दलौदा नई नगर परिषद सहित जिले में नगर निकाय मतदाता सूची का हुआ प्रकाशन, जिले के 12 नगर निकायों में कुल 253823 मतदाता के नाम मतदाता सूची में दर्ज

अब आरक्षण की प्रक्रिया पर सबकी निगाहें, 205 पार्षद और 12 अध्यक्ष पदों का होना आरक्षण
मंदसौर। जिले के नगर निकायों कि मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अब राजनैतिक क्षेत्र की निगाहे निकाय चुनाव पर लग गई है। निकाय चुनाव कब होंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है। इससे पहले आरक्षण की प्रक्रिया होगी। निकाय चुनाव को लेकर मंदसौर जिले में भी सभी 12 निकायों में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। दलौदा नगर परिषद भी अस्तित्व में आई है। दलौदा की मतदाता सूची का भी प्रकाशन हुआ है। इसके साथ ही अब सबकी निगाहे निकाय चुनाव की तिथियों पर है।
चुनाव आयोग ने यह संकेत दिए है कि अगले साल मई से अगस्त के मध्य में चुनाव कराए जा सकते है। लेकिन इससे पहले आरक्षण की प्रक्रिया होगी। इस बार प्रत्यक्ष प्रणाली से निकाय चुनाव होंगे। अर्थात अध्यक्ष का चुनाव सीधे मतदाता द्वारा किया जाएगा। निकाय चुनाव से पहले आरक्षण की प्रक्रिया होगी। आरक्षण पर सबकी निगाहे है।
यह स्पष्ट है कि आरक्षण की प्रक्रिया में 50 प्रतिशत सीटे महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाएगी। मंदसौर जिले में 12 अध्यक्ष एवं 205 पार्षद पदों के चुनाव होंगे। मंदसौर जिले में मंदसौर नगर पालिका के अलावा सीतामऊ, सुवासरा, शामगढ़, गरोठ, भानपुरा, भैसोदामंडी, नगरी, दलौदा, मल्हारगढ़, पिपलिया, नारायणगढ़ नगर परिषदें है। आरक्षण की प्रक्रिया के दौरान 205 वार्ड में से 100 से अधिक वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाएंगे। अध्यक्ष के पद भी महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे।
मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद दोनों प्रमुख राजनैतिक दल भाजपा व कांग्रेस की निगाहे निकाय चुनाव पर लग गई है। आंतरिक तौर पर दोनों दलों में तैयारियां भी चल रही है।जिला प्रशासन द्वारा दोनों दलों को मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। यह मतदाता सूची वार्डों तक पहुंचाई जा रही है। इसके साथ ही निकायों में राजनैतिक गतिविधियां भी तेज की गई है। भाजपा ने यह संकेत दिए है कि निकाय चुनाव में 30 से 60 वर्ष उम्र के कार्यकर्ताओं को महत्व दिया जाएगा। इसके साथ ही भाजपा में उच्चस्तर पर यह भी विचार है कि फिलहाल की राजनैतिक परिस्थितियों के मद्देनजर चुनाव आगे बढ़ा दिए जाएं। गौरतलब है कि पिछली बार भी कोविड के कारण दो साल चुनाव आगे बढ़ गए थे। सन 2020 में प्रस्तावित चुनाव सन 2022 में हुए थे। निकाय चुनाव को लेकर भाजपा व कांग्रेस दोनों दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती पूरे जिले के लिए 100 महिलाओं उम्मीदवारों को खोजने की रहेगी। हालांकि दोनों दलों में महिलाएं राजनैतिक तौर पर सक्रिय है। यह भी उल्लेखनीय है कि सन 2022 के चुनाव में निकायों में भाजपा को बहुमत मिला था। भानपुरा नगर परिषद को छोड़कर लगभग सभी निकायों के अध्यक्ष पद पर भाजपा को सफलता मिली थी। भानपुरा नगर परिषद अध्यक्ष कांग्रेस के खाते में गया था।
नगरीय निकाय में मतदाता : एक नजर
निकाय – पुरुष – महिला –तृतीय लिंग–कुल मतदाता
भानपुरा- 8599- 8613–0 –17212
भैसोदा –5241–5111– 0-10352
गरोठ –7403–7336–2–14741
शामगढ–10011–9726–0–19737
सुवासरा–5410–5620–1–11031
सीतामऊ–5836–5723–0–11559
मल्हारगढ–3345–3552– 0– 6897
पिपलियामंडी-6233–6536–0–12769
नारायणगढ–4252–4583–0- 8835
दलौदा–4491–4339–0-8830
नगरी–2726–2691–1–5418
मंदसौर–63060–63376–10–126442


