नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 30 जुलाई 2026 गुरुवार

//////////////////////////////////

समय-सीमा समीक्षा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें अधिकारी : कलेक्टर श्री चंद्रा

नीमच, 29 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं परिणाममूलक कार्यप्रणाली अपनाते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करे।

बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रा ने विभागवार सीएम हेल्पलाइन, अनुकंपा नियुक्ति, राजस्व प्रकरणों सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न होकर नागरिकों को वास्तविक राहत प्रदान करने वाला होना चाहिए। 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए विभागीय रैंकिंग में पसुधार लाने के निर्देश दिए। अत्यधिक लंबित शिकायतों वाले विभागों के प्रति जवाबदेही तय करने के लिए कारण बताओ सूचना-पत्र जारी करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में हाल ही में एक प्लास्टिक फैक्ट्री में हुई दुर्घटना का भी संज्ञान लिया गया। कलेक्टर ने श्रम विभाग को विस्तृत जांच कर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने तथा घायल श्रमिक से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उसकी स्थिति की जानकारी लेने एवं आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नगर क्षेत्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी को शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी अभियान संचालित करने, सार्वजनिक मार्गों को बाधामुक्त रखने तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए सतत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

राजस्व प्रकरणों की समीक्षा में कलेक्टर श्री चंद्रा ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों से कहा कि रास्ता विवाद, अतिक्रमण हटाने एवं अन्य निराकृत राजस्व प्रकरणों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि मैदानी निरीक्षण से शासन की योजनाओं एवं प्रशासनिक निर्णयों का वास्तविक क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा तथा आमजन का विश्वास भी सुदृढ़ होगा।

कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित समीक्षा करें, अधीनस्थ अमले की सतत मॉनिटरिंग रखें तथा प्रत्येक प्रकरण में तथ्यपरक एवं जवाबदेह कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को समय पर राहत और बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री श्रुति भयड़िया सहित जिले के समस्त विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

========

कलेक्टर की अध्यक्षता में एपीसी समूह की समीक्षा बैठक संपन्न

विभागीय योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर बेहतर परिणाम सुनिश्चित करें — कलेक्टर श्री चंद्रा

नीमच, 29 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय ए.पी.सी. समूह की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 31 जुलाई 2026 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में प्रस्तावित समीक्षा बैठक के एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही 6 जून 2026 को कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित संभागीय समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में सभी लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की प्रगति तथा आगामी लक्ष्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री चंद्रा ने पैक हाउस, प्री-कूलिंग यूनिट, कोल्ड स्टोरेज, अल्ट्रा लो-कॉस्ट शेडनेट एवं फर्टिगेशन ऑटोमेशन से संबंधित स्वीकृत कार्यों एवं लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सहकारिता विभाग की समीक्षा में उन्होंने गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों का प्रतिशत कम करने, अधिक से अधिक नवीन सदस्यों को समितियों से जोड़ने तथा किसान क्रेडिट कार्ड (के.सी.सी.) के लंबित लक्ष्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने उप संचालक कृषि को संबंधित विभागों के समन्वय से जिले में जिला स्तरीय कृषि यंत्र मेला आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से जिले में स्थायी दैनिक जैविक मार्केट स्थापित करने तथा जिले में उपलब्ध सभी कृषि यंत्रों को जे-फार्म ऐप पर ऑनबोर्ड कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रा ने विभागीय योजनाओं के तिमाही लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने चलित पशु चिकित्सा इकाई की औसत दैनिक सेवाओं की संख्या न्यूनतम पाँच सुनिश्चित करने तथा पशुपालकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री चंद्रा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं निर्धारित लक्ष्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर समय-सीमा में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

========

जिले में अब तक औसत 307.7 मि.मी. वर्षा दर्ज

नीमच 29 जुलाई 2026, जिले में चालू वर्षाकाल के दौरान अब तक औसत 307.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में जिले में औसत 696.9 मि.मी. वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।

अधीक्षक भू-अभिलेख, नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 की प्रातः 8 बजे तक जिले की चारों तहसीलों में वर्षा का विवरण इस प्रकार है- नीमच में 376.0 मि.मी., जावद में 274.0 मि.मी., सिंगोली में 332.8 मि.मी. तथा मनासा में 248.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।

गत वर्ष इसी अवधि में नीमच में 626.0 मि.मी., जावद में 723.0 मि.मी., सिंगोली में 924.7 मि.मी. तथा मनासा में 514.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई थी।

इसी प्रकार, 8 जुलाई 2026 को प्रातः 8 बजे तक बीते 24 घंटों में जिले में औसतन 22.4 मि.मी.वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान नीमच तहसील में 5.0 मि.मी., जावद में 16.0 मि.मी. मनासा में 3.0 मि.मी. तथा सिंगोली में 67.4 वर्षा दर्ज की गई।

===========

जिला स्तरीय गुरु वंदन-अभिनंदन एवं सम्मान समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न

उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों का हुआ सम्मान,नवनियुक्त शिक्षकों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

नीमच, 29 जुलाई 2026। राज्य शासन के निर्देशानुसार एवं जिला कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में बुधवार को सांदीपनि विद्यालय, मनासा में जिला स्तरीय गुरु वंदन-अभिनंदन एवं सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गुरुजनों का सम्मान, उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों का अभिनंदन तथा नवनियुक्त शिक्षकों का स्वागत करना था।

समारोह के मुख्य अतिथि विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार तथा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू थे। कार्यक्रम में श्री अनूप व्यास, श्री निलेश पाटीदार एवं सांडिया के पूर्व सरपंच श्री बाबूलालजी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मूंदड़ा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री बी.एल. जावरीय तथा सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य श्री बी.एल. बसेर ने किया।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सतत सुधार के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गत शैक्षणिक सत्र में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सम्मानित कर प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू ने अपने उद्बोधन में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले सभी प्राचार्यों तथा सांदीपनि विद्यालय, मनासा के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ की सराहना करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने सांदीपनि विद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कारिक अवधारणा की प्रशंसा करते हुए कहा कि गुरु सांदीपनि के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेकर गुरु एवं विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयासों से भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से आमंत्रित प्राचार्यों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा आगामी शैक्षणिक सत्र में और बेहतर परीक्षा परिणाम देने का संकल्प व्यक्त किया। समारोह में नवनियुक्त प्राथमिक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से गुरु वंदना कर गुरुजनों के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्री घनश्याम शर्मा एवं श्री रोहित मांदले ने किया, जबकि विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री बी.एल. जावरीय ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

=======

ग्राम सांगाखेड़ा में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर किया गया आयोजित,

43 मरीजों ने लिया स्वास्थ्य लाभ

नीमच, 29 जुलाई 2026। आयुष विभाग के अंतर्गत शासकीय आयुर्वेद औषधालय चचोर द्वारा बुधवार को ग्राम सांगाखेड़ा में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को आयुर्वेद पद्धति से स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया।

शिविर में आमवात, संधिवात, त्वचा रोग, उदर रोग, विबंध, श्वास, कास, प्रतिश्याय, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप, अर्श, अम्लपित्त, साइटिका, प्रमेह सहित विभिन्न रोगों की जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव, तनाव प्रबंधन, नशा मुक्ति, संतुलित दिनचर्या, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता तथा पोषण संबंधी जानकारी भी दी गई। चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार मरीजों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में कुल 43 मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लाभ प्राप्त किया। शिविर के सफल संचालन में डॉ.राहुल अग्रवाल, श्री भूपेंद्र सिंह सोलंकी एवं श्री हुकुमचंद ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

==================

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}