मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 05 अगस्त 2026 बुधवार

/////////////////////

नगरीय निकाय अपने कुल राजस्व में 20 प्रतिशत वृद्धि का प्रयास करें- कलेक्‍टर श्री दिव्‍यांक सिंह

  • जर्जर मकानों को ध्वस्त करने में देरी नहीं की जाए

  • कलेक्टर ने नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा की

मंदसौर 4 अगस्त 2026 / जिले के नगरीय निकाय अपनी कुल राजस्व आय में 20 प्रतिशत की वृद्धि का प्रयास करें। वर्षा मौसम के दृष्टिगत निकायों में मौजूदा जर्जर मकानों को ध्वस्त करने में देरी नहीं की जाए। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने जिले के समस्त नगर पालिका अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए। मंगलवार को कलेक्टर सभा कक्ष में आयोजित बैठक में संयुक्त कलेक्टर एवं जिला शहरी विकास अभिकरण की परियोजना अधिकारी सुश्री प्रीति संघवी भी उपस्थित थी।

बैठक में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने नगर पालिकाओं नगर परिषदों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान पीएम स्व निधि, अमृत मिशन 2.0, नगर पालिकाओं में संधारित निर्माण कार्य, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा अन्य कार्यों योजनाओं की समीक्षा कलेक्टर द्वारा की गई। पीएम स्वनिधि योजना में समीक्षा के दौरान नगर पालिका अधिकारियों द्वारा बताया गया कि बैंकर्स द्वारा सहयोग नहीं किया जा रहा है। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि बैंकर्स से सघन संपर्क किया जाकर लक्ष्य पूर्ति की जाए। इस संबंध में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के माध्यम से भी कार्रवाई की जाएगी। नगरीय निकायों में जीर्ण शीर्ण भवनों की समीक्षा में नगर पालिका मंदसौर द्वारा बताया गया कि चिन्‍हित किए गए 56 मकान में से अभी 36 मकान बचे है जिनके ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आमजन की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जीर्णशीर्ण मकानों के ध्वस्त करने की कार्रवाई में तेजी लाई जाए नोटिस चस्‍पा करें। लोक निर्माण विभाग से जांच करवाई जाकर कार्रवाई करें। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि शासकीय भवनों को भी विशेष रूप से देखा जाए कि वे जर्जर अवस्था में तो नहीं है इनमे मुख्य रूप से आंगनबाड़ी भवनों, स्कूलों, छात्रावास भवनों को देखा जाए।

जिले के नगरीय निकायों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा में बताया गया कि सभी नगरीय निकायों में पशिक्षण दिया जा चुका है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले की समस्त नगर पालिकाओं के अधिकारियों कर्मचारियों को पुन: प्रशिक्षित करने के लिए आगामी दिनों वीसी के माध्यम से प्रशिक्षण आयोजित किया जायेगा। ताकि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का कार्य शासन के निर्देशानुसार सफल रूप से किया जा सके। नगरीय निकायों में बल्क रूप में कचरा उत्पन्न करने वाले संस्थानों को चिन्हित करते हुए कचरे के ठोस निपटान की कार्रवाई की जाना है।

कलेक्टर द्वारा स्वच्छ भारत मिशन, अमृत 2.0 के अंतर्गत निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई, कचरा संस्करण इकाइयों की स्थिति से अवगत हुए, नगरी निकायों में स्वच्छता पर विशेष फोकस करते हुए कलेक्टर द्वारा वार्डो को आदर्श वार्ड बनाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने नगरीय निकायों द्वारा की जा रही कर वसूली की भी समीक्षा की, इसके अलावा नगरीय निकायों की राजस्व आय में वृद्धि के दृष्टिगत जहां गुंजाइश है दुकानों शॉपिंग कांप्लेक्स के निर्माण के प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।

========

पीएचई विभाग का जल गुणवत्ता परिक्षण,क्लोरिनेशन एवं स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान 30 अगस्त तक चलेगा

ग्राम बरखेड़ा देव मे जल संरक्षण में संवर्धन की विधियों को अपनाने, जल के अपव्यय को रोकने के लिए ग्रामवासियो ने ली शपथ

मंदसौर 4 अगस्‍त 2026 / लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालक यंत्री श्री वैभव भावसार द्वारा बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्र मे स्थापित पेयजल स्त्रोतो क़ो स्वच्छ रखने, उनसे प्राप्त पानी का जल गुणवत्ता परिक्षण करने व जल स्त्रोतो का क्लोरिनेशन करने, पेयजल स्त्रोतो का स्वच्छता सर्वेक्षण करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

जिला कलेक्टर श्री दिव्यांकसिंह के मार्गदर्शन मे विभाग के मैदानी अमले द्वारा 30 अगस्त तक जल गुणवत्ता परीक्षण व क्लोरिनेशन अभियान सम्पूर्ण जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जा रहा है , ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित पेयजल स्रोतों से प्राप्त पानी का फील्ड टेस्टिंग किट एवं विभागीय प्रयोगशालाओं के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण किया जा रहा है,इसके साथ ही जल स्रोतों के क्लोरिनेशन का कार्य भी किया जा रहा है।

वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार विभाग द्वारा इस दौरान सुधार योग्य हेड पंपों का सुधार कार्य, संभावित बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों के पेयजल स्रोतों की निगरानी व चिन्हाकन,दूषित पानी से होने वाली बीमारियों के बारे में जन जागरूकता, पेयजल टंकी व संपावेल का सफाई कार्य,क्लोरिनेशन के लिए ब्लीचिंग पाउडर की उपलब्धता,स्वच्छ शौचालय का उपयोग, ठोस व तरल अपशिष्ट पदार्थो का समुचित निष्पादन करने, ग्राम स्थापित पेयजल योजनाओं का समुचित संचालन संधारण करने,जन भागीदारी व चलकर की राशि की नियमित वसूली करने, नल जल प्रदाय योजनाओं के लेखा का संधारण करने, पेयजल स्रोतों के स्वच्छता सर्वेक्षण का कार्य एवं पेयजल के उपयोग के सम्बन्ध में जागरूकता सहयोगी विभागों के समन्वय व जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनो,समाजसेवियों व स्वयंसेवक सहायता समूह के सहयोग से किया जा रहा है।

इस क्रम मे मल्हारगढ़ विकासखंड के ग्राम बरखेड़ा देव मे पीएचई विभाग के जिला सलाहकार श्री मुकेश गुप्ता व पीएमयु सलाहकार श्री अंकित ठाकुर ने जल गुणवत्ता परिक्षण करने का प्रशिक्षण देते हुवे जल स्त्रोतो के क्लोरिनेशन का कार्य किया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामवासियो ने जल के अपव्यव को रोकने,जल का सुरक्षित उपयोग करने,भू जल स्तर मे वृद्धि करने के लिए जल संरक्षण व संवर्धन की वीधियो को अपनाने के लिए शपथ ली।

==========

जनसुनवाई में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने सुनी 152 आवेदकों की समस्याएं

मंदसौर 4 अगस्‍त 2026 / मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा जनसुनवाई की गई। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन एवं संयुक्‍त कलेक्‍टर प्रीति संघवी द्वारा 152 आवेदकों की समस्याओं पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय सीमा में निराकरण के निर्देश जारी किए गए। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए एवं कोई भी व्यक्ति अनावश्यक परेशान न हो। लोगों को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान आए विभिन्न प्रकरणों में त्वरित निर्देश जारी किए गए।

ग्राम बोलिया निवासी देवकन्‍या बाई ने कृषि भुमि के रास्‍ते के संबंध में आवेदन प्रस्‍तुत किया। जिस पर एसडीएम सितामऊ को वेकल्‍पिक व्‍यवस्‍था हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ऐरा निवासी राजेश ने अवैध अतिक्रमण के संबंध में आवेदन प्रस्‍तुत किया। जिस पर एसडीएम सीतामऊ को जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। पिपलियारतन निवासी कलाबाई ने पट्टे की भुमि को राजस्‍व रिकार्ड में दर्ज करने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर तहसीलदार संजित को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। भटूनी निवासी भंवरलाल ने कृषि भुमि का रास्‍ता चालु करनवाने के संबंध में आवेदन प्रस्‍तुत किया। जिस पर तहसीलदार शामगढ़ को आदेश परित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में दिव्‍यांगता प्रमाण पत्र बनवाने, मजदूरी का भूगतान करवाने, सर्वे नम्‍बर आवंटित करवाने, फसल बीमा की राशि दिलवाने, शासकीय भुमि से अतिक्रमण हटवाने, सीमांकन में त्रुटी सुधार करवाने एवं नक्‍शा दुरूस्‍त करवाने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।

======

दलौदा पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने खो-खो प्रतियोगिता में मारी बाजी, तहसील स्तर पर प्रथम स्थान

दलौदा । नगरी में आयोजित तहसील स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के अंडर-19 बालिका वर्ग की खो-खो स्पर्धा में दलौदा पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नगरी की टीम को 7-3 के अंतर से पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया ।
प्रतियोगिता के दौरान दलौदा पब्लिक स्कूल की टीम की कप्तान राधिका धाकड़ ने उत्कृष्ट नेतृत्व का परिचय दिया। वहीं प्रेरणा धाकड़ एवं तुलसी पाटीदार ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है । विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती सोनाली जैन,प्रिंसपल प्रदीप सेहरावत व शिक्षकों एवं अभिभावकों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।

========

मलेरिया/डेंगू एवं चिकनगुनिया के प्रति जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से पोस्टर प्रतियोगिता संपन्‍न

मंदसौर 4 अगस्‍त 2026 / जिला मलेरिया अधिकारी डॉ.दीपा पाठक द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया के प्रति जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से शासकीय नर्सिंग कॉलेज में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज की समस्त छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कॉलेज के समस्त नर्सिंग स्टॉफ एवं प्राचार्य उपस्थित रहे। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ.दीपा पाठक द्वारा छात्राओं को डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया के लक्षण, बचाव के उपाय, घर के आसपास पानी जमा न होने देने, कूलर-टंकी की साफ-सफाई एवं ’’10 मिनट रोज़ – ड्राई डे’’ के बारे में जानकारी दी गई। शासकीय नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती आरती रामावत ने बताया कि इस समय हमें विशेष ध्यान देने की जरूरत है, किसी भी बुखार को हल्के में लेकर सबसे पहले मलेरिया की जांच की जानी चाहिए एवं सकारात्मक आने पर पूर्ण इलाज लिया जाना चाहिए साथ ही अपनी सुरक्षा बहुत आवश्यक है।

प्रतियोगिता में – प्रथम, पुरस्कार सुश्री मानसी एवं ग्रुप द्वितीय पुरस्कार सुश्री रवीना अजमेरा एवं ग्रुप तृतीय पुरस्कार सुश्री प्रभा पाटीदार एवं ग्रुप को देकर सम्मानित किया गया। साथ में कॉन्सुलेशन प्राइज भी वितरित किए गए कार्यक्रम में समस्त नर्सिंग स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रही।

इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया टीम द्वारा नर्सिंग कॉलेज परिसर में लार्वा सर्वे किया गया एवं संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों पर लार्वीसाइड का छिड़काव भी किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवा वर्ग को स्वास्थ्य दूत बनाकर समाज में मच्छर जनित रोगों के प्रति जागरूकता फैलाना है। फोटो संलग्‍न

==========

अवैध रसोई गैस सिलेंडर के भंडारण पर खाद्य विभाग ने कार्यवाही कर ग्राम डोराना में 33 सिलेंडर ज़ब्त किए

मंदसौर 4 अगस्‍त 2026 / जिला आपूर्ति अधिकारी श्री नारायण सिंह चंद्रावत द्वारा बताया गया कि खाद्य विभाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम डोराना में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर खाद्य विभाग की टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम डोराना निवासी सत्यनारायण पिता भगीरथ सोलंकी के खेत पर बने बाड़े में औचक छापामार कार्यवाही की गई।

जाँच के दौरान बाड़े से कुल 33 नग अवैध घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। अनावेदक द्वारा उक्त घरेलू सिलेंडरों के भंडारण के संबंध में कोई वैध दस्तावेज़ या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का संग्रहण पाए जाने पर सभी 33 सिलेंडरों को मौके पर ही ज़ब्त कर लिया गया है। अनावेदक के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार दंडात्मक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

छापामार एवं ज़ब्ती की कार्यवाही जिला आपूर्ति अधिकारी श्री नारायण सिंह चंद्रावत, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री रघुराज सिंह डोडिया एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुश्री आराधना खड़िया की संयुक्त टीम द्वारा नई आबादी पुलिस के सहयोग से निष्पादित की गई।

खाद्य विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि ज़िले में घरेलू गैस की कालाबाज़ारी और अवैध भंडारण करने वालों के ख़िलाफ़ इस प्रकार की सख़्त कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

=====

किसानों और युवाओं को कर्ज से राहत देने के लिए ईवी रेट्रोफिटिंग नीति लागू हो – लाड़

मंदसौर ।विधायक प्रतिनिधि राजनारायण लाड़ ने मध्य प्रदेश सरकार से किसानों और युवाओं को आर्थिक राहत प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश में ईवी (इलेक्ट्रिक वाहन) रेट्रोफिटिंग नीति लागू करने तथा पुराने वाहनों की रजिस्ट्रेशन अवधि बढ़ाने की मांग की है । श्री लाड़ ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में 15 से 20 वर्ष पुराने वाहनों को स्क्रैप घोषित कर दिया जाता है, जिससे आम नागरिक,किसान और युवा नई गाड़ी या ट्रैक्टर खरीदने के लिए बैंक ऋण लेने को मजबूर हो जाते हैं। यदि पुरानी गाड़ियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से ईवी में परिवर्तित करने की अनुमति दी जाए और उनकी फिटनेस के आधार पर रजिस्ट्रेशन अवधि 10 से 15 वर्ष तक बढ़ाई जाए, जिससे लोगों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ कम होगा।

श्री लाड़ ने सुझाव दिया कि किसानों के पुराने ट्रैक्टरों और युवाओं के दोपहिया वाहनों में कम लागत वाली हाइब्रिड या ईवी किट लगाने की सरकारी अनुमति दी जाए । इससे न केवल हजारों परिवार कर्ज के बोझ से बच सकेंगे, बल्कि प्रदेश में स्थानीय मैकेनिकों,तकनीशियनों और युवा इंजीनियरों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। श्री लाड़ ने आगे कहा कि देश के कई राज्यों में ईवी रेट्रोफिटिंग को मान्यता मिल चुकी है, इसलिए मध्य प्रदेश को भी इस दिशा में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए ।  मुख्यमंत्री और परिवहन विभाग से श्री लाड़ ने आग्रह किया कि पर्यावरण संरक्षण, रोजगार सृजन और आम नागरिकों की आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस नवाचारी नीति को जल्द लागू किया जाए।

=======

भारतीय जनता जनसहयोग मंच का मंदसौर में गठन, जिलाध्यक्ष कमल सेन मारोठिया मनोनीत

मदसौर। भगवान पशुपतिनाथ की पावन नगरी में भारतीय जनता जनसहयोग मंच के  उज्जैन संभाग मीडिया प्रभारी संजय पांचाल, रतलाम जिलाध्यक्ष मुकेश सोनी के आतिथ्य व मार्गदर्शन में एक महत्वपूर्ण बैठक और संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन के संकल्प और उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए कई सामाजिक और कल्याणकारी कार्यों को अमलीजामा पहनाने की रूपरेखा तय की गई। बैठक में मंदसौर में भारतीय जनता जनसहयोग मंच का गठन किया जिसमें मंदसौर जिलाध्यक्ष पद पर कमल सेन मारोठिया को मनोनीत किया गया।
रतलाम जिलाध्यक्ष मुकेश सोनी ने बताया कि भारतीय जनता जनसहयोग मंच पूरी तन्मयता के साथ समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अंतिम पंक्ति के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराना, गो-संवर्धन और अन्य जनहितकारी सामाजिक कार्यों को धरातल पर उतारना है। इसके अतिरिक्त, हाल ही में शुरू की गई एक नई योजना के अंतर्गत शहर में झाड़ू-बरतन और पोंछा कार्य करने वाली महिलाओं का सर्वे कर उन्हें आवश्यक सुविधाएं और सहायता प्रदान करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। संगठन के इन तमाम प्रयासों से स्थानीय स्तर पर जरूरतमंदों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष कमल सेन मारोठिया ने कहा कि संगठन के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में संगठन का जल्द ही विस्तार किया जाएगा तथा संगठन की रीति नीति के अनुरूप जिले भर में कार्य किये जायेंगे।
कार्यक्रम के तहत मंदसौर जिले के नियुक्त किए गए नवनियुक्त पदाधिकारियों, जिनमें  जिलाध्यक्ष कमल सेन मारोठिया सहित अन्य पदाधिकारियों सतीश बालोदा, सुनील खेरालिया, यशपाल सलोद, राजू भगत चनाल, भारत चनाल, रितेश रैकवार, मनोजकुमार राठौर, प्रतापसिंह चौहान, अंकीत, शांतिलाल, राकेश मारोठिया को उनके नियुक्ति पत्र, आईडी कार्ड और आधिकारिक दायित्व सौंपे गए। इस अवसर पर संगठन के सभी सदस्यों ने भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया तथा मंदसौर अपर कलेक्टर एवं सीएसी महोदय से मुलाकात कर विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। अतिथियों को दुपट्टा पहनाकर व शाल श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।

=========

“हर घर तिरंगा” अभियान 9 से 17 अगस्त तक

  • 14 अगस्त को मनाया जायेगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
  • “हर घर तिरंगा” अभियान से जुड़ेगा वन्दे-मातरम के 150 वर्ष का उत्सव

मंदसौर 4 अगस्‍त 2026 / मध्यप्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान 9 से 17 अगस्त, 2026 तक संपूर्ण जन सहभागिता से चलाया जायेगा। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री शिवशेखर शुक्ला ने सभी संभागायुक्त और कलेक्टर्स को तत्संबंधी निर्देश जारी किए हैं।

कलेक्टर्स से कहा गया है कि इस अभियान में जनसामान्य को विगत वर्षों की तरह उत्साह और देशभक्ति के साथ स्वाधीनता दिवस मनाने एवं 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मानने के लिए सहभागिता सुनिश्चित करें। इस दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत शासकीय कार्यक्रम/चर्चाएँ जैसे आयोजन किए जाएंगे।राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूरे होने के जश्न को’हर घर तिरंगा अभियान 2026′ के साथ जोड़ा गया है।

मंदसौर जिले में अभियान के सुचारू आयोजन के लिए कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।

“हर घर तिरंगा” अभियान 9 से 17 अगस्त 2026

प्रदेश में यह जन-आंदोलन 9 से 17 अगस्त 2026 की तिथियों में पूरी जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा।सभी जिलों में तिरंगा से प्रेरित कला, तिरंगा प्रदर्शनी का प्रदर्शन, तिरंगा रंगोली, तिरंगा बुनाई, तिरंगा पर प्रश्नोतरी, तिरंगे के लिए स्वयं सेवा, तिरंगा सजावट और प्रकाश व्यवस्था तथा सैन्य बलों के जवानों और पुलिसकर्मियों को ‘पत्र लेखन’ जैसे कार्यक्रम तथा तिरंगा संगीत कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जायेगा। स्थानीय स्व-सहायता समूहो और उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से आम नागरिकों के लिए पर्याप्त मात्रा में खादी/पॉलिएस्टर के राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी।

अभियान में केंद्रित तिरंगा मेला, तिरंगा कंसर्ट, तिरंगा बाइक तिरंगा ई-बाइक/तिरंगा साइकिल रैली, उच्च जनभागीदारी के साथ तिरंगा यात्रा, तिरंगा ध्वजबिक्री और समुचित व्यवस्था, मानव श्रृंखला निर्माण, तिरंगा एंथम आदि महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। डिजिटल सहभागिता अभियान में नागरिकों द्वारा तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने, एवं सोशल मीडिया हेण्डल पर अभियान का प्रचार-प्रसार के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा।

“वंदे मातरम” गान के 150 वर्ष पूरे होने का जश्न

शासकीय कार्यक्रमों, शिक्षण संस्थानों तथा सार्वजनिक सभाओं में जहाँ राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान दोनों प्रस्तुत किए जा रहे हो, वहाँ ‘वंदे मातरम’ (राष्ट्रगीत) पहले गाया/बजाया जाएगा, उसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन होगा।राष्ट्रगीत गायन के दौरान उपस्थित सभी अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक सावधान की मुद्रा में सम्मानपूर्वक खड़े रहेंगे।शासकीय कार्यालयों एवं महाविद्यालयों के कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के निर्धारित छंदों का शुद्ध और गरिमापूर्ण वाचन सुनिश्चित किया जाएगा। सभी प्रत्यक्ष आयोजनों में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का गायन और राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) फहराना/प्रदर्शन करना दोनों शामिल किए जाएंगे। इसी तरह, हर घर तिरंगा’ की वेबसाइट (www.harghartiranga.com) पर नागरिकों द्वारा तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी को अपलोड करने पर तस्वीर पर “वंदे मातरम” अंकित होगा।

“विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” 14 अगस्त 2026

14 अगस्त को देश के विभाजन के समय विस्थापन का दंश झेलने वाले और अपने प्राण गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए इस दिवस को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ मनाया जाएगा। जिला और संभाग स्तर पर शांति मार्च (मौन जुलूस) निकाला जाएगा तथा शहीदों की स्मृति में सभाएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रमों में विभाजन से प्रभावित परिवारों अथवा उनके प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएंगे। सार्वजनिक स्थलों, पुस्तकालयों और मुख्य प्रशासनिक भवनों में विभाजन के ऐतिहासिक घटनाक्रम और विस्थापितों के संघर्ष को दर्शाने वाली तस्वीरों/अभिलेखों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस आयोजन का उद्देश्य ऐतिहासिक पीड़ा को स्मरण करना और राष्ट्रीय अखंडता के प्रति संकल्पित होना है,

कार्यक्रम में जिलों, विकासखंडों और ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है जिसमें स्थानीय संस्थाओं, ग्राम जल सेवा समितियों, स्व-सहायता समूहों, पंचायती राज संस्थाओं, साथ ही स्कूली बच्चों, स्वयंसेवकों और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को इस अभियान का नेतृत्व करने और इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया है। “हर घर तिरंगा” की थीम अनुरूप तिरंगा फहराया जाने एवं इससे सम्बन्धित समस्त आवश्यक व्यवस्थाएँ भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए हैं। व्यापक जनभागीदारी के साथ ही www.harghartiranga.com पर झण्डा फहराने की सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए अधिकाधिक संख्या में झण्डों की आपूर्ति स्थानीय स्तर से सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही घर, कार्यालय तथा वाहनों पर तिरंगा लगाना, सेल्फ़ी अपलोड, सर्वत्र तिरंगे की दृश्यता तथा संस्कृति मंत्रालय के साथ सूचनाओं का सतत आदान-प्रदान किया जाना, हर जगह तिरंगा दृश्यता, तिरंगा के साथ रिकॉर्ड (Records with Tiranga) इत्यादि महत्वपूर्ण कार्यक्रम हैं।

==========

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}