध्यपदेश राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल के निर्देशानुसार पंचायतो के उप निर्वाचन वर्ष 2026 (पूर्वार्द्ध) हेतु निर्वाचन कार्यक्रम जारी किया गया है। कार्यक्रम जारी दिनांक से निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। जिले में जनपद पंचायत रतलाम की ग्राम पंचायत ईटावामाताजी में सरपंच पद के लिए 29 सितम्बर 2026 को निर्वाचन होना है। मतगणना 3 अक्टूबर 2026 को होगी। निर्वाचन अवधि तक निर्वाचन क्षेत्र ग्राम पंचायत ईटावामाताजी में सेवा संकल्प अभियान सहित किसी भी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।

–00–

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “नमो सेवा–अनकही कहानियां” नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने और जनभागीदारी के लिए किया जागरूक
26 सितम्बर को जावरा एवं पिपलौदा विकासखंड में आयोजित किए जाएंगे नुक्कड़ नाटक

मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत जिले में विभिन्न स्थानों पर “नमो सेवा–अनकही कहानियां” शीर्षक से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 17 सितम्बर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक जनसेवा, जनभागीदारी, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने, स्वच्छता एवं सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने तथा अधिकाधिक नागरिकों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत 19 सितम्बर से 5 अक्टूबर 2026 तक आयोजित “नमो सेवा–अनकही कहानियां” कार्यक्रम में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों तथा सेवा एवं विकास के क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण कार्यों को नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

जिले के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर आयोजित इन कार्यक्रमों में शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगर परिषदों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों को शामिल किया गया है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इन सांस्कृतिक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुतियों का लाभ प्राप्त कर सकें।

इन नुक्कड़ नाटक कार्यक्रमों का मंचन देवेंद्र भदौरिया ग्रुप द्वारा संस्कृति विभाग से स्वीकृत स्क्रिप्ट के आधार पर किया जा रहा है। कलाकारों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की प्रेरक कहानियों के साथ विकसित भारत, स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक विकास जैसे विषयों को आकर्षक एवं संवादात्मक शैली में प्रस्तुत किया जा रहा है।

नमो सेवा के सहायक नोडल अधिकारी श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने बताया कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाई जा रही है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करने के साथ ही उन्हें विकसित भारत के संकल्प में सहभागी बनने का संदेश दिया जा रहा है।

आज विकासखंड जावरा एवं आलोट क्षेत्र के बड़ावदा, नगर परिषद आलोट, ताल, ग्राम पंचायत खारवा कला एवं गुल बालोद सहित विभिन्न स्थानों पर “नमो सेवा–अनकही कहानियां” नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुतियां आयोजित की गईं।

26 सितम्बर को इन स्थानों पर होंगे आयोजन

26 सितम्बर 2026 को “नमो सेवा–अनकही कहानियां” के तहत जावरा एवं पिपलौदा विकासखंड के जावरा, रिंगनोद, राणायरा, सुखेड़ा एवं पिपलौदा में नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे।

–00–

स्व-सहायता समूह से जुड़कर उषा सोलंकी ने संवारा स्वरोजगार का रास्ता

घड़ी और मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान से बढ़ी आमदनी, अब व्यवसाय विस्तार की तैयारी

ग्राम अमलेटा निवासी श्रीमती उषा सोलंकी के लिए स्व-सहायता समूह से जुड़ना उनके स्वरोजगार को नई दिशा देने वाला साबित हुआ। जागृति आजीविका स्वयं सहायता समूह की सचिव एवं सदस्य श्रीमती उषा सोलंकी ने समूह के माध्यम से आर्थिक सहायता प्राप्त कर गांव में ही घड़ी एवं मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान शुरू की। आज उनकी दुकान पर बड़ी संख्या में ग्रामीण ग्राहक पहुंचते हैं और इससे उन्हें अच्छी आय प्राप्त हो रही है।

श्रीमती उषा सोलंकी बताती हैं कि वे पिछले करीब 30 वर्षों से इस कार्य से जुड़ी हुई हैं, लेकिन स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनके काम को विस्तार देने का अवसर मिला। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से जागृति स्वयं सहायता समूह को 6 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई, जिसका लाभ लेकर उन्होंने अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया।

ग्राम अमलेटा बड़ा गांव है और यहां मोबाइल रिपेयरिंग की अन्य दुकान नहीं होने के कारण उनकी दुकान पर ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधा मिल रही है। मोबाइल रिपेयरिंग के साथ घड़ी रिपेयरिंग का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे उनकी आमदनी में वृद्धि हुई है।

श्रीमती उषा सोलंकी के तीन बच्चे हैं, जो अच्छी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। वे बताती हैं कि स्व-सहायता समूह से मिलने वाली आर्थिक मदद और मार्गदर्शन से उन्हें अपने कार्य को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने का अवसर मिला।

अब श्रीमती उषा सोलंकी अपनी दुकान को और बड़ा स्वरूप देने की तैयारी कर रही हैं। भविष्य में वे साड़ी की दुकान शुरू करने के साथ ही महिलाओं के लिए भी अलग से दुकान संचालित करना चाहती हैं।

श्रीमती उषा सोलंकी कहती हैं कि स्व-सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। इससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे स्वयं का रोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

–00–

सेवा संकल्प अभियान के तहत 28 से 30 सितंबर तक सेवा सेतु कैंप

 

ई-केवाईसी, राशन कार्ड, खाद्यान्न वितरण एवं गैस कनेक्शन संबंधी समस्याओं का होगा मौके पर निराकरण

जिला आपूर्ति अधिकारी श्री बर्डे ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में 28 से 30 सितंबर तक विकासखंड स्तर पर सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जाएंगे।

रतलाम में 28, सैलाना में 29 तथा बाजना में 30 सितंबर को, जावरा में 28, पिपलोदा में 29 तथा आलोट में 29 सितंबर को कैंप लगाया जाएगा।कैंप में पात्र हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने के साथ लंबित शिकायतों का मौके पर निराकरण किया जाएगा।

शेष 27,454 पात्र हितग्राहियों की ई-केवाईसी तथा 34,332 हितग्राहियों की पुनः ई-केवाईसी कराई जाएगी।ई-केवाईसी उचित मूल्य दुकान की पीओएस मशीन एवं मेरा ई-केवाईसी ऐप के माध्यम से की जा सकेगी।

ई-केवाईसी पूर्ण होने के दो दिवस के भीतर पात्रता पर्ची जारी की जाएगी।6,321 हितग्राहियों के आधार लिंक्ड मोबाइल नंबर दर्ज एवं त्रुटियों में सुधार किया जाएगा।

सीएम हेल्पलाइन एवं सीपी ग्राम पोर्टल की राशन कार्ड, खाद्यान्न वितरण एवं गैस कनेक्शन संबंधी लंबित शिकायतों का समाधान किया जाएगा।

–00–

शक्‍कर डीलरों को खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के पोर्टल पर शक्कर के स्टॉक की घोषणा करना अनिवार्य

foodstock.dfpd.gov.in पर शक्कर के स्टॉक की स्थिति नियमित रूप से करनी होगी अद्यतन

जिला आपूर्ति अधिकारी रतलाम ने बताया कि भारत सरकार उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय एवं मध्‍यप्रदेश शासन द्वारा जारी अधिसूचनाओं के अनुसार शक्कर के डीलर एवं बल्क उपभोक्ताओं के लिए अधिकतम स्टॉक सीमा प्रावधानित की गई है। दिनांक 19 अगस्त 2026 से बल्क उपभोक्ताओं के लिए अधिकतम स्टॉक सीमा 10 मीट्रिक टन तथा 15 सितंबर 2026 से शक्कर के डीलरों के लिए एक समय में अधिकतम स्टॉक सीमा 2 हजार  क्विंटल निर्धारित की गई है।

उक्त प्रावधानों के पालन में सभी डीलरों द्वारा खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के पोर्टल foodstock.dfpd.gov.in पर शक्कर के स्टॉक की स्थिति घोषित करना तथा उसे नियमित रूप से अद्यतन करना अनिवार्य किया गया है। साथ ही निर्धारित स्टॉक सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

–00–

सेवा संकल्प अभियान के तहत 200 छात्राओं ने किया औद्योगिक भ्रमण

कैरियर काउंसलिंग के माध्यम से छात्राओं को उच्च शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों की दी जानकारी

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवगढ़ की 200 छात्राओं ने आज औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था रतलाम का औद्योगिक भ्रमण किया।

भ्रमण के दौरान आईटीआई रतलाम के प्राचार्य एवं जिला रोजगार अधिकारी रतलाम द्वारा छात्राओं की कैरियर काउंसलिंग की गई। कक्षा 10वीं उत्तीर्ण करने के बाद विषय चयन तथा आगे की शिक्षा के संबंध में छात्राओं को मार्गदर्शन दिया गया।

कक्षा 11वीं एवं 12वीं में अध्ययनरत छात्राओं को तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास, विज्ञान, आर्ट्स तथा एग्रीकल्चर विषयों में उच्च शिक्षा और विभिन्न कैरियर अवसरों की जानकारी दी गई। छात्राओं को उनकी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

–00–

नीलगाय की मृत्यु के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

वनमंडलाधिकारी वन मंडल रतलाम ने बताया कि 20 सितंबर 2026 को समय लगभग 1:50 बजे वनमंडलाधिकारी डॉ अनुभा त्रिवेदी को वन्यजीव नीलगाय की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके उपरांत त्वरीत कार्यवाही करते हुए प्रभारी वनपरिक्षेत्राधिकारी रतलाम को निर्देशित कर दल का गठन किया गया।

गठित दल द्वारा वनमण्डल रतलाम अंतर्गत वनपरिक्षेत्र रतलाम में  कक्ष क्रमांक पी-2 बीट एवरिया के समीप राजस्व क्षेत्र अंतर्गत उक्त घटना का होना पाया गया। जिस पर एनटीसीए नई दिल्ली एवं कार्यालय मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक मध्यप्रदेश, भोपाल से जारी दिशा-निर्देश अनुरूप SOP अनुसार त्वरित कार्यवाही की गई।

मौके पर 50 मीटर क्षेत्र की घेराबंदी कर डॉग स्‍क्‍वाड की सहायता से प्रथम घटना स्थल पर नीलगाय के बाल, द्वितीय घटना स्थल रामचंद्र पिता अम्बाराम डोडियार के खेत पर मिट्टी में चिपके हुए व पडें हुए नीलगाय के बाल, उखड़ी हुई खुटिया तथा विद्युत तार आदि शिकार की प्रयुक्त सामग्री जप्त की गई।

वन्यजीव चिकित्सक डॉ देवेन्द्र अलावा पशु चिकित्सालय शिवपुर के द्वारा नीलगाय का पोस्टमार्टम किया गया। वन्यजीव नीलगाय को कुत्तों द्वारा खाये जाने के कारण शरीर के पिछले अंग क्षत-विक्षप्त पाये गये। निर्धारित प्रक्रिया अनुसार शवदाह भस्मीकरण की कार्यवाही वनमंडलाधिकारी रतलाम, नायब तहसीलदार तहसील रतलाम, उपसरपंच,पंच व अन्य वन अधिकारी / कर्मचारी की उपस्थिति में की गई।

प्रकरण में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के प्रावधानों के तहत दो आरोपी विजय पिता बंसतीलाल निनामा उम्र 29 वर्ष निवासी खाकरापाड़ा तहसील रतलाम तथा कैलाश पिता धुलजी भवर उम्र 44 वर्ष ग्राम सेवरिया तहसील रतलाम को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में आगामी विवेचना की जा रही है।

–00–

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत शिविर 26 सितंबर को सैलाना में

सैलाना एसडीएम श्री सुनील जायसवाल द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत शिविर का आयोजन 26 सितंबर शनिवार को प्रातः 11 बजे मंडी परिसर, सैलाना में किया जाएगा।

शिविर में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को मौके पर सुनेंगे तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

शिविर में जनसंवाद, जनसुनवाई एवं उद्यमी संवाद का आयोजन किया जाएगा। आम नागरिक अपनी समस्याएं एवं आवेदन लेकर शिविर में उपस्थित होकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रख सकेंगे।

शिविर के पश्चात जिला अधिकारियों द्वारा विभिन्न शासकीय संस्थाओं, विकास कार्यों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण भी किया जाएगा। अधिकारियों द्वारा मैदानी स्तर पर व्यवस्थाओं एवं योजनाओं की प्रगति का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रशासन के समक्ष रखें तथा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का लाभ उठाएं।

–00–

जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं सांप्रदायिक संदेश, फोटो-चित्र पोस्ट एवं फॉरवर्ड करने पर प्रतिबंध

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी श्री बृजेंद्र रावत द्वारा रतलाम जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। यह आदेश जिले के संपूर्ण राजस्व क्षेत्र में प्रभावशील रहेगा।

जारी आदेश के अनुसार रतलाम जिले की संपूर्ण सीमा क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक अथवा उद्वेलित करने वाली फोटो, चित्र, संदेश, सांप्रदायिक संदेश आदि का प्रचार-प्रसार एवं फॉरवर्डिंग प्रतिबंधित किया गया है।

इसी प्रकार ट्विटर, फेसबुक, व्हाट्सएप एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सांप्रदायिक अथवा सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाले संदेश पोस्ट करने, कमेंट करने तथा ऐसे संदेशों को प्रसारित अथवा फॉरवर्ड करने की गतिविधियों पर भी प्रतिबंध रहेगा।

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी आपत्तिजनक, भ्रामक, उद्वेलित करने वाले अथवा सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाले संदेश, फोटो या वीडियो का प्रसार न करें तथा जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के प्रावधानों के तहत अभियोजन की कार्यवाही की जाएगी। यह प्रतिबंधात्मक आदेश 23 अक्टूबर 2026 तक प्रभावशील रहेगा।

–00–

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा भाव को भी किया चरितार्थ : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सेवा संकल्प बाईक यात्रा के राइडर्स से किया वर्चुअल संवाद
प्रधानमंत्री श्री मोदी को, प्रदेश के बाइक राइडर श्री दीपेश गोटी ने अपनी यात्रा के साझा अनुभव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवास जिले के पुंजापुरा में किया सेवा संकल्प बाइक राइडर्स का स्वागत
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही है यात्रा
सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 35 लाख से अधिक हितग्राहियों को सिंगल क्लिक से 212 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित की

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में निरंतर परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्र धर्म की भावना के साथ काम किया है। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनकी संवैधानिक जिम्मेदारी की शुरुआत हुई और आज वे देश के प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के हर व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास उनकी कार्यशैली में स्पष्ट दिखाई देता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश को भव्य और दिव्य श्रीराम मंदिर की सौगात दी। इसके साथ ही राम राज्य की संकल्पना को साकार करते हुए हर गरीब को घर, पर्याप्त भोजन और बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा सुविधा उपलब्ध कराई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत वडनगर से वाराणसी जा रही युवाओं की बाइक यात्रा का देवास जिले के पुंजापुरा में स्वागत करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के प्रदेश के 35 लाख 42 हजार हितग्राहियों को सिंगल क्लिक से 212 करोड़ 57 लाख रुपए की राशि उनके खातों में अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने करणावत पुलिस सहायता केंद्र को पुलिस थाना बनाने, पुलिस जवानों के लिए आवास निर्माण करने तथा शासकीय गोदाम के लिए राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में सेवा संकल्प बाइक यात्रा में बाइक राइड भी की। मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की। हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। उन्होंने बाइक राइडर्स के साथ पौधरोपण भी किया। उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा तथा सांसद श्री वी.डी. शर्मा इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित थे।

शाजापुर जिले के निवासी हैं श्री दीपेश गोटी

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वडनगर से वाराणसी के लिए निकाली गई ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ में शामिल राइडर्स से अलग-अलग स्थानों से वर्चुअली संवाद किया। देवास जिले के पुंजापुरा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में बाइक राइडर्स दल के सेवा यात्री श्री दीपेश गोटी ने प्रधानमंत्री से संवाद में अब तक की अपनी यात्रा के अनुभव साझा किए। शाजापुर जिले के निवासी श्री गोटी ने बताया कि यात्रा के दौरान अन्य राज्यों के युवाओं से दूसरी भाषाएं सीखने और उनकी संस्कृति से परिचित होने का अवसर मिला है। रास्ते में पीएम आवास के हितग्राहियों से मुलाकात हुई। विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को नमो ऐप से जोड़ा जा रहा है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मध्यप्रदेश के युवाओं की उद्यमशीलता को सराहा

प्रधानमंत्री श्री मोदी के वड़नगर में स्थानीय लोगों से संपर्क बढ़ाने के सवाल पर श्री दीपेश गोटी ने बताया कि उन्होंने अपने व्यापार-व्यवसाय की दृष्टि से कुछ स्थानीय लोगों के मोबाइल नंबर लिए हैं। इस पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह अच्छी बात है। अब मध्यप्रदेश का भी मिजाज बदल रहा है। मध्यप्रदेश के युवा भी जहां जा रहे है, वहां व्यापार के अवसर खोज रहे हैं, उनमें उद्यमशीलता भरी है। मध्यप्रदेश के युवाओं ने सेवा संकल्प यात्रा में ‘माय प्रामिस टू मोदी जी’ का नवाचार किया है, जिसमें 25 सेवा कार्य लिस्ट किए हैं और हर सेवा यात्री को किसी एक सेवा का संकल्प दिलाया जा रहा है।

भारतीय संस्कृति में यात्राओं का विशेष महत्व

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि यात्रा के दौरान सेवा, जनसंवाद और राष्ट्रीय एकता से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। हमारी संस्कृति में प्राचीन काल से यात्राओं का विशेष महत्व रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देशवासियों की सेवा के लिए अपने संकल्प से जीवन का प्रत्येक क्षण और अपना कण-कण राष्ट्र को समर्पित किया है। प्रत्येक नागरिक के जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी लगातार सक्रिय हैं ।

पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिवस 25 सितंबर से प्रदेशवासियों को मिलेगी सुगम परिवहन सुविधा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवास का बागली तपोनिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कैलाश जोशी का कार्य क्षेत्र रहा है। समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के माध्यम से ही विकास और जनकल्याण की यात्रा निरंतर जारी है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सेवा और जनकल्याण की सभी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर मध्यप्रदेश में 20 साल से बंद राज्य परिवहन निगम की बसों के संचालन का फिर श्रीगणेश होने जा रहे हैं। मध्यप्रदेश में 5 लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क है, प्रदेश में हाइवे और एक्सप्रेस-वे भी तेजी से बनाए जा रहे हैं। राज्य परिवहन निगम की बसें नगरीय निकायों, एक शहर से दूसरे शहर और दूसरे राज्यों तक भी चलाई जाएंगी। प्रदेश की ग्रामीण आबादी को भी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा का लाभ मिलेगा।

राज्य सरकार किसानों, बहनों और युवाओं के कल्याण के लिए सतत् सक्रिय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में राज्य सरकार सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने के लिए संकल्पित है। माँ नर्मदा की कृपा से देवास जिले को भी सिंचाई के लिए पर्याप्त जल मिल रहा है। प्रदेश में अब तक सिंचित कृषि भूमि का रकबा 65 लाख हैक्टेयर तक पहुंच चुका है। वर्ष 2002-03 तक गेहूं का मूल्य 300-400 रुपए प्रति क्विंटल से आगे नहीं बढ़ा, लेकिन अब राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम दे रही है। इस वर्ष एमएसपी पर 40 रुपए बोनस का लाभ देते हुए किसानों से 2625 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं खरीदा है। दूसरी ओर, लाड़ली बहनों को राशि भी हर माह बैंक खाते में भेजी जा रही है। जिन बहनों को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, अगले वर्ष पात्रतानुसार उनके नाम भी जोडे जाएंगे। अब तक 55 हजार करोड़ से अधिक राशि लाड़ली बहनों को दी गई है।

प्रदेश में प्राथमिक शाला स्तर पर शून्य हुई ड्रॉप आउट दर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के युवाओं और बच्चों को बेहतर शिक्षा और रोजगार देने के लिए सभी प्रयास किए गए हैं। शासकीय स्कूलों के मेधावी बच्चों को लैपटॉप, स्कूटी, साइकिलें, किताबें और स्कॉलरशिप दी जा रही है। प्रदेश के सरकारी प्राथमिक स्कूलों में ड्रॉप आउट दर कभी 16 प्रतिशत थी, लेकिन हमारी सरकार के प्रयासों से अब ड्रॉप आउट दर शून्य हो गई है। राज्य सरकार ने स्कूल शिक्षा का बजट 38 हजार करोड़ तय किया है।

मध्यप्रदेश में सबसे कम है बेरोजगारी दर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वड़नगर से वाराणसी और वाराणसी से वड़नगर तक 35 हजार किलोमीटर से अधिक दूरी की बाइक सेवा यात्रा निकाली जा रही है। लगभग 17 हजार किलोमीटर यात्रा अर्थात आधी से अधिक दूरी मध्यप्रदेश की धरती पर तय होगी। प्रदेश का युवा जिम्मेदार और जागरुक बनें उनके आधार पर ही भविष्य का मध्यप्रदेश और देश समृद्ध बनेगा। प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में 18 हजार पदों पर नई भर्ती की है। एमएसएमई सेक्टर से 1 करोड़ 20 लाख लोगों को रोजगार मिल रहा है। मध्यप्रदेश में बेरोजगारी दर देश में सबसे कम है। देवास के पुंजापुरा में हुए कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।

कार्यक्रम में सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल, बागली विधायक श्री मुरली भंवरा, विधायक खातेगांव श्री आशीष शर्मा, विधायक हाटपीपल्या श्री मनोज चौधरी, विधायक सोनकच्छ डॉ. राजेश सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया, श्री राय सिंह सेंधव, श्री राजीव खंडेलवाल, श्री बहादुर मुकाती, श्री राजेश यादव, श्री मनीष सोलंकी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारीगण, सेवा संकल्प बाइक यात्रीगण, गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

–00–

प्रदेश के पिछड़ा वर्ग विद्यार्थियों के कल्याण के लिए 13 हजार 500 करोड़ रूपये की राशि खर्च : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

106 जिला स्तरीय पोस्ट मेट्रिक छात्रावासों में किया आधुनिक मेस का लोकार्पण
टर्नकी प्रोजेक्ट के तहत की गई आधुनिक किचन और डाइनिंग हॉल की व्यवस्था : राज्य मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पिछड़ा वर्ग के बालक-बालिकाओं को अब छात्रावास में गुणवत्तापूर्ण पौष्टिक भोजन प्राप्त होगा। प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों के कल्याण के लिए यह व्यवस्था लागू की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गत लगभग डेढ़ दशक में पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 13 हजार 500 करोड़ रुपए की सहायता राशि खर्च की गई है। इन वर्षों में 5 करोड़ से अधिक पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ मिला है, जो राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का परिचायक है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के 106 पोस्ट मेट्रिक छात्रावासों में 9000 विद्यार्थियों के लिए आधुनिक मेस सुविधा का लोकार्पण कर रहे थे। इस व्यवस्था पर 8 करोड़ 61 लाख रुपए की राशि व्यय हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस कार्य की सराहना करते हुए पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में छात्रावासों में आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। युवा भारत में मध्यप्रदेश सबसे युवा राज्य है, जहां पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को यह महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की छात्राओं से चर्चा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर इंदौर, शाजापुर, उज्जैन, देवास, शिवपुरी, सतना और अशोकनगर के पिछड़ा वर्ग छात्रावासों में रहने वाली बेटियों से बात की। छात्राओं ने कहा कि राज्य सरकार ने उन्हें यह उपयोगी सुविधा उपलब्ध करवाई है। अभी गैस सिलेंडर की व्यवस्था अथवा भोजन के लिए अन्यत्र जाने में समय लगता था और खर्च भी अधिक हो जाता था। छात्राओं ने आधुनिक मेस सुविधा प्रारंभ करवाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव को धन्यवाद दिया।

पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने विभागीय छात्रावासों के समग्र विकास का संकल्प लिया, जिसे वे पूरा कर रहे हैं। टर्नकी प्रोजेक्ट के तहत छात्रावासों में आधुनिक किचन और डाइनिंग हॉल की व्यवस्था की गई है। अब छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित हो गई है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए यह सुविधा उपयोगी है, जो अपने परिवार से दूर रहकर पढ़ाई के लिए आते हैं और भोजन जैसी मूलभूत जरूरत की चिंता करते हैं। अब उनके परिवार पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।

राज्य मंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि नियमित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध होने से विद्यार्थी पढ़ाई के प्रति एकाग्र होंगे और ज्यादा अच्छे परिणाम प्राप्त करेंगे। प्रदेश में अभी लगभग 9000 पिछड़ा वर्ग छात्रावास सीट्स हैं जिनमें 5200 बालकों और 3800 बालिकाओं के लिए रहने की सीट्स की व्यवस्था की गई है। जिला स्तरीय पिछड़ा वर्ग पोस्ट मेट्रिक छात्रावासों के प्रारंभ होने के बाद पहली बार विद्यार्थियों के लिए मेस व्यवस्था शुरू हुई है। यह विभाग के कार्यों में एक ऐतिहासिक कदम भी है। लोकार्पण कार्यक्रम में विभिन्न जिलों में अनेक जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}