Uncategorizedमंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 27 अगस्त 2026 गुरुवार

त्योहारों से पहले नकली मावे-पनीर की आशंका, खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

सीतामऊ- त्यौहारों का सीजन शुरू होते ही बाजार में मावा, पनीर, घी, तेल और मिठाइयों की मांग तेजी से बढ़ जाती है। इसी बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरों के सक्रिय होने की आशंका भी बढ़ जाती है। क्षेत्र में नकली एवं मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री को लेकर लोगों में चिंता है, लेकिन सवाल यह है कि जिम्मेदार खाद्य विभाग आखिर कब जागेगा?

रक्षाबंधन जैसे प्रमुख त्योहार के मद्देनजर बाजार में बड़ी मात्रा में मावा, पनीर और मिठाइयों की खपत होने वाली है। ऐसे में यदि समय रहते खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच और कार्रवाई नहीं की गई तो मिलावटखोरों को खुली छूट मिलने की स्थिति बन सकती है।

रतलाम और नीमच जिले में खाद्य विभाग की कार्रवाई की चर्चाओं के बीच सीतामऊ क्षेत्र में विभाग की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारों से पहले दुकानों, मिठाई प्रतिष्ठानों, डेयरियों और खाद्य सामग्री बनाने वाले स्थानों की सघन जांच होना जरूरी है। लेकिन क्षेत्र में विभाग की प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आने से लोगों में नाराजगी है।

मिलावट का खेल केवल मावे और पनीर तक सीमित रहने की आशंका नहीं है। घी, खाद्य तेल, मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में भी मिलावट की शिकायतें सामने आती रही हैं। यदि ऐसी सामग्री बाजार में पहुंचती है तो इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन और खाद्य विभाग त्योहार खत्म होने के बाद कार्रवाई करेगा या त्योहार से पहले ही बाजार में उतरकर मिलावटखोरों पर शिकंजा कसेगा?

लोगों की मांग है कि सीतामऊ क्षेत्र में तत्काल विशेष जांच अभियान चलाया जाए, संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएं और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। त्योहारों की आड़ में आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।*

अब देखना यह है कि खाद्य विभाग अपनी कथित ‘कुंभकर्णीय नींद’ से जागता है या फिर मिलावटखोरों को कार्रवाई का इंतजार रहेगा।

–00–

पोलीटेक्निक महाविद्यालय में प्रवेश के लिए 14 सितम्‍बर तक आवेदन करें

मंदसौर 26 अगस्‍त 2026 / कार्यालय अध्यक्ष काउंसलिंग समिति, आयुक्त, तकनीकी शिक्षा संचालनालय भोपाल व्दारा शासकीय पोलीटेक्निक महाविद्यालय मंदसौर में त्रिवर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग के प्रथम वर्ष एवं लेटरल एंट्री- डिप्लोमा (आईटीआई / 12वीं पास) में प्रवेश हेतु की अंतिम तिथि में वृद्धि कर ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन की तिथि 14 सितम्‍बर 2026 दोपहर 12:30 बजे तक निश्चित की गई है।

रजिस्ट्रेशन उपरांत 27,29,31 अगस्त 2026 एवं 02,05,08,10,12 व 14 सितम्बर, 2026 को उपस्थित होकर प्रवेश करवा सकते है। महाविद्यालय में संचालित ब्राचों में रिक्तियाँ निम्ननुसार है:- कम्प्युटर साईंस एंड इंजीनियरिंग-21, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग-35, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग-00 एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग-04 । विद्यार्थी मनचाही ब्रांच में पंजीयन के लिए 10वींए 12वीं अथवा आईटीआई उत्तीर्ण की अंकसूची, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की फोटो कॉपी तथा अपना पासपोर्ट साईज का फोटो एवं निर्धारित फीस साथ लेकर आए।

संस्था में प्रवेश संबंधित जानकारी के लिए प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार शर्मा मो.नं. 9826747125 या प्रवेश शाखा प्रभारी श्री आकाश तिवारी मो.नं. 7987519842 और श्री पुलकित जोशी मो.नं. 9424033264 से संपर्क किया जा सकता है। संस्था में प्रवेशित पात्र विद्यार्थियों को शासन के नियमानुसार फीस में छुट और छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाता है।

–00–

सीतामऊ में अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया जश्ने ईद- मिलादुन्नबी, निकला भव्य जुलूस-ए-मिलाद

सीतामऊ। इस्लाम धर्म के पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के यौम- ए- पैदाइश (जन्मदिन) के मौके पर बुधवार को सीतामऊ नगर में जश्ने ईद-मिलादुन्नबी पूरी शानो-शौकत और अकीदत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में परंपरागत मार्ग से एक भव्य जुलूस-ए-मिलाद निकाला गया, जिसमें बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में शिरकत की।

सरकार की आमद मरहबा” के नारों से गूंजा नगर– जुलूस की शुरुआत तालाब चौक से हुई, जो सदर बाजार, लोहारी चौक, आजाद चौक और रजवाड़ा चौक से होता हुआ नगर पंचायत प्रांगण पहुंचा और वापस तालाब चौक पर आकर संपन्न हुआ। नगर का कोना-कोना “लब्बैक या रसूल अल्लाह” और “सरकार की आमद मरहबा” के नारों से गूंज उठा। इस दौरान डीजे के इस्तेमाल से परहेज करते हुए रास्तेभर नात-ख्वानी और दरूदो-सलाम की गूंज से माहौल पूरी तरह रूहानी नजर आया।

बग्गी पर सवार रहे मुफ्ती साहब और अंजुमन सदर-जुलूस में युवा नाते-पाक पढ़ते हुए आगे बढ़ रहे थे, जिनके पीछे एक सुसज्जित बग्गी में मुफ्ती साहब और अंजुमन सदर शमशेर मौलाना सवार थे। उन्होंने रास्तेभर नगरवासियों का अभिवादन स्वीकार किया।

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत और पुष्पवर्षा– नगर के मुख्य मार्गों से गुजरे जुलूस का विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं और गणमान्य नागरिकों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। जगह-जगह ठंडे पानी, शरबत और मिठाइयों के स्टॉल लगाए गए।

राजनीतिक व सामाजिक सहभागिता:-लोहारी चौक पर जिला योजना समिति के सदस्य एवं पार्षद अनिल पांडे ने समाजजनों को बधाई दी। दाऊदी बोहरा जमात तथा भगौर गेट पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से जुलूस पर पुष्पवर्षा की गई और मुफ्ती साहब व अंजुमन सदर का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।

अमन और भाईचारे का दिया पैग़ाम-तालाब चौक पर जुलूस एक सभा में तब्दील हो गया। यहां बरेली से विशेष रूप से पधारे मुफ्ती साहब ने अपनी तकरीर में पैगंबर-ए-इस्लाम की सीरत पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने अमन, भाईचारे, आपसी मोहब्बत का पैग़ाम देते हुए मुल्क में सुकून और सलामती के लिए विशेष दुआ कराई।, इस कार्यक्रम में समाज की 10वीं एवं 12वीं की छात्राओं जिन्होंने परीक्षा उत्कृष्ट अंकों से पास की थी उन्हें भी पुरस्कृत किया गया ।

कार्यक्रम के अंत में नात-ए-पाक और दरूद-ओ-सलाम के बाद उपस्थित लोगों में तबर्रुक वितरित किया गया।

प्रशासन और नगर परिषद टीम रही मुस्तैद- शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, थाना प्रभारी और कस्बा पटवारी सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। वहीं, नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी जुलूस मार्ग के साथ-साथ मुस्तैदी से साफ-सफाई में जुटे रहे।

–00–

चेक बाउंस मामले में आरोपी को एक वर्ष का सश्रम कारावास

पिपलियामंडी। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, नारायणगढ़ न्यायालय ने आरोपी इलियास उर्फ अप्पू पिता हमीद बगड़िया निवासी मुल्तानपुरा को दोषी पाते हुए एक वर्ष के सश्रम कारावास एवं 8 लाख 30 हजार रुपए प्रतिकर से दंडित किया है। परिवादी विवेक खटीक निवासी कनघट्टी ने आरोपी को 6 लाख रुपए नगद उधार दिए थे , उधार राशि के भुगतान के लिए आरोपी ने चेक दिया था, जो बैंक में प्रस्तुत करने पर बाउंस हो गया। परिवादी ने अपने अधिवक्ता नरेंद्र हिन्दल के माध्यम से आरोपी को कानूनी सूचना पत्र भेजकर राशि का भुगतान करने के लिए कहा, लेकिन राशि वापस न मिलने पर न्यायालय के समक्ष परिवाद प्रस्तुत किया।सुनवाई के दौरान परिवादी पक्ष के तर्क और साक्ष्य से सहमत होते हुए न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराया और 1 वर्ष का सश्रम कारावास व 8.30 लाख रुपए प्रतिकर का दंड सुनाया ,मामले में पैरवी परिवादी की ओर से मामले में पैरवी अधिवक्ता नरेंद्र हिन्दल एवं प्रदीप उपाध्याय ने की।

–00–

महंगाई के विरोध में 27 अगस्त को सीतामऊ में कांग्रेस का धरना, रैली और प्रदर्शन

सीतामऊ। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीतामऊ के नेतृत्व में बढ़ती महंगाई के विरोध में 27 अगस्त गुरुवार को धरना-प्रदर्शन एवं जन जागृति रैली का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे लदुना चौराहा, सीतामऊ से शुरू होगा। इसके बाद राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सीतामऊ को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी मंदसौर के अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की थीम “महंगाई के खिलाफ जनता की आवाज” रखी गई है।आंदोलन के दौरान कांग्रेस द्वारा बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रतीकात्मक प्रदर्शन किए जाएंगे। इसमें एक किलो शक्कर से आमजन को प्रतीकात्मक रूप से एक चुटकी शक्कर वितरित कर महंगाई का संदेश दिया जाएगा। इसके अलावा E20 ईंधन एवं बढ़ती पेट्रोल कीमतों, बढ़ते बिजली बिलों तथा घरेलू गैस सिलेंडर की महंगाई के विरोध में जनजागरण और प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हनुमंतसिंह राठौर एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल फरक्या ने कांग्रेस के सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महंगाई के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद करने की अपील की है।

–00–

पैगंबर हजरत मोहम्मद जन्मदिन के अवसर पर मुस्लिम समुदाय द्वारा जुलूस निकालकर मनाया जन्मदिवस

मंदसौर जिले के भानपुरा श्यामगढ़ सहित अन्य जगहों पर आज पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर मुस्लिम समुदाय द्वारा उनका जन्म उत्सव धाम के साथ मनाया गया नगर में जुलूस निकाला गया इस दिन मुस्लिम समाज द्वारा अमन भाईचारा इंसानियत और सच्चाई को लेकर उसके रास्ते चलने का संकल्प लिया जाता है और दान पूर्ण किया जाता है आज के दिन को इस्लामी धर्म के अनुसार महत्वपूर्ण दिन भी माना जाता है मस्जिदों और घरों में महफिले मिलाद होती है जहां कुरान की तिलावत और नात पैगंबर की शान में पढ़े जाने वाले गीत पढ़े जाते हैं नगर में काफी धूमधाम के साथ निकाला जाता है मुस्लिम समुदाय द्वारा जुलूस यह जुलूस मंदसौर जिले के सभी जगह निकल गया भानपुरा शामगढ़ सुवासरा सहित काफी जगह जुलूस निकला।

–00–

 गायत्री परिवार द्वारा श्रावणी पर्व 28 अगस्त रक्षाबंधन पर पशुपतिनाथ घाट पर मनाया जाएगा

मंदसौर । अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी प्रातः 8 बजे भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण महापर्व श्रावणी पर्व भगवान पशुपतिनाथ के शिवना तट पर मनाया जाएगा उसके पश्चात पंच कुंडी गायत्री महायज्ञ गायत्री शक्तिपीठ कालाखेत पर आयोजित होगा इसमें यज्ञोपवीत परिवर्तन करने के साथ ही संकल्प दिलाया जाएगा।श्रावणी पर्व में 10 स्नान के साथ भस्म गो नीर, गौ दूध, दही, शहद, दूर्वा के साथ विशेष औषधि के साथ स्नान कराया जाता है मनुष्य के अंदर जो जीवन में बुराई हो जाती है उसका प्रायश्चित हेतु प्रतिवर्ष पूरे जीवन में नया कलेवर जिस प्रकार साप अपनी शर्प अपनी कांचली को बदलता है इस प्रकार मनुष्य अपनी सारी जीवन की जो बुराइयां हो गई है उन्हें छोड़ने के लिए यह श्रावणी पाव ऋषियों ने बनाया है और हमारे साथ जो आत्माएं छोड़कर जा चुकी हैं उनकी आत्मा शांति के लिए वह हमारे सहयोगी बने उनका विशेष तर्पण का इसमें उल्लेख होता है जिसको तर्पण के रूप में आत्मा शांति के लिए कराया जाता है। गायत्री परिवार ने देव संस्कृति को स्थापना के लिए प्रत्येक संस्कार हर व्यक्ति के लिए हर समाज के लिए जोड़ने के साथ जीवन में स्थान देने के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है जो भी इस वैदिक पद्धति से जोड़ना चाहते हैं वह 28 अगस्त को प्रातः 8 बजे शिवना तट पर उपस्थित होकर सम्मिलित हो। यह जानकारी गायत्री परिवार व्यवस्थापक पन्नालाल मालवीय द्वारा दी गई।

–00–

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}