नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 09 अगस्त 2026 रविवार

/////////////////////////////////////////////

अपार आईडी से सुरक्षित होंगे विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेख

नीमच, 08 अगस्त 2026। जिला शिक्षा विभाग नीमच द्वारा विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के लिए अपार आईडी के निर्माण एवं सत्यापन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत अपार आईडी प्रत्येक विद्यार्थी की विशिष्ट शैक्षणिक पहचान है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेख डिजिटल रूप से सुरक्षित एवं व्यवस्थित रहेंगे। साथ ही, शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश, स्थानांतरण, प्रमाण-पत्रों के सत्यापन तथा अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में सुविधा प्राप्त होगी।

अपार आईडी के कई महत्वपूर्ण लाभ

अपार आईडी के माध्यम से विद्यार्थियों का संपूर्ण शैक्षणिक रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेगा। विद्यालय परिवर्तन अथवा उच्च शिक्षा में प्रवेश के समय शैक्षणिक अभिलेखों के आदान-प्रदान में सुविधा होगी। विभिन्न शैक्षणिक सेवाओं एवं डिजिटल माध्यमों के उपयोग में भी अपार आईडी सहायक होगी।

विद्यालयों को शत-प्रतिशत अपार आईडी निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश

जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों को प्रत्येक पात्र विद्यार्थी की अपार आईडी का निर्माण एवं सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में वर्तमान में लगभग 80 प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण की प्रगति दर्ज की गई है। शेष विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के लिए विद्यालय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपने संबंधित विद्यालय से संपर्क कर अपार आईडी की स्थिति की पुष्टि करें तथा आवश्यक विवरण उपलब्ध कराएं। विद्यालयों को भी निर्देशित किया गया है कि किसी भी विद्यार्थी को अपार आईडी संबंधी जानकारी के अभाव में भविष्य की शैक्षणिक प्रक्रियाओं में कठिनाई न हो, इसके लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करें।

========

डिप्टी कलेक्टर एवं परियोजना अधिकारी डूडा ने किया मनासा नगर परिषद का निरीक्षण

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के समयबद्ध निराकरण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

नीमच 08 अगस्त 2026। डिप्टी कलेक्टर एवं परियोजना अधिकारी डूडा श्रीमती मयूरी जोक ने नगर परिषद मनासा का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री संजय पाटीदार सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती जोक ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने शाखा प्रभारियों से लंबित शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन से संबंधित कुछ शिकायतों के स्थलों का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों को शीघ्र स्वीकृत कर ऋण वितरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स तक पहुंचाने के लिए प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो।

श्रीमती जोक ने अमृत हरित अभियान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप व्यापक स्तर पर पौधारोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने रोपित किए जाने वाले प्रत्येक पौधे की जानकारी मेरी लाइफ पोर्टल पर दर्ज करने तथा पौधों के संरक्षण एवं नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा नागरिकों को बेहतर एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

===========

तीन पीड़ित परिवारों को 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत

नीमच, 08 अगस्त 2026। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, मनासा सुश्री किरण आंजना ने राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग-6(4) के तहत तीन पीड़ित परिवारों को कुल 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।

कुशालपुरा निवासी संतोष यादव की जहरीले जानवर के काटने से मृत्यु होने पर उनकी वारिस पत्नी गायत्री यादव को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

इसी प्रकार अरनियाढाणी निवासी पायल पिता जेतराम की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर उनके वारिस जेतराम पिता मांगीलाल को 4 लाख रुपये तथा अरनियाढाणी निवासी कचरीबाई पति रामचंद्र की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर उनके वारिस रामचंद्र पिता पन्नालाल को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

उल्लेखनीय है कि तहसीलदार रामपुरा द्वारा संबंधित प्रकरण तैयार कर अनुशंसा के लिए एसडीएम मनासा को प्रस्तुत किए गए थे। प्रकरणों के परीक्षण उपरांत एसडीएम द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग-6(4) के प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।

==========

जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता-2026 संपन्न

आदित्य बिड़ला सीनियर सेकेंडरी स्कूल खोर की टीम प्रथम,

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेगी नीमच जिले का प्रतिनिधित्व

नीमच, 8 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा विद्यार्थियों को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास, प्राकृतिक संपदा एवं पर्यटन स्थलों से परिचित कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन शुक्रवार को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, नीमच में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 111 विद्यालयों की 111 टीमों के 333 विद्यार्थियों ने अपने मार्गदर्शक शिक्षकों के साथ सहभागिता की।

प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की गई। प्रथम चरण में दो घंटे की लिखित परीक्षा हुई, जिसमें मध्यप्रदेश के सामान्य ज्ञान, पर्यटन, वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण, कला-संस्कृति एवं ऐतिहासिक धरोहरों से संबंधित 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। लिखित परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली छह टीमों का चयन द्वितीय चरण के लिए किया गया।

द्वितीय चरण में चयनित छह टीमों के बीच मल्टीमीडिया क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक चले इस चरण में विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश के पर्यटन, इतिहास, कला-संस्कृति एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों का उत्साहपूर्वक जवाब दिया।

खोर की टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान

मल्टीमीडिया क्विज के बाद घोषित परिणाम में आदित्य बिड़ला सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खोर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम में प्रतिभा जैन, शिवानी प्रसाद एवं अभिषेक शामिल रहे। टीम आगामी राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में नीमच जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डिकेन की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। टीम में डिम्पल, जयश्री एवं खुशी पाटीदार शामिल रहीं। विद्यासागर पब्लिक स्कूल, भाटखेड़ी की टीम तृतीय स्थान पर रही। टीम में धर्मेन्द्र कछावा, पीयूष मालवीय एवं सुमित पाटीदार शामिल रहे।

चतुर्थ स्थान पर सैफिया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रतनगढ़ की टीम, पंचम स्थान पर डिवाइन पब्लिक हाईस्कूल, सिंगोली की टीम तथा षष्ठम स्थान पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जमुनिया कलां की टीम रही।

चतुर्थ स्थान प्राप्त टीम में निलाक्षी कुँवर, युग सेन एवं किरण, पंचम स्थान प्राप्त टीम में मोहम्मद जुनेद, परिधि जैन एवं पलक तथा षष्ठम स्थान प्राप्त टीम में वंशिता जैन, कृतिका एवं प्रतिभा मारू शामिल रहे।

विजेता टीमों को मिलेगा निःशुल्क पर्यटन भ्रमण

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को 3 दिन एवं 2 रात तथा चतुर्थ, पंचम एवं षष्ठम स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को 2 दिन एवं 1 रात का निःशुल्क पर्यटन भ्रमण कराया जाएगा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों के ठहरने की व्यवस्था मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के आधिकारिक होटल एवं रिसॉर्ट्स में की जाएगी।

प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश की कला, संस्कृति, इतिहास, पर्यावरण, वन्यजीव एवं पर्यटन स्थलों के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के साथ ही टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अवसर मिला।

===========

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}