समाचार मध्यप्रदेश नीमच 17 अगस्त 2026 सोमवार

//////////////////////////////////////
नीमच में ग्रामीण युवाओं के लिए निःशुल्क स्वरोजगार प्रशिक्षण
सिलाई-ब्यूटी पार्लर सहित चार प्रशिक्षण कार्यक्रम होंगे आयोजित
नीमच 16 अगस्त 2026, भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान,नीमच द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्र के 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें कृषि उद्यमी, बकरी पालन, सिलाई तथा ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान आवास, भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था निःशुल्क रहेगी।
कृषि उद्यमी प्रशिक्षण 18 अगस्त से
कृषि उद्यमी प्रशिक्षण (डेयरी फार्मिंग, वर्मी कम्पोस्ट एवं कृषि) 18 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगा। यह 13 दिवसीय प्रशिक्षण है। प्रशिक्षण में पशु चिकित्सालय, कृषि, बागवानी एवं अन्य विभागों के अनुभवी वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही संबंधित विभागों की ऋण योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
बकरी पालन प्रशिक्षण 19 अगस्त से
बकरी पालन का निःशुल्क प्रशिक्षण 19 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगा। यह 12 दिवसीय प्रशिक्षण रहेगा। प्रशिक्षण के दौरान पशु चिकित्सा, कृषि, बागवानी एवं अन्य विभागों के विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण के साथ संबंधित ऋण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
सिलाई प्रशिक्षण 21 अगस्त से
महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण 21 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगा। यह 31 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण है। प्रशिक्षण में आवास, भोजन एवं नाश्ता निःशुल्क रहेगा तथा इच्छुक प्रशिक्षणार्थियों के ऋण के फॉर्म भी प्रशिक्षण केंद्र पर ही भरवाए जाएंगे।
ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण 24 अगस्त से
महिलाओं के लिए ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण 24 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगा। यह 35 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण रहेगा। इसमें भी प्रशिक्षणार्थियों को आवास, भोजन एवं नाश्ते की निःशुल्क सुविधा मिलेगी तथा ऋण संबंधी मार्गदर्शन एवं आवेदन की सुविधा प्रशिक्षण केंद्र पर उपलब्ध रहेगी।
इन सभी प्रशिक्षणों में प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। प्रशिक्षणार्थी 4 पासपोर्ट साइज फोटो तथा आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राशन कार्ड और अंकसूची की छायाप्रति 3 सेट में लेकर आवेदन भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, हवाई पट्टी के सामने, विश्राम भवन के पास, चीताखेड़ा मेन रोड, नीमच में जमा कर सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 9111053516, 9074201015, 9009684125 एवं 7898187819 पर संपर्क किया जा सकता है। बकरी पालन प्रशिक्षण के लिए 9479441178 नंबर पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
संस्थान ने ग्रामीण क्षेत्र के पात्र युवक-युवतियों से इन निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की है।
==============
नीमच में 20 अगस्त को आयोजित होगा ‘युवा संगम’ कार्यक्रम
स्थानीय एवं प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसरों के लिए करेंगी चयन
नीमच, 16 अगस्त 2026। जिला रोजगार कार्यालय एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, नीमच के संयुक्त तत्वावधान में 20 अगस्त 2026, गुरूवार को प्रातः11 बजे से दोपहर 3 बजे तक टाउन हॉल, दशहरा मैदान, नीमच में ‘युवा संगम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिले की स्थानीय एवं जिले के बाहर की प्रतिष्ठित कंपनियों तथा उद्योग एवं व्यापारिक संस्थाओं द्वारा सहभागिता की जाएगी। इन कंपनियों एवं संस्थाओं द्वारा विभिन्न पदों के लिए योग्य युवाओं का चयन किया जाएगा। साथ ही युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, उद्योग स्थापना, शासकीय योजनाओं एवं कौशल विकास संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
‘युवा संगम’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित कराना है।
जिला रोजगार कार्यालय द्वारा युवाओं से अपील की गई है, कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर रोजगार एवं स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।
=====
जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आज
नीमच, 16 अगस्त 2026। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आज 17 अगस्त 2026 को प्रातः 10:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, नीमच में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित होगी।
बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रस्तावित एवं वर्तमान में प्रचलित कार्यों तथा जल निगम द्वारा क्रियान्वित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं मिशन के सदस्यों को अनिवार्य रूप से उपस्थित की अपेक्षा की गई है।
=============
शुष्क दिवस पर अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की सघन कार्रवाई,
09 प्रकरण दर्ज, 06 आरोपी गिरफ्तार
नीमच, 16 अगस्त 2026। 15 अगस्त को घोषित शुष्क दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के आदेश तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. दांगी के निर्देशन में नीमच आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध सघन तलाशी एवं छापेमारी अभियान चलाया गया।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. सिंगडा के नेतृत्व में आबकारी उपनिरीक्षक श्री संजय कुमार कवारे, श्री दीपक आंजना एवं श्री पंकज राठौड़ के आबकारी दल ने नीमच शहर के साथ ग्राम भंवरासा, सगरग्राम, किशनपुरिया, बोरखेड़ी सहित अन्य चिन्हित स्थानों तथा नीमच-महू हाईवे स्थित ढाबों पर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान 57 लीटर अवैध महुआ हाथ भट्ठी कच्ची मदिरा, 950 किलोग्राम महुआ लाहन तथा 2 लीटर देशी मदिरा बरामद कर जब्त की गई। कार्रवाई में 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम,1915 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 09 प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए। जब्त मदिरा एवं महुआ लाहन का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये है।
कार्रवाई में आबकारी प्रधान आरक्षक श्री गोपाल शर्मा तथा आबकारी आरक्षक श्री विष्णुसिंह यादव, श्री महेश गेहलोत, श्री विलास दगिया, श्री बलवंत भाटी, श्री हंसराज बिलवाल, श्री नितिन अवस्थी एवं सुश्री मधुमिता मालवीय का सराहनीय सहयोग रहा।
आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध आगामी दिनों में भी सघन कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
==========
नवांकुर सखियों ने हरियाली कलश एवं तिरंगा यात्रा निकालकर दिया पर्यावरण व राष्ट्रभक्ति का संदेश
नीमच, 16 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्थाओं द्वारा ग्राम बमोरी एवं सरवानिया बोर में हरियाली कलश एवं तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया।
ग्राम बमोरी में नवांकुर संस्था द फर्स्ट गोल सोशल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा महादेव मंदिर से हरियाली कलश यात्रा एवं तिरंगा रैली निकाली गई। यात्रा के दौरान ग्रामीणों एवं नवांकुर सखियों ने पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। एक वर्ष पूर्व हरियाली अमावस्या पर वितरित बीजों से तैयार पौधों का नवांकुर सखियों द्वारा सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया गया।
इसी क्रम में ग्राम सरवानिया बोर में नवांकुर संस्था ग्रीन विजन सेवा फाउंडेशन से जुड़ी नवांकुर सखियों ने हर घर तिरंगा यात्रा निकालकर ग्रामीणों को घर-घर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। यात्रा में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “हर घर तिरंगा” के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
दोनों आयोजनों में नवांकुर सखियों, प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन की सहभागिता रही।
==========
एनएसएसजी ग्रीन बेल्ट पर शान से लहराया तिरंगा

उपलब्धि हासिल करने पर हुआ सदस्यों का सम्मान
मुख्य अतिथि आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. यशवंत पाटीदार, विशेष अतिथि शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता गर्ग एवं एमडी डॉ. रवींद्र पाटीदार, डॉ. रंजना सिंहल, समाजसेवी निखार गोयल तथा ग्रुप एडमिन विवेक खण्डेलवाल ‘सोनू’ की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ।
मुख्य अतिथि डॉ. यशवंत पाटीदार ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का सही अर्थ तभी है, जब हम अपने जीवन और समाज के प्रति जिम्मेदार बनें। वाहन चलाते समय सीट बेल्ट व हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा मोबाइल का उपयोग न करें। दुर्घटना होने पर घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के साथ सीपीआर की जानकारी रखना भी जीवन बचाने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने सीपीआर एवं राजवीर योजना के संबंध में भी जानकारी दी।
विशेष अतिथि डॉ. श्वेता गर्ग ने कहा कि 1947 में देश अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हुआ, लेकिन आज हमें अपने नौनिहालों को बीमारियों से आजादी दिलाने का संकल्प लेना चाहिए। बच्चों का समय पर पूर्ण टीकाकरण करवाएं और उन्हें स्वस्थ एवं मुस्कराता जीवन दें। स्वतंत्रता दिवस हमें यह संदेश भी देता है कि बेटे और बेटियों को समान अवसर देकर उन्हें आगे बढ़ने का अधिकार दिया जाए।
विशेष अतिथि एमडी डॉ. रवींद्र पाटीदार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। देश ने आजादी के 80 वर्ष पूरे किए हैं और हम भी स्वस्थ, फिट एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाकर 80 वर्ष से अधिक का स्वस्थ जीवन जीने का लक्ष्य रख सकते हैं।
ग्रुप एडमिन विवेक खण्डेलवाल ‘सोनू’ ने कहा कि एनएसएसजी द्वारा मानसून सत्र में भी निरंतर वृक्षारोपण किया जा रहा है। आज हम यहां स्वतंत्रता का जश्न मनाने के साथ देश के वीर शहीदों की शहादत को नमन करने के लिए एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा कि नगर समस्या एवं सुझाव ग्रुप सदैव सेवा, समन्वय और सम्मान की भावना के साथ समाज के हर वर्ग के बीच अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। वर्षभर ग्रुप से जुड़े सदस्यों एवं उनके परिजनों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई उपलब्धियों के लिए उन्हें सम्मानित करना भी इसी भावना का हिस्सा है।
इस अवसर पर तृप्ति मनोज दुआ, अशफाक अहमद, प्रखर, डॉ. रंजना दीपक सिंहल, डॉ. अशोक जैन, प्रवीण आर्य, प्रकाश गोयल एवं विजय समदानी को मोतियों की माला एवं दुपट्टा पहनाकर तथा सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं फिरोज गोल्डन को दुपट्टा पहनाकर उनके सेवा कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में अशफाक अहमद ने स्वरचित देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। महिला एवं पुरुष सदस्यों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के जयघोष लगाए और देशभक्ति गीत गुनगुनाए।
समारोह में तृप्ति दुआ, माधुरी चौरसिया, संगीता शर्मा, रानी राणा, बरखा खण्डेलवाल, ज्योति मित्तल, रेखा गोयल, किरण तिवारी, अमन चौहान, शोभा शर्मा, साहित्यकार प्रमोद रामावत, समाजसेवी संतोष चौपड़ा, निखार गोयल, प्रोफेसर एनके डबकरा, मुकेश डबकरा, वरुण खण्डेलवाल, संजय श्रीवास्तव, मनोज माहेश्वरी, घनश्याम सेठिया, बीड़ी वैष्णव, अपूर्व शर्मा, आशीष कच्छारा सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। सदस्यों ने अतिथियों एवं सम्मानित किए गए सदस्यों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। संपूर्ण आयोजन का संचालन ग्रुप एडमिन विवेक खण्डेलवाल ‘सोनू’ ने किया तथा अंत में संगीता शर्मा ने आभार व्यक्त किया।


