समाचार मध्यप्रदेश नीमच 05 अगस्त 2026 बुधवार

///////////////////////////////////
कलेक्टर के निर्देशानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी
सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने नगर पालिका का विशेष अभियान जारी
नीमच, 4 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने तथा आमजन की सुविधा के लिए नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को एसडीएम श्री पराग जैन, तहसीलदार श्री संजय मालवीय एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में मनासा रोड डाक बंगले से पीजी कॉलेज तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान दुकानों के बाहर फुटपाथ एवं सड़क तक लगाए गए चद्दर शेड, टीन शेड तथा अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। मनासा नाका स्थित यात्री प्रतीक्षालय के समीप टीन शेड बनाकर संचालित की जा रही अवैध दुकान को जेसीबी की सहायता से हटाया गया। साथ ही बार-बार समझाइश के बावजूद दुकानों के बाहर रखा सामान नहीं हटाने वाले दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया।
अभियान के दौरान भगवानपुरा चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर अनेक दुकानदारों ने नगर पालिका की कार्रवाई में सहयोग करते हुए स्वयं ही अपनी दुकानों के बाहर लगाए गए शेड एवं अन्य अवरोध हटा लिए।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया ने बताया कि शहर में आवागमन को सुगम बनाने तथा फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक मार्गों को बाधामुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई के बाद यदि पुनः अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध सामान जब्ती, भारी जुर्माना एवं नियमानुसार अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में नगर पालिका के राजस्व अधिकारी श्री खेमचंद मुसले, श्री टेकचंद बुनकर, स्वास्थ्य अधिकारी श्री दिनेश टांक, सहायक राजस्व निरीक्षक श्री महावीर जैन, श्री महेंद्र साहू, श्री तेज प्रकाश चोपड़ा, श्री अर्जुन राठौर, श्री रवि भंडारी, श्री योगेश टांकवाल, स्वच्छता निरीक्षक श्री भारत सिंह भारद्वाज, गैंग प्रभारी श्री दीपक गौहर, श्री राम सिंह सहित नगर पालिका का अमला जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य आवश्यक संसाधनों के साथ उपस्थित रहा।
========
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रचार-प्रसार के लिए फसल बीमा रथ को दिखाई गई हरी झंडी
नीमच 4 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की अंतिम तिथि 17 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी गई है। योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकाधिक किसानों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से जिले में प्रचार-प्रसार रथ को मंगलवार को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री पराग जैन एवं उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास, जिला नीमच द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
उप संचालक ने बताया कि योजना के अंतर्गत ऋणी एवं गैर-ऋणी दोनों प्रकार के किसान अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा करा सकते हैं। ऋणी किसानों की फसलों का बीमा संबंधित बैंक शाखाओं के माध्यम से किया जाएगा, जहां उनके किसान क्रेडिट कार्ड खाते संचालित हैं। वहीं गैर-ऋणी किसान निकटतम बैंक शाखा, पैक्स, प्राथमिक कृषि साख समिति, कॉमन सर्विस सेंटर अथवा पीएमएफबीवाई पोर्टल एवं मोबाइल एप के माध्यम से फसल बीमा करा सकते हैं।
खरीफ वर्ष 2026 के लिए धान (सिंचित एवं असिंचित), सोयाबीन, अरहर, मक्का, तिल एवं उड़द अधिसूचित फसलें हैं। इन फसलों के बीमा की अंतिम तिथि 17 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। किसानों से अपील की गई है कि वे समय-सीमा के भीतर योजना का लाभ लें तथा अधिक जानकारी के लिए निकटतम बैंक, सीएससी केंद्र अथवा कृषि कार्यालय से संपर्क करें।
=======
समय-सीमा समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने विभागों की परखी प्रगति
प्रभावी प्रशासन और जवाबदेही पर कलेक्टर का जोर
नीमच, 4 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) समीक्षा बैठक में शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों, सीएम हेल्पलाइन, राजस्व प्रकरणों तथा विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। आमजन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने विभागवार सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल पोर्टल बंद करने तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कर विभागीय रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक तथा सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों को निर्देश दिए गए कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की नशीली वस्तुओं का विक्रय नहीं होना चाहिए। ऐसे मामलों की नियमित निगरानी करते हुए दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को झूलते विद्युत तारों से संबंधित शिकायतों का तत्काल निराकरण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित हो सके।
समीक्षा के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग में डीबीटी एवं हितग्राही सत्यापन कार्य में लापरवाही के कारण पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के महाप्रबंधक एवं जिला विपणन अधिकारी के बिना पूर्व सूचना बैठक में अनुपस्थित रहने पर भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
नगर क्षेत्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित अभियान संचालित करने, सार्वजनिक मार्गों को बाधामुक्त बनाए रखने तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार हेतु सतत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राजस्व प्रकरणों की समीक्षा में कलेक्टर श्री चंद्रा ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि रास्ता विवाद, अतिक्रमण हटाने एवं अन्य निराकृत राजस्व प्रकरणों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि मैदानी निरीक्षण से प्रशासनिक निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा तथा आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
बैठक में 7 अगस्त से प्रारंभ होने वाले मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अभियान के दौरान समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने एवं निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि सभी जिला अधिकारी शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित समीक्षा करें, अधीनस्थ अमले की सतत मॉनिटरिंग रखें तथा प्रत्येक प्रकरण में जवाबदेही के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को समय पर राहत एवं बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री बी.एस.कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री मयूरी जोक, सुश्री श्रुति भयड़िया सहित जिले के सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
====
सांदीपनि विद्यालय हेतु विधायक को ज्ञापन दिया कृति ने
नीमच। नीमच जिले में स्वीकृत सभी सांदीपनि, सीएम राइज विद्यालय भव्य आकार ले चुके हैं । केवल नीमच शहर ही नवीन भवन अब तक नही बना है। अब जब शहर के बीचों बीच इस विद्यालय के निर्माण का प्रारम्भ होने जा रहा है तो खेल मैदान के नाम पर अड़ंगा लगाने का खेल शुरू हो गया है। जबकि इस विद्यालय भवन के साथ नवीन व आधुनिक खेल सुविधाएं भी विकसित होंगी जिसका लाभ अंततः नीमच और आस पास के खिलाड़ियों को ही मिलेगा। यही नही क्रमांक 2 विद्यालय मैदान के पुराने भवनों को हटाकर बनने वाला नवीन भवन विद्यार्थियों की सुरक्षा और आवागमन के हिसाब से भी सुविधाजनक होगा।
इन्ही सब तथ्यों को ध्यान में रखते हुए नीमच की अग्रणी साहित्यिक, सामाजिक संस्था कृति के सदस्यों ने अध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में विधायक दिलीपसिंह परिहार को ज्ञापन देकर सांदीपनि विद्यालय का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। संस्था के सचिव रघुनन्दन पाराशर ने बताया कि विधायकजी ने संस्था की राय से सहमति व्यक्त करते हुए निर्माण शीघ्र प्रारम्भ कराने का भरोसा दिलाया। सांदीपनि विद्यालय भवन बनने से और अधिक विद्यार्थियों को सस्ती और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर कृति के कोषाध्यक्ष राजेश जायसवाल, सहसचिव श्याम टांकवाल, पूर्व अध्यक्ष किशोर जेवरिया, डॉ पृथ्वीसिंह वर्मा, सत्येंद्र सिंह राठौर , पूर्व सचिव कमलेश जायसवाल आदि उपस्थित थे ।
========
आंदोलनजीवी विकास, खेल और खिलाड़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ व बाधा उत्पन्न नहीं करें — भाजपा
नीमच। भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि सुशासन के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव एवं जनता के हितों तथा क्षेत्र के विकास को समर्पित विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार ने अपने सार्थक प्रयासों से प्रदेश और क्षेत्र का उल्लेखनीय एवं समुचित विकास किया है। आज नीमच नगर ही नहीं, समूची विधानसभा का स्वरूप विकसित और समृद्धशाली हुआ है तथा जनभावनाओं के अनुरूप विकास किया गया है। परंतु शहर की जनता का दुर्भाग्य है कि कुछ आंदोलनजीवियों द्वारा शहर के विकास, खेल और खिलाड़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ एवं बाधा उत्पन्न की जा रही है। इस तरह की जनविरोधी नीति का भाजपा कड़ा विरोध करती है।
भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री श्री धनसिंह कैथवास, जिला उपाध्यक्ष श्री आदित्य मालू, श्री निलेश पाटीदार एवं कार्यालय मंत्री श्री विनोद नागदा ने प्रेस को जारी संयुक्त बयान में कहा कि आंदोलनकारियों को विरोधियों की कठपुतली नहीं बनना चाहिए तथा परायी फूंक से बजने वाला शंख भी नहीं बनना चाहिए। विकास निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और सतत रूप से साधना कर विधायक श्री परिहार ने शहर एवं ग्रामीण अंचलों का विकास किया है।
विकास की इस श्रृंखला की महत्वपूर्ण कड़ी हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक 2 की जमीन पर प्रस्तावित बहुउद्देशीय सांदीपनि स्कूल का निर्माण कार्य है। यह निर्माण विकास, खेल, खिलाड़ियों एवं पालकों के हित में है, जिसकी जितनी भी सराहना की जाए, वह कम है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि राजनीतिक रूप से फुर्सत में बैठे एवं जनता द्वारा नकार दिए गए लोग प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से इस आंदोलन की आड़ में जनता को धोखा दे रहे हैं। पार्टी इस प्रकार के जनविरोधी क्रियाकलापों का डटकर मुकाबला कर उचित जवाब देगी।
श्री कैथवास, जिला उपाध्यक्ष श्री आदित्य मालू, श्री निलेश पाटीदार एवं श्री नागदा ने कहा कि सांदीपनि स्कूल के निर्माण को लेकर जनसेवक होने के नाते विधायक श्री परिहार ने प्रशासन एवं शासन स्तर पर सक्रियता से कार्य किया। उसी का परिणाम है कि लगभग 45 करोड़ रुपये से अधिक की राशि से इस बहुमंजिला सर्वसुविधायुक्त विद्यालय भवन का निर्माण हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में किया जा रहा है।
विधायक श्री परिहार ने संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र के विकास के नाम पर कभी समझौता नहीं किया तथा जनता के हितों को हमेशा सर्वोपरि रखकर कार्य किया है। उसी का परिणाम है कि गर्ल्स कॉलेज में 13 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक खेल मैदान का निर्माण किया जा रहा है। ग्राम धनेरिया कला में 7 करोड़ रुपये की लागत से स्टेट ऑफ द आर्ट युक्त हॉकी मैदान तथा ग्वालटोली क्षेत्र में खेल मैदान का भी शीघ्र निर्माण किया जा रहा है।
शहर में बगीचा नंबर 13 में इंडोर स्टेडियम, दारू में स्टेडियम, जीरन में सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम, नीमच सिटी रावण रूंडी में मिनी स्टेडियम सहित 5 ग्राम पंचायतों में मिनी स्टेडियम प्रस्तावित हैं।
जहां तक सांदीपनि स्कूल के निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों का प्रश्न है, उन्हें यह सच्चाई पता होना चाहिए कि इस बहुउद्देशीय विद्यालय में बास्केटबॉल, घुड़सवारी, स्विमिंग पूल जैसे अनेक खेलों के लिए खिलाड़ियों हेतु स्थान निर्धारित किए जा रहे हैं और इससे वर्तमान खेल मैदान किसी प्रकार प्रभावित नहीं हो रहा है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस, आम आदमी पार्टी एवं कुछ लोगों ने केवल और केवल विरोध के लिए विरोध किया है। आधारहीन एवं तथ्यहीन आरोप लगाकर बच्चों के भविष्य के साथ-साथ जनता, विशेषकर पालकों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है।
आंदोलनजीवी उस वक्त कहां गए थे, जब नीमच का सबसे लोकप्रिय खेल फुटबॉल हुड़दंग और हंगामे के कारण कलंकित हो रहा था? तब विरोध की आवाज क्यों नहीं सुनाई दी?
विधायक श्री परिहार स्वयं श्रेष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी रहे हैं। विधायक ट्रॉफी का आयोजन भी उनके द्वारा सफलतापूर्वक किया गया है। स्टेडियम में पेवेलियन आदि का निर्माण भी हुआ है तथा आगे भी अनेक कार्य किए जा रहे हैं। ऐसे विधायक खेल और खिलाड़ियों का विरोध कैसे कर सकते हैं?
आंदोलनजीवियों के लिए बेहतर होगा कि वे विरोध का बेसुरा आलापना बंद करें और विकास का मार्ग प्रशस्त करें।
— विनोद नागदा
कार्यालय मंत्री, भाजपा जिला नीमच
========
जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं 147 आवेदकों की समस्याएं
संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश
नीमच 4 अगस्त 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, नीमच में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 147 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में बोरदिया कलां के दुल्हेसिंह सौंधिया ने प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे सूची में नाम शामिल कराने, कचौली की वरदीबाई ने खेत तक पहुंच मार्ग खुलवाने, केनपुरया के सूरज ने कोटवार पद पर नियुक्ति, लासूर के अशोक, कमलाशंकर एवं छगनलाल ने आवासीय पट्टा दिलाने, मनासा के मदनलाल ने भूमि पर अवैध कब्जा एवं प्रताड़ना करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई, अरनिया बोराना के गणेश कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, सेमली आंत्री के मांगूसिंह ने फसल बीमा दावा राशि का भुगतान, नीमच की आशादेवी गोयल ने भावांतर योजना की राशि दिलाने तथा बरड़िया जागीर की नंदकुंवर ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ प्रदान किए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए।
इसके अतिरिक्त जगेपुरमीणा के बंशीलाल, चौकड़ी के अखिलेश, आनंदपुरा के केशरसिंह, बावड़ा के परशराम पाटीदार, रेवली देवली के घनश्याम बैरवा, आंबा की मुन्नीबाई, नयाखेड़ा के हजारीलाल, जीरन के नरेंद्र कुमार, रावणरूंडी के सागरमल, बरूखेड़ा के लालाराम, रामपुरा की जयश्री, लसूड़ी तंवर के भगतपुरी, नयागांव के सत्तू धाकड़, चंद्रपुरा के श्यामलाल, नीमच सिटी के गोपाल, जमुनिया के श्यामलाल, जीरन की ममता अहिरवार, चुकनी के मोहित, केलूखेड़ा के कैलाशचंद्र पाटीदार सहित अन्य आवेदकों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी कार्रवाई करने तथा आवेदकों को राहत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री मयूरी जोक, सुश्री श्रुति भयड़िया, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरविंद डामोर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
==========
स्वामी विवेकानंद कॉलेज में आज एनएसएसजी करेगा वृक्षारोपण
स्कूली बच्चों के शैक्षणिक विकास में जानबूझकर अवरोध पैदा करने की कोशिशें
संयुक्त बयान मंे भाजपा नेताओं ने कहा है, सिविल अस्पताल के पास हायर सेकेण्डरी स्कूल का मैदान नये स्कूल के लिए पर्याप्त जगह वाला है। स्कूल बिल्डिंग भी वहां काफी पुरानी हो गई है। अंग्रेजों के समय की वो इमारत अब सांदीपनि स्कूल में नई बनाकर उसे बच्चों को सौगात देने का काम मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव जी और विधायक दिलीपसिंह परिहार करने जा रहे हैं। ये स्कूल शहर की एक बडी सौगात बनेगी। ऐसे में इसका विरोध कहीं से भी उचित नहीं ठहराया जा सकता। ये मैदान ही शहर के बीच में होने से सांदीपनि स्कूल के लिए पर्याप्त है। रही बात खेल के मैदान की तो वो मैदान जीवाजीराव छात्रावास की खाली भूमि में भी बनाया जा सकता है अन्यथा वो जगह देर सवेर अतिक्रमणकारियों की भेंट चढने से नहीं बच सकेगी।
भाजपा नेताओं ने अपने बयान में ये भी कहा कि नये बनने वाले सांदीपनि स्कूल में शूटिंग, घुडसवारी, स्वीमिंग जैसी अत्याधुनिक खेल सुविधा उपलब्ध होगी। ऐसे हालातों में एक आधुनिक स्कूल के निर्माण में व्यवधान पैदा करना किसी भी दृष्टि में उचित नहीं है। भाजपा नेताओं ने विधायक श्री परिहार से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द इस जगह पर सांदीपनि स्कूल का निर्माण आरंभ किया जाये ताकि शहर में एक अत्याधुनिक शैक्षणिक संस्थान बनकर तैयार हो सके और बच्चे उसका लाभ उठा सकें।


