मंदसौर जिला

पिलामोजक व अफलन से उड़द की फसल हुई बर्बाद, किसान ने ट्रैक्टर चलाकर फसल नष्ट की

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से फसल का सर्वे करवाकर बीमा व मुआवजा दिलाने की मांग की

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। क्षेत्र में फसलों पर पिलामोजक बीमारी और अफलन की समस्या किसानों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। गुरुवार को मल्हारगढ़ नगर में नारायणगढ़ मार्ग स्थित किसान एजाज हुसैन ने बीमारी और अफलन से खराब हुई अपनी तीन बीघा उड़द की फसल को ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया। किसान का कहना है कि फसल पूरी तरह खराब होने के कारण उसे बचाने की कोई उम्मीद नहीं थी, जिसके चलते मजबूरी में खेत में ट्रैक्टर चलाकर फसल को नष्ट करना पड़ा। किसान एजाज हुसैन ने बताया कि उन्होंने करीब तीन बीघा भूमि में उड़द की फसल बोई थी। फसल में पिलामोजक नामक बीमारी लगने के साथ ही अफलन की स्थिति बन गई। लगातार प्रयासों के बावजूद फसल में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि खाद, बीज, निदाई और गुड़ाई सहित अन्य कृषि कार्यों में करीब 25 से 30 हजार रुपए खर्च हो चुके हैं, लेकिन अब पूरी फसल खराब हो गई है। किसान ने बताया कि उसके पास करीब 17 बीघा भूमि में सोयाबीन की फसल भी बोई हुई है। उसमें भी पिलामोजक बीमारी आने की आशंका बनी हुई है। किसान ने कहा कि पहले से ही आर्थिक संकट का सामना कर रहे किसानों के सामने फसल खराब होने से बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से खराब फसलों का तत्काल सर्वे करवाकर फसल बीमा और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा ने खेत से ही अनुविभागीय अधिकारी स्वाति तिवारी से फोन पर चर्चा की और उड़द की फसल में पिलामोजक तथा अफलन की स्थिति से अवगत करवाया। शर्मा ने किसान की खराब हुई फसल का शीघ्र परीक्षण एवं सर्वे करवाकर पर्याप्त मुआवजा तथा फसल बीमा राशि दिलाने की मांग की।

इस पर अनुविभागीय अधिकारी स्वाति तिवारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कस्बा पटवारी को मौके पर भेजकर खराब हुई फसल का निरीक्षण करवाने की बात कही। कांग्रेस नेता शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में उड़द के साथ-साथ सोयाबीन, मूंगफली सहित अन्य फसलों में भी पिलामोजक और अफलन की स्थिति सामने आ रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पटवारियों एवं कृषि विभाग के अमले के माध्यम से प्रभावित गांवों और किसानों को चिन्हित कर फसलों का सर्वे करवाया जाए, ताकि पात्र किसानों को समय पर फसल बीमा और मुआवजे का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि किसान पहले ही महंगे खाद-बीज, दवाई, मजदूरी और कृषि लागत के चलते आर्थिक दबाव में हैं। ऐसे में फसल खराब होने से किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। मौके पर जिला कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष लियाकत मेव, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कोहिनूर मेव, भेरू (पप्पू) गुर्जर, एहसान भाई सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}