भाटखेड़ी-मनासा रोड स्थित अति प्राचीन मंशापूर्ण गणेश मंदिर में आज लगेगा छप्पन भोग
दर्शन मात्र से मनोकामना पूर्ण होने की मान्यता, दूर-दराज से पहुंचते हैं श्रद्धालु

भाटखेड़ी, मनासा (नीमच)
मनासा तहसील की ग्राम पंचायत भाटखेड़ी में भाटखेड़ी-मनासा मार्ग पर स्थित अति प्राचीन श्री मंशापूर्ण गणेश मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर में भगवान श्री गणेश की प्राचीन प्रतिमा विराजमान है, जिन्हें श्रद्धालु मंशापूर्ण गणेश जी के नाम से पूजते हैं।
मान्यता है कि भगवान मंशापूर्ण गणेश के दर्शन एवं पूजन से भक्तों के दुख-दर्द दूर होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही आस्था श्रद्धालुओं को मंदिर तक खींच लाती है। भाटखेड़ी के अलावा मनासा, कंजार्डा, पड़दा सहित आसपास के गांवों एवं दूर-दराज क्षेत्रों से भी श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
मंदिर पुजारी के अनुसार गणेश उत्सव के दौरान मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। प्रतिदिन भगवान का आकर्षक श्रृंगार, महाआरती एवं प्रसादी वितरण किया जा रहा है। उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन कर रहे हैं।
आज लगेगा छप्पन भोग
गणेश उत्सव के तहत गुरुवार को मंदिर में भगवान मंशापूर्ण गणेश जी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इस अवसर पर विशेष महाआरती का आयोजन भी होगा। छप्पन भोग एवं महाआरती के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।


