समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 30 जुलाई 2026 गुरुवार

जिपं अध्यक्ष श्रीमती पाटीदार ने श्री गुरु पूर्णिमा पर संत श्री नागर व श्री शास्त्री जी का पावन आशीर्वाद प्राप्त किया
मंदसौर -जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा डॉ विजय पाटीदार ने श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पावन अवसर पर मंदसौर जिले के ग्राम निनोरा में परम पूज्य संत श्री मिथिलेश जी नागर का पावन आशीर्वाद प्राप्त किया।गुरुदेव के दिव्य सान्निध्य एवं प्रेरणादायी वचनों से आध्यात्मिक ऊर्जा, आत्मबल एवं जीवन को सद्मार्ग पर अग्रसर रहने की प्रेरणा प्राप्त हुई। वही इस अवसर पर मंदसौर कृषि उपज मंडी में आयोजित भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव में परम पूज्य गुरुदेव श्री भीमाशंकर जी शास्त्री के श्रीचरणों में उपस्थित होकर उनका दिव्य आशीर्वाद एवं स्नेह प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। गुरुदेव का मार्गदर्शन जीवन को सदैव सत्य, सेवा, संस्कार एवं राष्ट्रहित के पथ पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है।गुरु ही ज्ञान के प्रकाश हैं, गुरु ही जीवन की दिशा हैं। गुरु पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर अपने पूज्य गुरुदेव के श्रीचरणों में कोटि-कोटि नमन एवं समस्त श्रद्धालुओं को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएँ।
===============
भाजपा जिलाध्यक्ष दीक्षित ने संत सीता बहन जी से आशीर्वाद प्राप्त किया
पिपलिया मंडी – गुरु पूर्णिमा पर्व पर पावन अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजेश दीक्षित ने पिपलिया मंडी के ग्राम गुड़भेली में संत सीता बहन जी से आशीर्वाद प्राप्त कर गुरु पूर्णिमा पर वंदन किया।=========
मालवीय, मेहर बलाई समाज द्वारा फकीरचंद मालवीय बडौद सम्मानित
मन्दसौर- अखिल भारतीय मालवीय, मेहर बलाई समाज जिला मन्दसौर के द्वारा गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सतगुरु कबीर आश्रम दलौदा में आयोजित जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह मे समाज की प्रतिभा फकीरचंद मालवीय बडौद सम्मानित किया सम्मानित करने पर फकीरचंद मालवीय बडौद पर समाज के जिलाध्यक्ष श्री कैलाश चन्द मालवीय एवं सभी पदाधिकारीयो का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया==========
150 ग्राम एमडी ड्रग व 5 किलो डोडाचूरा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
मंदसौर- पुलिस ने थाना नई आबादी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 150 ग्राम एमडी ड्रग, 5 किलो डोडाचूरा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल जब्त किए हैं। पुलिस ने शाहनवाज (20) और मोहम्मद हसन (21) निवासी खानपुरा को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं मोईनुद्दीन उर्फ मोईन निवासी खानपुरा फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
=============
गुजरात के झालोद पुलिस ने एंबुलेंस से मंदसौर से बाड़मेर ले जाया जा रहा 86 लाख का पोस्त डोडा जब्त किया। एंबुलेंस और अन्य सामान सहित कुल 89.30 लाख का माल बरामद, आरोपी चालक भंवर राम बाड़मेर को किया गिरफ्तार।
=============
भारतीय संस्कृति में गुरु को सदैव उच्च स्थान – मुख्यमंत्री डॉ यादव
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री मंदसौर में आयोजित कार्यक्रम में वीसी के माध्यम से सम्मिलित हुए
मंदसौर 29 जुलाई 2026 / मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि भारतीय संस्कृति में गुरु को सदैव उच्च स्थान दिया गया है, गुरु की महिमा अपार है गुरुओं के प्रति हम सदैव कृतज्ञ रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन से वीसी के माध्यम से मंदसौर में आयोजित गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कृषि मंडी प्रांगण में इस अवसर पर गुरुदेव पंडित श्री भीमाशंकर शास्त्री जी, विधायक श्री विपिन जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दूर्गा विजय पाटीदार, पूर्व विधायक श्री यशपाल सिंह सिसौदिया, पूर्व मंत्री श्री नरेन्द्र नाहटा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित, श्री महेन्द्र गुर्जर, कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह, पुलिस अधिक्षक श्री विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल एवं भक्तगण एवं शिष्यगण उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में गुरुओं की गौरवशाली परंपरा रही है। आदि शंकराचार्य जी, वेदव्यास जी जैसे गुरुओं के माध्यम से हमारी संस्कृति में शिक्षा के साथ-साथ प्रेम, भक्ति, दया, करुणा, अनुशासन आदि संस्कार पुष्पित पल्लवित हुए हैं। गुरु की गादी से ही चरित्र निर्माण होता है। मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में उज्जैन के संदीपनी आश्रम की महता पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश में संचालित किये जा रहे सांदीपनी स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में देश में सर्वश्रेष्ठ स्थान बनाए हुए हैं। अब प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थी भी संदीपनी विद्यालयों की ओर आ रहे हैं। प्रदेश में 25 हजार करोड़ रुपए राशि के प्रावधान के साथ स्थान स्थान पर संदीपनी विद्यालय प्रारंभ किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में मंदसौर कार्यक्रम में उपस्थित गुरु पंडित श्री भीमाशंकर शास्त्री जी के गौ संरक्षण कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए उनके संकल्प हेतु बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार भी गोवंश संवर्धन संरक्षण की दिशा में सदैव अग्रसर है। अब गौशालाओं को 20 रूपये के स्थान पर प्रति गोवंश 40 रूपये अनुदान दिया जा रहा है। 40 लाख रुपए लागत की 25 गौ माता आधारित डेयरी पर शासन द्वारा 10 लाख रुपए अनुदान की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही घरों में गोपालन द्वारा घर-घर गोपाल योजना को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। हमारे देश में प्राचीन काल से दूध दही की नदियां बहती आई है। शासन का प्रयास है कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन मैं अपेक्षित वृद्धि की जावे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे अवसर मिलते ही आगामी दिनों मंदसौर आएंगे। अब श्रावण मास के दौरान धूमधाम से भगवान की सवारी आयोजित की जाएगी। सवारी के दौरान पुलिस बैंड की भी व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में प्रदेश में लागू समान नागरिक संहिता का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने गुरू पुर्णिमा की बधाई भी दी।
इस अवसर पर पंडित श्री भीमाशंकर जी शास्त्री ने अपने उद्बोधन में गुरु की महिमा पर विस्तृत प्रकाश डाला उपस्थित जनों से सदैव गुरुओं के सम्मान, आदर की बात कही।
नवागत कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने अपने संबोधन में सभी को गुरु पूर्णिमा की बधाई दी। कलेक्टर ने कहा कि इस पावन अवसर पर हम गुरुओं की शिक्षा को अपने आचरण में लाकर जिले को प्रगति के नवीन सोपानों की ओर ले जाएंगे। कलेक्टर ने आमजन से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील भी की। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री टीएस बघेल ने नशे के विरुद्ध अभियान 2.0 के अंतर्गत उपस्थित जनों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम में श्री विपिन जैन, श्रीमती दूर्गा विजय पाटीदार, श्री यशपाल सिंह सिसौदिया, श्री नरेन्द्र नाहटा, श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, श्री राजेश दीक्षित, श्री महेन्द्र गुर्जर ने भी संबोधित किया।
==============
पीएम-राहत योजना के क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी
वाहन दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को निशुल्क उपचार उपलब्ध
पूरे देश में पंजीबद्ध कुल प्रकरणों में, मध्यप्रदेश राज्य के ही 28% प्रतिशत
मंदसौर 29 जुलाई 2026 / वाहन दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को अविलम्ब राहत पहुचाने की पीएम राहत योजना के क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गत 13 फरवरी 2026 को शुरू की गयी इस महत्वकांक्षी योजना को मूर्त रूप देने में मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव के नेतृत्व में पुलिस, प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग में श्रेष्ठ समन्वय के चलते उक्त योजना का सर्वश्रेष्ठ क्रियान्वयन मध्यप्रदेश में किया जा रहा है। इस योजना में वाहन दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सूचीबद्ध अस्पताल में उपचार के लिए जाने पर 1.5 लाख रूपए तक का उपचार तथा 07 दिवस उपचार की सुविधा प्रदान की जाती है। यदि पीडि़त को गैर सूचीबद्ध अस्पताल इलाज के लिये ले जाया जाता है तो उसके प्राथमिक उपचार करने के भुगतान की सुविधा भी इस योजना में है। गत 16 जुलाई 2026 तक की स्थिति में मध्यप्रदेश में 6044 प्रकरण इस योजना के अंतर्गत उपचार के लिये पंजीबद्ध हुए है जो कि देश में पंजीबद्ध कुल प्रकरणों का 28 प्रतिशत है, यह इस योजना का मध्यप्रदेश में सफल संचालन को प्रदर्शित करता है।
योजना के मुख्य बिंदु
प्रधानमंत्री द्वारा संपूर्ण भारत वर्ष में वाहन दुर्घटना के घायल व्यक्तियों को कैसलेस उपचार योजना की शुरुआत की गई।
योजना के अंतर्गत, दुर्घटना दिनांक से अधिकतम 07 दिवस तक 1.5 लाख तक का उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
योजना के क्रियान्वयन में मप्र सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों में अग्रणी है।
योजना के मुख्य बिंदु – पात्रता एवं कवरेज
कोई भी व्यक्ति जो किसी वाहन से सड़क दुर्घटना का पीडि़त है, इस योजना के अंतर्गत उपचार प्राप्त कर सकता है। दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना समय से 24 घण्टे के भीतर अस्पताल में भर्ती होना अनिवार्य है। पीडि़त ऐसी दुर्घटना की तारीख से अधिकतम 7 दिन की अवधि के लिये किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल में प्रति पीडि़त डेढ़ लाख रूपए तक के उपचार का हकदार है।
योजना का सफल क्रियान्वयन
योजना के क्रियान्वयन के लिये पीटीआरआई द्वारा जिलों के एसपी, एडिशनल एसपी एवं थाना प्रभारियों को ऑनलाईन तथा ऑफलाईन प्रशिक्षण के माध्यम से प्रशिक्षित भी किया गया है। पुलिस अधिकारी eDAR (ई-विस्तृत दुर्घटना रिपोर्ट) पर दुर्घटना मामलों का 24 घण्टे में सत्यापन/पुष्टि सुनिश्चित करते है। अस्पताल द्वारा सड़क दुर्घटना के प्रकरण TMS एप्लीकेशन में घायल आईडी दर्ज करते हुये eDAR पर पुलिस अनुमोदन के लिये भेजी जाती है।
सामान्य वाहन दुर्घटना के प्रकरणों (Non-Life Threating Cases) में, प्रकरण को 24 घण्टे के भीतर संबंधित जिले के संबंधित थाने द्वारा eDAR पर सड़क दुर्घटना का प्रकरण दर्ज करते हुये अनुमोदन की कार्रवाई की जाती है। गंभीर वाहन दुर्घटना के प्रकरणों (Life Threating Cases) में, पुलिस विभाग को अनुमोदन के लिये 48 घण्टे का प्रावधान किया गया है, जिसमें प्रथम 24 घण्टे पूर्ण होने के उपरांत राज्य के पुलिस प्रमुख को eDAR एम्पलीकेशन में एसएमएस के माध्यम से अलर्ट दिया जाता है। दुर्घटना स्थल दूसरे जिले का होने की स्थिति में संबंधित जिले को 3 घण्टे के भीतर प्रकरण भेजने का प्रावधान है। इस प्रकार पुलिस, प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के उत्कृष्ठ समन्वय के द्वारा उक्त योजना को लागू करवाने में मप्र अग्रणी राज्य बना हुआ है।
============
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान से जनसंवाद और सुशासन को मिलेगा नया आयाम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
जनता से सीधे जुड़कर समस्याओं का करेंगे शत-प्रतिशत निराकरण
मुख्यमंत्री, मंत्री, मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से करेंगे मैदानी भ्रमण
संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी होंगे अभियान के आधार स्तंभ
7 अगस्त से शुरू होकर 8 जनवरी 2027 तक चलेगा अभियान
मंदसौर 29 जुलाई 2026 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश की जनता से सीधा संवाद एवं जुड़ाव स्थापित करने और समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 आगामी 7 अगस्त से प्रारंभ होगा। आगामी 8 जनवरी 2027 तक संचालित होने वाले इस अभियान में मंत्री, मुख्य सचिव, वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि नियमित रूप से मैदानी भ्रमण कर आमजन से संवाद करेंगे, समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे तथा शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के जमीनी क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष आकलन करेंगे।
सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने की पहल
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के साथ-साथ मैदानी स्तर से प्राप्त फीडबैक के आधार पर प्रशासन के पर्यवेक्षण तंत्र को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत करते हुए सुशासन की अवधारणा को व्यवहार में उतारना है।
प्रत्येक शुक्रवार जनता के बीच रहेगा प्रशासन
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार को प्रदेशभर में विशेष फील्ड भ्रमण किया जाएगा। इस दिन अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित नहीं होंगी तथा पूरा दिन केवल मैदानी भ्रमण, जनसंवाद एवं समस्याओं के निराकरण के लिए समर्पित रहेगा।
भोपाल से लेकर संभाग एवं जिला स्तर तक सभी वरिष्ठ अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे। मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, मुख्य सचिव तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे और शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन करेंगे।
जिला कलेक्टर प्रत्येक भ्रमण क्षेत्र का चयन एक सप्ताह पूर्व करेंगे तथा इसकी जानकारी जनप्रतिनिधियों को देंगे। अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार मीडिया के माध्यम से किया जाएगा, जिससे अधिकाधिक नागरिक अभियान से जुड़ सकें।
भ्रमण से पहले होगी लंबित प्रकरणों की समीक्षा
भ्रमण से पूर्व संबंधित क्षेत्र में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर उनके शत-प्रतिशत निराकरण का प्रयास किया जाएगा। भ्रमण के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का भी यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। भ्रमण से पूर्व एवं भ्रमण के बाद लंबित प्रकरणों की तुलना कर जिलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा तथा अभियान की नियमित समीक्षा मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव स्तर पर की जाएगी।
जन संवाद और उद्योग संवाद पर रहेगा विशेष फोकस
प्रत्येक शुक्रवार जिला कलेक्टर अपने जिले के अधिकारियों के साथ फील्ड भ्रमण करेंगे। इस दौरान जन संवाद एवं उद्योग संवाद आयोजित किए जाएंगे। उद्योग संवाद में वृहद, एमएसएमई तथा कुटीर उद्योगों से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे। मुख्यमंत्री के भ्रमण वाले जिले में समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। अभियान के प्रथम चरण में अगस्त माह के लिए बड़वानी, सीधी, श्योपुर तथा पांढुर्ना जिले निर्धारित किए गए हैं।
प्रमुख विषयों पर होगी व्यापक समीक्षा
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई की लंबित शिकायतों, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों, अविवादित नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारे, न्यायालयीन आदेशों के पालन, किसान फार्मर आईडी निर्माण, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी की ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आंगनवाड़ी सेवाओं, स्वास्थ्य संस्थानों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों, खाद-बीज उपलब्धता, सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की व्यापक समीक्षा कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
शासकीय संस्थानों और सार्वजनिक परिसंपत्तियों का होगा निरीक्षण
इसके साथ ही सड़कों, तालाबों, अमृत सरोवरों, बांधों, जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित संरचनाओं, शासकीय भवनों तथा अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों का निरीक्षण किया जाएगा। आईटीआई, मेडिकल कॉलेज, प्राथमिक सहकारी समितियों, तहसीलों, कृषि उपज मंडियों, मदिरा दुकानों, पुलिस थानों, लोक सेवा केन्द्रों, शासकीय देवस्थानों एवं औद्योगिक क्षेत्रों सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया जाएगा। खाद-बीज विक्रेताओं, गैस गोदामों, पेट्रोल पम्पों, विस्फोटक एवं पटाखा लाइसेंसधारियों, अधिकृत शस्त्र विक्रेताओं तथा निजी विद्यालयों का भी निरीक्षण किया जाएगा।
कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर भी विशेष नजर
अभियान के अंतर्गत क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है अथवा नहीं, इसका भी आकलन किया जाएगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर चिन्हित प्रमुख समस्याओं, शिकायतों एवं चुनौतियों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा।
सादगी और मितव्ययिता होगी अभियान की विशेषता
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान सादगी एवं मितव्ययिता के सिद्धांतों पर संचालित होगा। अभियान के दौरान अनावश्यक साज-सज्जा एवं गैर-जरूरी व्यय से परहेज किया जाएगा। वाहनों की पूलिंग व्यवस्था अपनाई जाएगी तथा संवाद कार्यक्रम शासकीय संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के चार प्रमुख स्तंभ संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग अभियान का नोडल विभाग रहेगा। यह अभियान प्रदेश में जनभागीदारी आधारित सुशासन को नई दिशा देने, प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाने तथा शासन और जनता के बीच विश्वास के संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
===========
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरु पूर्णिमा की प्रदेशवासियों को दीं शुभकामनाएं
मंदसौर 29 जुलाई 2026 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर समस्त गुरुजनों को शुभकामनाएं दीं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा है कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि संस्कार, विवेक और जीवन का सही मार्ग भी दिखाते हैं। गुरु के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही व्यक्तित्व का निर्माण होता है तथा जीवन सफल और सार्थक बनता है। गुरुजनों के आशीर्वाद से सभी के जीवन में ज्ञान, सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का प्रकाश बना रहे।
===========
शासन की प्राथमिकता अनुसार कार्य करें समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित करें
नवागत कलेक्टर ने बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
मंदसौर 29 जुलाई 2026 / जिले के नवागत कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने जिले में कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात जिला अधिकारियों की परिचय आत्मक बैठक ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए की सभी अधिकारी राज्य शासन की मंशा अनुसार कार्य करें। अपने कर्तव्यों को गंभीरता से अंजाम दे, अपने विभागीय लक्ष्य समयबद्ध रूप से निर्धारित करें, तय समय सीमा में लक्ष्य अर्जित किए जाएं। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताएं देखी जाए, विभागीय लक्ष्य पूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन तथा जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे कलेक्टर ने विभाग वार अधिकारियों से परिचय भी प्राप्त किया।
बैठक में कलेक्टर ने राज्य शासन के मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के क्रियान्वयन के संबंध में भी आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए। अभियान आगामी 7 अगस्त से प्रारंभ होगा। इसके बाद 8 जनवरी तक चलने वाले अभियान में प्रत्येक शुक्रवार जिले में किसी एक स्थान पर कैंप आयोजित कर जिन समस्याओं का निराकरण किया जाएगा, योजनाओ से लाभान्वित किया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान की पूर्व तैयारी की जाए। अभियान के पूर्व तथा पक्ष की शिकायतों की निराकरण की नियमित समीक्षा की जाएगी, विभाग अपनी अल्प अवधि तथा दीर्घ अवधि के लक्ष्य करें।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि प्रतिदिन उनके द्वारा किन्ही पांच विभागों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। शासन के लक्ष्य और उनके पूर्ति समय सीमा में देखी जाएगी, प्रत्येक विभाग पूर्ण तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित रहे। कलेक्टर ने कहा कि पूर्ण गंभीरता के साथ कार्य करके शासन की योजनाओं कार्यक्रमों का क्रियान्वयन जनहित में किया जाएगा।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती जायसवाल तथा सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन ने योजनाओं की क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक जानकारी से अवगत कराया।


